मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एनडीए सरकार के 11 साल पूरे होने पर समावेशी विकास के माध्यम से सुशासन और गरीबों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई।
- प्रधानमंत्री कल जम्मू-कश्मीर में 46 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे।
- भारत और किर्गिस्तान के बीच द्विपक्षीय निवेश संधि लागू हुई।
- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में एक करोड़ रुपये का इनामी माओवादी नेता सुधाकर मारा गया।
- जकार्ता में इंडोनेशिया ओपन बैडमिंटन के पुरुष डबल्स में सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी क्वार्टर फाइनल में पहुंचे।
****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एनडीए सरकार के 11 साल पूरे होने पर समावेशी विकास के माध्यम से सुशासन और गरीबों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई है। श्री मोदी ने इस अवसर पर लोगों को गरीबी से उबारने के लिए केंद्र सरकार के सशक्तिकरण, मज़बूत बुनियादी ढांचे तथा समावेशन की दिशा में उठाए गए कदमों का उल्लेख किया।
श्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में, लिखा कि पीएम आवास योजना, पीएम उज्ज्वला योजना, जन धन योजना और आयुष्मान भारत जैसी पहलों ने आवास, खाना पकाने के स्वच्छ ईंधन, बैंकिंग और स्वास्थ्य सेवा तक पहुंच को बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण, डिजिटल समावेशन और मज़बूत ग्रामीण बुनियादी ढांचे ने पारदर्शिता के साथ-साथ अंतिम छोर तक लाभ पहुंचाया है। उन्होंने समावेशी और आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई, जहां हर नागरिक को सम्मान के साथ जीने का अवसर मिले। भानू की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वैष्णवी।
****
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने सरकार के 11 वर्ष की यात्रा को कड़े फैसलों, भविष्य के सुधारों और परिवर्तनकारी शासन का हिस्सा बताया। एक साक्षात्कार में डॉ. सिंह ने कहा कि जैव प्रौद्योगिकी विभाग ने नवाचार को बढ़ावा देने में विस्तारित भूमिका, विशेष रूप से वैक्सीन विकास, आनुवंशिक अनुसंधान और जैव-उद्यमिता में व्यापक विज्ञान और प्रौद्योगिकी पर ध्यान केंद्रित किया है।
****
भारत ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के सिद्धांतों से प्रेरित होकर एक दशक में उल्लेखनीय परिवर्तन किया है। आकाशवाणी समाचार आपके लिए पिछले 11 वर्षों में प्रमुख क्षेत्रों में सरकार की उपलब्धियों पर केंद्रित एक विशेष श्रृंखला लेकर आया है। आज हम कौशल विकास और रोजगार सृजन पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। जो भारत की अमृत पीढी – युवा पीढ़ी को सशक्त बनाने की कुंजी है।
सरकार ने बीते 11 वर्षों में युवाओं में कौशल विकास और उनके सशक्तिकरण को बेहतर करने को हमेशा प्राथमिकता दी है, क्योंकि देश की लगभग 65 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है, जो भारत के भविष्य की कुंजी है। देश में रोजगार सृजन की दिशा में सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाये हैं। वर्ष 2022 में शुरू किए गए रोजगार मेला कार्यक्रमों में 10 लाख से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित किए गए हैं। वहीं, वर्ष 2017 से 2025 तक, साढ़े आठ करोड़ से ज्यादा लोग, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन-ईपीएफओ से जुड़े हैं, जिनमें करीब साढ़े तीन करोड़ युवा हैं। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत, पिछले 10 वर्षों में, 1 करोड़ 63 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित किया गया है। देश में शिक्षा और शैक्षणिक संस्थानों को बेहतर बनाने की दिशा में सरकार ने इस वर्ष के बजट में, एक लाख 28 हजार 650 करोड़ रुपये की धनराशि, शिक्षा क्षेत्र के लिए आवंटित की है, जो पिछले वर्ष के बजट की तुलना में छह प्रतिशत ज्यादा है। वहीं, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना की बात करें तो, 52 करोड़ से अधिक लोगों को ऋण स्वीकार किये गए हैं, जिनकी कुल धनराशि लगभग 33 लाख करोड़ रुपये है। इससे छोटे कारोबारियों को अपना व्यवसाय बढ़ाने में मदद मिली है। भारत, अब वैश्विक स्तर पर तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम है। वर्ष 2016 में शुरू हुई स्टार्टअप इंडिया पहल के तहत, देश में 1 लाख 59 हजार से ज्यादा स्टार्टअप को मान्यता मिली है, जिससे 16 लाख से ज्यादा नौकरियां सृजित हुई हैं। इन स्टार्टअप इकोसिस्टम में विशेष बात यह है कि 73 हजार से ज्यादा स्टार्टअप में कम से कम एक महिला निदेशक हैं। कौशल, रोजगार और उद्यमशीलता, जैसे-जैसे एक साथ आ रहे हैं, देश की नई पीढ़ी, भारत की विकास यात्रा को उज्ज्वल भविष्य की ओर ले जा रही है। रहीसुद्दीन रिहान के साथ, अखिल वैद्यान, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल जम्मू-कश्मीर में 46 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। श्री मोदी उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल परियोजना राष्ट्र को समर्पित करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि परियोजना के अन्तर्गत चेनाब ब्रिज देश का पहला केबल – आधारित रेल ब्रिज हैं।
नदी के तल से 359 मीटर की ऊंचाई पर स्थित चेनाब रेल ब्रिज दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज है इसकी ऊंचाई एफिल टावर से 35 मीटर अधिक है। एक किलोमीटर से अधिक लंबी इस्पात की यह संरचना उधमपुर श्रीनगर बारामूला रेल लिंक का महत्वपूर्ण हिस्सा है और भारतीय इंजीनियरिंग की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। दुर्गम इलाकों और मौसम की चरम स्थितियों को सहने के लिए डिजाइन किया गया यह पुल 260 किलोमीटर प्रति घंटे तक की हवा की रफ्तार का सामना कर सकता है और इसे 120 साल तक की अवधि तक टिकाऊ रहने के लिए निर्मित किया गया है वहीं हिमालय की उबड़ खाबड़ भूमी पर मजबूती से खड़ा अंजी खड पुल भारत का पहला केबल स्टेट रेलवे ब्रिज है। यह चेनाब में दक्षिण में गहरी अंजी नदी घाटी में फैला है जो उधमपुर, श्रीनगर, बारामूला रेल लाइन के कटरा बनिहालखंड को जोड़ता है। भूकंप तेज हवाओं और बदलते भूविज्ञान को झेलने के लिए बनाया गया अंजी ब्रिज एक इंजीनियरिंग उपलब्धि से कहीं बढ़ कर है। आनंद कुमार आकाशवाणी समाचार, कटरा।
****
प्रधानमंत्री ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर में परियोजनाओं के लोकार्पण से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा। श्री मोदी ने कहा कि चिनाब रेल पुल वास्तुकला का अद्भुत उदाहरण है। इससे जम्मू-श्रीनगर के बीच रेल संपर्कों में सुधार होगा। श्री मोदी ने कहा कि उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल परियोजना सभी मौसम में संपर्क सुनिश्चित करेगी। श्री माता वैष्णों देवी कटरा से श्रीनगर तक वंदे भारत की रेलगाडियां आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा और रोजगार के अवसर सृजित करेंगे।
****
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि जम्मू और श्रीनगर के बीच सीधी रेल सेवा सितंबर में जम्मू रेलवे स्टेशन पर काम पूरा होने के बाद प्रारंभ हो जाएगी। श्री वैष्णव ने आज जम्मू रेलवे स्टेशन का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया।
****
भारत और किर्गिस्तान ने नई दिल्ली में द्विपक्षीय निवेश संधि-बीआईटी के प्रोटोकॉल पर समझौता का आदान-प्रदान किया। नई दिल्ली में वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन और किर्गिस्तान के विदेश मंत्री झीनबेक कुलुबाएव मोल्दोकानोविच ने इन समझौतों पर हस्ताक्षर किए।
वित्त मंत्रालय ने कहा कि यह समझौता द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को मजबूत करने और सुरक्षित निवेश को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण है।
****
विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा है कि भारतीय बैंकों और वित्तीय क्षेत्र के बीच घनिष्ठ संबंध भारत-मध्य एशिया आर्थिक संपर्क को मजबूत करेंगे। नई दिल्ली में भारत-मध्य एशिया व्यापार परिषद में डॉ. जयशंकर ने कहा कि मध्य एशियाई बैंकों द्वारा भारतीय बैंकों में विशेष रुपया वोस्ट्रो खाते खोलने की दिशा में शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि यूपीआई के उपयोग के बारे में भी चर्चा हुई है।
****
कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने अमरीका में भारतीय प्रवासियों के प्रमुख सदस्यों से मुलाकात की।
डॉ. थरूर ने काउंसिल ऑन फॉरेन रिलेशंस में राजदूत केन जस्टर से भी बात की। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों और आतंक के पीड़ितों के बीच कोई समानता नहीं है।
भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने बेल्जियम की संघीय संसद के चैंबर ऑफ डेप्युटीज के अध्यक्ष पीटर डी रोवर से मुलाकात की। श्री प्रसाद ने एकजुटता व्यक्त करने के लिए श्री डी रोवर का आभार व्यक्त किया।
****
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत पटियाला के राजपुरा में आज किसान चौपाल में किसानों से बातचीत की। श्री चौहान ने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत वैज्ञानिक खेतों में जाकर किसानों की समस्याओं को सुन रहे हैं।
विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत हमारा मंत्र है, ”वन कंट्री, वन एग्रीकल्चर”, वन टीम और वन टीम का मतलब है, केंद्र सरकार, राज्य सरकार, वैज्ञानिक साइंटिस्ट, केवीके उन्नतशील किसान एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी तो पूरे देश में मिल कर सब निकल रहे हैं। ताकि गांव-गांव किसानों के बीच मे जाए और किसानों को नए सोच रिसर्च से अवगत कराये और किसान जो तकलीफ महसूस कर रहा है। वह सरकार और विज्ञानिकों तक पहुंचे और कृषि के क्षेत्र में नीति बनाते समय इन चीजों का ध्यान रखा जाए।
****
छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में आज माओवादी नेता सुधाकर को मार गिराया है। पुलिस ने बताया है कि उस पर एक करोड़ रुपये का इनाम था। सुधाकर पिछले तीन दशकों से नक्सली गतिविधियों में सक्रिय था। वह महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में कई मामलों में वांछित था।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि 2024 से बस्तर रेंज में 400 से अधिक माओवादियों को मारा जा चुका है।
****
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण-एनआईए ने आज पाकिस्तान समर्थित प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों के खिलाफ जांच में जम्मू-कश्मीर में 32 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। सुबह से ही आतंकवादियों और ओवरग्राउंड वर्करों के आवासीय परिसरों में तलाशी ली गई। पाकिस्तान स्थित आतंकवादी सोशल मीडिया और ऑनलाइन ऐप का इस्तेमाल आतंक को बढ़ावा देने के लिए कर रहे थे।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर में राम दरबार सभी राम भक्तों को श्रद्धा और आनंद से भर देगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि भगवान श्री राम की जन्मभूमि – अयोध्या, राम दरबार के अभिषेक के साथ एक और गौरवशाली और ऐतिहासिक क्षण का गवाह बनी है।
****
मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर भारत में तेज बारिश और अगले सात दिनों में इस क्षेत्र में बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र, ओडिशा, बिहार और झारखंड में और अगले दो से तीन दिनों के दौरान मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में गरज और बिजली के साथ बारिश हो सकती है।
****
सिक्किम में मंगन जिले के चाटेन में आज 63 पर्यटकों को हवाई मार्ग से निकाला गया। वायुसेना के दो MI-17 हेलीकॉप्टर और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल ने बचाव और राहत कार्य में सहयोग किया। हालांकि उत्तरी सिक्किम में खराब मौसम के कारण बचाव कार्य रोक दिया गया है। चाटेन में लगभग 64 पर्यटक फंसे हुए हैं, और उन्हें कल निकालने का प्रयास किया जाएगा।
****
इंडोनेशिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी पुरुष डबल्स क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। दोनों ने बेहद संर्घषपूर्ण मुकाबले में डेनमार्क के रासमस केजर और फ्रेडरिक सोगार्ड को पराजित किया।
****
उधर, फ्रेंच ओपन टेनिस में पहले महिला सिंगल्स सेमी-फाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त बेलारूस की आर्यना सबालेंका का मुकाबला पांचवीं वरीयता प्राप्त पोलैंड की इगा स्विएटेक से जारी है। ताजा समाचार मिलने तक दोनों खिलाडी एक-एक सेट जीत कर बराबरी पर हैं।
****
रिजर्व बैंक ने अर्थशास्त्र, बैंकिंग और वित्तीय विषयों पर हिंदी में पुस्तकें लिखने की योजना शुरू की है। इसके अंतर्गत, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग-यूजीसी से मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालयों के सहायक और एसोसिएट प्रोफेसरों सहित कार्यरत या सेवानिवृत्त प्रोफेसर इन विषयों पर पुस्तकें लिख सकते हैं।
****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एनडीए सरकार के 11 साल पूरे होने पर समावेशी विकास के माध्यम से सुशासन और गरीबों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई।
- प्रधानमंत्री कल जम्मू-कश्मीर में 46 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे।
- भारत और किर्गिस्तान के बीच द्विपक्षीय निवेश संधि लागू हुई।
- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में एक करोड़ रुपये का इनामी माओवादी नेता सुधाकर मारा गया।
- और, जकार्ता में इंडोनेशिया ओपन बैडमिंटन के पुरुष डबल्स में सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी क्वार्टर फाइनल में पहुंचे।