केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि भारतीय डाक विभाग ने चालू वित्त वर्ष में 17 हजार 500 करोड़ रुपये से अधिक का महत्वाकांक्षी राजस्व लक्ष्य निर्धारित किया है। यह पिछले वर्ष की तुलना में 30 प्रतिशत अधिक है। श्री सिंधिया ने नई दिल्ली में डाक विभाग की तिमाही समीक्षा बैठक के बाद यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि भारतीय डाक विभाग ने चालू वित्त वर्ष की पहली तीन तिमाही में ही 10 हजार 155 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित कर लिया है। उन्होंने कहा कि 2023-24 के दौरान विभाग ने 13 हजार 240 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया, जबकि 2024-25 में यह राजस्व बढ़कर 13 हजार 640 करोड़ रुपये हो गया।
श्री सिंधिया ने कहा कि मंत्रालय का लक्ष्य पार्सल व्यवसाय में तेज वृद्धि सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि डाक विभाग ने कई निजी क्षेत्र की लॉजिस्टिक्स कंपनियों के साथ समझौता किया है। उन्होंने कृषि मंत्रालय के साथ कीटनाशक सत्यापन और ग्रामीण विकास मंत्रालय के साथ स्वयं सहायता समूहों को सहयोग करने के लिए समझौता ज्ञापनों का भी उल्लेख किया।
श्री सिंधिया ने तीसरी तिमाही में अच्छा प्रदर्शन करने वाले राज्यों को भी बधाई दी। राजस्थान समग्र रूप से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला राज्य बनकर उभरा, जिसने तीसरी तिमाही के लक्ष्यों का 82 प्रतिशत हासिल किया। डाकघर बचत बैंक क्षेत्र में, कर्नाटक ने तीसरी तिमाही के लक्ष्य का 112 प्रतिशत हासिल किया। नागरिक केंद्रित सेवाओं में दिल्ली ने असाधारण प्रदर्शन करते हुए अपने लक्ष्य का 240 प्रतिशत हासिल किया, जबकि डाक जीवन बीमा में उत्तर प्रदेश 129 प्रतिशत उपलब्धि के साथ शीर्ष प्रदर्शनकर्ता रहा। डाक संचालन में राजस्थान ने 153 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की।