Download
Mobile App

android apple
signal

March 3, 2025 10:19 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उच्च शिक्षण संस्थानों से आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के क्षेत्र में नए कदम उठाने का आह्वान किया।

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने वन्यजीव संरक्षण और प्रबंधन के लिए पारंपरिक ज्ञान तथा ए आई के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया।

  • पहली बार जारी नदी डॉल्फ़िन आकलन रिपोर्ट के अनुसार देश में छह हजार तीन सौ से अधिक डॉल्फ़िन।

  • सरकार ने भारतीय रेलवे वित्त निगम तथा भारतीय रेलवे खानपान और पर्यटन निगम को नवरत्न का दर्जा दिया।

  • भारत और बेल्जियम ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रक्षा सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की।

  • नीति आयोग की रिपोर्ट के अनुसार भारत में महिलाओं में वित्तीय जागरूकता पिछले वर्ष की तुलना में 42 प्रतिशत बढ़ी।

  • दुबई में कल आई.सी.सी. चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट के पहले सेमीफाइनल में भारत का सामना ऑस्ट्रेलिया से।

 

———-

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में आठवें विजिटर्स पुरस्‍कार प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देश के कई शिक्षण संस्थानों में वैश्विक ब्रांड वैल्यू हासिल करने की क्षमता है। उन्होंने देश में शोध को और प्रोत्‍साहन देने पर बल दिया।

 

 

शिक्षण के साथ-साथ शोध कार्यों पर बहुत ध्‍यान देने की आवश्‍यकता है। शौध कार्यों के सम्‍बंध में, मैं यह कहना चाहूंगी कि शोध कार्यों की सार्थकता, उसकी नवीनता, उपयोगिता और व्‍यापक प्रभाव में होती है। मैं आशा करती हूं कि भारत के उच्‍च शिक्षण संस्‍थान, स्‍थानीय, क्षेत्रीय और राष्‍ट्रीय चुनौतियों का समाधान प्रस्‍तुत करेंगे।

 

 

राष्ट्रपति ने उच्च शिक्षा संस्थानों से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में नए प्रयास करने का भी आग्रह किया।

 

 

वर्ष 2025 को हमने द ईयर ऑफ एआई घोषित किया है। आज मैं उच्‍च शिक्षा के नेतृत्‍व से जुडे आप सभी लोगों से ये अनुरोध करती हूं कि आप सब आर्टिफीशियल इंटेलीजेंस क्षेत्र में नए और बडे काम करें और करवाएं।

———–

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने वन्यजीव प्रबंधन को सहायता देने के लिए पारंपरिक ज्ञान और यांत्रिक मेधा के अधिक उपयोग का आह्वान किया है। श्री मोदी ने भास्कराचार्य अंतरिक्ष अनुप्रयोग और भू-सूचना विज्ञान संस्थान तथा भारतीय वन सर्वेक्षण के साथ मिलकर जंगल की आग और वन्यजीव संघर्ष प्रबंधन के लिए यांत्रिक मेधा, मशीन लर्निंग तथा भू-स्थानिक मानचित्रण के उपयोग पर भी बल दिया। एक रिपोर्ट-

 

 

प्रधानमंत्री ने विश्व वन्यजीव संरक्षण दिवस पर आज जूनागढ़ जिले के सासन गिर में राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड की 7वीं बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने इन क्षेत्रों में स्थानीय आबादी और ग्रामीणों की भागीदारी के माध्यम से डॉल्फिन संरक्षण पर जागरूकता के महत्व पर बल दिया। उन्‍होंने बैठक में देश में पहली बार किए गए नदी डॉल्फिन अनुमान रिपोर्ट जारी की। रिपोर्ट में कुल छह हजार तीन सौ 27 डॉल्फ़िन का अनुमान लगाया गया है। श्री मोदी ने जूनागढ़ में वन्यजीवों के लिए राष्ट्रीय रेफरल केंद्र की आधारशिला भी रखी। उन्होंने बर्दा वन्यजीव अभयारण्य में शेरों के संरक्षण के लिए सहायता की घोषणा की। प्रधानमंत्री ने वन्यजीव संरक्षण में इको-टूरिज्म की भूमिका और वन्यजीव पर्यटन के लिए बेहतर यात्रा और संपर्क की आवश्यकता पर बल दिया। श्री मोदी ने मानव और वन्यजीवों के बीच संघर्षों को अधिक प्रभावी ढंग से रोकने के लिए कोयंबटूर में भारतीय वन्यजीव संस्थान परिसर में उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना की घोषणा की। उन्‍होंने ग्रेट इंडियन बस्टर्ड के लिए एक राष्ट्रीय कार्य योजना का भी अनावरण किया। समाचार कक्ष से सरफिरोजी।

———

गृह मंत्री अमित शाह गोवा में नए आपराधिक कानूनों के कार्यान्‍वयन पर आज नई दिल्ली में एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और वरिष्ठ अधिकारी शामिल इस बैठक में गोवा में पुलिस, कारागार, अभियोजन और फोरेंसिक से संबंधित विभिन्न नए प्रावधानों के कार्यान्वयन और वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई।

———

सरकार ने भारतीय रेलवे वित्त निगम तथा भारतीय रेलवे खानपान और पर्यटन निगम-आई आर सी टी सी को नवरत्न का दर्जा दिया है। ये दोनों रेल मंत्रालय को केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यम है।

 

इसके साथ ही, सभी सात रेलवे केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र उद्यम को नवरत्न का दर्जा मिल गया है। नवरत्न का दर्जा प्राप्‍त करने वाले अन्य पांच उद्यम कॉनकॉर, आरवीएनएल, इरकॉन, राइट्स और रेलटेल हैं। नई दिल्ली में रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह एक बहुत बड़ी उपलब्धि है क्योंकि यह रेलवे को रूपांतरित करने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के दृष्टिकोण को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि नवरत्न का दर्जा मिलने का अर्थ है कि संगठन मजबूत है और रेलवे के विकास में अधिक योगदान देगा।

———

भारत और बेल्जियम ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र, विशेष रूप से समुद्री क्षेत्र में रक्षा सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज नई दिल्ली में बेल्जियम की राजकुमारी एस्ट्रिड और रक्षा मंत्री थियो फ्रेंकेन के साथ मुलाकात की। बैठक में दोनों देशों के बीच रक्षा औद्योगिक सहयोग बढ़ाने के माध्‍यम और साधनों पर चर्चा की गई। श्री राजनाथ सिंह ने रक्षा क्षेत्र में बेल्जियम के निवेश का स्वागत किया। रक्षामंत्री ने आत्‍मनिर्भर भारत बनाने में निजी क्षेत्र की भूमिका पर बल दिया। 

 

 

आज जो हमारा देश आत्‍मनिर्भरता की ओर तेजी से कदम आगे बढा चुका है, उसमें मेजर कंट्रीब्‍यूशन में पब्‍लिक सेक्‍टर का है लेकिन एक मेजर कंट्रीब्‍यूशन हमारी प्राइवेट सेक्‍टर का है जो कि भारत आत्‍मनिर्भरता की ओर तेजी से आगे बढा रहा है और मैं मानता हूं कि इसको और अधिक बढने की आवश्‍यकता है।

———

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर कल ब्रिटेन और आयरलैंड की यात्रा पर जाएंगे। यात्रा के दौरान, डॉ. जयशंकर ब्रिटेन के विदेश सचिव डेविड लैमी के साथ चर्चा करेंगे और कई गणमान्य व्यक्तियों से मिलेंगे। आयरलैंड की दो दिन की यात्रा पर डॉ. जयशंकर वहां के विदेश मंत्री साइमन हैरिस से मुलाकात करेंगे। वे  भारतीय समुदाय के लोगों से भी मिलेंगे।

———

भारत और नेपाल ने जल स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन और आरोग्य क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए आज नई दिल्‍ली में एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, जल शक्ति मंत्री, सी.आर. पाटिल ने जोर देकर कहा कि समझौता ज्ञापन सार्वजनिक स्वास्थ्य, स्थिरता और क्षेत्रीय सहयोग के प्रति दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

———

महिलाओं में वित्तीय जागरुकता पिछले वर्ष की तुलना में 42 प्रतिशत बढ़ी है। यह बात आज नई दिल्ली में नीति आयोग की रिपोर्ट बॉरोअर्स टू बिल्डर्स : वुमेन्स रोल इन इंडियाज फाइनेंशियल ग्रोथ स्टोरी में कही गई है। एक रिपोर्ट :

 

 

नीति आयोग के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी बी.वी.आर. सुब्रह्मण्यम ने रिपोर्ट जारी करते हुए महिला उद्यमियों को सशक्त बनाने में वित्त तक पहुंच की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि कुल स्व-निगरानी आधार में महिलाओं की हिस्सेदारी पिछले वर्ष दिसंबर में बढ़कर 19 दशमलव चार-तीन प्रतिशत हो गई, जो वर्ष 2023 में 17 दशमलव आठ-नौ प्रतिशत थी। रिपोर्ट के अनुसार मेट्रो शहर की तुलना में गैर-मेट्रो क्षेत्रों की महिलाएं अपने ऋण की स्वयं निगरानी सक्रिय रूप से कर रही हैं। प्रिया और दीपेन्‍द्र की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से जया भारती।

———

कानून और न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा है कि सरकार ने देश में महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा बनाए रखने के लिए भारतीय कानूनों में संशोधन किया है। श्री मेघवाल ने आज नई दिल्ली के विज्ञान भवन में महिलाओं से संबंधित साइबर कानून और साइबर जागरूकता कार्यक्रम में उन्‍होंने यह बात कही। उन्‍होंने कहा कि देश की महिलाएं हर क्षेत्र में भागीदार बन रही है।

 

 

महिलाएं समाज के साथ कंधा से कंधा मिलाकर के राष्‍ट्र के निर्माण में भागीदारी दिखाती रही हैं और आगे भी दिखाती रहेंगी और दुनिया को भी दिशा दिखाती रही है भारतीय महिला।

———–

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने नागरिकों से नमो ऐप ओपन फोरम पर और अधिक प्रेरक जीवन यात्राएं साझा करने का आग्रह किया। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने बताया कि नमो ऐप पर साझा की गई प्रेरक यात्राओं में से कुछ महिलाओं को 8 मार्च को महिला दिवस पर प्रधानमंत्री के डिजिटल सोशल मीडिया अकाउंट्स का संचालन करने के लिए चुना जाएगा।

———-

केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने कचरा प्रबन्‍धन और संसाधनों के पुर्नउपयोग को आज के समय की जरूरत बताया है। श्री मनोहर लाल ने आज जयपुर में एशिया और प्रशांत क्षेत्र के थ्री आर और सर्कुलर इकोनॉमी फोरम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारत सर्कुलर इकोनॉमी को आगे बढाने में महत्‍वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

 

 

भारत वैश्‍विक नेताओं को एकसाथ लाकर थ्री आर और सर्कुलर इकोनॉमी के एजेंडे को आगे बढाने में महत्‍वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। थ्री-आर, सर्कुलर इकॉनोमी आज केवल एक इंवारमेंटल रिस्पॉन्सिबिलिटी नहीं बल्‍कि अब तो यह सस्‍टेनेबल फ्यूचर के लिए एक इकोनॉमी जरूरत भी हो गई है।

———

दिल्ली विधानसभा में आज जन स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रबंधन पर सीएजी की रिपोर्ट पर चर्चा फिर से शुरू हुई। पिछले सप्ताह दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यह रिपोर्ट सदन के पटल पर रखी थी। ब्‍यौरा हमारे संवाददात से-

 

 

सदन में पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी की आबकारी नीति पर बहुचर्चित कैग रिपोर्ट को पेश किया गया। इस रिपोर्ट में सरकार को दो हजार करोड़ रुपए से अधिक के राजस्व घाटे की बात कही गई। इसके अलावा इस सत्र के दौरान सदन में आम आदमी पार्टी सरकार के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं पर कैग रिपोर्ट को भी पेश किया गया। नवगठित सरकार के इस सत्र के दौरान मोहन सिंह बिष्ट को विधानसभा का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। सत्र के दौरान आम आदमी पार्टी ने मुख्यमंत्री कार्यालय से डॉक्टर भीम राव अम्बेडकर और भगत सिंह की तस्वीर को हटाने का आरोप लगाया और सदन में हंगामा किया। हालांकि भाजपा ने इस आरोप को सिरे से खारिज किया। अमन यादव, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

——–

भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड-सेबी की पूर्व अध्यक्ष माधबी पुरी बुच और बंबई शेयर बाजार के दो अधिकारियों ने विशेष पीएमएलए अदालत के आदेश को चुनौती देने के लिए बंबई उच्‍च न्‍यायालय में याचिका दायर की है। इसमें भ्रष्‍टाचार निरोधक ब्यूरो-एसीबी को लिस्टिंग धोखाधड़ी मामले में सुश्री बुच और पांच अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया है। बंबई उच्‍च न्‍यायालय कल इस मामले की सुनवाई करेगा।

——–

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, हिन्दी और अंग्रेजी में अपने साप्‍ताहिक फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में, आज रात साढे नौ बजे बढ़ते मोटापे की चिंताएं और रोकथाम के उपायविषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। इसमें दिल्‍ली एम्‍स के कार्डियोलॉजी विभाग में सहायक प्रोफेसर डॉ. सौरभ अगस्‍तम और आहार विशेषज्ञ डॉ. माला मनराल के साथ चर्चा प्रसारित होगी

———

दुबई में आईसीसी चैंपियंस क्रिकेट ट्रॉफी के पहले सेमीफाइनल में कल भारत का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से होगा। यह मैच भारतीय समयानुसार दोपहर ढाई बजे शुरू होगा।

———

वीमेन्स प्रीमियर लीग – डब्ल्यूपीएल में आज गुजरात जायंट्स और यूपी वारियर्स के बीच मैच हो रहा है। ताजा समाचार मिलने तक गुजरात जायंट्स ने 19 ओवर में 5 विकेट पर 178 रन बना लिए हैं।

———-

अकादमी अवार्ड्स का 97वां संस्‍करण लॉस एंजलिस में सम्‍पन्‍न हो गया है। निर्देशक सीन बेकर की रोमांटिक-कॉमेडी ड्रामा फिल्‍म एनोरा पांच ऑस्‍कर जीतकर इस समारोह की सबसे बड़ी विजेता बनकर उभरी हैं। फिल्‍म एनोरा ने श्रेष्‍ठ फिल्‍म, श्रेष्‍ठ निर्देशक, श्रेष्‍ठ मूल पटकथा, श्रेष्‍ठ सम्‍पादन और श्रेष्‍ठ अभिनेत्री का अकादमी अवॉर्ड्स अपने नाम किया।

———-

बाम्‍बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स आज 112 अंक घटकर 73 हजार 86 पर बंद हुआ। उधर नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी-50 पांच अंक कम होकर 22 हजार 119 दर्ज हुआ। अंतरबैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में एक डॉलर की तुलना में रुपया 15 पैसे मजबूत होकर 87 रुपये 36 पैसे के स्‍तर पर बंद हुआ। और, अंतर्राष्‍ट्रीय बाजारों में ब्रैंट कच्‍चे तेल की कीमत 72 डॉलर 97 सेंट प्रति बैरल के आसपास चल रहा है।

——–

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उच्च शिक्षण संस्थानों से आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के क्षेत्र में नए कदम उठाने का आह्वान किया।

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने वन्यजीव संरक्षण और प्रबंधन के लिए पारंपरिक ज्ञान तथा ए आई के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया।

  • पहली बार जारी नदी डॉल्फ़िन आकलन रिपोर्ट के अनुसार देश में छह हजार तीन सौ से अधिक डॉल्फ़िन।

  • सरकार ने भारतीय रेलवे वित्त निगम तथा भारतीय रेलवे खानपान और पर्यटन निगम को नवरत्न का दर्जा दिया।

  • भारत और बेल्जियम ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रक्षा सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की।

  • नीति आयोग की रिपोर्ट के अनुसार भारत में महिलाओं में वित्तीय जागरूकता पिछले वर्ष की तुलना में 42 प्रतिशत बढ़ी।

  • आई.सी.सी. चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट में-कल दुबई में पहले सेमीफाइनल में भारत का सामना ऑस्ट्रेलिया से।

****