प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसी भी क्षेत्र में विकास के लिए शांति स्थापित करने की आवश्यक पर जोर दिया है। उन्होंने दावा किया कि पिछले ग्यारह वर्षों में पूर्वोत्तर में कई पुराने संघर्षों और विवादों का समाधान हुआ है। अपने एक दिवसीय मणिपुर दौरे पर प्रधानमंत्री ने चुड़ाचांदपुर ज़िले के पीस ग्राउंड में, सात हज़ार तीन सौ करोड़ रुपये की कई परियोजनाओं की आधारशिला रखी।
इस अवसर पर आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा कि मणिपुर की धरती आशा और आकांक्षाओं की धरती है। हालांकि, दुर्भाग्य से इस उल्लेखनीय राज्य में हिंसा व्याप्त है और उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मणिपुर में आशा और विश्वास का एक नया सवेरा आ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों ने शांति का मार्ग चुना है और विकास को प्राथमिकता दी है। उन्होंने बताया कि हाल ही में पहाड़ी और घाटी क्षेत्रों के विभिन्न समूहों के साथ बातचीत भी हुई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि ये प्रयास भारत सरकार के शांति स्थापित करने के लिए संवाद, सम्मान और आपसी समझ के दृष्टिकोण पर केंद्रित है। श्री मोदी ने सभी संगठनों से शांति के मार्ग पर बढ़ने और उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वह लोगों के साथ खड़े हैं और भारत सरकार मणिपुर के साथ है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 से, उन्होंने सीमावर्ती राज्य मणिपुर में पहुंच को बेहतर बनाने पर लगातार ध्यान केंद्रित किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने मणिपुर में रेल और सड़क अवसंरचना के लिए बजट बढ़ाकर दो स्तरों पर काम किया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्गों पर तीन हजार सात सौ करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं और आठ हजार सात सौ करोड़ रुपये की नई राजमार्ग परियोजनाएं प्रगति पर हैं। सरकार जिरीबाम इम्फाल रेलवे लाइन परियोजना पर 22 हजार करोड़ रुपये का निवेश कर रही है। 400 करोड़ रुपये की लागत से इम्फाल हवाई अड्डे का नवनिर्माण किया गया है और इससे देश के अन्य हिस्सों के लिए हेलीकॉप्टर सेवाएं हुई हैं।
हर घर नल से जल योजना पर प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में, देश भर में पंद्रह करोड़ से अधिक लोगों को नल से जल के कनेक्शन मिले हैं। उन्होंने बताया कि हाल के वर्षों में मणिपुर में साढे तीन लाख से अधिक घरों तक यह सुविधा पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि मणिपुर में लगभग ढाई लाख मरीजों ने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत निशुल्क उपचार का लाभ लिया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गरीब नागरिक की चिंताओं का समाधान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्री मोदी ने यह भी कहा कि प्रत्येक जनजातीय समुदाय का विकास एक राष्ट्रीय प्राथमिकता है और जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत, मणिपुर के पाँच सौ से अधिक गांवों में विकास कार्य चल रहे हैं।
आज मणिपुर के चुड़ाचांदपुर जिले में आयोजित कार्यक्रम में सड़क, जल निकासी और परिसंपत्ति सुधार, उच्च विद्यालयों और उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों का सुदृढ़ीकरण, स्वास्थ्य सेवा, बिजली संयंत्र, बहुउद्देशीय इनडोर स्टेडियम का निर्माण, राष्ट्रीय राजमार्ग 102-ए और 202 का उन्नयन तथा परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया।