अफ़ग़ानिस्तान के कुनार प्रांत में कल जलालाबाद शहर के पास आए 6 तीव्रता के भूकंप में 600 से ज़्यादा लोग मारे गए और 1500 अन्य घायल हो गए। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, भूकंप का केंद्र नंगरहार प्रांत के जलालाबाद शहर से 27 किलोमीटर पूर्व-उत्तर-पूर्व में था।
अफ़ग़ानिस्तान के गृह मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इस विनाशकारी भूकंप में 1500 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं, जिसमें मृतकों की संख्या 622 बताई गई है। काबुल में, स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि बचाव दल भूकंप और बाढ़ के लंबे इतिहास वाले दूरदराज के इलाकों में पहुँचने के लिए तेज़ी से काम कर रहे हैं।
विदेश मंत्री डॉक्टर एस. जयशंकर ने अफ़ग़ानिस्तान के कुनार प्रांत में आए भूकंप पर चिंता व्यक्त की है। अपने संदेश में उन्होंने अफ़ग़ानिस्तान के लोगों के प्रति भारत का समर्थन और एकजुटता व्यक्त करते हुए कहा कि भारत इस संकट की घड़ी में सहायता प्रदान करेगा। उन्होंने पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।