दिसम्बर 6, 2025 8:42 पूर्वाह्न

printer

दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के इलाकों से 16 बदमाशों और कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया

दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के इलाकों से 16 बदमाशों और कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। दिल्ली-एनसीआर में संगठित अपराध पर लगाम लगाने के लिए, दिल्ली पुलिस ने 850 से ज़्यादा पुलिसकर्मियों के साथ बड़े पैमाने पर रात्रिकालीन अभियान चलाया। दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस अभियान का लक्ष्य जबरन वसूली, अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी, डकैती तथा झपटमारी में शामिल बड़े गिरोहों को निशाना बनाना था।

 

एक बयान में, दिल्ली पुलिस ने बताया है कि इस अभियान के अंतर्गत पुलिस ने दिल्ली और हरियाणा में 150 से ज़्यादा ठिकानों पर छापेमारी की। इन छापों में पुलिस ने 18 पिस्तौल, 43 ज़िंदा कारतूस, बटन-एक्टेड चाकू, दो कारें, 3 दोपहिया वाहन, 122 मोबाइल फ़ोन, दो वायरलेस सेट बरामद किए और एक बुलेटप्रूफ थार और बुलेटप्रूफ स्कॉर्पियो-एन गाडि़यां ज़ब्त की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने दस लाख रुपये से ज़्यादा की नकदी और 650 ग्राम से ज़्यादा नशीले पदार्थ भी बरामद किए। दिल्ली पुलिस ने शस्त्र अधिनियम के तहत कुल 16 मामले, एनडीपीएस अधिनियम के तहत दो और आबकारी अधिनियम के तहत दो मामले दर्ज किए हैं।