मुख्य समाचार:-
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में सैन्य तैयारियों से संबंधित मुद्दों पर प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान से विचार-विमर्श किया।
- जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आज विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र बुलाया।
- पूरे विश्व में भारतवंशियों ने पहलगाम आतंकवादी हमले के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, आज शाम राष्ट्रपति भवन में पद्म पुरस्कार प्रदान करेंगी।
- आईपीएल क्रिकेट में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने डेल्ही कैपिटल्स को 6 विकेट से हराया।
*******
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद सेना की तैयारियों पर विचार-विमर्श के लिये कल प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान से मुलाकात की। रक्षा मंत्री के निवास पर लगभग चालीस मिनट तक चली बैठक में रक्षा मंत्री को सेना की रणनीति और तैयारियों की जानकारी दी गयी। सीमा सुरक्षा बल-बीएसएफ के अधिकारी भी बल की तैयारियों से संबंधित मुद्दों पर बैठक के लिये कल दिल्ली में मौजूद थे। बीएसएफ के महानिदेशक दलजीत सिंह चौधरी कल गृह मंत्रालय गये।
इस बीच भारतीय नौसेना ने कल भी सफलतापूर्वक पोतरोधी मिसाइल अभ्यास किया और कहा कि वह किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
*******
भारतीय सेना ने कल रात जम्मू कश्मीर में नियंत्रण रेखा के निकट पाकिस्तानी सैनिकों की गोलीबारी का मुहतोड़ जवाब दिया। रक्षा सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानी चौकियों से बिना उकसावे के नियंत्रण रेखा के निकट कुपवाड़ा और पुंछ क्षेत्रों में गोलीबारी की गई जिसका भारतीय सैनिकों ने तुरंत माकूल जवाब दिया।
*******
जम्मू-कश्मीर में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आज विधानसभा का एक दिन का विशेष सत्र बुलाया है। मंत्रिमंडल ने पहलगाम आतंकी हमले पर चर्चा के लिए विशेष सत्र बुलाने का अनुरोध किया था। विधानसभा में आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। एक रिपोर्ट
विधानसभा की बैठक आज सुबह 10:30 बजे बुलाई गई है, जिसमें पर्यटकों पर आतंकी हमले की निंदा करने वाले प्रस्ताव पास किया जाने की संभावना है। प्रस्ताव का मसौदा तैयार किया जा चुका है और इसे सदन में पेश किया जाएगा जिसके बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता भाषण देंगे और मुख्यमंत्री उमर अबदुल्लाह जवाब देंगे। प्रस्ताव पास होने से पहले विधानसभा में इस पर करीब 2 घंटे की चर्चा हो सकती है और इससे यह कड़ा संदेश जाएगा कि पूरा सदन आतंकवाद की निंदा करने में एक जुट है। पहलगाम आतंकी हमले के अलावा सदन के सामने कोई और एजेंडा नहीं है। विधानसभा का बजट सत्र नौ अप्रैल को अनिश्चितकाल के लिए स्थागित कर दिया गया था। बजट सत्र 3 मार्च को शुरू हुआ था और इसमें 21 बैठकें हुई थी। आकाशवाणी समाचार के लिए जम्मू से एन. गुलशन रैना।
*******
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आतंकवाद और इसके स्रोत के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई का समर्थन किया है। लेकिन ऐसी किसी भी कार्रवाई के प्रति आगाह किया है जिससे पहलगाम आतंकी हमले में निर्दोष लोगों की हत्या के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों के अलग थलग पड़ जाने की आशंका हो। श्री अब्दुल्ला का यह बयान पहलगाम आतंकी हमले के बाद आया है।
*******
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण- एनआईए ने गृह मंत्रालय के आदेश के बाद पहलगाम आतंकी हमले की औपचारिक जांच शुरू कर दी है। एनआईए की टीमें बुधवार से ही हमले के स्थान पर साक्ष्य और आवश्यक जानकारी जुटाने में लगी हैं।
*******
सार्क वीजा पर भारत में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोडने के लिए दी गई 48 घंटे की समय सीमा कल समाप्त हो गई। अभी तक अमृतसर की अटारी-वाघा संयुक्त चेक पोस्ट के रास्ते पांच सौ 37 पाकिस्तानी नागरिक लौट चुके हैं। इनमें से दो सौ 37 पाकिस्तानी नागरिक कल अपने देश वापस लौटे।
*******
पूरे विश्व में भारतवंशियों ने जम्मू कश्मीर में पहलगाम आतंकी हमले में हिंदू पर्यटको को निशाना बनाये जाने के खिलाफ व्यापक विरोध प्रर्दशन किया है। मेलबर्न के फेडरशन स्क्वॉयर से लेकर लंदन में पाकिस्तान उच्चायोग, और कोपनहेगन से लेकर काठमांडू में पाकिस्तानी दूतावास तक प्रदर्शनकारियों ने इस आतंकी हमले की निन्दा करते हुए समुचित कार्रवाई की मांग की। पूरी दुनिया में भारतीय मूल के लोगों ने एकजुट होकर आक्रोश और दुख का प्रदर्शन किया तथा आतंकवाद के खिलाफ आवाज उठाई। भारतीय मूल के लोगों ने फ्रांस के पेरिस, स्विटजरलैंड के ज्यूरिख, फिनलैंड के हेलसिंकी, स्पेन और अनेक अन्य देशों में भी व्यापक विरोध रैली निकाली।
*******
उत्तराखंड सरकार ने चार धाम और हेमकुंड साहिब तीर्थयात्रा के लिए पंजीकरण कराने वाले 77 पाकिस्तानी नागरिकों का पंजीकरण रद्द कर दिया है। यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। इसकी घोषणा राज्य के पर्यटन और संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने की।
पाकिस्तान के जो नागरिक होंगे उनका रजिस्ट्रेशन कैंसिल होगा। वे चार धाम यात्रा नहीं कर पायेंगे, ये हमने निर्णय लिया है। उनका वीजा भी वैसे समाप्त हो रहा है। उन सब को पाकिस्तान लौट जाना चाहिए। ये 77 के करीब संख्या है और निश्चित रूप के कोई भी पाकिस्तानी जो है वो यात्रा नहीं कर पायेगा।
श्री महाराज ने बताया कि चार धाम यात्रा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अब तक 22 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है,
*******
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि पहलगाम आतंकी हमले के दोषियों और षड्यंत्रकारियों को कठोरतम जवाब दिया जाएगा। आकाशवाणी पर कल मन की बात कार्यक्रम में श्री मोदी ने कहा कि यह हमला आतंकवाद के आकाओं की हताशा और कायरता को दर्शाता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आंतकी हमले के बाद पूरी दुनिया से संवेदनाएं आ रही हैं।
पूरा विश्व आतंकवाद के खिलाफ हमारी लडाई में 140 करोड़ भारतीयों के साथ खड़ा है। मैं पीडित परिवारों को भरोसा देता हूं, उन्हें न्याय मिलेगा। इस हमले के दोषियों और साजिश रचने वालों को कठोरतम जवाब दिया जायेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि किसी भी प्राकृतिक आपदा से निपटने में जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि अब प्राकृतिक आपदा की स्थिति में लोग अपने मोबाइल फोन पर सचेत ऐप के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
बाढ़, साइक्लोन, लैंडस्लाइड, सुनामी, जंगलों की आग, हिमस्खलन, आंधी-तूफान या फिर बिजली गिरने जैसी आपदाएं हो। सचेत ऐप आपको हर प्रकार से इन्फॉर्म और प्रोटेक्टेड रखने का प्रयास करता है खास बात यह है कि सचेत ऐप क्षेत्रीय भाषाओं में भी कई सारी जानकारियां उपलब्ध कराता है।
*******
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज शाम राष्ट्रपति भवन में पहले नागरिक सम्मान समारोह में पद्म पुरस्कार प्रदान करेंगी। कला, समाज सेवा, जनहित कार्य, विज्ञान और अभियांत्रिकी, व्यापार और उद्योग, चिकित्सा, साहित्य तथा शिक्षा, खेलकूद और लोकसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में यह सम्मान दिया जाता है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से.
इस वर्ष गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर सरकार ने 139 पद्म पुरस्कारों की घोषणा की थी। जिसमें सात पद्म विभूषण, 19 पद्म भूषण और 113 पद्मश्री पुरस्कार शामिल हैं। प्रमुख पद्म पुरस्कार विजेताओं में वायलिन वादक और संगीतकार डॉ. एल सुब्रह्मयमण्यम और गैस्ट्रोएंट्रोलॉजिस्ट डी. नागेश्वर रेड्डी हैं। पद्म विभूषण पुरस्कार विजेताओं में प्रख्यात संपादक और प्रसार भारती के पूर्व अध्यक्ष ए. सूर्य प्रकाश, सिने अभिनेता अनंतनाग नन्दमुरी बालकृष्ण और एस. अजित कुमार, भरत नाट्यम नृत्यांगना शोभना चन्द्रकुमार और भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान पी.आर. श्रीजेश शामिल हैं। गोवा के सौ वर्षीय स्वतंत्रता सैनानी लीविया लोबो सर्देसाई, 96 वर्षीय चमडे की कठपुतली कलाकार हिमब्बा, टोडावलप्पा, सिल्कीयधारा और महाराष्ट्र में चार सौ हैक्टेयर जंगल का संरक्षण करने वाले चैतराम देवचंद पवार जैसे कई गुमनाम नायकों को पद्मश्री से सम्मानित किया जायेगा। अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
*******
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत दिल्ली में 70 वर्ष या इससे अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों को आज से आयुष्मान वय वंदना कार्ड जारी किए जाएंगे। हमारे संवाददाता अमन यादव ने बताया है कि कार्ड वितरण के लिये दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केन्द्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शामिल होंगे।
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना है जिसके तहत, प्रति वर्ष, प्रति परिवार को, पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा प्रदान किया जाता है। इस योजना के अंतर्गत लगभग 32 हजार सरकारी और निजी अस्पताल सूचीबद्ध हैं और अब तक 40 करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं। आयुष्मान वय वंदना कार्ड की शुरुआत वर्ष 2024 में की गई थी जिसके अंतर्गत 70 वर्ष या उससे अधिक उम्र के बुजुर्गों को बेहतर इलाज और निःशुल्क स्वास्थ्य बीमा प्रदान किया जाता है। यह वय वंदना कार्ड लगभग दो हजार चिकित्सा प्रक्रियाओं के लिए उपचार प्रदान करता है। इस कार्ड के जरिए लाभार्थी देश के किसी भी अस्पताल में 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज करा सकते हैं और इसके लिए आय और आर्थिक वर्ग की कोई बाध्यता नहीं है।
*******
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत अगले 25 वर्षों में 300 खरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का अपना लक्ष्य तभी पूरा कर सकता है, जब इसे स्वस्थ नागरिकों द्वारा संचालित किया जाए। नई दिल्ली में विश्व स्वास्थ्य शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए, श्री गोयल ने कहा कि सरकार की प्रत्येक पहल और योजना का अंतिम लक्ष्य नागरिकों के स्वास्थ्य और समग्र विकास में सुधार करना है
*******
आगामी विश्व ऑडियो विजुअल एंटरटेनमेंट समिट (वेव्स) के अंतर्गत “इंडिया: अ बर्ड्स आई व्यू चैलेंज” के शीर्ष 5 फाइनलिस्ट की घोषणा कल कर दी गई। इस चैलेंज में प्रतिभागियों को 2 या 3 मिनट लंबे हवाई वीडियो प्रस्तुत करने के लिए आमंत्रित किया गया था। प्रत्येक श्रेणी से पाँच फाइनलिस्ट को कठोर मूल्यांकन प्रक्रिया के बाद शॉर्टलिस्ट किया गया, इन शॉर्टलिस्ट की गई प्रविष्टियों को वेव्स 2025 में प्रदर्शित किया जाएगा, और विजेताओं की घोषणा की जाएगी और शिखर सम्मेलन में एक भव्य समारोह के दौरान उन्हें सम्मानित किया जाएगा।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंदसौर सड़क दुर्घटना में मारे गये लोगों के परिजनों के लिए दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है। घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता मिलेगी। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार यह राशि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दी जायेगी।
