फ़रवरी 21, 2026 10:30 पूर्वाह्न

printer

इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो नई दिल्‍ली के भारत मंडपम में जारी

इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो का आज आखिरी दिन है। प्रदर्शकों, नवप्रवर्तकों और आगंतुकों की जबरदस्त प्रतिक्रिया को देखते हुए सरकार ने एक्सपो को एक दिन और बढ़ा दिया है। एक्सपो सुबह 9 बजकर पंद्रह मिनट से शाम 6 बजे तक खुला रहेगा।

एआई इम्पैक्ट समिट को मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया को देखते हुए, आयोजन स्थल ने एक परामर्श जारी किया है। इसके अनुसार, भारत मंडपम में आयोजित होने वाले समिट में भाग लेने वाले पंजीकृत प्रतिनिधियों को सलाह दी जाती है कि वे सीमित पार्किंग स्थान के कारण सार्वजनिक परिवहन, मेट्रो या कैब का उपयोग करें।

निर्देश के अनुसार, एक्सपो सुबह 9 बजकर 15 मिनट से शाम 6 बजे तक चलेगा। इसमें भूतल और पहली मंजिल पर स्थित निर्धारित हॉल आगंतुकों के लिए खुले रहेंगे।

प्रदर्शकों के लिए प्रवेश सुबह 8 बजे से शुरू होगा। अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों से कार्यक्रम के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा और निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है।

दिल्ली यातायात पुलिस ने भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट एक्सपो को ध्‍यान में रखते हुए आज विशेष यातायात व्यवस्था के लिए परामर्श जारी किया है।

प्रगति मैदान क्षेत्र में भारी भीड़ और वाहनों की आवाजाही की आशंका के चलते सुबह 9 बजे से शाम 8 बजे तक यातायात नियम लागू रहेंगे।

दिल्ली यातायात पुलिस के अनुसार, प्रभावित सड़कें भैरों रोड, भगवान दास रोड, पुराना किला रोड और मथुरा रोड हैं। इसलिए, यातायात पुलिस ने यात्रियों की सुविधा के लिए तिलक मार्ग, सिकंदरा रोड और रिंग रोड जैसे वैकल्पिक मार्गों का सुझाव दिया है।

यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे प्रभावित मार्गों से बचें, अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें। साथ ही लेन अनुशासन बनाए रखें और ड्यूटी पर तैनात यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करें।