अगस्त 22, 2025 8:14 पूर्वाह्न

printer

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज बिहार और पश्चिम बंगाल दौरे में कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज बिहार और पश्चिम बंगाल के दौरे पर होंगे। श्री मोदी बिहार के गया में लगभग 13000 करोड़ रूपए मूल्‍य के विकास परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्‍यास करेंगे। वे दो रेलगाड़ियों को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे और उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे गंगा नदी पर औंटा-सिमरिया पुल परियोजना का उद्घाटन करेंगे। इससे मोकामा और बेगुसराय के बीच सीधा संपर्क उपलब्‍ध होगा। इस नए पुल से उत्‍तर और दक्षिण बिहार के बीच आने-जाने वाले वाहनों के लिए 100 किलोमीटर से अधिक की यात्रा दूरी कम हो जाएगी।

प्रधानमंत्री राष्‍ट्रीय राजमार्ग-31 पर चार लेन के बख्तियारपुर -मोकामा खंड का उद्घाटन करेंगे। इससे यातायात जाम की समस्‍या दूर होगी और आने-जाने में कम समय लगेगा।

श्री मोदी बक्‍सर ताप बिजली संयंत्र का भी उद्घाटन करेंगे। इस संयंत्र से बिजली की बढ़ती मांग पूरी होगी और ऊर्जा सुरक्षा बढे़गी।

प्रधानमंत्री मुजफ्फरपुर में होमी भाभा कैंसर अस्‍पताल और अनुसंधान केन्‍द्र का भी उद्घाटन करेंगे। इस अत्‍याधुनिक सुविधा से बिहार और आस-पास के राज्‍यों के कैंसर रोगियों के लिए उन्‍नत और सस्‍ता उपचार उपलब्‍ध होगा। श्री मोदी मुंगेर में नमामि गंगे परियोजना के तहत विनिर्मित अवजल उपचार संयंत्र का भी उद्घाटन करेंगे। इससे गंगा में प्रदूषण की समस्‍या में सुधार होगा।

प्रधानमंत्री गया और दिल्‍ली के बीच अमृत-भारत एक्‍सप्रेस तथा वैशाली और कोडरमा के बीच बौद्ध सर्किट रेलगाडी को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। श्री मोदी की यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना- ग्रामीण के तहत 12000 लाभार्थियों और प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत 4260 लाभार्थियों के लिये गृह प्रवेश आयोजन भी संपन्‍न होगा। प्रधानमंत्री सांकेतिक रूप से कुछ लाभार्थियों को आवास की चाबी सौंपेंगे।

पश्चिम बंगाल में, प्रधानमंत्री आज शाम कोलकाता में नवनिर्मित खंडों पर मेट्रो ट्रेन सेवा का शुभारंभ करेंगे। वे जेसोर रोड मेट्रो स्‍टेशन से जयहिंद बिमानबांदर स्‍टेशन तक स्‍वंय मेट्रो से यात्रा करेंगे। इसके बाद वे कोलकाता में पांच हजार दो सौ करोड़ रूपए मूल्‍य से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्‍यास करेंगे। इस अवसर पर वे उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित भी करेंगे।