July 8, 2025 9:26 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ब्रासीलिया में ब्राजील के राष्ट्रपति लुईस इनासियो लूला दा सिल्वा से वार्ता करेंगे; दोनों देश अक्षय ऊर्जा, आतंकवाद निरोध, कृषि अनुसंधान और गोपनीय सूचनाओं के आदानप्रदान पर चार समझौतों पर हस्ताक्षर करेंगे।
  • रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बिहार के लिए चार नई अमृत भारत ट्रेनों की घोषणा की।
  • अमरीका ने पारस्परिक आयात शुल्‍क पर लगाई गई रोक की समय सीमा 9 जुलाई से बढ़ाकर 1 अगस्त की; राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जापान और दक्षिण कोरिया से आयातित वस्तुओं पर 25 प्रतिशत शुल्‍क लगाने की घोषणा की।
  • नागालैंड में मानसून की अप्रत्याशित बारिश ने भारी तबाही मचाई।
  • भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की युवा एक दिवसीय श्रृंखला 3-2 से जीती।
  • संजोग गुप्ता अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के नये मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त।

————

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्राजील की राजकीय यात्रा पर ब्रासीलिया पहुंच गये हैं। ब्राजील के रक्षा मंत्री जोस मुसियो मोंटेरो फिल्हो ने हवाई अड्डे पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रधानमंत्री 6 और 7 जुलाई को रियो डी जेनेरियो में दो दिवसीय ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के बाद ब्रासीलिया पहुंचे।

प्रधानमंत्री मोदी आपसी हितों के क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को व्यापक बनाने पर ब्राजील के राष्‍ट्रपति लुईस इनासियो लूला दा सिल्वा के साथ द्विपक्षीय चर्चा करेंगे। वार्ता में व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, अंतरिक्ष, प्रौद्योगिकी, कृषि, स्वास्थ्य और लोगों के बीच संपर्क के मुद्दे भी शामिल होंगे। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता होगी। ब्राजील में भारतीय राजदूत दिनेश भाटिया ने पहले बताया था कि प्रधानमंत्री की द्विपक्षीय बैठकों के दौरान चार सहमति पत्रों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।

प्रधानमंत्री मोदी ने ब्राजील के रियो दौरे को बहुत ही सफल बताया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि उन्होंने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में व्यापक विचार-विमर्श किया। उन्होंने ब्राजील के राष्ट्रपति और ब्राजील सरकार को इस मंच को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए उनके ब्रिक्स की अध्‍यक्षता के माध्यम से किए गए कार्यों के लिए बधाई दी। इससे पहले, रियो डी जेनेरियो में पर्यावरण, कॉप- 30 और वैश्विक स्वास्थ्य पर एक सत्र में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में, प्रधानमंत्री ने कहा कि ग्रह और मानव स्वास्थ्य एक दूसरे से जुड़े हुए हैं और भारतीय समाज पीढ़ियों से प्रकृति के प्रति श्रद्धा रखता है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत के लिए जलवायु न्याय कोई विकल्प नहीं बल्कि नैतिक कर्तव्य है।

————

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी पांच देशों की अपनी यात्रा के अंतिम चरण में कल नामीबिया में विन्‍ढोक पहुंचेगे। उनकी यह यात्रा नामीबिया की राष्‍ट्रपति नेतुम्‍बो नंदी नेतवाह के निमंत्रण पर हो रही है। प्रधानमंत्री मोदी की यह पहली और किसी भारतीय प्रधानमंत्री की तीसरी नामीबिया यात्रा होगी। प्रधानमंत्री की यात्रा को कवर कर रही हमारी संवाददाता ने बताया कि प्रधानमंत्री की इस यात्रा का उद्देश्‍य द्विपक्षीय संबंधों का विस्‍तार तथा सहयोग के नये महत्‍वपूर्ण क्षेत्रों का पता लगाना है।

