त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कहा है कि मतदाता सूचियों की विशेष गहन पुनरीक्षण-एसआईआर प्रक्रिया अभी राज्य में शुरू नहीं हुई है, लेकिन उम्मीद है निर्वाचन आयोग जल्द ही इस बारे में दिशानिर्देश जारी करेगा। अगरतला में भगत सिंह युवा आवास में भारतीय जनता पार्टी की एक बैठक में उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार जनता तक सटीक सूचना की पहुंच सुनिश्चित करने की तैयारी कर रही है। सरकार का यह लक्ष्य है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदान से वंचित न रहे। मुख्यमंत्री साहा ने कहा कि राज्य सरकार बुनियादी ढांचा, प्रौद्योगिकी और जमीनी स्तर के कार्यान्वयन पर ध्यान केन्द्रित करने के साथ पहले ही आवश्यक प्रशासनिक कदम उठा चुकी है।
भाजपा प्रदेश इकाई की इस बैठक में भविष्य की कार्यनीतियों और संगठनात्मक सशक्तिकरण पर भी समीक्षा की गई।