Download
Mobile App

android apple
signal

April 25, 2025 10:15 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्रियों से पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान करने और उनकी शीघ्र वापसी सुनिश्चित करने को कहा; सिंधु जल समझौते पर उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता भी की।

  • विदेश मंत्रालय ने पहलगाम आतंकी हमले के बारे में अमरीका, इजरायल और स्पेन के राजदूतों को जानकारी दी।

  • केंद्र ने नए वक्फ कानून पर सर्वोच्‍च न्‍यायालय में हलफनामा दाखिल किया; सरकार ने कहा – वक्फ अधिनियम में संशोधन इसका दुरुपयोग और परिसंपत्तियों के अतिक्रमण रोकने के लिए किया गया।

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल वैटिकन सिटी में पोप फ्रांसिस के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए रोम पहुंचीं।

  • रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा – रूस यूक्रेन पर अमरीका के साथ समझौता करने के लिए तैयार।

  • आईपीएल टी-20 क्रिकेट में सनराइजर्स हैदराबाद, चेन्नई सुपर किंग्स के साथ मैच में पहले गेंदबाजी कर रहा है।

 

 

 

*****

 

गृह मंत्री ने आज सभी राज्‍यों के मुख्यमंत्रियों से उनके राज्यों में सभी पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान करने को कहा है। श्री अमित शाह ने उन्‍हें पाकिस्‍तानी नागरिकों की शीघ्र वापसी सुनिश्चित करने के लिए आवश्‍यक कदम उठाने को भी कहा।

इस बीच गृह सचिव गोविन्‍द मोहन ने सभी राज्‍यों और केन्‍द्र शासित प्रदेशों के मुख्‍य सचिवों से इस आदेश का कडाई से पालन करने को कहा। भारत ने दीर्घावधि वीजा, राजनयिक और अधिकारिक वीजा को छोडकर पाकिस्‍तानी नागरिकों को जारी सभी वीजा रद्द कर दिए हैं। यह फैसला रविवार से लागू होगा। पाकिस्‍तानी नागरिकों को जारी सभी चिकित्‍सा वीजा केवल 29 अप्रैल तक वैध रहेंगे और रद्द श्रेणियों में कोई नया वीजा जारी नही किया जाएगा।

 

*****

 

गृह मंत्री अमित शाह ने पाकिस्‍तान के साथ 1960 के सिंधु जल समझौते पर नई दिल्‍ली में बैठक की। भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद सिंधु जल समझौते पर रोक लगा दी है। विदेश मंत्री सुब्रमण्‍यम जयशंकर, केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी. आर.पाटिल और वरिष्‍ठ सरकारी अधिकारी बैठक में शामिल हुए।

 

जल शक्ति मंत्री ने कहा कि सिंधु जल संधि पर सरकार का ऐतिहासिक निर्णय पूरी तरह से न्यायसंगत और राष्ट्रहित में है। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि सिंधु नदी जल का एक बूंद भी पाकिस्तान तक न पहुंचे।

 

 

अभी उनके साथ कोई भी संधि आज तक हुई होगी और सभी संधि को रद्द कर देना चाहिए। हमें लगता है सरकार ने अभी जल संधि रद्द कर दी है, अच्‍छा डिसीजन लिया है।

 

*****

विदेश मंत्रालय ने आज दिल्ली में अमरीका, इस्राइल और स्पेन के राजदूतों को पहलगाम आतंकी हमले के बारे में जानकारी दी। भारत में इस्राइल के राजदूत रूवेन अजार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि इस्राइल भारत के साथ है।

 

 

 

 

हमारी संवाददाता ने बताया है कि भारत ने आतंकी हमले के बारे में अन्य देशों को सूचित करने के लिए व्यापक कूटनीतिक अभियान शुरू किया है।

 

 

विदेश मंत्रालय ने कल दिल्ली के साउथ ब्लॉक में पहलगाम आतंकवादी हमले के बारे में चुनिंदा देशों के राजनयिकों को जानकारी दी थी। जिनमें जर्मनी जापान पोलैंड ब्रिटेन और रूस के राजनयिक शामिल थे । आज कई विदेशी दूतों ने विदेश मंत्री डॉक्टर एस जयशंकर से मुलाकात की। डॉ. जयशंकर इजरायल के राजदूत रूवेन अजार से मिले और सीमा पार आतंकवाद से निपटने में इजरायल के समर्थन की सराहना की। अर्जेंटीना के एंबेसडर से मुलाकात के दौरान डॉ जयशंकर ने पहलगाम आतंकवादी हमले की अर्जेंटीना द्वारा कड़ी निंदा का स्वागत किया । मिश्र के राजदूत कमल जायद ने भी डॉक्टर जयशंकर से मुलाकात की। मीटिंग के दौरान विदेश मंत्री ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में मिश्र के समर्थन को सराहा। नेपाल के राजदूत शंकर शर्मा के साथ बैठक के दौरान विदेश मंत्री ने पहलगाम आतंकी हमले में एक नेपाली नागरिक की मौत पर संवेदना व्यक्त की । सुपर्णा सेकिया, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

*****

 

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर, नीदरलैंड्स के प्रधानमंत्री डिक शूफ और श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुर दिसानायक ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से टेलीफोन पर बातचीत में पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है। सभी नेताओं ने इस मुश्किल समय में भारत के साथ एकजुटता और आतंकवाद से निपटने के लिए साझा प्रतिबद्धता व्‍यक्‍त की। श्री मोदी ने एकजुटता के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई को मजबूत करने के लिए सभी देशों के साथ मिलकर काम करने के लिए तत्पर है।

 

*****

 

जम्‍मू-कश्‍मीर के उप-राज्‍यपाल मनोज सिन्‍हा ने आज श्रीनगर में सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्धिवेदी के साथ सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्‍यक्षता की। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से-

 

 

आज सुबह घाटी पहुंचने पर सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कश्मीर में शीर्ष सैन्य कमांडरों के साथ कई बैठकें कीं। बाद में, वो उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की अध्यक्षता में हुई सुरक्षा समीक्षा बैठक में शामिल हुए। बैठक में मौजूदा स्थिति और नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम उल्लंघन की घटनाओं पर चर्चा हुई। विपक्ष के नेता और वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी स्थिति का जायजा लेने के लिए कश्मीर का दौरा किया। उन्होंने श्री सिन्हा और मुख्‍यमंत्री उमर अब्दुल्ला से भी मुलाकातें की। बाद में, उन्होंने पहलगाम हमले के बाद घोषित कार्यो के लिए केन्‍द्र और केंद्र शासित प्रदेश सरकारों को समर्थन देने के लिए अपनी पार्टी के प्रतिबद्धता को दोहराया। इस बीच, उपराज्‍यपाल ने पहलगाम हमले पर चर्चा के लिए 28 अप्रैल को जम्मू में जम्मूकश्मीर विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया है। तारिक राथर, आकाशवाणी समाचार, श्रीनगर।

 

*****

 

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के खिलाफ केंद्र सरकार द्वारा घोषित कदमों के प्रति पार्टी का समर्थन दोहराया है। आज श्रीनगर में श्री गांधी ने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात की और आतंकी ढांचे को खत्म करने में सरकार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

 

 

*****

 

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई बाजार आज हमले के विरोध में बंद रहे। अखिल भारतीय व्‍यापारी परिसंघ के महासचिव और दिल्ली से भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि दिल्ली में नौ सौ से अधिक बाजार पूरी तरह बंद रहे।

 

*****

 

उधर, तेलंगाना में सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी ने हमले के विरोध में आज कैंडल मार्च निकाला। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि कांग्रेस और तेलंगाना सरकार आतंकवाद को खत्‍म करने के लिए केंद्र सरकार को पूरा समर्थन देगी। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल-मुसलमीन के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी और कई विदेशी प्रतिनिधि भी कैंडल मार्च में शामिल हुए।

 

*****

 

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा है कि श्रीनगर से दो विशेष उडानों से 183 यात्री कल सुरक्षित घर वापस पहुंच गये। यात्रियों के लिए नि:शुल्‍क उडानों की व्‍यवस्‍था की गई थी। तीसरी उडान से 232 से अधिक यात्री वापस आ रहे हैं। अब तक लगभग 500 लोग घर सुरक्षित पहुंच चुके हैं।

 

*****

 

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ने पहलगाम आतंकी हमले के पीडितों को एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये दिए जाएंगे।

 

*****

 

केंद्र ने सर्वोच्‍च न्‍यायालय में वक्‍फ संशोधन अधिनियम 2025 पर प्रारंभिक हलफनामा दाखिल कर दिया है। एक रिपोर्ट-

 

 

सरकार ने कहा है कि वक्‍फ अधिनियम 1995 में संशोधन वक्‍फ कानून का दुरूपयोग रोकने के उद्देश्‍य से किया गया है। इसके कारण सरकारी परिसंपत्तियों का अतिक्रमण हो रहा था। यह सुनिश्चित करना भी आवश्‍यक था कि देश में वक्‍फ बोर्डों का समुचित प्रशासन और प्रबंधन हो सके ये पारदर्शिता के साथ काम कर सके। सरकार ने कहा है कि पहले पर्याप्‍त निगरानी के अभाव में सरकारी और निजी परिसंपत्तियों को भी वक्‍फ संपत्ति घोषित किया गया था। इसीलिए नया अधिनियम प्रभावी उपायों के साथ वक्‍फ परिसंपत्तियों के पारदर्शी प्रबंधन के लिए पारित किया गया है। सरकार ने कहा है कि कानून के अनुसार न्यायालय संसद में बनाये कानूनों की संवैधानिकता को देखते हुए किसी वैधानिक प्रावधान पर प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से रोक नहीं लगा सकते हैं। मामले की अगली सुनवाई पांच मई को होगी। समाचार कक्ष से शशांक कुमार।

 

*****

 

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर पर कथित अपमानजनक टिप्पणी के लिए फटकार लगाई है। न्‍यायालय ने उन्‍हें गैर-जिम्मेदाराना बयान देने से बचने को भी कहा। राहुल गांधी ने नवंबर 2022 में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान महाराष्ट्र के अकोला में श्री सावरकर पर अपमानजनक टिप्पणी की थी। शीर्ष न्‍यायालय ने कांग्रेस नेता को भविष्य में ऐसी कोई टिप्पणी करने पर उनके खिलाफ स्वत: संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू करने की चेतावनी दी। भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि यदि श्री गांधी बार-बार वीर सावरकर का अपमान करते रहेंगे तो उन्हें माफ नहीं किया जाएगा।

 

 

नसीहत मिली है राहत नहीं मिली है। जिस तरह वीर सावरकर का वह बारबार अपमान करते हैं आइंदा किया तो बक्‍से नहीं जायेंगे।

 

*****

 

दिल्‍ली की एक अदालत ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्‍यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को कथित नेशनल हेराल्‍ड धन शोधन मामले में नोटिस जारी करने से इंकार कर दिया है। राउज एवेन्‍यू कोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय को इनके खिलाफ दायर आरोप पत्र के संदर्भ में और अधिक दस्‍तावेज पेश करने को कहा।

 

*****

 

वाणिज्‍य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत, स्‍टील की वैश्‍विक मांग पूरी करने में महत्‍वपूर्ण योगदान देने की अच्‍छी स्थिति मे है। मुंबई में श्री गोयल ने कहा कि सरकार ने घरेलू इस्‍पात उद्योग को अनुचित डंपिंग और कम मूल्‍य निर्धारण की समस्‍या से सफलतापूर्वक संरक्षण दिया है। उन्‍होंने कहा कि भारत का स्‍टील उद्योग अत्‍यंत सक्षम, किफायती और उच्‍च गुणवत्‍ता के इस्‍पात विनिर्माण के लिए जाना जाता है।

 

*****

 

राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन ने नदी- शहर गठजोड़ के तहत वार्षिक मास्टर प्लान को मंजूरी दे दी है। इससे पूरे वर्ष में किए जाने वाले कार्य योजना को तैयार किया जा सकेगा। जल शक्ति मंत्रालय के अनुसार, यह योजना भारत के बढ़ते शहरों में नदी-संवेदनशील शहरी नियोजन लागू करने पर केंद्रित है।

 

