Download
Mobile App

android apple
signal

December 1, 2024 10:00 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार:

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुलिस से डिजिटल धोखाधड़ी, साइबर अपराध और एआई के कारण उत्पन्न चुनौतियों को अवसर में बदलने को कहा।

 

  • उत्तर प्रदेश में संभल हिंसा मामले में गठित जांच न्यायिक आयोग के सदस्यों ने जांच शुरू की।

 

  • दिल्ली की अदालत ने जबरन वसूली के मामले में आम आदमी पार्टी विधायक नरेश बाल्यान को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजा।

 

  • कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दिल्ली विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेंगे।

 

  • इस साल नवंबर में जीएसटी संग्रह साढे आठ प्रतिशत बढ़कर एक लाख 82 हजार करोड़ रुपये हुआ।

 

  • चक्रवात फेंजल कमजोर पडकर गहरे दबाव में बदला। मौसम विभाग ने कल तमिलनाडु, पुडुचेरी, दक्षिण आंध्र प्रदेश और केरल में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट जारी किया।

 

  • लखनऊ में सैयद मोदी अंतर्राष्ट्रीय बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय खिलाडियों का दबदबा। पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन ने सिंगल्‍स में और महिला डबल्‍स में त्रिशा जॉली तथा गायत्री गोपीचंद ने खिताब जीतें।

 

——–

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुलिस से, डिजिटल धोखाधड़ी, साइबर अपराध और आर्टिफिशिएल इंटेलीजेंस जैसे खतरों से उत्पन्न चुनौतियों को अवसर में बदलने को कहा है। उन्होंने पुलिस से कहा है कि वह आर्टिफिशिएल इंटेलीजेंस और आकांक्षी भारत’ में देश की ताकत का दोहन करे। श्री मोदी आज ओडिशा के भुवनेश्वर में पुलिस महानिदेशकों और महानिरीक्षकों के अखिल भारतीय सम्मेलन के समापन दिवस पर बोल रहे थे। प्रधानमंत्री ने कहा कि तीन दिन के  सम्मेलन के दौरान सुरक्षा चुनौतियों के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आयामों पर व्यापक चर्चा की गई। उन्होंने चर्चाओं से उभरी जवाबी रणनीतियों पर संतोष व्यक्त किया।

 

श्री मोदी ने पुलिस से रणनीतिक, सतर्क, अनुकूलनीय, विश्वसनीय और पारदर्शी बनकर स्मार्ट पुलिसिंग का मंत्र अपनाने का आह्वान किया। शहरी पुलिसिंग में की गई पहल की सराहना करते हुए उन्होंने सुझाव दिया कि प्रत्येक पहल को देश के सौ शहरों में पूरी तरह से लागू किया जाना चाहिए। श्री मोदी ने पुलिस बल के कार्यभार को कम करने के लिए प्रौद्योगिकी के उपयोग का आह्वान किया। उन्होंने पुलिस से विकसित भारत के दृष्टिकोण के साथ तालमेल बिठाने और अपने दृष्टिकोण को आधुनिक बनाने को कहा।

 

——–

 

उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा है कि भारतीय इतिहास की पुस्‍तकों में देश के नायकों के साथ अन्‍याय किया गया है। नई दिल्ली में स्‍वतंत्रता सेनानी और समाज सुधारक राजा महेन्‍द्र प्रताप की 138वीं जयंती समारोह में उन्‍होंने कहा कि ये देश की अंतर्रात्‍मा पर आघात है। श्री धनखड़ ने कहा कि भारत की स्‍वतंत्रता की नींव राजा महेन्‍द्र प्रताप सिंह और अन्‍य गुमनाम नायकों के सर्वोच्‍च बलिदान पर टिकी है। श्री धनखड़ ने इतिहास की पुस्‍तकों में कुछ राष्‍ट्रीय नायकों की अनदेखी की प्रवृत्ति पर चिंता व्‍यक्‍त की।  

 

——–

 

गृहमंत्री अमित शाह ने सीमा सुरक्षा बल- बीएसएफ के स्‍थापना दिवस पर बल के कर्मियों और उनके परिवारों को बधाई दी है। उन्‍होंने कहा है कि बीएसएफ के जवानों ने देश के सम्मान और महत्वाकांक्षाओं की रक्षा पूरी दृढ़ता के साथ की है। श्री शाह ने कहा कि उनकी वीरता और बलिदान प्रेरणा का अमर स्रोत है। गृह मंत्री ने कर्तव्य की राह पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले बहादुरों को श्रद्धांजलि दी।

 

——–

 

उत्तर प्रदेश में संभल में शाही जामा मस्जिद के दूसरे सर्वेक्षण के दौरान हुई हिंसा की जांच के लिए गठित न्यायिक जांच आयोग के सदस्यों ने आज जांच शुरू की। राज्य सरकार ने हिंसा की जांच के लिए उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश देवेंद्र कुमार अरोड़ा की अध्यक्षता में आयोग का गठन किया था। इस आयोग का गठन हिंसा की जांच के लिए किया गया था, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई थी और पुलिसकर्मियों सहित लगभग 25 अन्य घायल हो गए थे।

 

——–

 

दिल्ली की राउज एवेन्यू अदालत ने जबरन वसूली और गैंगस्टर कपिल सांगवान के साथ कथित संबंधों के मामले में आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश बाल्यान को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। दिल्ली पुलिस उपायुक्‍त संजय कुमार सैन ने कहा कि अपराध शाखा ने जांच के दौरान नरेश बाल्‍यान और लंदन में गैंगस्टर कपिल सांगवान के बीच बातचीत का ऑडियो क्लिप बरामद करने के बाद यह गिरफ्तारी की है।

 

वर्तमान मामले में कपिल सांगवान अलियास नंदू और आम आदमी पार्टी के एमएलए नरेश बालियान के गठजोड़ को साक्ष्य जो दोनों के बीच की बातचीत का ऑडियो रिकॉर्डिंग है वो पब्लिक डोमेन में उपलब्ध है। विदेश में छुपकर बैठे इन गैंगस्टर के खिलाफ जो दिल्ली पुलिस के कार्यवाही जारी है, उसका एक फोकस इनके मददगारों का यहां पता लगाना भी है।

 

——–

 

दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्‍यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल की  रंगदारी मामले में आलोचना की है। उन्‍होंने कहा कि वे कल दिल्ली पुलिस आयुक्त से मिलकर नरेश बाल्‍यान मामले की गहन जांच की मांग करेंगे और एक ज्ञापन सौंपेंगे।

 

उधर, आम आदमी पार्टी संयोजक अरविन्‍द केजरीवाल ने इस मामले में केंद्र सरकार पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि दिल्‍ली में कानून व्‍यवस्‍था का बुरा हाल है।

 

——–

 

कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दिल्ली विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेंगे। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा है कि कांग्रेस आम आदमी पार्टी से गठबंधन नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में पार्टी को आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन के कारण खामियाजा उठाना पड़ा था।

 

उधर, आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी किसी भी पार्टी से गठबंधन की संभावना से इंकार कर दिया है।

 

——–

 

महाराष्‍ट्र के कार्यवाहक मुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के लिए पूर्ण और बिना शर्त समर्थन दोहराया है। उन्होंने कहा कि लोगों ने भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन के पक्ष में ऐतिहासिक जनादेश दिया है। उन्‍होंने बताया कि मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का फैसला कल तक कर लिया जाएगा।

 

——–

 

महाराष्‍ट्र के मुख्‍य चुनाव अधिकारी ने हाल के विधानसभा चुनाव में इलेक्‍ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों-ईवीएम के साथ छेड़छाड़ का झूठा दावा करने के लिए एक व्‍यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज की है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो में ईवीएम के साथ छेडछाड़ के बारे में झूठे, अप्रमाणित और निराधार दावे किए गए हैं। आयोग ने कहा है कि ईवीएम के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड नहीं की जा सकती और इसे वाईफाई या ब्‍लूटूथ सहित किसी भी नेटवर्क के साथ नहीं जोड़ा जा सकता।

 

——–

 

वस्तु और सेवा कर-जीएसटी का सकल संग्रह इस वर्ष नवंबर में पिछले वर्ष की इसी अ‍वधि की तुलना में साढे 8 प्रतिशत बढ़कर एक लाख 82 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। यह पिछले साल नवंबर में एक लाख 68 हजार करोड़ रुपये था। अक्टूबर में सकल जीएसटी संग्रह 9 प्रतिशत बढ़कर एक लाख 87 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गया था। जीएसटी संग्रह में यह बढोतरी घरेलू बिक्री में वृद्धि और नियमों के बेहतर अनुपालन से हुई है।    

                                                     

——–

 

यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस-यूपीआई के जरिए इस वर्ष अक्टूबर महीने में करीब 16 अरब 58 करोड़ वित्तीय लेनदेन किये गये हैं। यह एक ही महीने में किए गए सर्वाधिक लेनदेन हैं। वित्त मंत्रालय ने कहा है कि यूपीआई के माध्‍यम से अक्टूबर में लगभग साढ़े 23 लाख करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि पिछले वर्ष अक्टूबर माह की तुलना में 45 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है।

 

यूपीआई को 2016 में नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया द्वारा लांच किया गया था। यूपीआई ने केवल वित्तीय लेनदेन को तेज सुरक्षित और सहज बनाया है, बल्कि व्‍यक्तियों, छोटे व्यवसाय और व्यापारियों को भी सशक्त बनाया है। इसके चलते देश कैशलेस अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ रहा है। प्रमुख बाजारों सहित संयुक्त अरब अमीरात, सिंगापुर, भूटान, नेपाल, श्रीलंका, फ्रांस और मॉरिशस में यूपीआई के चालू होने से भारत के भुगतान इंटरफेस को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी गति मिली है अक्षत वैद्यान, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

 

——–

 

आज विश्व एड्स दिवस मनाया गया। स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने लोगों से एचआईवी एड्स संक्रमित व्यक्तियों के प्रति संवेदनशील व्‍यवहार और संक्रमित व्यक्तियों के मानवाधिकारों की रक्षा करने की अपील की है। श्री नड्डा मध्य प्रदेश के इंदौर में कहा कि केन्द्र सरकार ने एचआईवी सुरक्षा अधिनियम 2017 के माध्यम से संक्रमित व्यक्तियों के साथ किसी भी भेदभाव को रोकने का काम किया है। एक रिपोर्ट –

 

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने टेस्ट और ट्रीट पॉलिसी पर अमल शुरू किया है और इसका परिणाम यह है कि अब देश में एड्स से होने वाली मृत्यु में 79 प्रतिशत की कमी आई है। मेडिकल क्षेत्र में भारत की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने इस बीमारी की सबसे सबसे सस्ती और सबसे प्रभावी दवा बनाने में कामयाबी हासिल की है। देश में 17 लाख 30 हजार ज्ञात संक्रमितों में से अब 95 प्रतिशत मरीजों की न केवल पहचान कर ली गई है बल्कि उनका उपचार भी चल रहा है। श्री नड्डा ने उम्मीद जताई कि 2030 तक भारत इस बीमारी से मुक्त हो जाएगा। संजीव शर्मा,आकाशवाणी समाचार, भोपाल।

 

——–

 

चक्रवात फेंजल कमजोर पडकर गहरे दबाव में बदल गया है। तूफान के धीरे-धीरे पश्चिम की ओर बढने और कमजोर होकर अगले 12 घंटों में उत्‍तरी तमिलनाडु में दबाव के क्षेत्र में बदल जाने के आसार हैं। मौसम विभाग ने कल तमिलनाडु, पुडुचेरी, दक्षिण आंध्र प्रदेश और केरल में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने आज तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और आन्‍ध्र प्रदेश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

 

चक्रवात के कारण पुद्दुचेरी और आस-पास के क्षेत्रों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग ने कहा कि पुडुचेरी में पिछले 24 घंटे में तीन दशकों में सबसे अधिक 48 दशमलव तीन-सात सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। एक रिपोर्ट –

 

पुडुचेरी के कई इलाकों में भीषण जलभराव के कारण सैकड़ों लोग अपने घरों में फंसे हुए हैं। बारिश का पानी घरों में घुस गया है और सड़कों पर गाड़ियां पानी में डूब गई है। सेना और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल एनडीआरएफ बचाव अभियान चला रहे हैं। पुडुचेरी में विस्थापित लोगों को आश्रय देने के लिए लगभग 120 राहत केंद्र बनाए गए हैं। आपदा प्रबंधन अधिनियम के अंतर्गत सभी सरकारी और निजी स्कूलकॉलेजों को प्रभावित लोगों की मदद के लिए राहत केंद्र के रूप में नामित किया गया है। सरकार ने कल पुडुचेरी के सभी स्कूल और कॉलेज में छुट्टी घोषित की है। पेड़ों के उखड जाने से बिजली और इंटरनेट सेवाएं भी बाधित हुई है।  पुडुचेरी से विपिन एस.नाथ की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से नेहा गोस्वामी।

 

——–

 

नागालैंड के अत्‍यधिक प्रतिष्ठित 25वॉ हॉर्नबिल उत्‍सव राज्‍य की समृद्ध सांस्‍कृतिक विरासत के भव्‍य प्रदर्शन के साथ शुरू हुआ। इस उत्‍सव की औपचारिक शुरूआत नागालैंड के राज्‍यपाल ला गणेशन और मुख्‍यमंत्री नेफ्यू रियो द्वारा घंटा बजाकर की गई। एक रिपोर्ट

 

नागालैंड के हेरिटेज विलेज, किसामा में 25वें हॉर्नबिल महोत्सव की शुरूआत भव्य बिल महोत्सव के साथ  हुई। यह महोत्‍सव दस दिनों तक चलेगा। महोत्सव का उद्घाटन नगालैंड के राज्यपाल ला गणेशन और मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने नागा पारंपरिक गोंग बजाकर किया। नागालैंड के राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने सभा को संबोधित किया। चार भागीदार देशों के राजदूतों और गणमान्य व्यक्तियों ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। वहीं, पद्म भूषण, ग्रैमी और ऑस्कर विजेता ए. आर. रहमान ने अपने गायन से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। महोत्सव में नागालैंड की संस्कृति, परंपरा और विरासत का प्रदर्शन किया जा रहा है। असोनुओ की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से जया भारती।

 

——–

 

इस बीच, नागालैंड ने आज अपना 62वां स्‍थापना दिवस मनाया। 1963 में आज ही के दिन नागालैंड भारत का 16वां राज्‍य बना था। इस अवसर पर राष्ट्रपति, उपराष्‍ट्रपति और प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर राज्‍य के लोगों को शुभकामनाएं दीं हैं।

 

——–

 

कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय ने कहा है कि कल संपन्न हुए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र-डीएलसी अभियान के तीसरे चरण के दौरान कुल एक करोड़ 30 लाख प्रमाण पत्र बनाए गए हैं। यह अभियान एक नवम्‍बर से शुरू हुआ था।

 

——–

 

खेल खबर

 

लखनऊ में सैयद मोदी अंतरराष्‍ट्रीय बैडमिंटन टूर्नामेंट में शीर्ष वरीयता प्राप्‍त भारत की पी. वी. सिंधु ने महिला सिंगल्‍स का खिताब जीत लिया है। फाइनल में सिंधु ने चीन की वू लुओ यू को लगातार गेम में  हराकर लगभग 28 महीने बाद कोई खिताब हासिल किया। पुरुष सिंगल्‍स का खिताब भारत के लक्ष्य सेन ने जीता। फाइनल में लक्ष्‍य ने सिंगापुर के जिया हेंग जेसन तेह को आसानी से मात दी। त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोडी ने महिला डबल्‍स का खिताब जीता, जबकि पुरुष डबल्‍स और मिक्‍स्‍ड डबल्स फाइनल में भारतीय जोडियों को हार का सामना करना पडा। उधर, सिंगापुर में विश्व शतरंज चैंपियनशिप में भारत के ग्रैंडमास्टर डी. गुकेश और मौजूदा विश्‍व चैंपियन चीन के डिंग लीरेन के बीच छठी बाजी भी ड्रॉ रही। 46वीं चाल के बाद दोनों खिलाडी ड्रॉ पर सहमत हुए। गुकेश और लिन के अब एक समान तीनतीन अंक हैं। चैम्पियनशिप में कुल 14 बाजियां खेली जानी हैं।

 

——–

 

मुख्य समाचार एक बार फिर:

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुलिस से डिजिटल धोखाधड़ी, साइबर अपराध और एआई के कारण उत्पन्न चुनौतियों को अवसर में बदलने को कहा।

 

  • उत्तर प्रदेश में संभल हिंसा मामले में गठित जांच न्यायिक आयोग के सदस्यों ने जांच शुरू की।

 

  • दिल्ली की अदालत ने जबरन वसूली के मामले में आम आदमी पार्टी विधायक नरेश बाल्यान को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजा।

 

  • कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दिल्ली विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेंगे।

 

  • इस साल नवंबर में जीएसटी संग्रह साढे आठ प्रतिशत बढ़कर एक लाख 82 हजार करोड़ रुपये हुआ।

 

  • चक्रवात फेंजल कमजोर पडकर गहरे दबाव में बदला। मौसम विभाग ने कल तमिलनाडु, पुडुचेरी, दक्षिण आंध्र प्रदेश और केरल में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट जारी किया।

 

  • लखनऊ में सैयद मोदी अंतर्राष्ट्रीय बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय खिलाडियों का दबदबा। पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन ने सिंगल्‍स में और महिला डबल्‍स में त्रिशा जॉली तथा गायत्री गोपीचंद ने खिताब जीता।

 

——–