May 18, 2025 11:05 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार :-

  • सरकार ने आतंकवाद से निपटने के भारत के संकल्प को दुनिया के सामने रखने के लिए विभिन्न देशों में सात सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल भेजने की घोषणा की।

  • गृह मंत्री अमित शाह ने ऑपरेशन सिंदूर को भारत की सुरक्षा नीति में एक निर्णायक कदम बताया।

  • भारत ने बांग्लादेश से भूमि पत्तन के माध्यम से कुछ वस्तुओं के आयात पर नए प्रतिबंध लगाये।

  • अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस पर देशभर में पुरातत्‍व सर्वेक्षण विभाग के स्मारकों और संग्रहालयों में आज प्रवेश निःशुल्क।

  • इस्राइल और हमास के बीच गाज़ा में चल रहे युद्ध को समाप्त करने के लिए बातचीत फिर शुरू।

  • आईपीएल क्रिकेट में, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ मैच रद्द, मौजूदा चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स प्रतियोगिता से बाहर।

*******

सरकार ऑपरेशन सिंदूर के संदर्भ में पाकिस्‍तान समर्थ‍ित आतंकवाद के विरुद्ध भारत के दृष्टिकोण को प्रस्‍तुत करने के लिए विभिन्न देशों में सात सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल भेज रही है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कल सोशल मीडिया पोस्ट में प्रतिनिधिमंडल में शामिल सांसदों की जानकारी दी। एक रिपोर्ट-

 

यात्रा का उद्देश्‍य भारत की राष्‍ट्रीय सहमति और आतंकवाद से लड़ने के प्रति स्‍पष्‍ट दृष्टिकोण को विश्‍व के सामने रखना है। भारतीय जनता पार्टी के बैजयंत पांडा के नेतृत्व वाला प्रतिनिधिमंडल सऊदी अरब, बहरीन, कुवैत और अल्जीरिया जायेगा। भारतीय जनता पार्टी सांसद रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व वाला प्रतिनिधिमंडल ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, यूरोपीय संघ, इटली और डेनमार्क का दौरा करेगा। जनता दल-यूनाइटेड के सांसद संजय कुमार झा के नेतृत्व में तीसरा समूह इंडोनेशिया, मलेशिया, दक्षिण कोरिया, जापान और सिंगापुर की यात्रा करेगा। शिवसेना सांसद श्रीकांत एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में चौथा समूह संयुक्‍त अरब अमीरात, लाइबेरिया, कांगो और सिएरा लियोन का दौरा करेगा। कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नेतृत्व वाला प्रतिनिधिमंडल अमरीका, पनामा, गयाना, ब्राजील और कोलंबिया जाएगा। द्रविड मुनेत्र कषगम सांसद कनिमोई करुणानिधि के नेतृत्व में छठा प्रतिनिधिमंडल स्पेन, ग्रीस, स्लोवेनिया, लातविया और रूस जायेगा। राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी सांसद सुप्रिया सुले के नेतृत्व वाला समूह मिस्र, कतर, इथियोपिया और दक्षिण अफ्रीका जाएगा। समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार।

*******

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर देश की सुरक्षा नीति में एक निर्णायक कदम है। गुजरात के गांधीनगर में, कल एक जनसभा में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सशस्त्र बलों ने आजादी के बाद पहली बार, पाकिस्तान में एक सौ किलोमीटर अंदर घुसकर आतंकी ढांचे ध्वस्त किये।

 

मोदी जी ने हर हमले का जवाब इतनी मक्‍कमता से दिया है कि आज पूरी दुनिया आश्‍चर्यचकित होकर देख रही है और पाकिस्‍तान भयभीत होकर उसका अनुभव कर रहा है।

 

श्री अमित शाह आज अहमदाबाद नगर निगम की पंद्रह सौ करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। वे अहमदाबाद के साइंस सिटी में गुजरात राज्य सहकारी संघ द्वारा आयोजित एक सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। एक रिपोर्ट…

 

विकसित भारत में सहकारिता की भूमिका इस विषय पर आधारित यह सम्मेलन अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के उत्सव के तहत आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य सहकारिता मंत्रालय द्वारा उठाए गए विभिन्न कदमों की जानकारी प्रदान करना तथा राज्य में सहकारिता गतिविधियों को बढावा देना है। इस सम्मेलन में गांव, तालुका, जिला तथा राज्य स्तर पर विभिन्न सहकारी संस्थाओं के सहकारी प्रतिनिधि हिस्‍सा लेंगे। बाद में, श्री शाह मेहसाणा जिले के गोजारिया गांव में नवनिर्मित नर्सिंग कॉलेज का उद्घाटन करेंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर में, शाह मेहसाणा के सादरा गांव में एक फ्रोजन आलू प्रसंस्करण संयंत्र का उद्घाटन करेंगे। शाम को, वे फ्लाईओवर और आवास सहित अहमदाबाद नगर निगम की विभिन्न बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। वे विभिन्न केवीआईसी योजनाओं के लाभार्थियों को किट वितरित करेंगे। अपर्णा खूंट, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद

******

आतंकवाद के विरूद्ध सशस्त्र बलों के ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बीच, पूरा देश देश के जवानों के शौर्य और साहस को नमन कर रहा है। आकाशवाणी समाचार भी सशस्त्र बलों के सम्मान-स्वरूप एक विशेष श्रंखला प्रस्तुत कर रहा है। आज इस कड़ी में, हम परमवीर-चक्र विजेता ग्रेनेडियर योगेंद्र सिंह यादव का स्‍मरण कर रहे हैं। उन्होंने करगिल युद्ध में असाधारण बहादुरी का परिचय दिया था।

 

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के निवासी ग्रेनेडियर योगेंद्र सिंह यादव सबसे कम उम्र के व्यक्ति हैं जिन्हें पाकिस्तान के खिलाफ कारगिल युद्ध के दौरान उनकी भूमिका के लिए सर्वोच्च युद्ध कालीन वीरता पदक परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया है। ग्रेनेडियर योगेंद्र सिंह यादव 3 और 4 जुलाई 1999 की रात को टाइगर हिल पर कब्जा करने के लिए घातक प्‍लाटून की अग्रणी टीम का हिस्सा थे। शीर्ष पर पहुंचने का रास्ता चट्टानी और बर्फ से ढका था। जोखिम की परवाह किए बिना उन्‍होंने स्‍वेच्‍छा से अपनी टीम का नेतृत्व किया। आधे रास्ते में एक दुश्मन बंकर ने उन्हें देख लिया और मशीन गन और रॉकेट से हमला कर दिया जिससे कमांडर और उनके दो साथी शहीद हो गए और प्लाटून रुक गई। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए ग्रेनेडियर योगेंद्र सिंह यादव दुश्मन के ठिकाने तक रेंगते हुए पहुंचे और इस प्रक्रिया में कई बार घायल भी हुए। अपनी चोटों और दुश्मन की गोलियों की बौछार के बावजूद भी दुश्मन के ठिकानों की ओर चढ़ते रहे और ग्रेनेड फेंकते हुए अपने हथियार से लगातार फायरिंग करते हुए उन्होंने चार दुश्मन सैनिकों को मार गिराया। उनके वीरतापूर्ण कार्य से प्रेरित होकर प्लाटून ने नए जोश के साथ अन्य ठिकानों पर हमला किया और टाइगर हिल टॉप पर कब्जा कर लिया। 2021 में 75वें  स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर योगेंद्र सिंह यादव को राष्ट्रपति द्वारा मानद कैप्टन की उपाधि से सम्मानित किया गया। राष्ट्र उन्हें सलाम करता है। अनुपम मिश्रा, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली

 

सूबेदार मेजर और मानद कैप्टन योगेन्द्र सिंह यादव ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों के परिजनों को न्याय दिलाने का एक निर्णायक कार्य था।

*******

पूर्व उप-राष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने कहा है कि जाति, धर्म, भाषा और विचारों से ऊपर उठकर एकता बनाए रखना ज़रूरी है। कल शाम हैदराबाद में हुसैन सागर झील के टैंक बंड पर आयोजित तिरंगा यात्रा में, उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की।

 *******

विदेश व्यापार महानिदेशालय ने बांग्लादेश से भारतीय बंदरगाह आने वाली कुछ वस्तुओं के आयात पर तत्काल प्रभाव से नए प्रतिबंध लगा दिए हैं। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने कहा कि ये प्रतिबंध भारत से होकर नेपाल और भूटान जाने वाले सामान पर लागू नहीं होंगे। एक रिपोर्ट…

 

सरकार के नये निर्णय के बाद से बांग्लादेश से किसी भी प्रकार के रेडीमेड कपड़ों का आयात भूमि पत्तन के माध्यम से नहीं किया जा सकेगा। हालांकि, ये सामान न्हावा शेवा और कोलकाता के समुद्री बंदरगाहों से होकर आयात किए जा सकेंगे। इसके अलावा फल, फलों के स्वाद वाले और कार्बोनेटेड पेय, प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थ, कपास और सूती धागे के अपशिष्ट, प्लास्टिक और पीवीसी से तैयार सामान तथा लकड़ी से बने फर्नीचर के आयात पर प्रतिबंध रहेगा। इन वस्तुओं को असम, मेघालय, त्रिपुरा, मिजोरम के किसी भी भू-सीमा शुल्क केन्‍द्र अथवा एकीकृत जांच चौकी से होकर तथा पश्चिम बंगाल के चंगराबांध और फुलबारी जांच चौकी से होकर आयात करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। नए प्रतिबंध बांग्लादेश से मछली, एलपीजी, खाद्य तेल और पत्थर के आयात पर लागू नहीं होंगे। समाचार कक्ष से, जसपाल कौर।

*******

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठनइसरो ने आज आंध्रप्रदेश के श्रीहरिकोटा से ध्रुवीय उपग्रह प्रक्षेपण यान पीएसएलवी-सी-61 से निगरानी उपग्रह ईओएस-09 का प्रक्षेपण किया। हालांकि, तीसरे चरण के दौरान तकनीकी समस्‍या के कारण यह मिशन पूरा नही हो सका। प्रक्षेपण के तुरंत बाद, इसरो प्रमुख वी. नारायणन ने कहा कि दूसरे चरण तक प्रदर्शन सामान्‍य था, लेकिन तीसरा चरण सफलतापूर्वक पूरा नहीं हो सका।

 *******

गाज़ा में युद्धविराम के लिए इस्रायल और हमास के बीच वार्ता फिर शुरू हो गई है। कतर और अमरीका की मध्यस्थता में कल दोहा में वार्ता शुरू हुई। हमास ने 60 दिन के युद्ध-विराम और इस्राइल द्वारा फलस्तीनी कैदियों की रिहाई के बदले, नौ बंधकों की रिहाई पर सहमति व्यक्त की है। इस्राइल ने अभी इस प्रस्ताव पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन कहा है कि इस्राइल कतर में वार्ता से पहले गाजा से सैनिकों को वापस नहीं बुलाएगा और न ही युद्ध समाप्ति का वादा करेगा। इस्राइल के रक्षा मंत्री ने कहा है कि हमास को खत्म करने का उद्देश्‍य पूरा होने तक नया सैन्य अभियान जारी रहेगा।

*******

आज अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस है। इस अवसर पर देश में पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के संरक्षण वाले सभी स्मारकों और संग्रहालयों में आज प्रवेश निःशुल्क रहेगा। एक रिपोर्ट…

 

संग्रहालय दिवस के अवसर पर आज देशभर के 52 संग्रहालयों और स्मारकों में जनता के लिए प्रवेश निशुल्क रहेगा। सका उद्देश्य व्यापक सार्वजनिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना है। देशभर में एएसआई स्थलों में देश के कुछ सबसे मूल्यवान पुरातात्विक खजाने हैं, जिनमें प्रागैतिहासिक औजारों और मूर्तियों से लेकर मध्ययुगीन शिलालेख शामिल हैं। निःशुल्क प्रवेश की इस पहल का उद्देश्य आगंतुकों को इन अमूल्य संग्रहों को देखने का एक विशेष अवसर प्रदान कराना है। केन्द्रीय संस्कृति मंत्रालय ने कहा है कि यह पहल भारत की सांस्कृतिक विरासत के साथ लोगों के जुड़ाव को बढ़ाने के लिए की गई है। प्रतिवर्ष 18 मई को अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस का आयोजन सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने तथा शिक्षा और संवाद को बढ़ावा देने में संग्रहालयों की भूमिका की ओर ध्यान आकर्षित करने के लिए किया जाता है। समाचार कक्ष से, मुकेश कुमार बल

