फ़रवरी 26, 2026 6:41 अपराह्न

printer

दिल्ली सरकार ने चांदनी चौक में ₹160 करोड़ की भूमिगत बिजली लाइन परियोजना की शुरुआत की

दिल्ली सरकार ने आज चांदनी चौक में 160 करोड़ रुपये की भूमिगत बिजली लाइन परियोजना की शुरुआत की। इस परियोजना के अंतर्गत 26 प्रमुख सड़कों पर फैले लगभग 52 किलोमीटर लंबे बिजली की ओवरहेड तारों को भूमिगत किया जाएगा। इसके साथ ही, मंडोली में ग्रिड सब-स्टेशन और द्वारका तथा गोयला खुर्द में बैटरी ऊर्जा भंडारण परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया गया।

 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा यह केवल तकनीकी बदलाव नहीं है, बल्कि चांदनी चौक क्षेत्र को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुंदर बनाने का संकल्प है। श्रीमती गुप्ता ने कहा कि यह क्षेत्र हमेशा से व्यापार और संस्कृति का जीवंत केंद्र रहा है और यहां की हवेलियां इतिहास और गलियां विरासत को संजोए हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार विकास और विरासत को साथ लेकर चलना चाहती है जिससे राजधानी में बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

 

वहीं, दिल्ली के ऊर्जा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि इस परियोजना के अंतर्गत आधुनिक भूमिगत केबल बिछाई जाएंगी और लगभग 500 नए फीडर पिलर स्थापित किए जाएंगे। साथ ही, आकर्षक सजावटी स्ट्रीट लाइट खंभे लगाए जाएंगे और अनुपयोगी ढांचे को हटाया जाएगा। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि ‘डिजिटल ट्विन’ तकनीक के माध्यम से रियल-टाइम मॉनिटरिंग, बेहतर एसेट मैनेजमेंट और प्रभावी संचालन योजना सुनिश्चित की जाएगी।

इस परियोजना की मदद से संकीर्ण गलियों, घनी व्यावसायिक गतिविधियों और भारी जनसंख्या वाले क्षेत्रो में भूमिगत नेटवर्क से दृश्य अव्यवस्था समाप्त होगी और सार्वजनिक सुरक्षा में उल्लेखनीय सुधार आएगा। साथ ही, क्रियान्वयन के दौरान पहले भूमिगत केबल बिछाकर उनका परीक्षण और सत्यापन की जाएगी, उसके बाद ही मौजूदा उपरि नेटवर्क से लोड ट्रांसफर किया जाएगा। प्रादेशिक समाचार के लिए आदित्‍य प्रताप सिंह।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला