नवरात्रि के पावन पर्व का आज आठवां दिन मां महागौरी को समर्पित है। इस दिन दुर्गा अष्टमी भी बहुत उल्लास के साथ मनाई जाती है। दुर्गा अष्टमी के दिन कन्या पूजन को भी महत्व दिया जाता है। राजधानी दिल्ली में विभिन्न स्थानों पर मां दुर्गा के पूजा पंडाल सजाए गए हैं।
दिल्ली का मिनी कोलकाता कहलाने वाले चितरंजन पार्क से लेकर, गोल मार्किट के काली मंदिर, पश्चिमी दिल्ली के गणेश नगर स्थित भद्रकाली मंदिर और नई दिल्ली के मिंटो रोड पर पूजा समिति का पंडाल अपनी पारंपरिक मूर्तियों की शैली के लिए प्रसिद्ध है।
दुर्गा पूजा के अवसर पर राजधानी के चितरंजन पार्क में आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालु बड़े ही भक्ति और उल्लास के साथ मना रहे हैं। यहां के बी, ई और एम-ब्लॉक में होने वाली पूजा विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इन पंडालों में रोजाना श्रद्धालुओं बड़ी संख्या में मां के दर्शन के लिए आ रहे हैं। श्रद्धालु सुबह से ही माता दुर्गा के दर्शन के लिए लंबी कतारों में लगे नजर आ रहे हैं।
वहीं गोल मार्किट स्थित काली मंदिर में भी नवरात्रि का उल्लास दिखाई दे रहा है। कल नौवें दिन इस मंदिर में वार्षिक मेले का आयोजन किया जायेगा। जिसमें माँ काली की विशेष पूजा होगी है। वहीं, पश्चिमी दिल्ली के गणेश नगर स्थित भद्रकाली मंदिर में भी नवरात्रि की पूजा पूरी श्रद्धा के साथ की जा रही है। इसके अलावा, नई दिल्ली की मिंटो रोड पूजा समिति का पंडाल अपनी पारंपरिक मूर्तियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए मशहूर है।