December 27, 2025 9:41 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

 

  • ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विकसित भारत जीरामजी योजना को लेकर कांग्रेस की आलोचना खारिज की। कहा – योजना में अब सौ की बजाय 125 दिन के रोजगार की गारंटी।

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र और राज्यों के बीच साझेदारी मजबूत करने के लिए नई दिल्ली में मुख्य सचिवों के पांचवें राष्ट्रीय सम्मेलन की अध्यक्षता की।

 

  • सेना ने जम्मूकश्मीर में पाकिस्तानी आतंकियों के सफाए के लिए किश्तवाड़ और डोडा जिले में अभियान तेज किया।

 

  • अमरीका में शक्तिशाली बर्फीले तूफानों के कारण हजारों उड़ानें रद्द।

 

  • पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में अगले तीन दिनों तक घने कोहरे की आशंका।

 

  • कर्नाटक की तिलोत्तमा सेन ने राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप में 50 मीटर राइफल थ्रीपोजिशन स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता।

 

****

 

ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस ने मनरेगा कानून में महात्‍मा गांधी का नाम केवल चुनावी फायदे के लिए शामिल करने का आरोप लगाया है। सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में मनरेगा के बजट में बार-बार कमी की गई। उन्‍होंने कहा कि विकसित भारतजी राम जी अधिनियम में निर्णय दिल्‍ली से नहीं बल्कि ग्रामीण स्‍तर पर लिए जाएंगे। उन्‍होंने कहा कि अब ग्राम पंचायतें खुद अपनी विकास योजनाएं बनाएंगी। एक रिपोर्ट-

 

श्री चौहान ने कहा कि नई स्‍कीम में रोजगार की स्थिति बेहतर होगी क्‍योंकि अब सौ के बजाय सवा सौ दिन के रोजगार की गारंटी होगी। उन्होंने यह भी कहा कि निर्धारित समय के भीतर काम न मिलने पर नए कानून में बेरोजगारी भत्ते की व्‍यवस्‍था भी है। ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि ग्रामसभा और पंचायतों की शक्तियां बढ़ाई जा रही हैं।

 

श्री चौहान ने कहा कि नए कानून में सामाजिक जांच को अनिवार्य बनाया गया है और महिलाओं, स्‍वसहायता समूहों तथा समुदाय की सक्रिय भागीदारी पर बल दिया गया है। उन्‍होंने कहा कि सबसे पिछड़ी पंचायतों को अब अधिक धन और सहायता मिलेगी। ग्रामीण विकास मंत्री ने यह भी कहा कि समय पर भुगतान, परिसंपत्ति सृजन और आजीविका से जुड़े कार्य के जरिए आय निरंतर बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया है। दीपेंद्र की रिपोर्ट के समाचार कक्ष से मैं आकर्षिता सिंह।

 

****

 

भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर देश के खिलाफ काम करने वाली कई एजेंसियों के साथ मिलने का आरोप लगाया है। नई दिल्‍ली में पार्टी प्रवक्‍ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी के सलाहकार सैम पित्रोदा ने अनजाने में कांग्रेस का असली चेहरा बेनकाब कर दिया है।

 

उनके पैतृक सलाहकार श्री सैम पित्रोदा और उनके वैचारिक मानस के निर्माता लुईस हिस ट्रेडिशनल फैमिली एडवाइजर उन्होंने कल एक इंटरव्यू में कहा कि कांग्रेस पार्टी ग्लोबल प्रोगेसिव एलाइंस नामक एक गठबंधन का हिस्सा है, और उसी में भाग लेने के लिए राहुल गांधी जी जर्मनी गए थे । अब यह ग्लोबल प्रोगेसिव एलाइंस एक ऐसे संगठन से जुड़ा हुआ है, जो भारत विरोधी शक्तियों के साथ विस्थापित करने वाले अनेक संगठनों के नेटवर्क का हिस्सा है।

 

****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज मुख्‍य सचिवों के पांचवें राष्‍ट्रीय सम्‍मेलन की नई दिल्‍ली में अध्‍यक्षता की। वे कल भी सम्‍मेलन की अध्‍यक्षता करेंगे। तीन दिन का यह सम्‍मेलन कल शुरू हुआ था। सम्‍मेलन का उद्देश्‍य राष्‍ट्रीय विकास की प्राथमिकताओं पर निरंतर वार्ता के जरिए केंद्र- राज्‍य भागीदारी को मजबूत करना है।

 

