मध्य प्रदेश के रीवा में आयोजित प्राकृतिक खेती पर किसान सम्मेलन में केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि देश भर में लगभग 40 लाख किसान प्राकृतिक खेती अपना चुके हैं।केंद्रीय मंत्री शाह ने कहा कि उन्होंने स्वयं अपने खेत में प्राकृतिक खेती को स्थान दिया है और इससे उत्पादन में वृद्धि हुई है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी उपस्थित थे। अमित शाह ने बसामन मामा गौवंश वन्य विहार का दौरा किया। उन्होंने कहा कि यह छोटे किसानों के लिए एक मार्गदर्शक मॉडल है, जहां गोबर का उपयोग करके पूरी तरह से प्राकृतिक खेती प्रणाली विकसित की गई है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्राकृतिक खेती से किसानों की आय बढ़ती है, पानी की बचत होती है और रासायनिक उर्वरकों से होने वाली बीमारियों में कमी आती है। इससे किसानों और समाज दोनों को लाभ होता है। कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने भी विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए प्राकृतिक खेती अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया।