जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आज उधमपुर से ‘भौतिक विज्ञान भारत यात्रा’ को झंडी दिखा कर रवाना किया। उन्होंने प्रायोगिक विज्ञान सीखने को प्रोत्साहन देने और विद्यार्थियों में जिज्ञासा, रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच जगाने के लिए उत्कृष्ट पहल की प्रशंसा की। यह पहल भारतीय भौतिकी शिक्षक संघ और भारत के राष्ट्रीय अन्वेषिका नेटवर्क ने प्रख्यात भौतिक वैज्ञानिक पद्मश्री डॉ. एचसी वर्मा के नेतृत्व में शुरू की गई है। उपराज्यपाल ने कहा कि भारत के प्रत्येक जनपद को शामिल करने वाली भौतिक विज्ञान भारत यात्रा विज्ञान सीखने के आनंद को पुनर्जीवित करने के लिए एक साझा मिशन के तहत विभिन्न क्षेत्रों को एकजुट करेगी। उपराज्यपाल ने कहा कि पिछले एक दशक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भरता के प्रति भारत की सोच बदल गई है। उन्होंने कहा कि हमारे वैज्ञानिक जानते हैं कि भारत अपनी रक्षा के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रह सकता। श्री सिन्हा ने विदेशों में बहुमूल्य योगदान देने वाले भारतीय वैज्ञानिकों और इंजीनियरों से स्वदेश लौटने पर विचार करने का भी आह्वान किया। इस अवसर पर उपराज्यपाल ने विद्यार्थियों के बनाए गए मॉडलों और प्रयोगों को प्रदर्शित करने वाली भौतिक विज्ञान प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
Site Admin | मई 26, 2025 5:06 अपराह्न
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आज उधमपुर से ‘भौतिक विज्ञान भारत यात्रा’ को झंडी दिखा कर रवाना किया