प्रधानमंत्री के सहकारी संघवाद के दृष्टिकोण पर आधारित यह सम्‍मेलन, केन्‍द्र और राज्‍य को एक मंच पर लाकर, भविष्‍य में विकास की गति तेज करने के लिए एकीकृत रोडमैप तैयार करेगा। सम्‍मेलन में विशेष रूप से पांच प्रमुख क्षेत्रों पर विस्‍तार से चर्चा की जा रही है। जिसमें प्रारंभिक शिक्षा, स्‍कूली और उच्‍च शिक्षा, कौशल विकास और खेल शामिल हैं। सम्‍मेलन के दौरान आत्‍मनिर्भर भारत और स्‍वदेशी जैसे विषयों पर छह विशेष सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। दीपेन्‍द्र कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्‍ली।

 

****

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल उत्तरी कर्नाटक में कारवार स्थित नौसैनिक अड्डे पर आई.एन.एस कदंब का दौरा करेंगी। वे गोवा से कारवार नौसेना अड्डे के लिए उड़ान भरेंगी, जहां कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत और राज्यमंत्री उनका स्वागत करेंगे।

 

राष्ट्रपति कारवार बंदरगाह से पनडुब्बी में यात्रा करेंगी। उनसे पहले पूर्व राष्ट्रपति ए. पी. जे. अब्दुल कलाम ने 2006 में विशाखापत्तनम में नौसेना की पनडुब्बी में यात्रा की थी। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए, कारवार से मजाली तक 18 किलोमीटर के क्षेत्र में मछली पकड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

 

****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल सुबह 11 बजे आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में अपने विचार साझा करेंगे। मासिक रेडियो कार्यक्रम की यह 129वीं कड़ी होगी। कार्यक्रम आकाशवाणी और दूरदर्शन के समूचे नेटवर्क, आकाशवाणी समाचार वेबसाइट और न्‍यूज ऑन एआईआर मोबाइल एप पर प्रसारित होगा। आकाशवाणी समाचार, दूरदर्शन समाचार और प्रधानमंत्री कार्यालय तथा सूचना और प्रसारण मंत्रालय के यूट्यूब चैनलों पर भी यह कार्यक्रम सीधा प्रसारित किया जाएगा। आकाशवाणी से हिन्‍दी प्रसारण के तुरंत बाद कार्यक्रम का प्रादेशिक भाषाओं में भी प्रसारण किया जाएगा।

 

****

 

देश के तटवर्ती और भीतरी इलाक़ों में दुर्लभ खनिजों का विशाल भंडार उपलब्‍ध हैं। ये खनिज आंध्रप्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु, केरल, पश्चिम बंगाल, झारखंड, गुजरात और महाराष्ट्र के तटीय क्षेत्र में मौजूद हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इन दुर्लभ खनिजों की निकासी के लिए सरकार ने इसके लिए 7 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि मंजूर की है।

 

इस योजना का उद्देश्य धातुमल दुर्लभ मृदा स्थाई चुंबक आरईएम के लिए देश का पहला एकीकृत घरेलू विनिर्माण तंत्र स्थापित करना है। इसका लक्ष्य भारत में प्रतिवर्ष 6000 मिट्रिक टन की एकीकृत आरईएम निर्माण क्षमता स्थापित करना है। जिसमें दुर्लभ मृदा ऑक्साइड से लेकर तैयार चुंबक तक की पूरी श्रृंखला शामिल होगी। यह दुर्लभ मृदा ऑक्साइड स्थाई चुंबक विनिर्माण सहित विविध रणनीति दुर्लभ मृदा आधारित उद्योगों के लिए प्राथमिक कच्चे माल के रूप में अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस क्रम में खान मंत्रालय ने ऑस्ट्रेलिया, अर्जेंटीना, जांबिया सहित कई खनिज समृद्ध देशों के साथ द्विपक्षीय समझौते किए हैं । नीतिका गुप्ता के साथ अमन यादव आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

****

 

राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन की बदौलत अब तक 31 क्षेत्रों में 45 करोड़ रुपये की राशि वापस दिलाने में सफलता मिली है। उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने बताया कि इस पहल के अंतर्गत पिछले आठ महीने में 67 हजार से अधिक शिकायतों का निपटान किया गया। मंत्रालय के अनुसार, सर्वाधिक 39 हजार से अधिक शिकायतें ई-कॉमर्स क्षेत्र की थीं जिनमें 32 करोड़ रुपये की राशि वापस कराई गई। मंत्रालय ने बताया कि उपभोक्ता टोल-फ्री नंबर 1915 पर फोन कर 17 भाषाओं में शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

 

****

 