दोनों देश आज व्यापार और निवेश, खनन, हीरा प्रसंस्करण, ऊर्जा, स्वास्थ्य, रक्षा, पर्यावरण एवं जैव विविधता और क्षमता निर्माण समेत व्यापक क्षेत्रों में साझेदार हैं। दोनों देशों के बीच व्यापार आज छह सौ मिलियन डॉलर का है और नामीबिया में भारत का निवेश लगभग आठ सौ मिलियन डॉलर है। वन्यजीव संरक्षण में साझेदारी को आगे बढ़ाते हुए, सितंबर 2022 में नामीबिया से आठ चीतों को भारत के कुनो राष्ट्रीय उद्यान में स्थानांतरित किया गया था। डिजिटल मोर्चे पर, नामीबिया दुनिया का पहला देश बना है, जहां एनपीसीआई ने केंद्रीय बैंक के साथ यूपीआई जैसी वास्तविक समय भुगतान प्रणाली की तैनाती के लिए प्रौद्योगिकी समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। आगामी यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग बढ़ने की उम्मीद है। अपर्णा खुंट, आकाशवाणी समाचार, विंडहोक।

————

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि बिहार से देश के विभिन्‍न शहरों के लिए चार अमृत भारत ट्रेन शुरू की जाएगी। कल बिहार में कई रेल परियोजनाओं का उद्घाटन करते हुए रेल मंत्री ने पटना-दिल्ली, दरभंगा-लखनऊ, मालदा-लखनऊ और सहरसा-अमृतसर सहित चार नई अमृत भारत ट्रेनों की घोषणा की है। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से –

रेल मंत्री ने कहा कि नई अमृत भारत रेलगाड़ि‍यां पटनादिल्ली, दरभंगालखनऊ, मालदालखनऊ और सहरसाअमृतसर रेल मार्गों पर चलेंगी। श्री वैष्णव ने घोषणा की कि सीमांचल बिहार को दक्षिण भारत से जोड़ने के लिए जोगबनी से एक नियमित ट्रेन भी शुरू की जाएगी, यह तमिलनाडु के इरोड़ तक चलेगी। उन्होंने कहा कि 53 किलोमीटर लंबी भागलपुरजमालपुर तीसरी रेललाइन को जल्द ही मंजूरी मिलेगी और इसके लिए एक हजार एक सौ 56 करोड़ रुपये का बजट आवंटन किया जाएगा। श्री वैष्णव ने बताया कि एक सौ चार किलोमीटर लंबे बख्तियारपुरराजगीरतिलैया रेलखंड के दोहरीकरण के लिए दो हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की जाएगी। धर्मेंद्र कुमार राय, आकाशवाणी समाचार, पटना।

————

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि भारत अपनी ऊर्जा क्षमताओं को उन्नत करने और उनका विस्तार करने में अपनी कुशलता बढ़ाने के लिए नॉर्वे में विभिन्न परियोजनाओं को तलाश रहा है। उन्होंने नॉर्वे के बर्गन में स्थित नॉर्दर्न लाइट्स CO2 टर्मिनल का दौरा किया। श्री पुरी ने जल कार्बन अन्वेषण के संपूर्ण विस्तार से संबंधित प्रौद्योगिकिय़ों विशेषकर नॉर्वे के ऊर्जा पेशेवरों द्वारा गहरे समुद्र के अन्वेषण पर चर्चा की।

एक सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत में गहरे समुद्र के प्रौद्योगिकी तंत्र को विकसित करने का प्रयास कर रही है।

————

भारत ने अफगानिस्तान की स्थिति पर संयुक्त राष्ट्र महासभा-यूएनजीए के प्रस्ताव पर हुए मतदान से खुद को अलग रखा। भारत का कहना है कि नई और लक्षित पहलों के बिना कामचलाउ शैली के दृष्टिकोण से अंतर्राष्ट्रीय समुदाय अफगान लोगों के लिए सोचे गये परिणामों को प्राप्त नहीं कर पाएगा। संयुक्त राष्ट्र महासभा के प्रस्ताव पर मतदान की व्याख्या करते हुए संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थाई प्रतिनिधि पर्वतानेनी हरीश ने कहा कि भारत अफगानिस्तान की सुरक्षा स्थिति की निगरानी कर रहा है।

श्री हरीश ने कहा कि अफगानिस्तान को लेकर भारत का दृष्टिकोण हमेशा ही अफगान के लोगों के साथ दीर्घकालिक और विशेष मित्रता से प्रेरित रहा है। उन्होंने कहा कि एक दीर्घकालिक साझेदार के रूप में अफगानिस्तान में शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने में भारत का हित सीधे जुड़ा हुआ है।

————

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

————

केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद कश्मीर में पर्यटन के फिर से पटरी पर आने के स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं। श्रीनगर में शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में पर्यटन सचिवों के राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान संवाददाताओं से बातचीत में मंत्री ने कहा कि केंद्र के समर्थन से जम्मू-कश्मीर सरकार यात्रियों और पर्यटन हितधारकों के बीच विश्वास बहाल करने में मदद कर रही है।

देशभर के टूरिज्‍़म सेक्रेटरी जो टूरिज्‍़म सब्‍जेक्‍ट से डील करते हैं, वो जाकर के अपने प्रदेशों में इस तरह का मैसेज़ दें, ताकि हमारा डोमेस्‍ट‍िक टूरिज्‍़म वापस कॉन्फिडेन्‍स बिल्डिंग एक्‍सरसाइज़ के रूप में इसको लेते हुए बिल्डअप हो सके। ये कॉन्फिडेन्‍स बिल्डिंग एक्‍सरसाइज़ जो है ये निश्चित रूप से फ्रूटीफाई होगी और आने वाले समय में कश्‍मीर का टूरिज्‍़म जो है वापस उसी मुकाम तक आकर के पहुंचेगा।

————

प्रधानमंत्री के सलाहकार तरूण कपूर ने जम्मू-कश्मीर से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों के विकास के लिए समीक्षा बैठक की। श्रीनगर में आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में, श्री तरुण कपूर को विभिन्न प्रमुख विकास परियोजनाओं के महत्व और वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी दी गई।

————

श्री अमरनाथ जी यात्रा का आज छठा दिन है। श्री अमरनाथ जी यात्रा दक्षिण कश्‍मीर के अनंतनाग जिले में नुनवाना पहलगाम बेस कैंप और मध्‍य कश्‍मीर के गांदरबल जिले में बालतल बेस कैंप के दोहरे मार्गों से सुचारू रूप से चल रही है। ब्‍योरा हमारे संवाददाता से –

धार्मिक उत्‍साह के साथ पिछले पांच दिनों के दौरान 93 हजार तीन सौ से अधिक यात्रियों ने पवित्र गुफा में शिवलिंगम के दर्शन किए। प्रति दिन कई हजार यात्री श्रीनगरजम्‍मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा व्‍यवस्‍था के तहत जम्‍मू आधारित शिविर से निकलते हैं, जो कश्‍मीर क्षेत्र में अपने संबंध‍ित आधार शिविरों तक सुरक्षित पहुंच जाते हैं। देशभर से यात्री कश्‍मीर क्षेत्र में सभी प्रकार की व्‍यवस्‍थाओं, सुविधाओं और सुरक्षित वातावरण से प्रसन्‍न और संतुष्‍ट महसूस करते हैं। इस वर्ष चल रही श्री अमरनाथ जी यात्रा में लाखों यात्रियों के भाग लेने की उम्‍मीद है। तारीक़ राथर, आकाशवाणी समाचार, श्रीनगर।

————

अमरीका ने अपने मुक्ति दिवस​​पारस्परिक टैरिफ के अमल को अगले महीने की पहली तारीख तक के लिए स्थगित कर दिया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा 2 अप्रैल को घोषित टैरिफ भारत सहित कई देशों को प्रभावित करने वाले थे, लेकिन उन पर अमल को 90 दिनों के लिए रोक दिया गया था, जिससे व्यापारिक साझेदारों को समझौते पर पहुंचने के लिए 9 जुलाई तक का समय मिल गया।

————

श्री ट्रम्प ने कहा है कि वे पहली अगस्त से जापान और दक्षिण कोरिया से आने वाले सामान पर 25 प्रतिशत शुल्क लगाएंगे। इससे पहले श्री ट्रम्प ने कहा कि वे आज एक दर्जन देशों के नेताओं को पत्र पोस्ट करेंगे।

————

मौसम विभाग ने आज छत्तीसगढ़, पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, ओडिशा, पंजाब, तेलंगाना, उत्तराखंड और विदर्भ में अलग-अलग स्थानों पर कहीं तेज और कहीं बहुत तेज वर्षा होने का अनुमान लगाया है।

————

उधर, नगालैंड में समय से पहले आये मानसून ने राज्य में बडे पैमाने पर तबाही मचाई है। कई जिलों में लगातार हो रही बारिश से बाढ़ और भूस्खलन से भारी नुकसान पहुंचा है।

————

खेल जगत की खबरों के साथ है शक्ति सिंह

क्रिकेट में, भारतीय अंडर-19 टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की युवा अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट श्रृंखला तीनदो से अपने नाम कर ली। श्रृंखला के आखिरी मैच में इंग्लैंड ने भारत को 7 विकेट से हरा दिया। हालांकि, आयुष म्हात्रे की कप्‍तानी में भारतीय टीम ने श्रृंखला जीतने में कामयाबी हासिल की। अंतिम मुकाबले में, भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 210 रन बनाए। जिसके जवाब में, मेजबान टीम ने 32वें ओवर में 7 विकेट खोकर ये लक्ष्य हासिल कर लिया। वहीं भारतीय प्रसारक संजोग गुप्ता को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषदआईसीसी ने नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति की घोषणा करते हुए आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने कहा कि श्री गुप्ता खेल रणनीति और व्यावसायीकरण में व्यापक अनुभव लेकर आए हैं, जो आईसीसी के लिए अमूल्य होंगे। टेनिस में, विश्व के नंबर एक खिलाड़ी जैनिक सिनर विंबलडन के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गये हैं। सिनर को ग्रिगोर दिमित्रोव से शुरूआती सेटों में छहतीन, सातपांच से हार का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद दिमित्रोव के दुर्भाग्‍यपूर्ण चोट के कारण मैच बीच में ही छोडना पडा और जैनिक सिनर को क्‍वार्टर फाइनल में प्रवेश मिल गया।

————

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

————

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंसिद्धार्थ सिंह।

  • ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की खबरें आज के सभी समाचार पत्रों ने प्रमुखता से प्रकाशित की है। लोकसत्य ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के व्क्तव्य को दिया है। वैश्विक पटल पर जीता भारत, ब्रिक्स देशों का आतंकवाद पर प्रहार। वहीं अमर उजाला ने भी प्रधानमंत्री के इस वक्तव्य को अपनी पहली खबर बनाया है- भारत की अध्यक्षता में ब्रिक्स को मिलेगी नई पहचान। हरिभूमि ने सुर्खी दी है- प्रधानमंत्री ने कहा जटिल खनिजों- तकनीक की सुरक्षित सप्लाई चेन बनाने पर ध्यान केन्द्रित करे ब्रिक्स।
  • बिहार में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनिरिक्षण के चुनाव आयोग के फैसले को चुनोती देने वाले फैसले की सुप्रीम कोर्ट 10 जुलाई को सुनवाई करेगा। ये खबरे देशबन्धु, दैनिक ट्रिब्यून, राष्ट्रीय सहारा और जनसत्ता सहित सभी अखबारों में है।
  • मुंबई हमलों के मास्टर माइंड तहव्वुर राणा का कबूलनामा की मैं पाकिस्तान सेना का एजेंट था। हिन्दुस्तान और दैनिक भास्कर ने इसे पहले पन्ने पर प्रकाशित किया है। 
  • गंगा के पानी से यमुना होगी लबालब इस योजना पर उत्तर प्रदेश की सरकार से दिल्ली सरकार कर रही हैं बात- नवभारत टाइम्स की प्रमुख खबर है।

————      

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ब्रासीलिया में ब्राजील के राष्ट्रपति लुईस इनासियो लूला दा सिल्वा से वार्ता करेंगे; दोनों देश अक्षय ऊर्जा, आतंकवाद निरोध, कृषि अनुसंधान और गोपनीय सूचनाओं के आदान-प्रदान पर चार समझौतों पर हस्ताक्षर करेंगे।
  • रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बिहार के लिए चार नई अमृत भारत ट्रेनों की घोषणा की।
  • अमरीका ने पारस्परिक आयात शुल्‍क पर लगाई गई रोक की समय सीमा 9 जुलाई से बढ़ाकर 1 अगस्त की; राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जापान और दक्षिण कोरिया से आयातित वस्तुओं पर 25 प्रतिशत शुल्‍क लगाने की घोषणा की। नागालैंड में मानसून की अप्रत्याशित बारिश ने भारी तबाही मचाई।
  • भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की युवा एक दिवसीय श्रृंखला 3-2 से जीती।
  • संजोग गुप्ता अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के नये मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त।

————