*******

आईपीएल क्रिकेट में मौजूदा चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स प्रतियोगिता से बाहर हो गई है। बेंगलूरू में, कल मेजबान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ कोलकाता का मैच वर्षा के कारण बिना टॉस के रद्द हो गया।

 

अब प्रतियोगिता में बेंगलुरू पहले, गुजरात टाइटन्स दूसरे और पंजाब किंग्स तीसरे स्‍थान पर है।

आईपीएल में आज जयपुर में राजस्थान रॉयल्स का सामना पंजाब किंग्स से होगा। एक अन्य मैच दिल्‍ली में डेल्‍ही कैपिटल्स और गुजरात टाइटन्स के बीच खेला जायेगा।

*******

सैफ अंडर-19 फुटबॉल चैंपियनशिप का फाइनल आज भारत और  बांग्लादेश के बीच खेला जाएगा। अरुणाचल प्रदेश के यूपिया में, यह मैच शाम 7 बजे से खेला जायेगा। भारत ने मॉलदीव को और बांगलादेश ने नेपाल को हराकर फाइनल में प्रवेश किया है।

*******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियां

ऑपरेशन सिंदूर के लिए वैश्विक समर्थन जुटाने की भारत की कवायद को सभी अखबारों ने प्रमुखता दी है। राष्‍ट्रीय सहारा की सुर्खी है- प‍ाकिस्तान को बेनकाब करेंगी सात टीमें। हरिभूमि कहता है- इस महीने के अंत में यू.एन.सुरक्षा परिषद सहित अन्‍य सहयोगी देशों की यात्रा पर निकलेंगे। सर्वदलीय प्रतिनिधि मंडल सात राजनीतिक दिग्‍गजों की अगुवाई में दुनिया में गुंजेगी, भारत की आतंकवाद पर जीरो टॉलरेंश नीति।

 

जासूसी  के आरोप में यूट्यूबर सहित छह लोगों की गिरफ्तारी को नवभारत टाइम्‍स सहित सभी अखबारों ने प्रमुखता से लिया है। पत्र के अनुसार सभी आरोपी पंजाब और हरियाणा के रहने वाले हैं।

 

आम आदमी पार्टी के 15 पार्षदों ने बनाई नई पार्टी, शीर्षक से दैनिक जागरण ने लिखा है कि आप का लगातार हो रहा पतन अस्तित्व पर है संकट।

 

केंद्रीय माध्‍यमिक शिक्षा बोर्ड सी.बी.एस.ई. का डायबिटीज और बढ़ते मोटापे के खिलाफ पहल के अंतर्गत स्‍कूलों में शुगर बोर्ड लगाने को दैनिक भास्‍कर ने प्रमुखता से देते हुए लिखा है, इसके जरिए छात्रों को चीनी के खतरों और सही खानपान के लिए जागरूक करने और वर्कशॉप करने को कहा गया है।

*******

मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • सरकार ने आतंकवाद से निपटने के भारत के संकल्प को दुनिया के सामने रखने के लिए विभिन्न देशों में 7 सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल भेजने की घोषणा की।

  • गृह मंत्री अमित शाह ने ऑपरेशन सिंदूर को भारत की सुरक्षा नीति में एक महत्‍वपूर्ण मोड बताया।

  • भारत ने बांग्लादेश से भूमि पत्तन के माध्यम से कुछ वस्तुओं के आयात पर नए प्रतिबंध लगाये।

  • अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस पर देशभर में पुरातत्‍व सर्वेक्षण विभाग के स्मारकों और संग्रहालयों में आज प्रवेश निःशुल्क।

  • इज़राइल और हमास के बीच गाज़ा में चल रहे युद्ध को समाप्त करने के लिए बातचीत फिर शुरू।

  • आईपीएल क्रिकेट में, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ मैच रद्द, मौजूदा चैम्पियन कोलकाता नाइट राइडर्स प्रतियोगिता से बाहर।

*******

Most Read
View All arrow-right

No posts found.