अगस्त 28, 2025 12:23 अपराह्न

printer

एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित ने वियतनाम, दक्षिण कोरिया और ब्रिटेन के रक्षा अधिकारियों के साथ बैठकें की

थाईलैंड में चल रहे रक्षा प्रमुखों के वार्षिक सम्‍मेलन 2025 से अलग भारत के एकीकृत रक्षा स्‍टाफ के प्रमुख एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित ने वियतनाम, दक्षिण कोरिया और ब्रिटेन के वरिष्ठ रक्षा अधिकारियों के साथ कई बैठकें कीं।

 

एयर मार्शल दीक्षित ने वियतनाम पीपुल्स आर्मी के जनरल स्टाफ के उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल थाई दाई न्गोक; कोरिया गणराज्य सशस्त्र बलों के संयुक्त चीफ ऑफ स्टाफ वाइस एडमिरल कांग डोंग गिल और ब्रिटेन की रॉयल नेवी के नौसेना प्रमुख जनरल सर ग्विन जेनकिंस से मुलाकात की।

 

एकीकृत रक्षा स्‍टाफ मुख्यालय के अनुसार बातचीत में रक्षा सहयोग को व्यापक बनाने, समुद्री सहयोग को आगे बढ़ाने, पेशेवर सैन्य आदान-प्रदान को बढ़ाने और प्रौद्योगिकी सहित साझेदारी के नए क्षेत्रों की खोज पर चर्चा हुई। एयर मार्शल दीक्षित ने अमरीकी हिंद-प्रशांत कमान के एडमिरल सैमुअल पापारो के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी की।

 

एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित 26 अगस्त से शुरू हुए रक्षा प्रमुखों के वार्षिक सम्‍मेलन में हिस्‍सा लेने के लिए थाईलैंड में हैं। यह सम्‍मेलन आज समाप्‍त हो रहा है। इसमें समुद्री सुरक्षा, आतंकवाद और साइबर खतरों से निपटने, मानवीय सहायता, आपदा राहत तथा हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला