भारतीय संविधान के निर्माता डॉ. बी.आर. आम्बेडकर का 70वां महापरिनिर्वाण दिवस आज पंजाब के जलंधर में मनाया गया। सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में डॉ. आम्बेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने कहा कि डॉ. आंबेडकर ने विद्यार्थी जीवन में अस्पृश्यता का सामना करने के बावजूद बैरिस्टर बनने का फैसला किया और देश तथा वंचित समाज की सेवा के लिए लंदन से भारत वापस आ गए।
डॉ. एल. मुरुगन ने कहा कि संविधान मसौदा समिति के अध्यक्ष होने के अलावा डॉ. आम्बेडकर जाने-माने अर्थशास्त्री भी थे, जिन्होंने भारतीय रिजर्व बैंक जैसी संस्था बनाने की सिफारिश की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली कांग्रेस सरकारों ने डॉ. आम्बेडकर की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए कुछ विशेष काम नहीं किया।
बाद में मीडिया से बात करते हुए इंडिगो की उड़ानों में व्यवधान के मुद्दे पर डॉ. एल. मुरुगन ने कहा कि नागर विमानन मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान करने को कहा है और आने वाले कुछ दिनों में स्थिति सामान्य हो जाएगी।