तुर्किए ने इस्राइल के सरकारी विमानों और सेना के हथियारों के किसी भी साजो-सामान के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद करने की घोषणा की है साथ ही अपने बंदरगाहों को इस्राइल और किसी तीसरे देश के बीच समुद्री व्यापार के लिए भी बंद कर दिया है।
तुर्किए के विदेश मंत्री हाकन फ़िदान की यह घोषणा पिछले साल मई में तुर्किए और इस्राइल के बीच सीधे व्यापार पर प्रतिबंध के बाद आई है। गाजा पर एक विशेष संसदीय बहस में विदेश मंत्री फ़िदान ने कहा कि उन्होंने इस्राइल के साथ व्यापार बंद कर दिया है और उसके जहाजों के लिए बंदरगाह बंद कर दिए हैं।
मंत्री ने कहा कि तुर्किए को गाजा में मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए राष्ट्रपति की मंजूरी प्राप्त है। इस्राइल ने इस घोषणा पर तुरंत कोई टिप्पणी नहीं की।