October 20, 2025 9:24 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से स्वदेशी उत्पाद खरीदकर त्योहार मनाने का आह्वान किया।

  • दीपों का त्यौहार दीपावली आज समूचे देश में पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनायी जा रही है।

  • रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। कहा- रेलवे के खिलाफ फर्जी वीडियो प्रसारित करने वालों पर सख्त कार्रवाई शुरू की गई।

  • बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए नामांकन भरने का आज आंतिम दिन।

  • एशियाई युवा खेलों में, भारत की ख़ुशी ने कुराश में कांस्य पदक जीता।

  • क्रिकेट में, इंग्लैंड ने भारत को हराकर आईसीसी महिला विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह पक्की की।

*******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने लोगों से स्वदेशी उत्पादों की खरीद कर त्योहार मनाने का आह्वान किया है। श्री मोदी ने नागरिकों से त्योहारों पर खरीदे गए स्‍वदेशी उत्‍पादों को सोशल मीडिया पर साझा करने का भी आग्रह किया ताकि दूसरे लोग भी स्‍वदेशी वस्तुएं खरीदने के लिए प्रेरित हों। MyGovIndia के एक पोस्ट के जवाब में, श्री मोदी ने लोगों से कहा कि भारत में बने उत्पादों खरीदें और गर्व से कहो ये स्वदेशी हैं। प्रधानमंत्री की यह अपील स्थानीय उद्योगों और कारीगरों को बढ़ावा देने के लिए जारी राष्ट्रव्यापी अभियान के बीच आई है, जो आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण का संदेश देता है। इस पहल के समर्थन में, MyGovIndia ने “दिपावली मनाएं और स्वदेशी को सशक्त बनाएं” शीर्षक से एक विशेष अभियान शुरू किया है, जिसमें नागरिकों से इस त्योहारी मौसम में केवल स्वदेशी उत्पाद खरीदने का संकल्प लेने का आह्वान किया गया है।

 

 

दीपावली पर कोई अपने प्रियजनों को मंहगे उपहार देता है तो कोई अपने घरों को रंगबिरंगी लड़ियों से सजाता है। लेकिन इस बीच हमें यह ध्यान रखना चाहिए कि हमारे देश में ही कुछ कामगार ऐसे भी हैं जिनकी दीपावली हमसे ही है। अर्थात, जब हम उनके बनाए हुए उत्पादों की खरीद करेंगे तभी उनके घर भी दीपावली पर खुशी की रौशनी से जगमगाएंगे। इसलिए जितना हो सके इस दीपावली, स्वदेशी उत्पादों की खरीद करें और कारण बनें इन घरेलू उत्पादों को बनाने वाले लोगों के चेहरे की मुस्कान का और साथ ही संकल्प लें स्वदेशी के मंत्र को अपनाने का।

 

*******

 

दीपों का पर्व दीपावली आज समूचे देश में पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ मनायी जा रही है। बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक यह त्योहार मंदिरों, घरों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर रोशनी करके मनाया जाता है।

 

 

इस अवसर पर लोग धन की देवी लक्ष्मी की पूजा-अर्चना करते हैं। देश भर में अलग-अलग स्थानों में शहरों की सड़कों और बाजारों को रंग-बिरंगी लड़ियों और फूलों से सजाया गया है।

 

*******

 

 

उत्‍तर प्रदेश में दीपावली उत्‍साह के साथ मनाई जा रही है।

 

 

चित्रकूट में पवित्र मंदाकिनी नदी में श्रद्धालु डुबकी लगा रहे हैं, मान्यता है कि भगवान श्री राम ने अपने वनवास के दौरान यहां काफी समय बिताया था, प्रमुख इमारतें और मंदिरों को रोशनी से सजाया गया है। लक्ष्मी पूजा की तैयारी जोरों पर है और धन की देवी के स्वागत में रंगोली बनाई जा रही है। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा अयोध्या में भव्य दिवाली मनाने के 1 दिन बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या में हनुमानगढ़ी और श्री राम लला मंदिर का आशीर्वाद लेंगे, वे अयोध्या में निषाद बस्ती जाकर लोगों को दीपावली की बधाई देंगे बाद में मुख्यमंत्री गोरखपुर पहुंचेंगे जहां वे वन टांगिया समुदाय के साथ दीपावली मनाएंगे। वे दशकों से गोरखपुर और आसपास के घने जंगलों में रहने वाले इन आदिवासियों के साथ दीपावली पर्व मनाते आ रहे हैं, बाद में मुख्यमंत्री गोरखनाथ मंदिर में दीपदान करेंगे। लखनऊ से सुशील चंद्र तिवारी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष मैं, मुकेश कुमार बल।

 

*******

 

राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने दिवाली के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि दिवाली भारत के सबसे लोकप्रिय त्योहारों में से एक है। जिसे बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाता है। राष्ट्रपति मुर्मु ने प्रार्थना की कि यह दिवाली सभी के लिए सुख, शांति और समृद्धि लाए। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने कहा कि दिवाली बुराई पर अच्छाई और अज्ञान पर ज्ञान की विजय का उत्सव है। उन्होंने देवी लक्ष्मी से प्रार्थना की कि वे सभी पर शांति, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य का आशीर्वाद बरसाएं। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में कामना की कि यह पर्व सभी लोगों के जीवन को सद्भावना, प्रसन्‍नता और समृद्धि‍ के प्रकाश से जगमगाएगा। प्रधानमंत्री ने समूचे देश में सकारात्‍मकता की भावना के प्रसार की भी कामना की। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी देशवासियों को दिवाली के पावन अवसर पर शुभकामनाएं दी हैं।

 

*******

 

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेलवे अधिकारियों के साथ कल रात दिल्‍ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन का दौरा किया और दिवाली तथा छठ पर्व को देखते हुए यात्रियों के लिए की गई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों से बातचीत भी की और सुविधाओं के बारे में उनकी राय भी जानी। श्री वैष्णव ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि दिवाली और छठ पर्व के अवसर पर दिल्ली के स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ बढ जाती है, ऐसे में रेलवे ने उनकी सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। उन्होंने बताया कि होल्डिंग एरिया और टिकट काउंटरों की संख्‍या बढ़ाए जाने से यात्रा आसान हो गई  है। श्री वैष्‍णव ने कहा कि रेल मंत्रालय ने मुंबई, पुणे, सूरत, बेंगलुरु और सिकंदराबाद के स्टेशनों पर भी ऐसी ही सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं।

 

 

रेल मंत्री ने कहा कि रेलवे के बारे में हुए सोशल मीडिया पर फर्जी वीडियो प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

 

पूरे देश भर में जो बहुत बड़े सेंटर्स हैं जहां पर एक साथ सडन पैसेंजर का सर्ज आता है चाहे वो साउथ में हो, वेस्ट में हो। सब जगह बहुत बड़ी मात्रा में व्यवस्था की गई है और मैं रिक्वेस्ट करूंगा सभी सिविल सोसाइटी के मेंबर्स से भी कि ऐसे में जो बीचबीच में भ्रामक वीडियो और पुराने वीडियो को चलाकर लोगों में एक भ्रम की स्थिति पैदा करने की कोशिश करते हैं वैसा ना करें।

*******

त्‍योहारों के इस मौसम में आप अपने परिवारजनों और मित्रों को उनकी सुगम और सुरक्षित यात्रा के लिए फास्‍ट टैग का वार्षिक पास उपहार में दे सकते हैं। यह वार्षिक पास भारतीय राष्‍ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के मोबाइल ऐप, राजमार्ग यात्रा, के माध्‍यम से खरीदा जा सकता है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि ये ऐप गूगल प्‍ले स्‍टोर पर भी उपलब्‍ध है।

 

 

अपने प्रिय जनों को परेशानी मुक्त यात्रा का उपहार देने के लिए आपको बस राजमार्ग यात्रा ऐप पर पास जोड़े विकल्प पर क्लिक करना है और उस व्यक्ति का वाहन नंबर और संपर्क विवरण दर्ज करना है जिसे आप उपहार देना चाहते हैं। आपके मोबाइल फोन पर प्राप्त ओटीपी को सत्यापित करें और पास उस वाहन से जुड़े वैध फास्टैग पर सक्रीय हो जाएगा। केवल 3000 रूपये और 1 वर्ष की वैधता के साथ यह पास एक सहज और किफायति यात्रा विकल्प प्रदान करता है। यह देश भर के लगभग एक हजार एक सौ 50 टोल प्लाजा पर लागू है। राजेश बाली, आकाशवाणी समाचार।

 

*******

 

बिहार में विधानसभा चुनावों के दूसरे चरण के लिए नामांकन भरने का काम आज समाप्‍त हो जाएगा। कुल 243 सीटों में से 122 सीटों पर दूसरे चरण में 11 नवम्‍बर को वोट डाले जाएंगे। आज विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए नाम वापस लेने की अंतिम तिथि भी है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि चुनाव के दौरान काले धन के उपयोग तथा शराब, मादक पदार्थ और अन्य अनुचित सामग्रियों पर रोक लगाने के लिए राज्य की आर्थिक खुफिया इकाई सक्रिय हो गई है।

 

 

विभिन्न प्रवर्तन एजेंसियों के गश्ती दल और सर्विलांस टीम ने बड़े पैमाने पर शराब, मादक पदार्थ और मतदाताओं को मुफ्त में बांटी जाने वाली सामग्रियों को जब्त किया है। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर विभिन्न प्रवर्तन एजेंसियों के गश्ती दलों और सर्विलांस टीम की ओर से आचार संहिता लागू होने के बाद अबतक 23 करोड़ 41 लाख से अधिक मूल्य की शराब जब्त की गयी है जबकि लगभग 17 करोड़ के ड्रग्स और नशीले पदार्थ भी पकड़े गए हैं। वहीं, चार करोड़ 19 लाख रुपए से अधिक की नकदी भी जब्त की गयी है। विधानसभा चुनाव को लेकर नियुक्त किए गए प्रेक्क्षकों ने पटना सहित अन्य जिलों में प्रत्याशियों को चुनावी खर्च के बारे में जागरूक करने के लिए कल बैठक बुलाई है। धर्मेंद्र कुमार राय, आकाशवाणी समाचार, पटना।

 

*******

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित और पिछले महीने की 22 तारीख को शुरू किए गए जीएसटी बचत उत्सव का लाभ समाज के सभी वर्गों को पहुंच रहा है। आज इस श्रृंखला में पेश है देश के स्‍वास्‍थ्‍य क्षेत्र को मज़बूत बनाने में जीएसटी सुधारों के प्रभावों पर हमारी संवाददाता की रिपोर्ट-

 

 

नए जीएसटी सुधारों में दवाओं तथा अन्य स्वास्थ्य संबंधित उत्पादों को अधिक किफायती बनाकर देश के स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत कर दिया है। कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली 36 जीवन रक्षक दावाओं को कर मुक्त कर दिया गया है। इसी तरह गॉज, पट्टियां, डायग्नोस्टिक किट, ग्लूकोमीटर और थर्मामीटर जैसे चिकित्सा उपकरण जिन पर पहले 12% कर लगता था अब सिर्फ 5% कर लग रहा है। इन जीएसटी सुधारों के तहत सरकार ने स्वास्थ्य और जीवन बीमा प्रीमियम पर पूरी तरह से माफ कर दिया है। जो पहले 18% कर स्लैब का हिस्सा थे। इस कदम से कुल प्रीमियम लागत कम हो गई है जिससे नागरिक बीमा लेने के लिए प्रोत्साहित हो रहे हैं। आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में दिल्ली के फार्मासिस्ट केशव गुप्ता ने कहा कि ने जीएसटी सुधारों से दावाओं पर कर में कटौती का सीधा लाभ मरीजों को मिल रहा है।

 

दवाओं और चिकित्सा उपकरणों पर नई जीएसटी दरें स्वास्थ्य सेवा को सुलभ बना रही है और इस क्षेत्र में घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा मिल रहा है जिससे अब लोगों का इलाज सस्ता होगा। आदर्श के साथ दिलनशी आरजू, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

*******

 

खेल

 

एशियाई युवा खेलों में, भारत की 15 वर्षीय ख़ुशी ने कल बहरीन में कुराश में कांस्य पदक जीता। कुराश कुश्ती का एक पारंपरिक रूप है जिसकी उत्पत्ति आधुनिक उज्बेकिस्तान में हुई थी। आईसीसी एकदिवसीय विश्‍व कप महिला क्रिकेट में, कल रात इंदौर में भारत को इंग्लैंड से चार रन से हार का सामना करना पड़ा। इंग्लैंड के 289 रन के लक्ष्य के जवाब में भारतीय टीम निर्धारित 50 ओवर में छह विकेट पर 284 रन ही बना सकी। स्मृति मंधाना ने 88, हरमनप्रीत कौर ने 70 और दीप्ति शर्मा ने 50 रन की पारी खेली। इंग्‍लैंड की हीथर नाइट को 109 रन की पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। भारत को सेमीफाइनल में जगह पक्की करने के लिए अब न्यूज़ीलैंड और बांग्लादेश के खिलाफ अपने बाकी बचे दोनों मैच जीतने होंगे। प्रतियोगिता में आज, श्रीलंका का सामना बांग्लादेश से होगा। नवी मुंबई में यह मैच दोपहर 3 बजे से शुरू होगा। टेनिस में, वियना ओपन के पुरुष डबल्‍स प्रीक्वार्टर फ़ाइनल में कल भारत के युकी भांबरी और स्वीडन के आंद्रे गोरानसन का सामना ऑस्ट्रिया के नील ओबरलाइटनर और जोएल श्वाएर्ज़लर की जोड़ी से होगा।

 

*******

 

सभी समाचार पत्रों ने दीपावली की जगमगाहट को सचित्र प्रकाशित किया है। दैनिक जागरण ने लिखा है रामनगरी अयोध्या में फिर बना रिकार्ड, जगमग हुए 26 लाख दीये। दैनिक भास्कर ने सर्वश्रेष्‍ठ त्योहारी सीज़न से लिखा है- धनतेरस पर भारतीय ऑटोमाबाइल बाज़ार ने रचा इतिहास, कम्पनियों ने एक दिन में एक लाख से अधिक वाहनों की डिलीवरी दी। हिन्दुस्तान की सुर्खी है- भारतीयों की दीवानगी से दुनिया में चांदी की किल्लत, देश की सबसे बड़ी रिफाइनरी एमएमटीसी-पीएएमपी का चांदी भंड़ार पहली बार खाली, लंदन के बैंकों में भी स्टॉक खत्म। अमर उजाला का कहना है- दीवाली से पहले दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण बढ़ा, कार्रवाई योजना ग्रेप-2 लागू, गाजियाबाद में बेहद खराब हुई हवा। हिन्दुस्तान ने बिहार विधानसभा चुनाव पर लिखा है- महागठबंधन में तल्खी बढ़ी, संवाद पूरी तरह बंद। छह सीटों पर राष्ट्रीय जनता दल और काग्रेंस आमने सामने। जनसत्ता की सुर्खी है- ट्रंप के नीतियों के खिलाफ अमरीका में दो हज़ार 700 रैलियां, सड़क पर उतरे 70 लाख लोग। केन्द्र सरकार द्वारा जीएसटी आर-3बी के तहत टैक्स रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तिथि पांच दिन बढ़ाकर 25 अक्टूबर करने की खबर राजस्थान पत्रिका ने प्रकाशित की है। हरिभूमि की खबर है- भारत ने बनाया पहला स्वेदशी एंटीबायोटिक, नैफिथ्रोमाइसिन जानलेवा इन्फेक्शन पर असरदार। कैंसर और डायबिटीज़ के मरीज़ो के लिए उम्मीद भऱी खबर।

 

*******

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से स्वदेशी उत्पाद खरीदकर त्योहार मनाने का आह्वान किया।
  • दीपों का त्यौहार दीपावली आज समूचे देश में पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनायी जा रही है।
  • रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। कहा- रेलवे के खिलाफ फर्जी वीडियो प्रसारित करने वालों पर सख्त कार्रवाई शुरू की गई।
  • बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए नामांकन भरने का आज आंतिम दिन।
  • एशियाई युवा खेलों में, भारत की ख़ुशी ने कुराश में कांस्य पदक जीता।
  • क्रिकेट में, इंग्लैंड ने भारत को हराकर आईसीसी महिला विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह पक्की की।

*******