सितम्बर 23, 2025 2:46 अपराह्न

printer

दुनिया की सबसे बड़ी सरकारी सहायता प्राप्‍त स्वास्थ्य बीमा योजना, आयुष्मान भारत के आज सात वर्ष पूरे; प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा-आयुष्मान भारत के कारण देश के सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में क्रांति आ रही है

आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के आज सात वर्ष पूरे हो गए है। सितंबर 2018 में रांची से शुरू की गई यह विश्‍व की सबसे बड़ी सरकारी वित्त पोषित स्वास्थ्य बीमा योजना है।

 

इस योजना से देश की स्वास्थ्य सेवा में क्रांतिकारी बदलाव आया है। इससे 55 करोड़ से अधिक लोग लाभान्वित हुए हैं। यह परिवारों को पांच लाख का वार्षिक स्वास्थ्य बीमा प्रदान करती है, जिससे देश भर में कैशलेस और कागज़ रहित उपचार संभव हो पाया है। इस योजना के तहत अब तक दस करोड़ तीस लाख से अधिक लोगों ने अस्पतालों में पंजीकरण करवाया। एक करोड़ 48 लाख लोगों को कैशलेस की सुविधा दी गई।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि आयुष्मान भारत के कारण भारत स्वास्थ्य सेवा में क्रांति का गवाह बन रहा है। इस योजना के सात साल पूरे होने पर सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि इसने वित्तीय सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित किया है। उन्होंने कहा कि भारत ने दिखाया है कि कैसे क्षमता, करुणा और तकनीक मानव सशक्तिकरण को आगे बढ़ा सकते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत एक ऐसी पहल है जिसने भविष्य की ज़रूरतों का अनुमान लगाया और लोगों के लिए उच्च गुणवत्ता के साथ-साथ किफायती स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित किया।

सोशल मीडिया पोस्ट में स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने कहा कि स्वस्थ भारत, विकसित भारत के दृष्टिकोण को साकार करने की कुंजी है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत की उल्लेखनीय सफलता सरकार, स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं और नागरिकों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला