मुख्य समाचार :-
- गृह मंत्री अमित शाह ने बाढ़ प्रभावित पूर्वोत्तर राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बारिश पर चर्चा की। केंद्र सरकार ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
- असम के सिलचर में 24 घंटे में 400 मिलीमीटर से अधिक बारिश होने से 100 साल का रिकॉर्ड टूट। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक पूर्वोत्तर क्षेत्र में अत्यधिक बारिश का अनुमान व्यक्त किया; राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में भी बारिश और धूलभरी आंधी।
- बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने मानवता के खिलाफ कथित अपराधों को लेकर पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया।
- यूक्रेन ने एक बड़े ड्रोन हमले से रूस की सेना के 40 से अधिक विमानों को मार गिराने का दावा किया।
- फ्रेंच ओपन टेनिस में रोहन बोपन्ना और युकी भांबरी पुरुष डबल्स से बाहर।
****
गृह मंत्री अमित शाह ने चार पूर्वोत्तर राज्यों-असम, मणिपुर, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्रियों से उनके राज्यों में हो रही अत्यधिक वर्षा से उत्पन्न स्थिति के बारे में चर्चा की। उन्होंने मानसून के कारण आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन का सामना कर रहे इस क्षेत्र को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।
श्री अमित शाह ने उनसे कहा कि केंद्र सरकार पूर्वोत्तर के लोगों की हर संभव सहायता के लिए दृढ संकल्प है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने श्री अमित शाह द्वारा तत्काल सहायता देने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। अधिक बारिश की संभावना को देखते हुए, अधिकारी हाई अलर्ट पर हैं तथा राहत और बचाव कार्य जारी हैं।
इस बीच, असम, मेघालय और त्रिपुरा में रिकॉर्ड मूसलाधार बरसात से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है और कई क्षेत्रों में अचानक बाढ आ गई है। दक्षिण असम के सिल्चर में पिछले 24 घंटो के दौरान 415 दशमलव आठ मिलीमीटर बरसात दर्ज की गई है जिससे सौ वर्ष से अधिक का रिकॉर्ड टूट गया है। वर्ष 1893 में 290 दशमलव तीन मिलीमीटर बरसात हुई थी।
बराक घाटी में बराक, जतिंगा और रूकणी नदियां खतरे के निशान से बहुत ऊपर बह रही हैं। असम के कुल 11 जिलों को सतर्कता बरतने को कहा गया है।
मौसम विभाग ने असम के प्रभावित जिलें में अगले तीन दिन के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है।
****
अरुणाचल प्रदेश में भी लगातार बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। ईटानगर के मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के 9 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और 10 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
अब तक अरुणाचल प्रदेश के दो अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश से हुए भूस्खलन के कारण नौ लोगों की जान जा चुकी है। कई अंतरिक क्षेत्रों से फ्लैश फ्लड और कीचड़ धंसने की घटनाओं के कारण सड़क संपर्क टूटने की खबरें हैं। ईस्ट सियांग जिले में जल भराव के कारण मुरकोंगसेलेक-पासी घाट, ब्रॉड गेज रेलवे ट्रेक और फोर लेन हाइवे एक्सटेंशन कार्य बाधित हुए हैं। साथ ही रूक्षीन और जाम पानी क्षेत्र में फसलें भी नष्ट हुई हैं। वहीं, लोअर दिबांग वैली ज़िले में आज सुबह भारतीय वायुसेना ने बाढ़ग्रस्त बोंजिर नदी के बीच फंसे कम से कम 14 लोगों को बचाया। यह बचाव कार्य एमआई-17 हेलीकॉप्टर द्वारा किया गया। राकेश डोले आकाशवाणी समाचार ईटानगर।
****
मणिपुर लगातार अचानक बाढ आने के प्रभाव में है। राज्य की प्रमुख नदी के तटबंध टूटने और ऊफानते से ज्यादातर गांव पानी में डूब गए हैं। राज्य सरकार राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा मोचन बल, राज्य पुलिस और केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल तथा सेना के सहयोग से विभिन्न स्थानों पर पुनर्वास और बचाव अभियान चला रही है।
इम्फाल में ज्यादातर नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है। बाढ की स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी सरकारी स्कूलों और सहायता प्राप्त निजी स्कूलों में अनिश्चितकाल तक गर्मी का अवकाश बढा दिया है।
इधर, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के कई हिस्सों में आज शाम बरसात हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
हर भर में खराब मौसम की वजह से दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान परिचालन प्रभावित हुआ। दिल्ली एयरपोर्ट अथॉरिटी ने यात्रियों को सलाह दी कि वह उड़ान से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए अपनी-अपनी एयरलाइन से संपर्क करें। अथॉरिटी ने कहा कि ऑन ग्राउंड टीम में यात्रियों के लिए सहज और कुशल अनुभव सुनिश्चित करने के लिए सभी हितधारकों के साथ मिलकर काम कर रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बाद मौसम में यह बदलाव देखा गया। पूरे शहर में तेज हवाएं चलने के साथ ही काले बादल छाए। धूल भरी आंधी और भारी बारिश भी हुई। पल्लवी परमार आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
****
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जश्न मनाते हुए, राष्ट्र भारतीय सैनिकों की वीरता को सलाम करता है। सशस्त्र बलों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना से आकाशवाणी समाचार विशेष श्रंखला प्रस्तुत कर रहा है। आज हम परमवीर चक्र विजेता लांस नायक करम सिंह को याद कर रहे हैं, जिन्होंने 1947-48 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया था।
1915 में पंजाब में जन्मे लांस नायक करम सिंह 1941 में सिख रेजीमेंट में भर्ती हुए। 1948 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में टीथवाल की लंबी लड़ाई के दौरान लांस नायक करम सिंह ने अहम भूमिका निभाई। 13 अक्टूबर की रात लेंस करम सिंह की चौकी पर भारी गोलाबारी के साथ दुश्मन ने एक बड़ा हमला किया। संख्या में बहुत कम होने और गोला बारूद की कमी के बावजूद उन्होंने दुश्मन के कई हमलों को विफल कर दिया। अपने साथियों को दुश्मन को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए उन्हें प्रोत्साहित करने और दुश्मन पर ग्रेनेड से हमले करने के लिए लांस नायक सिंह एक स्थान से दूसरे स्थान पर गए। दो बार घायल होने के बावजूद उन्होंने वहां से जाने से इनकार कर दिया और पहली पंक्ति की खाइयो पर बने रहे। दुश्मन के पांचवें हमले के दौरान दो दुश्मन सैनिक उनकी पोजीशन के बहुत करीब आ गए, गोलीबारी के खतरों से बचने के लिए करम सिंह अपनी खाई से बाहर निकले और संगीन से दोनों दुश्मन सैनिकों को मार डाला। अपनी असाधारण बहादुरी के लिए लांस नायक करम सिंह को परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया जो टीथवाल की लड़ाई में साहस का प्रतीक बन गए। सकलेन अख्तर आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
****
ऑपरेशन सिंदूर के अंतर्गत आतंकवाद के खिलाफ भारत का सैद्धांतिक और दृढ़ रुख स्पष्ट करने के लिए, संसद सदस्यों के सात सर्वदलीय शिष्टमंडल विभिन्न देशों के दौरे पर हैं। शशि थरूर के नेतृत्व में शिष्टमंडल आज ब्राजील के ब्रासीलिया पहुंचा।
शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे के नेतृत्व में सर्वदलीय शिष्टमंडल लाइबेरिया में है।
