दक्षिण कोरिया के संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने कल लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से नई दिल्ली में भेंट की। बैठक में श्री बिरला ने आतंकवाद को कतई बर्दाश्त न करने की भारत की नीति के प्रति अटूट प्रतिबद्धता व्यक्त की। दक्षिण कोरिया के पूर्व प्रधानमंत्री किम बू क्यूम के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक में श्री बिड़ला ने ऑपरेशन सिंदूर के बारे में जानकारी दी।
इसके अंतर्गत भारत की प्रतिक्रिया नपी-तुली, गैर-उत्तेजक थी और इसका उद्देश्य विशेष रूप से आतंकी ढाँचे को ध्वस्त करना और खतरों को बेअसर करना था। लोकसभा अध्यक्ष ने पहलगाम आतंकवादी हमले की निंदा के लिए दक्षिण कोरिया का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने अहमदाबाद में हाल के विमान हादसे के बाद कोरिया की नेशनल असेम्बली के अध्यक्ष के शोक संदेश के लिए उनकी सराहना की। श्री बिड़ला ने कहा कि विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में भारत, लोकतांत्रिक सिद्धांतों के प्रति अपनी साझा प्रतिबद्धता को अत्यधिक महत्व देता है।