April 29, 2025 10:08 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर रक्षा मंत्री और शीर्ष अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय सुरक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

 

  • प्रधानमंत्री ने कहासरकार का लक्ष्य युवाओं को कुशल बनाकर भारत को वैश्विक नवाचार केन्‍द्र के रूप में स्‍थापित करना है।

 

  • सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने दिल्‍लीराष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र और अन्य शहरों में बिल्डरों और बैंकों के बीच सांठगांठ की सीबीआई जांच के आदेश दिए।

 

  • दिल्ली सरकार ने राजधानी के सभी स्कूलों में फीस निर्धारण के नियम बनाने के लिए मसौदा विधेयक को मंजूरी दी।

 

  • मार्क कार्नी आम चुनावों में अपनी पार्टी की जीत के बाद कनाडा के प्रधानमंत्री बने रहेंगे।

 

  • महिला क्रिकेट में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 15 रन से हराकर त्रिकोणीय एकदिवसीय श्रृंखला में लगातार दूसरी जीत दर्ज की।

 

———-

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की अध्‍यक्षता में पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर प्रधानमंत्री आवास पर आज एक उच्‍चस्‍तरीय बैठक हुई। बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, रक्षा प्रमुख अनिल चौहान और तीनों सेनाओं के प्रमुख भी मौजूद थे।

 

———-

 

भारत ने पहलगाम आतंकी हमले का मुद्दा संयुक्त राष्ट्र में जोरदार तरीके से उठाया है। साथ ही आतंकवादियों को प्रशिक्षण देने और उन्हें धन उपलब्‍ध कराने संबंधी पाकिस्तानी मंत्री के “कबूलनामे” को भी सबके सामने रखा है। संयुक्‍त राष्‍ट्र में भारत की उपस्‍थायी प्रतिनिधि योजना पटेल ने पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के हाल के एक टेलीविजन साक्षात्कार का उल्लेख किया।

 

सुश्री पटेल ने भारत के विरुद्ध आधारहीन आरोप लगाने और प्रचार करने में वैश्विक मंच का दुरूपयोग करने के लिए भी पाकिस्तान की निंदा की। उन्‍होंने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले को लेकर विश्वभर के नेताओं और सरकारों के सशक्त, स्पष्ट समर्थन और एकजुटता के प्रति भारत आभारी है। 

 

———–

 

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने आज ग्रीस, साइप्रस, पनामा, सोमालिया, स्लोवेनिया और गयाना के विदेश मंत्रियों के साथ पहलगाम आतंकवादी हमले पर चर्चा की। ग्रीस के विदेश मंत्री जॉर्ज गेरापेट्राइटिस से बातचीत के दौरान डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ ग्रीस के कड़े रुख की सराहना की। उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा करने और इसके खिलाफ समर्थन और एकजुटता के लिए साइप्रस के विदेश मंत्री और पनामा सरकार को भी धन्यवाद दिया।

 

———–

 

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पहलगाम आतंकी हमले में राज्य के पीड़ित परिवारों के लिए 50 लाख रुपये की वित्तीय सहायता की घोषणा की है। मुंबई में मंत्रिमंडल की बैठक में, सरकार ने पीड़ित परिवारों को शैक्षिक सहायता और नौकरी देने का भी आश्वासन दिया।

 

———–

 

इस बीच, जम्मू-कश्मीर में कश्मीर क्षेत्र में आने वाले सभी पर्यटकों और अन्य आगंतुकों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सभी व्यवस्थाएं की गई हैं। पहलगाम हमले के बाद कश्मीर में प्रमुख पर्यटन स्थलों, होटलों, बाज़ारों और अन्य स्थानों पर सुरक्षा ग्रिड को और मजबूत किया गया है। आकाशवाणी समाचार श्रीनगर से बातचीत में कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक, वी. के. बिरदी ने बताया कि सभी पर्यटन स्थलों पर व्‍यापक सुरक्षा व्‍यवस्‍था की गई है।

 

हालिया पसमंजर में जितने भी सइयाती मकामात हैं, वहां पर जो सिक्‍योरिटी ग्रिड है प्रजेंट, उन्‍होंने अपना एक रिब्‍यू भी किया हुआ है और यहां पर सारा जो सिक्‍योरिटी अमला है और पुलिस है वो इस चीज के लिए पुरज्‍म है कि यहां पर आने वाले जो सय्यान हैं, बाशिंदगान हैं, तो उनकी सिक्‍योरिटी में सारी सुविधा रहे और उनको किसी भी प्रकार की दिक्‍कत पेश न आए।

 

एहतियात के तौर पर कुछ पर्यटन स्थलों को अस्थायी रूप से बंद किया गया है। हालांकि, पहलगाम, गुलमर्ग, सोनमर्ग, डल झील और मुगल गार्डन सहित कश्मीर के सभी प्रमुख पर्यटन स्थल पूरी तरह से खुले हैं।

 

———–

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्‍य युवाओं को कुशल बनाकर उन्‍हें आत्‍मनिर्भर बनाना और भारत को वैश्विक नवाचार के केंद्र के रूप में स्‍थापित करना है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार देश की शिक्षा व्‍यवस्‍था को आधुनिक बना रही है और देश के हर विद्य़ार्थी के लिए विश्व स्तरीय ज्ञान सुगम बन रहा है। श्री मोदी ने आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में सरकार, शिक्षा समुदाय, उद्योग और नवोन्मेषक समुदाय के नेताओं के पहले रणनीतिक सम्मेलन युग्म को संबोधित करते हुए यह बात कही।    

 

किसी भी देश का भविष्य उसकी युवा पीढ़ी पर निर्भर होता है। इसलिए, ये जरूरी है कि हम अपने युवाओं के भविष्य के लिए और उनको भारत के उज्ज्वल भविष्य के लिए तैयार करें। इसमें बड़ी भूमिका देश के एजुकेशन सिस्टम की भी होती है। इसीलिए, हम देश के एजुकेशन सिस्टम को 21वीं सदी की जरूरतों के मुताबिक आधुनिक बना रहे हैं। देश में नई नेशनल एजुकेशन पॉलिसी लाई गई है। इसे शिक्षा के ग्लोबल स्टैंडर्ड्स को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।  

 

प्रधानमंत्री ने कहा है कि विकसित भारत के लक्ष्‍य के लिए अगले 25 वर्षों की समय-सीमा तय की है।

 

हमारे पास समय सीमित है, लक्ष्य बड़े हैं और इसलिए, ये जरूरी है कि हमारे आइडिया की प्रोटोटाइप से प्रोडक्ट तक की यात्रा भी कम से कम समय में पूरी हो। जब हम लैब से मार्केट तक की दूरी को कम कर देते हैं, तो रिसर्च के परिणाम लोगों तक तेजी से पहुँचने लगते हैं।

 

———–

 

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने केन्‍द्रीय अन्‍वेषण ब्‍यूरो – सीबीआई को दिल्ली, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र, मुंबई, चंडीगढ़, मोहाली और कोलकाता में बिल्डरों और बैंकों के बीच सांठगांठ की प्रारंभिक जांच करने का निर्देश दिया है। आज न्‍यायालय की एक पीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए सीबीआई को सात प्रारंभिक जांच शुरू करने और एक विशेष जांच दल-एसआईटी गठित करने का निर्देश दिया। जिन बिल्‍डर कंपनियों के खिलाफ प्रारंभिक जांच दर्ज की जाएगी, उनमें सुपरटेक भी शामिल है। सर्वोच्‍च न्‍यायालय पूरे मामले की निगरानी करेगा और हर महीने इस पर सुनवाई होगी।

 

———–

 

सरकार ने 2024 में ओलावृष्टि से प्रभावित मणिपुर को एक सौ 53 करोड़ रुपये से अधिक की अतिरिक्त केंद्रीय सहायता को मंजूरी दी है। यह निर्णय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति द्वारा लिया गया। गृह मंत्रालय के अनुसार केंद्र ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के दौरान राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष के तहत 28 राज्यों को बीस हजार दो सौ 64 करोड़ रुपये से अधिक और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल के अंतर्गत 19 राज्यों को पांच हजार एक सौ 60 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की है।

 

———–   

 

श्रम और रोजगार मंत्रालय तथा रैपिडो ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय करियर सेवा पोर्टल के माध्यम से लॉजिस्टिक्स रोजगार के अवसरों को बढ़ाने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर श्रम और रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि राष्ट्रीय करियर सेवा पोर्टल एक गतिशील मंच है, जो पूरे भारत में नौकरी चाहने वालों और नियोक्ताओं को एक साथ लाता है।

 

———–

 

डाक विभाग और एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट लिमिटेड ने आज नई दिल्ली में एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इसका मुख्य उद्देश्य देश भर में एक लाख 64 हजार से अधिक डाकघरों के माध्‍यम से एसबीआई म्यूचुअल फंड के निवेशकों के लिए घर-घर जाकर केवाईसी सत्यापन सेवाएं उपलब्‍ध कराना है।

 

———–

 

सर्वोच्‍च न्‍यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति भुषण रामकृष्ण गवई भारत के अगले मुख्य न्यायाधीश होंगे। केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने न्यायमूर्ति गवई को भारत के अगले मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया है और उनकी नियुक्ति अगले महीने की 14 तारीख से प्रभावी होगी। न्यायमूर्ति गवई 52वें मुख्य न्यायाधीश होंगे।

 

———–

 

दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के निजी और सरकारी स्कूलों में फीस निर्धारित करने संबंधी विधेयक के मसौदे को मंजूरी दे दी है। स्कूलों द्वारा फीस में बढोत्‍तरी को लेकर अभिभावकों के रोष को देखते हुए आज मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया है। दिल्‍ली की मुख्‍यमंत्री रेखा गुप्‍ता ने नई दिल्ली में संवाददाताओं को बताया कि दिल्ली सरकार ने लोगों, खासकर छात्रों और उनके अभिभावकों को राहत पहुंचाने के लिए यह फैसला किया है।

 

आज ड्राफ्ट बिल हमने कैबिनेट में पास किया है जोकि दिल्ली के सभी स्कूलों में वेदर डेट इज एडिट नॉनएडिट प्राइवेट और हर प्रकार के स्कूल दिल्ली के 1677 स्कूल जो प्राइवेट स्कूल है उनमें फीस को लेकर के पूरा का पूरा गाइडलाइन पूरा प्रोसीजर तय करेगा।

 

———–

 

उत्तराखंड में चार धाम यात्रा कल अक्षय तृतीया से शुरू होगी। यात्रा की शुरुआत उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री और यमुनोत्री मंदिरों के कपाट खुलने के साथ होगी। रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ मंदिर के कपाट दो मई और चमोली जिले में बद्रीनाथ धाम के कपाट चार मई को खुलेंगे। एक रिपोर्ट –

 

इस वर्ष तीर्थ यात्रा अधिक दिव्य और भव्‍य होने की उम्मीद है। राज्य सरकार ने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, स्वास्थ्य और सफाई पर विशेष ध्यान देते हुए व्यापक व्यवस्था की है। तैयारियों का परीक्षण करने के लिए एक मॉक ड्रिल का भी आयोजन किया गया था। चार धाम यात्रा में हर साल देशविदेश से लाखों श्रद्धालु आते हैं। अनुपम मिश्र आकाशवाणी समाचार।

 

तीर्थ पुरोहित राजेश सेमवाल ने बताया कि पालकी यात्रा कल भैरवघाटी से गंगोत्री के लिए रवाना होगी।

 

आज जो शीतकालीन प्रवास से मुखबा वहां से मां गंगा को विदा किया गया। मां भगवती गंगे आज रात्रि विश्राम भैरव घाटी में करेगी। कल सुबह ठीक दस बजकर तीस मिनट पर मां भगवती गंगे के कपाट विश्‍व कालीन हेतु दर्शन के लिए खुल जायेंगे। सभी श्रद्धालु अब मां भगवती के दर्शन गंगोत्री धाम में कर पायेंगे।

 

चारधाम यात्रा के उद्घाटन का आकाशवाणी से सीधा प्रसारण जाएगा। गंगोत्री धाम के कपाट खुलने का सीधा प्रसारण कल सुबह 10 से 11 बजे तक और यमुनोत्री धाम के खुलने का सीधा प्रसारण साढे ग्‍यारह से साढे बारह बजे तक होगा। सीधा प्रसारण आकाशवाणी के इंद्रप्रस्थ, एफएम गोल्ड और आराधना चैनल के साथ-साथ न्यूज़ ऑन ए आई आर ऐप पर भी उपलब्ध रहेगा।

 

———–

 

कनाडा के चुनाव में लिबरल पार्टी की जीत के साथ ही मार्क कार्नी प्रधानमंत्री बने रहेंगे। प्रधानमंत्री  ने अपने प्रतिद्वंदी कंजर्वेटिव पार्टी के नेता पियरे पोइलिव्रे को हराया। पियरे ने अपनी हार स्‍वीकार कर ली हे। जीत के बाद ओंटारियों में अपने पहले भाषण में कार्नी ने कहा कि अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्‍ड ट्रम्प कनाडावासियों को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं ताकि अमेरिका उन पर कब्ज़ा कर सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसा कभी नहीं होगा कनाडा अमरीका से मुकाबला करने के लिए तैयार है।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने मार्क कार्नी को उनकी जीत पर बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्री मोदी ने कहा कि भारत और कनाडा साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, कानून के शासन के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता और लोगों के बीच जीवंत संबंधों से बंधे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह इस साझेदारी को मजबूत करने और भारत तथा कनाडा के लोगों को अधिक से अधिक अवसर उपलब्‍ध कराने के लिए मार्क कार्नी के साथ काम करने के लिए उत्सुक हैं।

 

———–

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने त्रिनीदाद और टोबैगो के आम चुनाव में कमला प्रसाद-बिसेसर की जीत पर उन्हें बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्‍ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत, त्रिनीदाद और टोबैगो के साथ अपने ऐतिहासिक और घनिष्‍ट संबंधों को संजोए हुए है।

 

———–

 

बॉम्‍बे स्‍टॉक एक्‍सचेंज का सेंसेक्स आज 70 अंक की वृद्धि से 80 हजार दो सौ 88 पर बंद हुआ।  नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज का निफ्टी भी मामूली सात अंक बढ़कर 24 हजार तीन सौ 36 दर्ज हुआ।

 

———–

 

खेल खबरें

 

आईपीएल क्रिकेट में आज दिल्‍ली में कोलकाता नाइट राइडर्स का मुकाबला डेल्‍ही कैपिटल्‍स के साथ जारी है। डेल्ही ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। ताजा समाचार मिलने तक कोलकाता ने 17वें ओवर में 5 विकेट पर 174 रन बना लिए हैं।

 

———–

 

श्रीलंका में जारी त्रिकोणीय सीरीज में भारतीय महिला टीम का जीत अभियान जारी है। भारत ने आज कोलंबो में खेले गए मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 15 रनों से मात दी। टीम ने दक्षिण अफ्रीका के सामने 277 रनों का लक्ष्य रखा था। मुकाबले में भारतीय खिलाड़ी प्रतिका रावल ने अर्धशतकीय पारी खेली जबकि स्नेह राणा ने महिला वनडे में पहली बार पांच विकेट लेने का कारनामा किया। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया।

 

———–

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर रक्षा मंत्री और शीर्ष अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय सुरक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

 

  • प्रधानमंत्री ने कहा सरकार का लक्ष्य युवाओं को कुशल बनाकर भारत को वैश्विक नवाचार केन्‍द्र के रूप में स्‍थापित करना है।

 

  • सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने दिल्‍लीराष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र और अन्य शहरों में बिल्डरों और बैंकों के बीच सांठगांठ की सीबीआई जांच के आदेश दिए।

 

  • दिल्ली सरकार ने राजधानी के सभी स्कूलों में फीस निर्धारण के नियम बनाने के लिए मसौदा विधेयक को मंजूरी दी।

 

  • मार्क कार्नी आम चुनावों में अपनी पार्टी की जीत के बाद कनाडा के प्रधानमंत्री बने रहेंगे।

 

  • महिला क्रिकेट में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 15 रन से हराकर त्रिकोणीय एकदिवसीय श्रृंखला में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। 

———–