*****

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु वैटिकन सिटी में पोप फ्रांसिस के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए इटली की राजधानी रोम पहुंच गई हैं। उनके साथ संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, अल्पसंख्यक कार्य राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन और गोवा विधानसभा के उपाध्यक्ष जोशुआ डिसूजा भी हैं। राष्ट्रपति सेंट पीटर बेसिलिका में पुष्पांजलि अर्पित करके पोप फ्रांसिस को श्रद्धांजलि देंगी और कल दुनियाभर के गणमान्‍य लोगों के साथ उनके अंतिम संस्कार में शामिल होंगी। पोप फ्रांसिस का 21 अप्रैल को निधन हुआ था।

 

*****

 

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के दूत स्टीव विटकॉफ ने आज मॉस्को में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। श्री ट्रंप ने इसे रूस-यूक्रेन संघर्ष समाप्त करने की कूटनीति में महत्वपूर्ण क्षण बताया है। इससे पहले, रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि रूस, यूक्रेन पर अमरीका के साथ किसी समझौते तक पंहुचने के लिए तैयार है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ मुद्दों पर स्पष्टता से विचार विमर्श जरूरी है।

 

*****

 

राष्ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण ने पाकिस्तान समर्थित खालिस्तानियों के सीमा पार से हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में पंजाब, जम्मू-कश्मीर और देशभर में छापे मारे। अभिकरण ने कल 18 स्थानों पर तलाशी में कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। अभिकरण जब्त की गई वस्तुओं की जांच कर रही है।

 

*****

 

पंजाब सरकार ने राज्य सतर्कता ब्यूरो के प्रमुख सुरिन्‍दर पाल सिंह परमार को कर्तव्य पालन में लापरवाही के कारण निलंबित कर दिया है। विभाग के दो अन्य अधिकारियों – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरप्रीत सिंह मंदार और सहायक महानिरीक्षक स्वर्णदीप सिंह को भी कथित ड्राइविंग लाइसेंस घोटाले में निष्क्रियता के लिए निलंबित किया गया है।

 

*****

 

भारतीय जनता पार्टी के राजा इकबाल सिंह दिल्ली नगर निगम के नए महापौर चुन लिए गए हैं। भाजपा के जय भगवान यादव निर्विरोध उप महापौर चुने गए। श्री इकबाल सिंह ने कहा कि नगर निगम जलभराव की समस्या से मुक्ति और लोगों को आवश्‍यक सुविधाएं प्रदान करने पर ध्यान केंद्रित करेगी।

 

*****

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने प्रख्यात वैज्ञानिक डॉ. कृष्णस्वामी कस्तूरीरंगन के निधन पर दुख व्यक्त किया है। राष्ट्रपति ने कहा कि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो के प्रमुख के रूप में उन्‍होंने अंतरिक्ष कार्यक्रम के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्रधानमंत्री कहा कि ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति का मसौदा तैयार करने और भारत में शिक्षा को अधिक समग्र तथा दूरदर्शी बनाने में उनके प्रयासों के लिए देश उनका हमेशा आभारी रहेगा।

 

*****

 

चेन्‍नई में आईपीएल क्रिकेट में चेन्‍नई सुपर किंग्‍स का मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से जारी है। चेन्‍नई ने ताजा समाचार मिलने तक 16 ओवर में 6 विकेट पर 130 रन बना लिये हैं। अंक तालिका में हैदराबाद नौवें और चेन्‍नई दसवें स्‍थान पर हैं।

 

*****

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्रियों से पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान करने और उनकी शीघ्र वापसी सुनिश्चित करने को कहा; सिंधु जल समझौते पर उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता भी की।

  • विदेश मंत्रालय ने पहलगाम आतंकी हमले के बारे में अमरीका, इजरायल और स्पेन के राजदूतों को जानकारी दी।

  • केंद्र ने नए वक्फ कानून पर सर्वोच्‍च न्‍यायालय में हलफनामा दाखिल किया; सरकार ने कहा – वक्फ अधिनियम में संशोधन इसका दुरुपयोग और परिसंपत्तियों का अतिक्रमण रोकने के लिए किया गया।

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल वैटिकन सिटी में पोप फ्रांसिस के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए रोम पहुंचीं।

  • रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा – रूस यूक्रेन पर अमरीका के साथ समझौता करने को तैयार।

  • आईपीएल टी-20 क्रिकेट में सनराइजर्स हैदराबाद, चेन्नई सुपर किंग्स के साथ मैच में पहले गेंदबाजी कर रहा है।

*****