डाक विभाग ने आज नई दिल्ली में भारतीय राष्ट्रीय स्टॉक एक्सचेंज लिमिटेड-एन.एस.ई. के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इसके अन्तर्गत भारतीय डाक के व्यापक डाक नेटवर्क के माध्यम से म्यूचुअल फंड उत्पादों के वितरण को सक्षम बनाया जाएगा। इस समझौते के अन्तर्गत डाक विभाग के चयनित कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा और प्रमाणित म्यूचुअल फंड वितरक के रूप में नियुक्त किया जाएगा।
ये अधिकारी अनिवार्य प्रमाणन और नियामक अनुपालन के अधीन एन.एस.ई. के म्यूचुअल फंड प्लेटफॉर्म के माध्यम से म्यूचुअल फंड उत्पाद और संबंधित निवेशक सेवाएं प्रदान करने में सक्षम होंगे। अनिवार्य प्रमाणन और नियामक अनुपालन में राष्ट्रीय प्रतिभूति बाजार संस्थान प्रमाणन और कर्मचारी विशिष्ट पहचान संख्या पंजीकरण शामिल हैं। संचार मंत्रालय ने कहा कि यह रणनीतिक साझेदारी, भारत डाक के भरोसे, सुलभता और व्यापक पहुंच को एन.एस.ई. के बाजार अवसंरचना और तकनीकी विशेषज्ञता के साथ मिलाकर वित्तीय समावेशन को सुदृढ़ करने के सरकार के दृष्टिकोण के अनुरूप है।