April 5, 2025 10:14 PM

printer

समाचार संध्या

 

मुख्य समाचार :-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलंबो में श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा दिसानायके के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। दोनों नेताओं ने साझा भविष्य के लिए साझेदारी को मजबूत करने की प्रतिबद्धता की पुष्टि की।

  • गृह मंत्री अमित शाह ने दोहराया कि अगले वर्ष मार्च के अंत तक देश नक्सल मुक्त हो जाएगा। तेलंगाना में 86 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया।

  • केंद्र ने आपदा सहायता के रूप में बिहार, हिमाचल प्रदेश, तमिलनाडु और पुद्दुचेरी को एक हजार दो सौ 80 करोड़ रुपये मंजूर किए।

  • दिल्ली सरकार ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना को लागू करने के लिए केंद्र के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। 10 अप्रैल से कार्डों का वितरण शुरू होगा।

  • भारत की ईशा सिंह ने अर्जेन्‍टीना में आई.एस.एस.एफ. निशानेबाजी विश्‍व कप 2025 में रजत पदक जीता।

  • आईपीएल क्रिकेट में, दिल्ली कैपिटल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 25 रन से हराया। राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स के बीच मैच जारी।

———-

 

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कोलम्‍बो में राष्‍ट्रपति सचिवालय में श्रीलंकाई राष्‍ट्रपति अनुरा दिसानायके के साथ महत्‍वपूर्ण बैठक की है। दोनों नेताओं की बातचीत भारत तथा श्रीलंका के बीच निकटतम द्विपक्षीय सहयोग को और सुदृढ बनाने पर केन्द्रित रही। दोनों नेताओं ने साझा भविष्‍य के लिए मजबूत भागीदारी के संयुक्‍त दृष्टिकोण पर प्रतिबद्धता जताई। श्री मोदी को श्रीलंका के राष्‍ट्रपति ने मित्र विभूषण पुरस्‍कार से सम्‍मानित किया।

 

दोनों नेताओं ने सामपुर बिजली परियोजना के शिलान्‍यास समारोह में ऑनलाईन भागीदारी की। यह परियोजना एनटीपीसी और सिलोन बिजली बोर्ड संयुक्‍त रूप से पूरी करेंगे।

 

सामपुर सोलर पावर प्लांट से श्रीलंका की ऊर्जा सुविधा में मदद मिलेगी। मल्टी प्रोडक्ट पाइपलाइन के निर्माण और त्रिंकोमाली को ऊर्जा हब के रूप में विकसित करें के जाने के लिए जो समझौता हुआ है उसका लाभ श्रीलंका के सभी लोगों को मिलेगा। दोनों देशों के बीच ग्रीन इंटरकनेक्टिविटी समझौते से श्रीलंका के लिए बिजली एक्सपोर्ट करने के विकल्प खुलेंगे।

 

भारत दाम्‍बुला में तापमान नियंत्रित कृषि गोदाम स्‍थापित करने में मदद करेगा। इसके अलावा वह पांच हजार धार्मिक संस्‍थानों की छतों पर सौर ऊर्जा प्रणाली लगाने में भी मदद करेगा। इससे श्रीलंका में 25 मेगावॉट बिजली की वृद्धि होगी।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज शाम कोलम्‍बो में भारतीय शांतिरक्षक बल स्‍मारक पर पुष्‍पचक्र अर्पित किया। श्री मोदी ने संयुक्‍त बयान में कहा कि भारत श्रीलंका, पडोसी प्रथम नीति और महासागर अभियान पर जोर देता है।

 

पिछले 4 महीनों में राष्ट्रपति दिशा नायक की भारत यात्रा के बाद से उल्लेखनीय प्रगति हुई है। सामपुर सोलर पॉवर प्लांट से श्रीलंका की ऊर्जा सुविधा में मदद मिलेगी मल्टी प्रोडक्ट पाइपलाइन के निर्माण और त्रिंकोमाली को ऊर्जा आपके रूप में विकसित करें कि जाने के लिए जो समझौता हुआ है उसका लाभ श्रीलंका के सभी लोगों को मिलेगा

 

श्री मोदी ने मछुआरों के मुद्दे के समाधान के लिए मानवीय दृष्टिकोण अपनाने को कहा और मछुआरों की तथा जब्‍त नौकाओं की वापसी में तेजी लाने का आह्वान किया।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी दिन में श्रीलंका की तमिल राजनीतिक पार्टियों के नेताओं से मिले। उन्‍होंने कहा कि भारत संयुक्‍त श्रीलंका के भीतर तमिल समुदाय के लिए समानता, गरिमा और न्‍याय के लिए प्रतिबद्ध है।

 

इस बीच, विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि श्रीलंका के राष्ट्रपति के पदभार ग्रहण करने के बाद से प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी श्रीलंका की यात्रा करने वाले पहले विदेशी शासनाध्यक्ष हैं।

 

———-

 

 

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने माओवादियों से अपील की है कि वे हथियार छोड़कर मुख्यधारा में शामिल हो जाएं। आज छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में बस्तर पंडुम के समापन समारोह को संबोधित करते हुए  गृहमंत्री ने कहा कि अगले चैत्र नवरात्र तक छत्तीसगढ़ से लाल आतंक समाप्त हो जाएगा।

 

मैं आज सभी जिनके हाथ में हथियार है वो और हथियार नहीं है वो सभी नक्सली भाइयों को विनंती करने आया हूं। आप हथियार डाल दीजिए। मेनस्‍ट्रीम में आइए, आप हमारे अपने हैं।

 

छत्तीसगढ़ की जनजातीय कला और शिल्प को संरक्षित और संवर्धित करने के लिए आयोजित किए गए बस्तर पंडुम की सराहना करते हुए गृहमंत्री ने कहा कि अगले वर्ष बस्तर पंडुम में देश के हर आदिवासी जिले के कलाकार शामिल होंगे।

 

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि छत्तीसगढ़ के बस्तर इलाके की संस्कृति, यहां की बोली, गीत, वाद्य यंत्र, नृत्य और व्यंजन छत्तीसगढ़ के साथ-साथ भारत की संस्कृति का गहना है। उन्होंने घोषणा की कि अगले वर्ष से बस्तर पंडुम के तहत बारह श्रेणियों की स्पर्धाएं होंगी, जिसमें देश के हर जनजातीय जिले के कलाकार शामिल होंगे। इसके अलावा इसे अंतर्राष्ट्रीय दर्जा दिलाने और बस्तर की संस्कृति से दुनिया को परिचित कराने के लिए विभिन्न देशों के राजदूतों को बस्तर के विभिन्न जिलों का भ्रमण कराया जाएगा। विकल्प शुक्ला, आकाशवाणी समाचार, रायपुर।

 

समारोह में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी शामिल हुए।

 

 

———–

 

 

इस बीच तेलंगाना में भद्राद्री कोठागुडेम जिले में 20 महिलाओं सहित 86 माओवादियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। लंबे समय से वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित इस क्षेत्र में शांति और सामान्य जनजीवन के लिए इसे एक बड़ा कदम माना जा रहा है। पुलिस महानिरीक्षक चंद्रशेखर रेड्डी ने बताया कि राज्‍य पुलिस के ऑपरेशन चुएयुथा (सहायता) कार्यक्रम के अंतर्गत यह आत्मसमर्पण माओवादियों के पुनर्वास का हिस्सा है। उन्हें तत्काल सहायता के रूप में 25-25 हजार रुपये प्रदान किए गए हैं।

 

———-

 

 

वहीं, आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले में माओवादी पार्टी के ग्यारह लोगों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि केंद्र और राज्य दोनों सरकारों के विकास और कल्याणकारी पहलों के कारण माओवादी पार्टी का प्रभाव कम हो रहा है।

 

 

———

 

 

रेल तथा सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि तमिलनाडु के रामेश्वरम में आधुनिक पंबन पुल का उद्घाटन देश के इतिहास में एक महत्‍वपूर्ण उपलब्धि है। प्रधानमंत्री कल इस पुल का उद्घाटन करेंगे।

 

संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह समुद्र के पानी में निर्मित पहला वर्टिकल लिफ्ट पुल है। श्री वैष्‍णव तमिलनाडु के दो दिवसीय दौरे पर हैं।

 

———

 

 

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने 62वें राष्‍ट्रीय समुद्री दिवस के अवसर पर आज नई दिल्‍ली में मेरीटाइम अवेयरनेस वॉकेथन को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर श्री सोनोवाल ने कहा कि देश के प्रत्‍येक नागरिक को भारत को एक विकसित राष्‍ट्र बनाने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

 

युवा शक्ति महाशक्ति और आज एक मैरिटाइम नेशन होने के नाते हम लोगों ने महसूस की है हमें अलग-अलग वर्टिकल पर कितना काम करना है। अगर दुनिया की सबसे शक्तिशाली मैरिटाइम मिशन के हिसाब से अपना पहचान बनाना है तो निश्चित रूप से आपकी युवा को विशेष भूमिका पालन करना होगा।

 

श्री सोनोवाल ने कहा कि कई सदियों के शानदार इतिहास के साथ भारत का समुद्री क्षेत्र देश की अर्थव्‍यवस्‍था का प्रमुख आधार रहा है।

 

———–

 

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज कर्नाटक में कारवाड नौसेना अड्डे पर हिन्‍द महासागर में सागर अभियान के अंतर्गत आईएनएस सुनैना को हरी झंडी दिखाई। सागर- सिक्‍योरिटी एंड ग्रोथ फॉर ऑल इन द रीजन है जिसमें हिन्‍द महासागर क्षेत्र के देशों के साथ सहयोग किया जाता है। आज राष्‍ट्रीय नौवहन दिवस और सागर अभियान की दसवीं वर्षगांठ है।

 

श्री सिंह ने इस अवसर पर कहा कि सागर अभियान भारत की नौवहन क्षेत्र में शांति, समृद्धि और सामूहिक सुरक्षा के लिए प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

 

 

———–

 

 

सरकार ने पिछले वर्ष प्राकृतिक आपदाओं का सामना करने वाले बिहार, हिमाचल प्रदेश, तमिलनाडु और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी को अतिरिक्त एक हजार दौ सौ 80 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता मंजूर की है। गृह मंत्रालय ने आज एक बयान में कहा कि सरकार ने आपदाओं के बाद इन राज्यों में तत्काल मंत्रालय स्‍तर की केन्द्रिय टीमों को भेजा था। मंत्रालय ने यह भी बताया कि वर्ष 2024-2025 में 28 राज्यों को राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष के तहत बीस हजार दौ सौ 64 करोड़ रुपये से अधिक जारी किए गए हैं और 19 राज्यों को राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष से पांच हजार एक सौ 60 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी गई है।

 

———-

 

 

केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य और परिवार कल्‍याण मंत्रालय तथा दिल्‍ली सरकार ने राष्‍ट्रीय राजधानी में आज आयुष्‍मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्‍य योजना को लागू करने के लिए एक सहमति ज्ञापन पर हस्‍ताक्षर किए हैं। हमारे संवाददाता अमन यादव ने बताया है कि इस समारोह में केन्‍द्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और दिल्‍ली की मुख्‍यमंत्री रेखा गुप्‍ता उपस्थित रहीं।

 

आयुष्मान भारत विश्‍व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना है जिसका उद्देश्य गरीब परिवार के लोगों को प्रति वर्ष प्रति परिवार 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा प्रदान करना है। इस अवसर पर केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में 6 लाख 50 हजार से अधिक पात्र परिवारों को इस योजना का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं सहित 36 लाख अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को इस योजना के अंतर्गत लाया गया है।

 

 

जगत प्रकाश नड्डा

 

“यह प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना के तहत पहले जो 2014 में 62% उसका पैसा हेल्थ पर खर्च होता था। आज वह घट करके 38 पर आ करके खड़ा हो गया 38% पर आकर। “

 

वही, दिल्‍ली की मुख्‍यमंत्री रेखा गुप्‍ता ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी के निवासी देश भर में अब 30 हज़ार से ज़्यादा सूचीबद्ध अस्पतालों में इस योजना का लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने घोषणा की कि इस महीने की 10 तारीख़ से आयुष्‍मान भारत कार्ड का वितरण शुरू हो जाएगा।

 

 

“आज केन्‍द्र की ओर से 5 लाख रुपये तक का ईलाज दिल्‍ली के जिन 6 लाख 54 हजार परिवारों को मिल पाएगा। उसमें दिल्ली सरकार की ओर से और 5 लाख जोड़ करके कुल मिलाकर के 10 लाख रुपए तक का स्‍वास्‍थ्‍य जीवन बीमा हम दिल्‍ली की जनता को देने वाले हैं। आयुष्मान भारत योजना जो वर्ष 2018 को शुरू की गई थी। इसने सिर्फ़ पाँच वर्षों में देशभर के गरीब परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा प्रदान की हैं,  जिससे उन्हें चिकित्सा आपात स्थितियों के दौरान भारी स्वास्थ्य व्यय का बोझ नहीं उठाना पड़ा है।”

 

 

 

———

 

 

आईएसएसएफ निशानेबाजी विश्‍व कप में भारत की सिफत कौर सामरा ने महिलाओं की पचास मीटर राइफल-थ्री पोजिशन स्‍पर्धा में भारत को पहला स्‍वर्ण पदक दिलाया। ईशा सिंह ने अब से कुछ देर पहले 25 मीटर पिस्‍टल स्‍पर्धा में रजत पदक हासिल किया।चैन सिंह ने पुरूषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में कांस्‍य पदक जीता।

 

 

———-

 

 

आईपीएल टी-20 क्रिकेट में डेल्‍ही कैपिटल्‍स ने आज मेजबान चेन्‍नई सुपर किंग्‍स को 25 रन से हरा दिया। डेल्‍ही कैपिटल्‍स ने राहुल के 77 रन की बदौलत 20 ओवर में 6 विकेट पर 183 रन बनाए। जवाब में चेन्‍नई की टीम निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट पर 158 रन ही बना सकी।

 

एक अन्‍य मैच में चंडीगढ़ में राजस्‍थान रॉयल्‍स और पंजाब किंग्‍स के बीच मुकाबला जारी है।

 

 

 

———-

 

 

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलंबो में श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा दिसानायके के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। दोनों नेताओं ने साझा भविष्य के लिए साझेदारी को मजबूत करने की प्रतिबद्धता की पुष्टि की।

  • गृह मंत्री अमित शाह ने दोहराया कि अगले वर्ष मार्च के अंत तक देश नक्सल मुक्त हो जाएगा। तेलंगाना में 86 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया।

  • केंद्र ने आपदा सहायता के रूप में बिहार, हिमाचल प्रदेश, तमिलनाडु और पुद्दुचेरी को एक हजार दो सौ 80 करोड़ रुपये मंजूर किए।

  • दिल्ली सरकार ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना को लागू करने के लिए केंद्र के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। 10 अप्रैल से कार्डों का वितरण शुरू होगा।

  • ईशा सिंह ने अर्जेन्‍टीना में आई.एस.एस.एफ. निशानेबाजी विश्‍व कप 2025 में रजत पदक जीता।

  • आईपीएल क्रिकेट में, दिल्ली कैपिटल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 25 रन से हराया। राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स के बीच मैच जारी।

———-