मुख्य समाचार
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा- ऑपरेशन सिंदूर की सफलता अत्याधुनिक तकनीक और रक्षा उत्पादन में मेक इन इंडिया पहल के कारण हुई।
- प्रधानमंत्री आज सुबह नई दिल्ली में सांसदों के लिए नव-निर्मित बहुमंजिला एक सौ 84 फ्लैटों का लोकार्पण करेंगे।
- केन्द्र आज तीस लाख किसानों को फसल बीमा के दावों की तीन हजार दो सौ करोड़ रूपए की राशि वितरित करेगा।
- निर्वाचन आयोग ने 2024 के लोकसभा चुनाव में मतदाता धोखाधड़ी के आरोपों पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी को नोटिस जारी किया।
- बैंकॉंक में अंडर-19 एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में भारत की लड़कियों निशा और मुस्कान ने स्वर्ण पदक जीतें।
- भारतीय भाला फेंक खिलाड़ी अन्नु रानी ने भुवनेश्वर में विश्व एथलेटिक्स कॉंटिनेंटल टूर में स्वर्ण पदक जीता।
************
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का श्रेय अत्याधुनिक तकनीक और रक्षा उत्पादन में मेक इन इंडिया पहल को दिया है। बेंगलुरु में एक जनसभा में श्री मोदी ने कहा कि इस दौरान पूरी दुनिया ने नए भारत का नया चेहरा देखा।
ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेनाओं की सफलता, सीमा पार कई किलोमीटर भीतर आतंकवादी ठिकानों को नेस्तनाबूद करने की ताकत और आतंकवादियों के बचाव में उतरे पाकिस्तान को कुछ ही घंटों में घुटनों पर लाने की हमारी क्षमता पूरी दुनिया ने नए भारत के इस स्वरूप के दर्शन किए हैं।
श्री मोदी ने कहा कि बेंगलुरु ने भारत को वैश्विक आईटी मानचित्र पर स्थापित किया है और अब, इसे विकसित भारत के विज़न को पूरा करने के लिए उभरती प्रौद्योगिकियों और विनिर्माण में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए।
जो इमर्जिंग फील्डस है हमें उसमे भी लीड लेने के लिए काम कर रहा होगा। हमें मेक इन इंडिया में मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में भी बंगलुरू और कर्नाटक की प्रजेंस को और मजबूत करना और मेरा आग्रह है हमारे प्रोडक्ट जीरो डिफेक्ट जीरो इफेक्ट के स्टैंडर्ड पर टॉप क्वालिटी के होने चाहिए, यानी बिना डिफेक्ट वाले प्रोडक्ट हो और उन्हें बनाने का नेगेटिव इफेक्ट पर्यावरण पर भी न पड़े।
प्रधानमंत्री ने शहर को “नए भारत के उदय का प्रतीक” बताया, जो दार्शनिक विरासत को तकनीकी कौशल के साथ जोड़ता है। बेंगलुरु का मेट्रो नेटवर्क 96 किलोमीटर से अधिक क्षेत्र तक चालू हो गया है। बैंगलोर मेट्रो के तीसरे चरण में 44 किलोमीटर का एलिवेटेड ट्रैक और 31 स्टेशन जोड़े जाएंगे, जिसका उद्देश्य प्रमुख आवासीय, औद्योगिक और शैक्षिक केंद्रों में यातायात को आसान बनाना है।
प्रधानमंत्री ने तीव्र और बेहतर यात्रा सुविधा के लिए तीन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों – बेंगलुरु से बेलगावी, अमृतसर से श्री माता वैष्णो देवी कटरा और नागपुर (अजनी) से पुणे – को भी हरी झंडी दिखाई। श्री मोदी ने कहा कि बेंगलुरु-बेलगावी मार्ग उत्तरी कर्नाटक में व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा देगा।
************
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली में सांसदों के लिए नवनिर्मित 184 फ्लैटों का लोकार्पण करेंगे। ये टाइप-7 बहुमंजिला फ्लैट बाबा खड़क सिंह मार्ग के निकट बनाए गए हैं। श्री मोदी इस अवसर पर आवासीय परिसर में सिंदूर का पौधा भी लगाएंगे। प्रधानमंत्री श्रमजीवियों से बातचीत करेंगे और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे।
इस परिसर में सांसदों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए सभी प्रकार की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध है। ग्रीन टेक्नोलॉजी की मदद से तैयार की गई यह परियोजना एकीकृत आवास मूल्यांकन की स्टार रेटिंग 3 के मानकों और राष्ट्रीय भवन संहिता 2016 के अनुरूप है। पर्यावरणीय रूप से अनुकूल इस भवन में ऊर्जा संरक्षण नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन और प्रभावी और विशेष प्रबंध जैसी विशेषताएं मौजूद है। एल्यूमिनियम शटरिंग और मोनोलिथिक कंक्रीट जैसी विशेष उन्नत निर्माण तकनीक से इस परिसर के निर्माण को समय पर पूरा किया गया है। यह परिसर दिव्यांग जनों के लिए भी अनुकूल है। सुरक्षा की दृष्टि से परिसर के भीतर सभी इमारत का निर्माण आधुनिक संरचनात्मक डिजाइन मानदंडों के अनुसार भूकंपरोधी बनाया गया है। सभी निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक और मजबूत सुरक्षा प्रणाली उपलब्ध कराई गई है। रहीसुद्दीन रिहान की रिपोर्ट के साथ, आदर्श आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
************
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज राजस्थान के झुंझुनू में 30 लाख से अधिक किसानों को तीन हजार दो सौ करोड़ रुपये से अधिक के फसल बीमा दावे वितरित करेंगे। हमारे सवांददाता ने बताया कि दावों का भुगतान डिजिटल माध्यम से सीधे किसानों के बैंक खातों में किया जाएगा।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान, मध्य प्रदेश के किसानों को एक हजार 156 करोड़ रुपये, राजस्थान के किसानों को एक हजार 121 करोड़ रुपये, छत्तीसगढ़ के किसानों को 150 करोड़ रुपये और अन्य राज्यों के किसानों को 773 करोड़ रुपये सीधे प्राप्त होंगे। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में झुंझुनू, सीकर, जयपुर, कोटपुतली-बहरोड़ और अन्य जिलों के किसानों के शामिल होने की आशा है। देशभर के लाखों किसानों वर्चुअल माध्यम से इस कार्यक्रम भागीदारी करेंगे। समाचार कक्ष से, राजेश मीणा।
************
निर्वाचन आयोग ने 2024 के लोकसभा चुनाव में मतदाता धोखाधड़ी के आरोपों पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी को नोटिस जारी किया है।
निर्वाचन आयोग ने ट्वीट के माध्यम से राहुल गांधी को दिए गए नोटिस की जानकारी दी है। सीईओ कर्नाटका द्वारा यह नोटिस राहुल गांधी को दिया गया है। इसमें पूछा गया है कि मतदाता शकुन रानी ने दो बार अपना मतदान किया है, इससे जुड़े दस्तावेज अगर निर्वाचन आयोग से जुड़े हैं, इनकी जानकारी दी जाए, नोटिस कहता है कि उनके उस्ताद से मालूम किया गया कि शकुन रानी ने केवल एक बार ही मतदान किया है। इस वजह से आयोग ने राहुल गांधी से रिक्वेस्ट किया है कि वह अपने आप से जुड़े दस्तावेजों पर ताकि आयोग उनकी इंक्वारी कर पाए। सुधींद्रा आकाशवाणी समाचार, बेंगलुरु।
इससे पहले निर्वाचन आयोग ने राहुल गांधी से कहा था कि या तो वे नियमों के अनुसार औपचारिक घोषणा प्रस्तुत करें या झूठे आरोप लगाने के लिए देश से माफ़ी माँगें।
************
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर इस बात का प्रमाण है कि भारत के पास दुश्मन को परास्त करने के लिए स्वदेशी ताकत है। उन्होंने कल मध्य प्रदेश में 18 सौ करोड़ रुपये की लागत की बी.ई.एम.एल रेल हब निर्माण परियोजना की आधारशिला रखी। इस अवसर पर श्री सिंह ने कहा कि इस इकाई का नाम ‘ब्रम्हा’ रखा गया है जिसकी स्थापना रायसेन जिले के उमरिया गांव में 60 हेक्टेयर से अधिक भूमि पर की जाएगी।
रेल कोच फैक्टरी का शिलान्यास हुआ है, जहां रेल के डिब्बों का निर्माण तो होगा ही साथ ही रेलवे के और भी अलग-अलग प्रोडक्ट्स, रेलवे के अलग-अलग और भी सारे सामान यहां पर बनाए जाएंगे।
************
स्वेदशी वस्तुओं को बढ़ावा देने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का समर्थन करते हुए कन्फ़ेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने राष्ट्रव्यापी अभियान- भारतीय सामान – हमारा स्वाभिमान की शुरुआत की है। इस अभियान का उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना और विदेशी कंपनियों की एकाधिकारवादी नीतियों से बचते हुए देश की अर्थव्यवस्था को मज़बूती प्रदान करना है। कैट के राष्ट्रीय महामंत्री और सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने कल कहा कि यदि हम स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें, तो हमारा व्यापार मजबूत होगा तथा भारत की अर्थव्यवस्था और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी. सी. भरतिया ने बताया कि इस अभियान में देशभर से 48 हजार से अधिक व्यापारी संगठन भाग लेंगे। प्रत्येक राज्य और जिले में व्यापारी सम्मेलन, जन जागरूकता रैलियां, सोशल मीडिया अभियान, पोस्टर और जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे।
************
जम्मू-कश्मीर में, “आज़ादी का अमृत महोत्सव” के अंतर्गत, “हर घर तिरंगा” अभियान पिछले एक सप्ताह से पूरी कश्मीर घाटी में सुचारू रूप से चल रहा है। लोग राष्ट्रीय अभियान के प्रति अपनेपन, देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को प्रदर्शित कर रहे हैं। देशभक्ति के जोश के साथ तिरंगा रैलियां आयोजित की जा रही हैं। जम्मू-कश्मीर पुलिस भी घाटी में विभिन्न स्थानों पर ऐसी रैलियों का आयोजन कर रही है।
************
एशियाई अंडर-19 मुक्केबाजी चैंपियनशिप में कल भारत की लड़कियों ने दो स्वर्णपदक जीते। निशा ने 54 किलोग्राम और मुस्कान ने 57 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। लड़कों के वर्ग में राहुल कुंडू ने 75 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण जीता। चैंपियनशिप में तीन स्वर्ण, सात रजत और चार कांस्य सहित भारत के कुल 14 पदक हो गए हैं। इनमें से 9 पदक लड़कियों ने जीते हैं। उधर, भारत की भाला फेंक खिलाड़ी अन्नु रानी ने भुवनेश्वर में विश्व एथलेटिक्स कॉंटिनेंटल टूर में स्वर्ण पदक जीता। अन्नु रानी ने अपने चौथे प्रयास में 62 दशमलव शून्य एक मीटर तक भाला फेंका। इस जीत के साथ ही अन्नु रानी तोक्यो में सितंबर में होने वाली विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करने के करीब पहुंच गई हैं। खेलों इंडिया अश्मिता फुटबॉल लीग कल महाराष्ट्र के जलगांव में शुरू हुई। खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खड़से ने दो दिन के इस आयोजन का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह पहल खेलों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की महत्वपूर्ण पहल है। इस प्रतियोगिता में 13 वर्ष से कम उम्र की लड़कियां भाग ले रही हैं। भारत की अंडर-20 महिला टीम ने बिहार के राजगीर में आयोजित एशिया रग्बी एमिरेट्स अंडर-20 चैंपियनशिप में प्लेऑफ़ में कांस्य पदक जीता। यह पदक भारतीय रग्बी के लिए ऐतिहासिक है। पहली बार देश ने एशिया रग्बी एमिरेट्स अंडर-20 सेवन्स चैंपियनशिप की मेजबानी की है, और पहली बार अंडर-20 महिलाओं ने घरेलू मैदान पर पदक जीता है।
************
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में हाल की आपदा के बाद हर्षिल और धराली में राहत और बचाव कार्य जोर-शोर से जारी है।
हर्षिल में माइक्रो हाइड्रो प्रोजेक्ट से बिजली उत्पादन शुरू हो गया है। भागीरथी नदी पर बनी झील से पानी निकालने के लिए जल विद्युत निगम की टीम मौके पर मौजूद है। डॉग स्क्वाड मलबे में संभावित जीवन के संकेत तलाश रहा है। वहीं, गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर लिमच्यागाड़ में बह चुके पुल के स्थान पर बेली ब्रिज का निर्माण पूरा कर लिया गया है। पुल के निर्माण से अन्य क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त सड़कों को बहाल करने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निजी और सार्वजनिक संपत्तियों के नुकसान के आकलन की प्रक्रिया एक सप्ताह में पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
अभी तक बारह सौ से अधिक लोगों को हेली सेवा के माध्यम से रेक्स्यू किया गया है और अभी भी हमारी हेली सेवा चल रही है। बिजली वहां पर रिस्टोर हो गई है, टेलीफोन सुविधा वहां पर सुचारू हो गई है, राशन वहां पर्याप्त मात्रा में पहुंच गया है कपड़े इत्यादि सभी प्रकार की व्यवस्थाएं वहां जो जरूरी हैं सहायता के रूप में वहां पहुंच रही है।
मौसम विभाग ने आज बागेश्वर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी और नैनीताल जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। उधर, बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग विभिन्न स्थानों पर भूस्खलन के कारण आवाजाही के लिये बाधित है, जिसे सुचारू करने के प्रयास जारी हैं। साक्षी सिंह, आकाशवाणी समाचार, देहरादून।
************
मौसम विभाग ने अगले सात दिनों के दौरान हिमाचल प्रदेश में मूसलाधार बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। आज पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अलग-अलग स्थानों पर मूसलाधार बारिश का अनुमान है। वहीं दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब, बिहार, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और अंडमान व निकोबार द्वीप समूह में आज तेज वर्षा की संभावना है।
************
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग आज रात साढे नौ बजे फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में “अंगदान- एक नया जीवन” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। इसमें राष्ट्रीय अंग और ऊतक प्रतिरोपण संगठन की संयुक्त निदेशक शाइनी सुमन प्रधान और राष्ट्रीय नेत्र बैंक के प्रभारी अधिकारी और भारतीय नेत्र बैंक संघ के महासचिव डॉ. राजेश सिन्हा भाग लेंगे।
इस कार्यक्रम के दौरान श्रोता टेलीफोन पर विशेषज्ञों से प्रश्न पूछ सकते हैं। नंबर हैं – 0 1 1 – 2 3 7 1 7 1 1 7 और 0 1 1 – 2 3 3 1 4 4 4 4
************
धन्यवाद सिद्धार्थ, आज समाचार पत्रों ने निर्वाचन आयोग के सर्वोच्च न्यायालय में दिये गए हलफनामे को अपनी सुर्खी बनाया है। अमर उजाला लिखता है- बिना सूचना और सुनवाई के बिहार में मतदाता सूची से नहीं हटेगा कोई नाम, लोगों को पक्ष रखने का मिलेगा पूरा मौका। युद्धपोत- उदयगिरी और हिमगिरी के भारतीय नौसेना के बेड़े में शामिल होने की खबर हिन्दुस्तान में है। पत्र लिखता है कि 26 अगस्त को विशाखापत्तनम में बनेंगे बेड़े का हिस्सा। इनके शामिल होने से सुरक्षा चक्र होगा मजबूत- पानी के भीतर हमला करने में सक्षम। केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड-सी.बी.एस.ई. अगले साल कक्षा नौवीं के लिए ओपन बुक परीक्षा शुरू करेगी। 2026-27 में चार विषय के लिए होगा, ओपन बुक असेसमेंट- नवभारत टाइम्स की खबर है। मकसद है- रटे नहीं, बल्कि समझ के पढ़ें छात्र। सी.बी.एस.ई. द्वारा जल्द ही कम्युनिटी रेडियो स्टेशन की शुरूआत करने की खबर-दैनिक जागरण में है।
सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया द्वारा मानव रेबीज मोनोक्लोनल एंटीबॉडी विकसित करने की खबर हिन्दुस्तान में है। लगभग पांच हजार सात सौ लोग प्रतिवर्ष रेबीज की वजह से मरते हैं। पत्र लिखता है- जानलेवा रेबीज से बचाएगी इंसानों की एंटीबॉडी। एम्स में तीन हजार मरीजों पर किया गया सफल परीक्षण।
पंजाब केसरी ने इस बार स्वतंत्रता दिवस के दिन मौसम के मिजाज पर सुर्खी दी है- झमाझम बारिश के बीच इस बार स्वतंत्रता दिवस पर होगा झंडारोहण।
************
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा- ऑपरेशन सिंदूर की सफलता अत्याधुनिक तकनीक और रक्षा उत्पादन में मेक इन इंडिया पहल के कारण हुई।
- प्रधानमंत्री आज सुबह नई दिल्ली में सांसदों के लिए नव-निर्मित बहुमंजिला एक सौ 84 फ्लैटों का लोकार्पण करेंगे।
- केन्द्र आज तीस लाख किसानों को फसल बीमा के दावों की तीन हजार दो सौ करोड़ रूपए की राशि वितरित करेगा।
- निर्वाचन आयोग ने 2024 के लोकसभा चुनाव में मतदाता धोखाधड़ी के आरोपों पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी को नोटिस जारी किया।
- बैंकॉंक में अंडर-19 एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में भारत की लड़कियों निशा और मुस्कान ने स्वर्ण पदक जीतें।
- भारतीय भाला फेंक खिलाड़ी अन्नु रानी ने भुवनेश्वर में विश्व एथलेटिक्स कॉंटिनेंटल टूर में स्वर्ण पदक जीता।