केरल के सबरीमला मंदिर में आज मंडल पूजा की गई। आज रात 11 बजे मंदिर के द्वार बंद होने के साथ ही पिछले 41 दिन से जारी मंडल पूजा संपन्न हो जाएगी। हमारे संवाददाता ने बताया है कि व्रत के दौरान भगवान अयप्पा को स्वर्ण वस्त्र पहनाए गए और सीमित संख्‍या में श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

 

मकर विलाक्कु चक्र के लिए मंदिर 30 दिसंबर को शाम 5 बजे फिर से खुलेगा। प्रमुख अनुष्ठानों में 11 जनवरी को एरुमेली पेट्थथुल्लल, 12 जनवरी को पंडालम से तिरुवाभरण शोभायात्रा और 14 जनवरी को मकर विलाक्कु उत्सव शामिल हैं। आधिकारिक दिशानिर्देशों के अनुसार, मकर विलाक्कु चक्र के दौरान दर्शन के लिए वर्चुअल कतार प्रणाली और सीमित स्पॉट बुकिंग के माध्यम से इसे नियंत्रित किया जा रहा है। तिरुवनंतपुरम से स्मिथी एम पल्लुरुथी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं आनंद पाठक।

 

****

 

जम्मू-कश्मीर में कला, संस्कृति और भाषा अकादमी कल शाम साढे चार बजे शास्त्रीय और लोकनृत्य संध्या का आयोजन करेगी। यह आयोजन जम्‍मू के अभिनव थिएटर में होगा। कार्यक्रम में जाने-माने और उभरते कलाकार भरतनाट्यम, कथक, ओडिसी, मणिपुरी और जम्मू-कश्मीर के लोक नृत्यों के माध्यम से भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करेंगे।

 

****

 

कर्नाटक सरकार रात में गाड़ियों की आवाजाही के संबंध में राष्ट्रीय दिशानिर्देश बनाने के लिए केंद्र सरकार से अनुरोध करेगी। राज्य सरकार ने हाल ही में चित्रदुर्ग जिले में भीषण बस दुर्घटना को देखते हुए केंद्र से यह आग्रह करने का निर्णय लिया है।

 

राज्य के परिवहन मंत्री रामलिंग रेड्डी ने बेंगलुरु में कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर ट्रक, लॉरी, और बस के चालकों के लिए रात 12 बजे से सवेरे 4 बजे के बीच कम से कम चार घंटे का अनिवार्य विश्राम होना चाहिए।

 

****

 

सेना ने जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तानी आतंकवादियों के सफाए के लिए किश्तवाड़ और डोडा जिले में अभियान तेज कर दिए हैं। रक्षा सूत्रों के अनुसार, इस समय 30 से 35 पाकिस्तानी आतंकवादी जम्मू क्षेत्र में छिपे हैं। इसे देखते हुए सेना ने ऊंचाई वाले बर्फीले इलाकों में गश्‍त बढ़ा दी है।

कश्मीर में भीषण सर्दी का मौसम यानी चिल्लई कलां 21 दिसंबर से 31 जनवरी तक चलेगा। इस दौरान आवाजाही के रास्ते बंद हो जाने और भारी बर्फबारी के कारण आतंकवादी गतिविधि कम हो जाती है। सेना ने शीतकालीन रणनीति के तहत बर्फीले इलाक़ों में निगरानी चौकियां स्थापित की हैं।

 

****

 

अमरीका में उत्तर-पूर्व में भीषण तूफान से हजारों उड़ानों पर असर पड़ा है। न्यूयॉर्क, बोस्टन, शिकागो और टोरंटो हवाई अड्डों पर कल रात तक लगभग एक हजार छह सौ उड़ानें रद्द करनी पड़ीं और सात हजार चार सौ उड़ानों में देरी हुई। न्यूयॉर्क और दक्षिणी कनेक्टिकट में नौ इंच तक बर्फबारी का अनुमान लगाया है। इसे देखते हुए, यात्रा संबंधी चेतावनी जारी की गई है। न्यूयॉर्क में भीषण बर्फीले तूफान के कारण हिम आपातकाल घोषित किया गया है।

 

****

 

68वीं राष्‍ट्रीय निशानेबाजी प्रतियोगिता में तिलोत्तमा सेन ने महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन स्पर्धा का स्वर्ण जीत लिया है। प्रतियोगिता का रजत विदार्सा के. विनोद ने और कांस्य आयोनिका पॉल ने जीता। वहीं, जूनियर वर्ग में रितुपर्णा देशमुख ने स्वर्ण, निश्चल ने रजत और अनुष्का ठोकुर ने कांस्य पदक जीता।

 

****

 