भारतीय जनता पार्टी सांसद रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व में शिष्टमंडल लंदन पहुंच गया है। श्री प्रसाद ने कहा कि हम आतंकवाद के मामले पर भारत का पक्ष मजबूती से रखेंगे।
लंदन पहुंच गए हैं, तीन देशों की हमारी यात्रा अच्छी रही। फ्रांस, इटली और फिर डेनमार्क की। आतंकवाद के मामले पर भारत का पक्ष हम प्रभावी रूप से यहां भी रखेंगे और जैसा हमने बाकी जगह वहां के लोगों का समर्थन मिला है। वही समर्थन इंग्लैंड में भी मिलेगा। हमें पूरा विश्वास है।
****
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद आतंकवाद के विरूद्ध भारत की सीमापार की गई कार्रवाई की पूरे विश्व में सराहना की जा रही है। भारत में डेनमार्क के पूर्व राजदूत फ्रेडी स्वाने ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भारत का सच्चा रक्षक बताया है। उन्होंने पाकिस्तान का पर्दाफाश करने के लिए भारत की आक्रमक कूटनीति का भी स्वागत किया है।
श्री स्वाने ने एक समाचार समिति के साथ साक्षात्कार में कहा कि भारत ने दिखा दिया है कि वह विश्व स्तर पर उभर चुका है।
पूर्व राजदूत ने भारत सहित विदेशी धरती पर आतंक को लगातार बढावा और समर्थन देने के लिए पाकिस्तान की आलोचना की।
****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्ली में एशियाई विकास बैंक के अध्यक्ष मासातो कांडा से मुलाकात की। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट में कहा कि पिछले दशक में भारत में तेजी से हुए बदलावों से कई लोग सशक्त हुए तथा सरकार अब इसके लिए अधिक प्रयास कर रही है। बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने कई मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
****
गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस सरकार की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का लक्ष्य राज्य में 2026 के विधानसभा चुनाव में अपनी सरकार बनाना है। गृह मंत्री ने राज्य की कानून व्यवस्था की स्थिति पर चिंता व्यक्त की।
ये महान बंग भूमि को घुसपैठ, भ्रष्टाचार, स्त्रियों पर अत्याचार, अपराध, बम धमाके और हिंदुओं के साथ दुराचार करने का केंद्र बनाकर रख दिया है। यही बंगाल में चुनावी हिंसा जिसमें चुनाव के वक्त सैकड़ों भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को मौत के घाट उतार दिया था।
****
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने “विकसित कृषि संकल्प अभियान” के तहत आज उत्तर प्रदेश में मेरठ के जंगेठी गांव में किसानों से बातचीत की।
इस अवसर पर श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश के विकास में कृषि का महत्वपूर्ण योगदान है।
विकसित भारत के लिए खेती भी विकसित हो और किसान भी समृद्ध हों, प्रधानमंत्री जी का लक्ष्य किसानों का उत्पादन बढ़ाना, उत्पादन की लागत घटाना, 20,170 टीम ये 29 मई से 12 जून के बीच गांव-गांव जाएगी। एक गांव में 5-7-8 गांव के लोग आएंगे। ये फसलें देखेंगी, ये किसान से बात करेंगी और बात करके जो नई तकनीक है उसकी जानकारी देंगी।
****
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री तथा भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा है कि भारत को अपनी विचारधारा बनानी चाहिए और भारतीय चिंतन को प्रमुखता देते हुए इसे आगे बढाना चाहिए। वे पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद दर्शन के 60वें वर्ष पर आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उस समय हमारे ऊपर वेस्टर्न पॉलीटिकल थॉट का बड़ा इंपैक्ट रहा और ऐसे में दीनदयाल उपाध्याय जी ने कहा कि भारत को भारतीय सोच को प्रमुखता देकर के ही अपनी विचारधारा बनानी पड़ेगी और उसको आगे बढ़ना पड़ेगा।
