जनवरी 11, 2026 1:27 अपराह्न

printer

प्रधानमंत्री मोदी का गुजरात दौरा: प्रभास पाटन में भव्य शौर्य यात्रा का किया नेतृत्व

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात दौरे के आज दूसरे दिन प्रभास पाटन में भव्य शौर्य यात्रा का नेतृत्व किया। इसका आयोजन सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत किया गया है। इसके दौरान, सोमनाथ मंदिर की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अनगिनत योद्धाओं के सम्मान में 108 अश्वों की सवारी निकाली गई।

इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उप-मुख्यमंत्री हर्ष सांघवी भी मौजूद थे।

यात्रा में देशभर से आए हज़ारों श्रद्धालु शामिल हुए। प्रधानमंत्री मोदी ने सोमनाथ महादेव की पूजा-अर्चना भी की।

इसके बाद, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी,  गुजरात में राजकोट के मारवाड़ी विश्वविद्यालय में कच्छ और सौराष्ट्र क्षेत्रों के लिए वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। वाइब्रेंट गुजरात के चार क्षेत्रीय सम्मेलनों में यह सम्मेलन दूसरा है। इसका आयोजन सौराष्ट्र और कच्छ के बारह जिलों में निवेश और औद्योगिक वृद्धि के लिए किया जाता है। सम्मेलन का उद्देश्य वैश्विक संपर्क के जरिये विकसित भारत@2047 के दृष्टिकोण को गति देना है।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री चौदह नए ग्रीनफील्ड स्मार्ट औद्योगिक एस्टेट और एक विशेष चिकित्सा उपकरण पार्क सहित महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का भी अनावरण करेंगे।

प्रधानमंत्री, अहमदाबाद मेट्रो के दूसरे चरण के शेष कार्य का उद्घाटन भी करेंगे। इस चरण में सेक्टर 10-ए से गांधीनगर में महात्मा मंदिर मेट्रो स्टेशन तक का कार्य पूरा किया जाना है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला