बिहार में गुरू गोबिंद सिंह जी महाराज की 358वीं जयंती पर चल रहे प्रकाश उत्सव समारोह के दूसरे दिन भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। पंज प्यारों के नेतृत्व में गुरू ग्रंथ साहिब की सुसज्जित पालकी के साथ नगर कीर्तन पटना के विभिन्न हिस्सों से होकर गुजरा। इस शोभा यात्रा में विभिन्न भागीदारों के संगीत समूहों ने पवित्र शबद कीर्तन प्रस्तुत किए। इस नगर कीर्तन में संगीत बैंड और झलकियां मुख्य आकर्षण थीं।
नगर कीर्तन शोभा यात्रा के दौरान लोगों ने पुष्प वर्षा करके इसका स्वागत किया। देश के विभिन्न हिस्सों के हुजूर रागियों के समूहों ने इस कीर्तन में भाग लिया। पटना शहर के तख्त श्री हरि मंदिर साहिब खालसा पंथ के संस्थापक गुरू गोबिंद सिंह जी महाराज का जन्म स्थान है। दीवान हॉल में चल रही धार्मिक सभा आज देर रात समाप्त होगी। दश्मेश गुरू की जयंती प्रकाश पर्व का मुख्य कार्यक्रम कल मध्य रात्रि को तख्त श्री हरि मंदिर साहिब में आयोजित किया जाएगा।
देश के विभिन्न हिस्सों के श्रृद्धालु प्रकाश पर्व समारोह में शामिल होने के लिए उमड़ पड़े हैं। आकाशवाणी से बातचीत में पंजाब के श्रृद्धालुओं ने प्रकाश पर्व के प्रबंध की सराहना की।