****
बांग्लादेश में अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण – आईसीटी ने आज पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना और पूर्व गृह मंत्री असदुज्जमां खान कमाल की गिरफ्तारी का वारंट जारी किया। पिछले वर्ष जुलाई-अगस्त महीने में जन विद्रोह के दौरान मानवता के विरुद्ध कथित अपराधों के लिए यह वारंट जारी किया गया है।
अदालत ने संबंधित अधिकारियों को 16 जून को इन्हें अदालत के समक्ष पेश करने का आदेश दिया और उसी दिन अगली सुनवाई तय करने को कहा।
इससे पहले, आज अभियोग पक्ष ने पिछले वर्ष जुलाई महीने में हुई जनहत्या की मास्टर माइंड और भीड़ को उकसाने की जिम्मेदार ठहराई गई शेख हसीना के विरुद्ध मामला दर्ज किया। यूनाइटेड न्यूज ऑफ बांग्लादेश ने खबर दी है कि असदुज्जमां खान कमाल और अब्दुल्ला अल-मामुन के विरुद्ध भी मामला दर्ज किया गया है।
****
यूक्रेन ने आज रूस पर बड़ा ड्रोन हमला करके उसके चालीस से अधिक सैन्य विमानों को निशाना बनाया। खबरों के अनुसार यूक्रेन की सुरक्षा एजेंसी के अधिकारियों ने दावा किया है कि यूक्रेन की सेनाने रूस के टीयू-95 और टीयू-22 बम वर्षकों सहित अन्य युद्धक विमानों को निशाना बनाया।
यह रूस पर किया गया यूक्रेन का ड्रोन आधारित अब तक का सबसे बड़ा हमला बताया जाता है।
****
फ्रेंच ओपन टेनिस में भारत के रोहन बोपन्ना और युकी भाम्बरी अपने-अपने जोडीदारों के साथ हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। बोपन्ना और चैक गणराज्य के एडम पावलासेक की जोड़ी को ब्रिटेन के हेनरी पेटर्न और फिनलैंड के हैरी हेलियोवारा ने 2-6, 6-7 से हराया। युकी भाम्बरी और अमरीका के रॉबर्ट गैलोवे की जोडी अमरीका के युवान किंग और क्रिस्टियन हैरीसन से 4-6, 4-6 से हार गई।
****
अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में आईपीएल क्रिकेट के क्वालीफायर-2 में मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स का मुकाबला बारिश के कारण शुरू नहीं हो सका है। पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है।
****
लद्दाख में युवा मामले और खेल विभाग ने खेलो इंडिया योजना के फिट इंडिया मूवमेंट के तहत आज विश्व साइकिल दिवस मनाने के लिए तिरंगा यात्रा साइकिल रैली का आयोजन किया।
****
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग अपने साप्ताहिक फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में कल रात साढे नौ बजे डिजीटल कॉमर्स में उपभोक्ता संरक्षण पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। इसमें उपभोक्ता कानून, अधिकार और सुरक्षा विशेषज्ञ और कार्यकर्त्ता पुष्पा गरिमा भाग लेंगी।
कार्यक्रम के दौरान श्रोता डिजीटल कॉमर्स में धोखाधडी, सतर्क रहने और संबंधित समस्याओं की शिकायत करने के तरीकों के बारे में प्रश्न पूछ सकते है।
****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- गृह मंत्री अमित शाह ने बाढ़ प्रभावित पूर्वोत्तर राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बारिश पर चर्चा की। केंद्र सरकार ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
- असम के सिलचर में 24 घंटे में 400 मिलीमीटर से अधिक बारिश होने से 100 साल का रिकॉर्ड टूट। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक पूर्वोत्तर क्षेत्र में अत्यधिक बारिश का अनुमान व्यक्त किया; राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में भी बारिश और धूल भरी आंधी।
- बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने मानवता के खिलाफ कथित अपराधों को लेकर पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया।
- यूक्रेन ने एक बड़े ड्रोन हमले से रूस की सेना के 40 से अधिक विमानों को मार गिराने का दावा किया।
- फ्रेंच ओपन टेनिस में रोहन बोपन्ना और युकी भांबरी पुरुष डबल्स से बाहर।
****