प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु जायेंगे। वे, आंध्र प्रदेश के पुट्टपर्थी में श्री सत्य साईं बाबा मंदिर और महासमाधि स्थल पर पूजा-अर्चना करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी श्री सत्य साईं बाबा के शताब्दी समारोह में भी भाग लेंगे। इस अवसर पर श्री सत्य साईं बाबा के जीवन, शिक्षाओं और विरासत को समर्पित स्मारक सिक्का और डाक टिकट भी जारी किया जायेगा। प्रधानमंत्री इस अवसर पर एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
इसके बाद, प्रधानमंत्री तमिलनाडु के कोयंबटूर में दक्षिण भारत प्राकृतिक कृषि शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। सम्मेलन में पांच हज़ार किसानों के शामिल होने की संभावना है। प्रधानमंत्री 9 करोड़ किसानों के लिए 18 हज़ार करोड़ रुपये की 21वीं पीएम किसान सम्मान निधि योजना की किस्त जारी करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी कार्यक्रम में प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों से बातचीत करेंगे। इस अवसर पर दस उत्कृष्ट किसानों को सम्मानित भी किया जाएगा। सम्मेलन का उद्देश्य जैविक किसान स्वर्गीय नम्मालवार की प्रचारित प्राकृतिक कृषि प्रणाली को दुनिया के सामने प्रस्तुत करना है। तीन दिन का कृषि शिखर सम्मेलन 21 नवंबर को समाप्त होगा।