अक्टूबर 3, 2025 7:52 अपराह्न

printer

दिल्ली सरकार 7 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि जयंती पर विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी

महर्षि वाल्मीकि की जयंती के उपलक्ष्य में दिल्ली सरकार आगामी सात अक्टूबर को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन करेगी। यह कार्यक्रम दिल्ली सचिवालय में सामाजिक कल्याण विभाग के निरीक्षण में संपन्न होगा। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि न केवल भारतीय साहित्य के अमर कवि थे, बल्कि वह समाज में समानता, न्याय और मानवता के प्रतीक भी थे।

उन्‍होंने बताया कि इस कार्यक्रम में महर्षि वाल्मीकि के व्यक्तित्व और ‘उपलब्धियों ‘ पर प्रकाश डाला जाएगा । मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार दलित समाज के उत्थान, शिक्षा, समान अवसरों और सामाजिक न्याय के लिए प्रतिबद्ध है। श्रीमती गुप्‍ता ने कहा कि यह कार्यक्रम न केवल महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को याद करने का अवसर होगा, बल्कि यह दलित समाज के प्रति सरकार की गहरी श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक भी बनेगा।