फ़रवरी 12, 2026 2:21 अपराह्न

printer

पिछले दो वर्ष में जम्मू-कश्मीर में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन में 1 लाख 60,000 से अधिक नए सदस्य जुड़े हैं: MoS शोभा करंदलाजे

श्रम और रोजगार राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने कहा है कि पिछले दो वर्ष में जम्मू-कश्मीर में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन-ईपीएफओ में एक लाख साठ हजार से अधिक नए सदस्य जुड़े हैं। राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान जम्मू-कश्मीर में बेरोजगारी के मुद्दे पर जवाब देते हुए श्रीमती करंदलाजे ने कहा कि सरकार ने युवाओं को सशक्त बनाने के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार देश में सूक्ष्‍म, लघु और मध्यम उद्यम-एमएसएमई क्षेत्र को औपचारिक रूप देने की दिशा में काम कर रही है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि उद्यम पोर्टल पर 8 लाख 20 हजार इकाइयां पंजीकृत हैं, जिनसे लगभग 32 लाख लोगों को रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि ऋण गारंटी योजना के अंतर्गत उद्यमियों को 12 लाख करोड़ रुपये के ऋण प्रदान किए गए हैं। श्रीमती करंदलाजे ने बताया कि सिर्फ जम्मू-कश्मीर में ही इस योजना के अंतर्गत 35 लाख से अधिक लोगों को 4 हजार 390 करोड़ रुपये के ऋण प्राप्त हुए हैं।

श्रीमती करंदलाजे ने कहा कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम-पीएमईजीपी के अंतर्गत सरकार ने देशभर में दस लाख से अधिक उद्यमियों को 29 हजार करोड़ रुपये की सब्सिडी दी है। उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर में इस योजना के अंतर्गत सब्सिडी और कम ब्याज वाले ऋणों के लिए 70 हजार से अधिक इकाइयां पंजीकृत हैं। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में 4 हजार करोड़ रुपये से अधिक के ऋण वितरित किए गए हैं, जिसमें से लगभग एक हजार करोड़ रुपये सब्सिडी है। केंद्रीय मंत्री ने सदन को  पीएम विश्वकर्मा योजना के बारे में जानकारी दी।

श्रीमती करंदलाजे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार जम्मू-कश्मीर के युवाओं को मुख्यधारा में लाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला