June 20, 2025 10:10 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने ओडीशा और बिहार में कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कहा- भाजपा सरकार ने देश में नक्सल प्रभावित जिलों की संख्या 20 से भी कम हुई।
  • 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कल विश्‍व भर में मनाया जायेगा।
  • सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा – नैफेड जल्द ही किसानों से सीधी खरीद शुरू करेगा।
  • इस्राइल-ईरान के बीच संघर्ष आठवें दिन भी जारी। ईरान के विदेश मंत्री जिनेवा में जर्मनी, फ्रांस और ब्रिटेन के विदेश मंत्रियों से बातचीत करेंगे।
  • मौसम विभाग का अगले कुछ दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों में मूसलाधार वर्षा का अनुमान।
  • यशस्‍वी जायसवाल ने लीड्स में भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की श्रृंखला के पहले टेस्‍ट में शतक जडा।

 

****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि केन्‍द्र की भाजपा की सरकार ने देश में नक्‍सल प्रभावित जिलों की संख्‍या बीस से भी कम कर दी है। ओडिशा में मुख्‍यमंत्री मोहन चरण माझी के नेतृत्‍व में पहली भाजपा सरकार के एक वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्‍य में भुबनेशवर के जनता मैदान में आयोजित जनसभा को सम्‍बोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि देश में नक्‍सलवाद का जल्‍द ही खात्‍मा होगा।

 

बीते वर्षों में हमने आदिवासी समाज को हिंसा के माहौल से बाहर निकालकर, विकास के नए पथ पर ले जाने का काम किया है। भाजपा सरकार ने एक तरफ हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया, दूसरी तरफ आदिवासी क्षेत्रों में विकास की नई गंगा बहाई। इसी का नतीजा है कि आज नक्सली हिंसा का दायरा देश में 20 से भी कम जिलों तक सिमट गया है।

 

प्रधानमंत्री ने ओडिशा में 18 हजार छह सौ करोड रुपये की अनेक विकास परियोजनाओं का उद्धाटन और शिलान्‍यास किया। श्री मोदी ने ओडिशा दृष्टि-पत्र 2036 का भी विमोचन किया।

 

****

 

इससे पहले, बिहार में प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन विकास का प्रतीक है और पिछले 11 वर्षों में इसने राज्‍य को समृद्धि‍ और तेज विकास की ओर अग्रसर किया है। सीवान के जसौली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि एनडीए ने बिहार के विकास के लिए कई कदम उठाये हैं।

 

सिर्फ बीते दस ग्‍यारह साल की बात करू। बिहार में करीब 55 हजार किलोमीटर ग्रामीण सड़कें बनी हैं, डेढ़ करोड़ से ज्यादा घरों को बिजली के कनेक्शन से जोड़ा गया है, डेढ़ करोड़ लोगों को, पानी का कनेक्शन दिया गया है। आज बिहार के छोटे-छोटे शहरों में नए-नए स्टार्ट-अप्स खुल रहे हैं।

 

****

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपनी तीन दिवसीय देहरादून यात्रा के दूसरे दिन, आज राष्ट्रपति तपोवन और निकेतन का उद्घाटन किया। उन्होनें राष्ट्रपति निकेतन में राष्ट्रपति उद्यान की आधारशिला भी रखी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने देहरादून में राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तीकरण संस्थान का भी दौरा किया और छात्रों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि आज का युग विज्ञान और प्रौद्योगिकी का युग है। राष्‍ट्रपति मुर्मु ने कहा कि दिव्‍यांग बच्चों को सामान्‍य शिक्षा के अवसर प्रदान करना बहुत आवश्‍यक है।

 

राष्‍ट्रीय शिक्षा नीत‍ि 20-20 में दिव्‍यांग बच्‍चों को अन्‍य बच्‍चों के समान अच्‍छी शिक्षा के अवसर प्रदान करने का प्रावधान है। सुगम्‍य भारत अभियान के माध्‍यम से सरकार दिव्‍यांगजनों के सशक्तिकरण और समान्‍य भागीदारी के लिए प्रयत्नशील है।

 

****

 

केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज बताया कि भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन महासंघ-नेफेड जल्‍दी ही किसानों से सीधी खरीददारी शुरू करेगा जिससे कृषि उत्‍पादन प्रक्रिया में बिचौलियों की भूमिका खत्‍म हो जाएगी। वे आज मुम्‍बई में अंतर्राष्‍ट्रीय सहकारिता दिवस के अवसर पर राष्‍ट्रीय सेमीनार को सम्‍बोधित कर रहे थे।

 

नाफेड की ऐप पर किसान रजिस्‍टर्ड करना दे, तो उसकी हेंड्रेड प्रसेंट दलहन और मक्‍का, नाफेड एमएसपी पे खरीद लेगा और अगर बाजार में मूल्‍य ज्‍यादा है तो किसान मुक्‍त है वो बाजार में बेचने के लिए। मक्‍के का रेट कम है, तो आप दे दीजिए एमएसपी पर, ज्‍यादा है तो ज्‍यादा मुनाफा कमाईए और धीरे-धीरे ये सारी चीजों में ये मॉडल ऐप की सफलता को देखते हुए आने वाले दिनों में किसानों से सीधी नाफेड खरीदी करने की शुरूआत करने वाली है।

 

श्री शाह ने बताया कि देशभर में दो लाख नई प्राथमिक कृषि ऋण संस्‍थाएं स्‍थापित की जाएंगी।

 

****

 

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर देश भर में विभिन्न स्थानों पर कल होने वाले योगाभ्‍यास कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इस अवसर पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के सभी स्मारकों में जनता के लिए प्रवेश निःशुल्क होगा। आयुष मंत्रालय के सहयोग से भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण योग दर्शन में निहित समग्र स्वास्थ्य और पर्यावरण चेतना के महत्व का उल्‍लेख करते हुए योग सत्र आयोजित करेगा।

 

अंतराष्‍ट्रीय योग दिवस के अवसर पर हजारों प्रतिभागी दिल्‍ली का पुराना किला, कर्नाटक के गोल गुम्‍बद, ओडिशा के कोर्णाक सूर्य मंदिर, राजस्‍थान के चित्तौडगढ़ किला, महाराष्‍ट्र के एलिफेंटा केव्स गुफा सहित प्रतिष्ठित एतिहासिक स्‍थलों पर योग का अभ्‍यास करने के लिए एक साथ आएंगे। 11वें अंतरराष्‍ट्रीय दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी विशाखपटणम से राष्‍ट्र सावरों का नेतृत्‍व करेंगे। वे विशाखपटणम के समुद्र पर कॉमन योग प्रोटोकॉल सत्र में भाग लेंगे, जिसमें तीन लाख से अधिक प्रतिभागी शामिल होंगे, जिसे योग संगम पहल के तहत देशभर में दस लाख से अधिक स्‍थानों के साथ समनवित किया गया है। कई केन्‍द्रीय मंत्री और अन्‍य प्रमुख गणमान्‍य व्‍यक्तियों के साथ देशभर में विभिन्‍न स्‍थानों पर समारोह में हिस्‍सा लेंगे। इस वर्ष की थीम – एक पृथ्‍वी, एक स्‍वास्‍थ्‍य के लिए योग के अनुरूप इस भव्‍य योग महोत्‍सव का उद्देश्‍य भारत की सांस्‍कृतिक विरासत और प्राचीन कल्‍याण प्रथाओं के बीच, कालाती सम्‍बंधों को बढावा देना है। पल्‍लवी के साथ अमन यादव आकाशवाणी समाचार दिल्‍ली।

 

****

 

11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह की पूर्वसंध्या पर आज विशाखपटणम में आंध्र विश्वविद्यालय में एक उल्लेखनीय सूर्य नमस्कार कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहाँ लगभग 25,000 जनजातीय बच्चों ने 108 मिनट में 108 सूर्य नमस्कार किए।

 

****

 

नेपाल में, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पहले, आज भारतीय मिशन ने पोखरा में योग सत्र का आयोजन किया। सैकड़ों लोगों ने इस योग सत्र में भाग लिया। उधर, सऊदी अरब में भारतीय दूतावास कल सऊदी योग समिति और प्रवासी भारतीयों के साथ मिलकर 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाएगा।

 

****

 

इस्राइल और ईरान के बीच एक-दूसरे पर मिसाइली हमले आज आठवें दिन भी जारी रहे। इस युद्ध से बढती वैश्विक चिंता और कूटनीतिक शिथिलता के बीच यूरोपीय विदेश मंत्री आज जिनेवा में ईरानी अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं। फ्रांस, ब्रिटेन और जर्मनी के विदेश मंत्रियों की ईरान के साथ आधिकारिक वार्ता फिर शुरू हो गई है। ईरान के विदेश मंत्री अब्‍बास अराघची ने संयुक्‍त राष्‍ट्र में वार्ता से पहले अपने देश पर इस्राइल के हाल के मिसाइली हमलों की निंदा की और इन्‍हें गंभीर युद्ध अपराध तथा कूटनीतिक विश्‍वासघात बताया। हमारे संवाददाता ने बताया है कि ईरान और इस्राइल के बीच चल रहे संघर्ष ने पश्‍चिम एशिया के ऊर्जा क्षेत्र में भी हलचल मचा दी है।

 

इस्राइल द्वारा उत्तरी डोम गैस क्षेत्र को निशाना बनाए जाने के बाद कतर में प्रमुख ऊर्जा फर्मों के साथ आपातकालीन बैठकें चल रही हैं। यह क्षेत्र ईरान और कतर द्वारा संयुक्त रूप से साझा किया जाने वाला सबसे बड़ा ज्ञात प्राकृतिक गैस भंडार है। उद्योग के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि इस हमले ने क्षेत्रीय ऊर्जा सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। इन हमलों ने कतर के लिए दुविधा पैदा कर दी है क्‍योंकि उसे ईरान के साथ अपने महत्वपूर्ण आर्थिक संबंधों को बरकरार रखते हुए अमरीका के साथ अपने घनिष्ठ रणनीतिक गठबंधन को भी जारी रखना है। अंतर्राष्ट्रीय प्रतिक्रिया अभी भी संतुलित है। अमरीका ने इस क्षेत्र में अपनी सैन्य उपस्थिति को मजबूत किया है। एक तीसरा अमरीकी नौसेना विध्वंसक पूर्वी भूमध्य सागर में पहुंच चुका है, जबकि यूएसएस निमित्ज़ वाहक स्ट्राइक समूह अरब सागर की ओर बढ़ रहा है। इस बीच, रूस ने कड़ी चेतावनी जारी की है। रूस ने कहा है कि अगर इस्राइल, अमरीकी समर्थन के साथ, ईरान के सर्वोच्च नेता को निशाना बनाता है तो यह बहुत नकारात्मक कदम होगा। उधर, ईरान में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन जारी है। तेहरान और अन्य शहरों में हज़ारों लोग इकट्ठा हुए हैं, वे इज़राइल के ख़िलाफ़ अपना गुस्सा ज़ाहिर कर रहे हैं। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ जया भारती।

 

****

 

इस बीच, भारतीय नागरिकों को लेकर दो उड़ानें आज रात नई दिल्ली पहुंचेंगी। पहली उड़ान ईरान के मशाद से और दूसरी उड़ान तुर्कमेनिस्तान के अश्गाबात से आएगी। भारतीय नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे तेहरान में भारतीय दूतावास के आपातकालीन हेल्पलाइन और नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय द्वारा स्थापित नियंत्रण कक्ष के माध्यम से संपर्क में रहें। तेहरान में भारतीय दूतावास के आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर +98 9128109115 और +98 9128109109 हैं।

 

****

 

अहमदाबाद में विमान दुर्घटना के बाद अब तक लगभग 231 डीएनए नमूनों की आज शाम छह बजे तक पहचान कर ली गई। अहमदाबाद सिविल अस्‍पताल के चिकित्‍सा अ‍धीक्षक डॉक्‍टर राकेश जोशी ने मीडिया को बताया कि 210 शवों को उनके परिवारों को सौंपा जा चुका है।

 

****

 

केन्‍द्रीय सडक परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि भारत ने हाल के वर्षों में माल लाने ले जाने की लागत के प्रतिशत में उल्‍लेखनीय कमी की है जो और कम होकर नौ प्रतिशत के आसपास हो जाएगी। आकाशवाणी समाचार को दिये विशेष साक्षात्‍कार में श्री गडकरी ने बताया कि इससे देश के विकास में काफी सहयोग मिलेगा। श्री गडकरी का यह साक्षात्‍कार आकाशवाणी के एफएम गोल्‍ड चैनल यानी सौ दशमलव एक मेगा हर्ट्ज पर आज रात साढे नौ बजे प्रसारित किया जाएगा।

 

****

 

आकाशवाणी की महानिदेशक डॉ. प्रज्ञा पालीवाल गौड़ ने आज रांची में सीबीएस स्टेशनों/आकाशवाणी स्टेशनों के बिक्री प्रभाग की पूर्वी क्षेत्र की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल राज्यों के सीबीएस स्टेशनों ने भाग लिया।

 

****

 

और अब बात खेलों कि भारत और इंग्लैंड के बीच तेंदुलकर- एंडरसन ट्रॉफी की पांच क्रिकेट टेस्‍ट मैचों की सीरीज का पहला मैच आज लीड्स में खेला जा रहा है। ताजा समाचार मिलने तक भारत ने 3 विकेट पर 234 रन बना लिए हैं। यशस्‍वी जायसवाल ने शतक जडकर और के.एल. राहुल 42 रन बनाकर आउट हुए जबकि साई सुर्दशन बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए।

 

****

 

मौसम विभाग ने कल असम, मेघालय, पूर्वी मध्य प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर मूसलाधार बारिश की संभावना व्‍यक्‍त की है। मौसम विभाग के अनुसार, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, अरुणाचल प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी मूसलाधार बारिश की संभावना व्‍यक्‍त की है।

 

****

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने ओडीशा और बिहार में कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कहा- भाजपा सरकार ने देश में नक्सल प्रभावित जिलों की संख्या 20 से भी कम की।
  • 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कल विश्‍वभर में मनाया जायेगा।
  • सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा- नैफेड जल्द ही किसानों से सीधी खरीद शुरू करेगा।
  • इस्राइल-ईरान के बीच संघर्ष आठवें दिन भी जारी। ईरान के विदेश मंत्री जिनेवा में जर्मनी, फ्रांस और ब्रिटेन के विदेश मंत्रियों से बातचीत करेंगे।
  • मौसम विभाग का अगले कुछ दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों में मूसलाधार वर्षा का अनुमान।
  • यशस्‍वी जायसवाल ने लीड्स में भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की श्रृंखला के पहले टेस्‍ट में शतक जडा।