Download
Mobile App

android apple
signal

November 12, 2024 10:01 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • झारखंड में 43 विधानसभा सीटों पर पहले चरण का मतदान कल। 11 राज्‍यों की 33 विधानसभा सीटों पर भी कल उप-चुनाव कराए जाएंगे।

  • गृह मंत्रालय ने केन्‍द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की पहली महिला बटालियन बनाने को मंजूरी दी।

  • रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन ने लंबी दूरी की लैंड अटैक क्रूज मिसाइल का पहला सफल परीक्षण किया।

  • विदेशमंत्री डॉक्‍टर सुब्रह्मणयम जयशंकर ने अगले वर्ष जनवरी में होने वाले 18वें प्रवासी भारतीय दिवस के लिए वेबसाइट का शुभारंभ किया।

  • सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने मौजूदा वित्त वर्ष की पहली छमाही में 11 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की।

  • बिहार के राजगीर में महिला एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भारत ने एक रोमांचक मुकाबले में दक्षिण कोरिया को 3-2 से हराया।

******

झारखंड में 43 विधानसभा सीटों पर पहले चरण का मतदान कल होगा। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। 31 निर्वाचन क्षेत्रों में 950 संवेदनशील बूथों पर मतदान शाम 4 बजे तक होगा। 

स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कडे इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक मतदान केंद्र पर केंद्रीय और सैनिक बल के जवान तैनात हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने बताया कि- 15 डिस्ट्रिक्‍ट में 43 असेंबली कांस्टीट्यूएंसी में पोलिंग है इसमें सब जगह पर पोलिंग पार्टी का डिस्पैच हो चुका है। सिक्योरिटी अरेंजमेंट्स सभी भूतों पर कर लिया। ऑलरेडी दे आर इन द प्लेस । संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बल के जवानों ने आज शाम फ्लैग मार्च निकाला। अंतर जिला सीमा को सील कर दिया गया है ताकि असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके। सीमावर्ती इलाकों में नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। आकाशवाणी समाचार के लिए रांची से संजीव शर्मा के साथ कृष्ण कुमार लाल।

दूसरे चरण में 38 सीटों के लिए 20 नवम्‍बर को मतदान होगा। मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी।

******

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव का प्रचार भी चरम पर है। विभिन्न राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज महाराष्ट्र के सोलापुर में एक जनसभा को संबोधित किया। श्री मोदी ने कहा कि महायुति सरकार महिलाओं के कल्याण और किसानों की भलाई के साथ मुख्यमंत्री माझी लड़की बहिन योजना जैसी विभिन्न योजनाएं शुरू कर रही है।

हमने यहां किसानों की सिंचाई की समस्या को दूर करने पर फोकस किया। हमारे प्रयासों से सोलापुर जिले के कई गांवों का जल स्‍तर बढ रहा है। महायुति सरकार ने किसानों के बिजली के बिल माफ कर दिये। हमारी कोशिश है कि अब किसानों को बिजली का बिल भरना ही न पडे।

 

******

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शाम पुणे में महायुति उम्मीदवारों के समर्थन में एक चुनावी रैली को भी संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि पुणे को भविष्य में सबसे अधिक कनेक्टेड शहर बनाया जाएगा। मध्यम वर्ग को देश की रीढ़ बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि मध्यम वर्ग के योगदान के आधार पर देश तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है।

******

वहीं, कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता राहुल गांधी ने कहा है कि केंद्र सरकार गरीबों, आम लोगों और किसानों की परवाह नहीं करती। महाराष्ट्र में एक रैली के दौरान उन्‍होंने केन्‍द्र सरकार पर यह आरोप लगाया। श्री गांधी आज गोंदिया जिले में महाविकास अघाड़ी और कांग्रेस उम्मीदवारों के लिए प्रचार कर रहे थे।

******

प्रमुख निर्वाचन क्षेत्रों की जानकारी की हमारी श्रृंखला में, आज एक नजर महाराष्ट्र के भंडारा जिले के सकोली विधानसभा सीट पर-

साकोली निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले कर रहे हैं। इस साल भाजपा ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी से भाजपा में आए अविनाश ब्राह्मणकर को मैदान में उतारा है। इसलिए साकोली में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों के बीच में है। साकोली में 3 लाख 28 हजार से ज्यादा मतदाता है। यह मुख्य मुद्दे धान फसल की कीमतें, रोजगार और उद्योगों की कमी है। धनंजय वानखेड़े आकाशवाणी समाचार नागपुर।

******

भारतीय जनता पार्टी ने आज कांग्रेस पर आगामी झारखंड और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में वोटों के लिए एक विशेष अल्पसंख्यक समुदाय में विभाजनकारी और रूढ़िवादी ताकतों के साथ साजिश रचने का आरोप लगाया। नई दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर आरोप लगाया कि वे चुनावी संभावनाओं को मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय एकता का विरोध करने वाले समूहों के साथ गठबंधन कर रहा है।

कांग्रेस पार्टी और इंडिया गठबंधन लोग जितने संकीर्ण मानसिकता वाले लोग हैं। जो मुस्लिम समाज के समर्थक छोड़िए सुधार के भी खिलाफत करते हैं। और यह सारी जमात वहीं है जिसने तीन तलाक का भी विरोध किया था। और आज इतने साल होने के बाद भी कांग्रेस पार्टी ऐसे ही तत्वों के बहाने चुनाव जीतने का षड्यंत्र करती है।

******

11 राज्‍यों की 33 विधानसभा सीटों पर कल ही उप-चुनाव कराएं जाएंगे। मध्य प्रदेश में कल सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक बुधनी और विजयपुर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे। सीहोर जिले की बुधनी सीट केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के लोकसभा सांसद बनने के बाद रिक्‍त हुई है।

******

बिहार में इमामगंज, बेलागंज, तरारी और रामगढ़ विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले उपचुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 12 लाख से अधिक मतदाता 38 उम्मीदवारों के राजनीतिक भाग्य का फैसला करेंगे।

गया जिले के नक्सल प्रभावित इमामगंज निर्वाचन क्षेत्र में 317 मतदान केन्‍द्रों पर मतदान की समय अवधि में कटौती की गई है। यहां सुरक्षा की दृष्टिकोण से मतदान सुबह 7:00 से शाम 4:00 बजे तक ही चलेगा। इन वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में आज मतदान दल के सदस्यों को हेलीकॉप्टर से पहुंचाया गया। वहीं इमामगंज सहित तीन निर्वाचन क्षेत्रों तरारी, बेलागंज और रामगढ़ के सामान्य क्षेत्र में मतदान पूर्व की भांति सुबह 7:00 से शुरू होकर शाम 6:00 बजे तक चलेगा। धर्मेंद्र कुमार राय आकाशवाणी समाचार पटना।

******

असम में पांच विधानसभा सीटों पर कल होने वाले उपचुनाव के लिए भी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राज्य में 9 लाख से अधिक मतदाता 34 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्‍य का फैसला करेगें।

******

कर्नाटक के चन्नापटना, शिगगांव और संदुर विधानसभा क्षेत्र में कल होने वाले उप-चुनावों के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चन्नापटना सीट पर केंद्रीय मंत्री और जनता दल (एस) के वरिष्ठ नेता एच.डी. कुमारस्वामी के बेटे निखिल कुमारस्वामी और कांग्रेस उम्मीदवार सी.पी. योगेश्वर के बीच कांटे की टक्कर है।

******

गृह मंत्रालय ने केन्‍द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल-सीआईएसएफ की पहली महिला बटालियन बनाने को मंजूरी दे दी है। यह निर्णय महिलाओं को सशक्त बनाने और राष्ट्रीय सुरक्षा में उनकी भूमिका बढ़ाने के उद्देश्य से लिया गया है। 53वें सी आई एस एफ दिवस समारोह के अवसर पर गृह मंत्री अमित शाह के निर्देश के बाद बल में महिला बटालियन बनाने का निर्णय लिया गया। सीआईएसएफ में सात प्रतिशत से अधिक महिलाओं की भागीदारी है।

******

रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन-डीआरडीओ ने आज ओडिशा के इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज, चांदीपुर से एक मोबाइल आर्टिकुलेटेड लॉन्चर से लंबी दूरी की लैंड अटैक क्रूज मिसाइल का पहला सफल परीक्षण किया। परीक्षण के दौरान सभी उप-प्रणालियों ने आशा अनुरूप प्रदर्शन किया और प्राथमिक मिशन उद्देश्यों को पूरा किया। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सफल परीक्षण पर डीआरडीओ, सशस्त्र बलों और उद्योगों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि इससे भविष्य के स्वदेशी क्रूज मिसाइल विकास कार्यक्रमों का मार्ग प्रशस्त होगा।

******

विदेशमंत्री सुब्रह्मणयम जयशंकर ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने हमेशा प्रवासी भारतीयों की भलाई को प्राथमिकता दी है। नई दिल्ली में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के साथ 18वें प्रवासी भारतीय दिवस के लिए वेबसाइट का शुभारंभ करते हुए डॉक्‍टर जयशंकर ने यह बात कहीं। प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन अगले वर्ष 8 से 10 जनवरी तक ओडिशा के भुवनेश्वर में आयोजित किया जाएगा।

******

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली और दमन और दीव की तीन दिवसीय यात्रा पर पहुंची। राष्ट्रपति ने जम्पोर में एवियरी और दमन में सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज और निफ्ट परिसर का दौरा किया। राष्ट्रपति कल सिलवासा में नमो मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट का दौरा करेंगी और संस्थान के छात्रों के साथ बातचीत करेंगी।

******

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने आज मध्य प्रदेश के उज्जैन में 66वें अखिल भारतीय कालिदास समारोह का शुभारंभ किया। इस दौरान वर्ष 2022-2023 का कालिदास अलंकरण सम्मान प्रदान किया गया।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि महाकवि कालिदास की रचनाओं में मानवीय भावनाओं और प्रकृति के बीच अटूट रिश्ते और प्रेम की पवित्रता का अद्भुत संगम देखने को मिलता है।

महाकवि कालीदास की रचनाओं से हमें बोध होता है पर्यावरण संरक्षण और सृजन हमारे अस्तित्‍व के लिए अहम है। जलवायु परिवर्तन की गम्‍भीर समस्‍या पर सभी को ध्‍यान देना चाहिए। और हमें याद रखना चहिए कि हमारे पास पृथ्‍वी के अलावा दूसरा कोई रहने का स्‍थान नहीं है।

******

देश की सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने वित्‍त वर्ष 2024-25 की पहली छमाही में दमदार प्रदर्शन करते हुए वार्षिक आधार पर 11 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। इस अवधि में बैंकों ने कुल 236.04 लाख करोड़ रुपये का कारोबार किया।  

वित्‍त मंत्रालय के अनुसार पिछले कुछ वर्षों में बैंकिंग क्षेत्र में महत्‍वपूर्ण सुधार किए गए हैं। बेहतर पहुंच और सेवा उत्‍कृष्‍टता में वृद्धि, दिवालिया संहिता पर अमल और प्रशासनिक ढांचे की मजबूती सुनिश्चित करने जैसे उपाय इनमें शामिल हैं।

वित्‍त मंत्रालय ने कहा कि इन सुधारों से वित्‍तीय स्थिति में निरंतरता बनी हुई है और बैंकिंग क्षेत्र में कामकाज बेहतर हुआ है।

******

आज लोक सेवा प्रसारण दिवस है। आज ही के दिन 1947 में महात्मा गांधी का एकमात्र सजीव प्रसारण आकाशवाणी से हुआ था। यह दिवस पूरे देश में सांस्कृतिक विविधता को बढावा देने और शिक्षित करने में आकाशवाणी की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में बताता है। इस अवसर पर प्रसार भारती के अध्यक्ष नवनीत कुमार सहगल ने राष्ट्र के प्रति महात्मा गांधी की प्रतिबद्धता के बारे में बताया।

इस अवसर पर नई दिल्‍ली के आकाशवाणी भवन में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान आकाशवाणी की महानिदेशक डॉ. प्रज्ञा पालीवाल गौड, दूरदर्शन की महानिदेशक कंचन प्रसाद और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

******

बिहार के राजगीर में महिलाओं की एशियाई चैंपियन्‍स ट्रॉफी हॉकी में आज भारत ने रोमांचक मुकाबले में दक्षिण कोरिया को तीन-दो से हरा दिया। प्रतियोगिता में यह भारत की लगातार दूसरी जीत है। 

शानदार फार्म में चल रही भारतीय महिला टीम ने मजबूत दक्षिण कोरिया के खिलाफ भी जबर्दस्‍त हॉकी का प्रदर्शन किया। संगीता कुमारी के गोल से तीसरे मिनट में ही टीम को बढत मिली। मेजबान टीम की बढत को दीपिका ने 19वें मिनट में गोल कर और मजबूत कर दिया। लेकिन, दक्षिण कोरिया ने तीसरे क्वार्टर में पलटवार किया। तीन बार की चैंपियन टीम ने शानदार वापसी करते हुए युरी ली के 34वें और कप्तान युनबी चियोन के 38वें मिनट में किए गोल से 2-2 से बराबरी हासिल कर ली। मैच खत्‍म होने से करीब साढे तीन मिनट पहले दीपिका ने पेनल्‍टी स्‍ट्रोक पर गोल कर भारतीय टीम की जीत तय की। अब भारत अपने दोनों मैच जीतकर अंक तालिका में चीन के बाद दूसरे नम्‍बर पर है। उसका अगला मुकाबला 14 नवम्‍बर को थाईलैंड से होना है। धर्मेन्‍द्र मणि राजेश आकाशवाणी समाचार दिल्‍ली।

******

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंकज आडवाणी को विश्व बिलियर्ड्स चैंपियन बनने पर बधाई दी है। श्री मोदी ने अपने संदेश में उनके समर्पण, जुनून और प्रतिबद्धता की सराहना की।

******

आज हरिबोधिनी एकादशी है। देश और विदेश में यह दिन श्रद्धा और उल्‍लास के साथ मनाया जा रहा है। माना जाता है कि आज के दिन ही भगवान विष्णु चार महीने की नींद से जागते हैं। इस अवसर पर तुलसी के पौधे की पूजा की जाती है।

******

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • झारखंड में 43 विधानसभा सीटों पर पहले चरण का मतदान कल। 11 राज्‍यों की 33 विधानसभा सीटों पर भी कल उप-चुनाव कराए जाएंगे।

  • गृह मंत्रालय ने केन्‍द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की पहली महिला बटालियन बनाने को मंजूरी दी।

  • रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन ने लंबी दूरी की लैंड अटैक क्रूज मिसाइल का पहला सफल परीक्षण किया।

  • विदेशमंत्री डॉक्‍टर सुब्रह्मणयम जयशंकर ने अगले वर्ष जनवरी में होने वाले 18वें प्रवासी भारतीय दिवस के लिए वेबसाइट का शुभारंभ किया।

  • सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने मौजूदा वित्त वर्ष की पहली छमाही में 11 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की।

  • बिहार के राजगीर में महिला एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भारत ने एक रोमांचक मुकाबले में दक्षिण कोरिया को 3-2 से हराया।

******