भारत और श्रीलंका के बीच चौथा महिला टी-20 क्रिकेट मुकाबला कल शाम सात बजे से तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा। भारत ने कल तीसरे टी-20 मैच में श्रीलंका को आठ विकेट से हरा दिया था। पांच मैचों की श्रृंखला में भारत तीन-शून्‍य से आगे है।

 

****

 

देश की अग्रणी वैक्सीन निर्माता कंपनी इंडियन इम्यूनोलॉजिकल्स लिमिटेड ने ऑस्ट्रेलियाई स्वास्थ्य अधिकारियों के इन दावों का खंडन किया है कि कंपनी भारत में अपनी रैबीजरोधी वैक्सीन अभयरैब की नकली खुराकें बेच रही है। ऑस्ट्रेलियाई तकनीकी सलाहकार समूह का कहना है कि कंपनी नवंबर 2023 से नकली वैक्सीन जारी कर रही है। लेकिन निर्माता कंपनी ने कहा है कि वर्तमान स्थिति इसके उलट है। कंपनी ने स्पष्ट किया कि देश में बनी वैक्सीन की प्रत्येक खुराक की केंद्रीय औषधि प्रयोगशाला द्वारा जांच करती है।

 

****

 

चीन ने ताइवान को हथियार बेचने के मामले में 10 व्यक्तियों और 20 अमरीकी रक्षा कंपनियों पर प्रतिबंध लगा दिया है। इनमें रक्षा कंपनी एंडुरिल इंडस्ट्रीज के संस्थापक और प्रतिबंधित कंपनियों के नौ वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। प्रतिबंधित अधिकारी के चीन में प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई है।

 

प्रतिबंधित कंपनियों में नॉर्थरोप ग्रुमन सिस्टम्स कॉर्पोरेशन, एल-3 हैरिस मैरीटाइम सर्विसेज, और बोइंग की सेंट लुइस शाखा शामिल हैं।    

 

****

 

यूक्रेन की राजधानी कीव पर कल रात रूस के एक हमले में एक व्‍यक्ति की मौत हो गई और 27 अन्‍य घायल हो गए। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब यूक्रेन के राष्‍ट्रपति वोल्दिमीर जेलेंस्‍की कल अमरीका के फ्लोरिडा में राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप से मिलने वाले हैं। इस मुलाकात में रूस और यूक्रेन के बीच लगभग चार वर्ष से जारी युद्ध को समाप्‍त करने पर वार्ता होनी है। 

 

****

 

बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट ने बलूचिस्तान में दो हमलों में छह पाकिस्तानी सैनिकों की मौत की जिम्मेदारी ली है। प्रवक्ता मेजर ग्वाहराम बलोच ने कहा कि एक हमला बृहस्पतिवार को सुरब बाज़ार में पुलिस चौकी पर और दूसरा हमला ओरमारा इलाक़े में बसोल सैन्य शिविर पर किया गया था। बलूचिस्तान के लोग पाकिस्तान से आज़ादी के लिए संघर्षरत हैं।

 

****

 

बांग्लादेश के केरानीगंज में आज दोपहर एक मदरसे में विस्फोट से एक महिला और दो बच्चों सहित चार लोग घायल हो गए। विस्फोट से मस्जिद की छत और बीम में दरारें पड़ गईं और पास के भवन को भी आंशिक रूप से नुक़सान हुआ है। 

 

****

 

मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 30 दिसंबर तक घने कोहरे की आशंका व्‍यक्‍त की है। उत्तरप्रदेश में भी ऐसी ही स्थिति रहेगी। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में मंगलवार तक शीतलहर चलने की संभावना है। इस महीने के अंत तक अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में तेज हवाओं और गरज, चमक के साथ वर्षा की आशंका है।

 

****

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विकसित भारत जीरामजी योजना को लेकर कांग्रेस की आलोचना खारिज की। कहा – योजना में अब सौ की बजाय 125 दिन के रोजगार की गारंटी।

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र और राज्यों के बीच साझेदारी को मजबूत करने के लिए नई दिल्ली में मुख्य सचिवों के पांचवें राष्ट्रीय सम्मेलन की अध्यक्षता की।

 

  • सेना ने जम्मूकश्मीर में पाकिस्तानी आतंकियों के सफाए के लिए किश्तवाड़ और डोडा जिले में अभियान तेज किया।

 

  • अमरीका में शक्तिशाली बर्फीले तूफानों के कारण हजारों उड़ानें रद्द।

 

  • पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में अगले तीन दिनों तक घने कोहरे की आशंका।

 

  • कर्नाटक की तिलोत्तमा सेन ने राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप में 50 मीटर राइफल थ्रीपोजिशन स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता।

 

****