*******
दक्षिण ईरान के बंदर-अब्बास शहर के निकट बंदरगाह में हुए भीषण विस्फोट में मरने वालों की संख्या चालीस हो गई है। शनिवार को हुए विस्फोट और इसके बाद लगी आग में एक हजार से अधिक लोग घायल हुए हैं। घटना के सही कारण का अभी पता नहीं चला है।
*******
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, अपने साप्ताहिक फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में आज रात साढे नौ बजे “बीमारियों की रोकथाम में टीकाकरण की भूमिका” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। टीकाकरण पर राष्ट्रीय तकनीकी सलाहकार समूह के अध्यक्ष डॉ. एन. के. अरोड़ा और स्वामी दयानंद अस्पताल, नई दिल्ली के बाल रोग और नवजात शिशु विज्ञान विभाग के प्रमुख डॉ सुरेंद्र सिंह बिष्ट इस परिचर्चा में भाग लेंगे। श्रोता टीकाकरण के विभिन्न पहलुओं के बारे में कार्यक्रम के दौरान टेलीफोन नंबर और व्हाट्सऐप पर प्रश्न पूछ सकते हैं। टेलीफोन नंबर है- 0 1 1 – 2 3 4 2- 1 0 5 0 और 0 1 1 – 2 3 3 1 4 4 4 4 तथा व्हाट्सएप नंबर है- 9 2 8 -9 0 9 -4 0 4 4.
*******
खेल समाचार–अब खेल जगत की खबरों के साथ हैं, मुकेश कुमार बल-
आईपीएल क्रिकेट में कल रात रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने डेल्ही कैपिटल्स को 6 विकेट से हरा दिया। 163 रन के लक्ष्य के जवाब में बेंगलुरु ने 18 ओवर और तीन गेंद में चार विकेट पर 165 रन बनाए। एक अन्य मुकाबले में कल मुंबई इंडियंस ने लखनऊ सुपर जायंटस को 54 रन से हराया। 216 रन के लक्ष्य के जवाब में लखनऊ की टीम निर्धारित 20 ओवर में 161 रन ही बना सकी। प्रतियोगिता में आज राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला गुजरात टाइटंस से होगा। जयपुर में ये मैच शाम साढे सात बजे से खेला जायेगा। भारत ने कल दिल्ली में आयोजित एशियाई योगासन खेल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए रिकॉर्ड 83 स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य पदक जीता है। प्रतियोगिता में नेपाल, श्रीलंका और उज्बेकिस्तान सहित 21 से अधिक देशों ने भाग लिया और कलिंगा सुपर लीग-2025 फुटबॉल में कल भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में जमशेदपुर फुटबॉल क्लब ने नॉर्थ ईस्ट यूनाईटेड फुटबॉल क्लब को रोमांचक पेनॉल्टी शूटआउट में पांच-चार से हराकर सेमीफाईनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में अब बुधवार को जमशेदपुर एफसी का सामना मुम्बई सिटी एफसी से होगा।
*******
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
*******
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- जया भारती।
मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पहलगाम आतंकी हमले पर कड़ा रूख आज के सभी अखबारों के मुख पृष्ठ पर है। दैनिक भास्कर ने प्रधानमंत्री के शब्दों को दिया है- हर भारतीय का खून खौल रहा, न्याय मिलकर रहेगा। दोषियों और साजिश रचने वालों को देंगे कठोर जवाब। भारत में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों के देश छोड़ने की समय सीमा खत्म होने को भी अखबारों ने सुर्खी बनाया है। तल्खी से मजबूर, अपनों से हुए दूर शीर्षक से दैनिक ट्रिब्यून लिखता है- अंतिम दिन 237 पाकिस्तानी अपने देश वापिस गए। वहीं हिन्दुस्तान ने लिखा है दिल्ली में पांच हजार पाकिस्तानी, आईबी ने सौपी सूची। अमर उजाला ने खबर दी है- 26 राफेल मरीन लड़ाकू विमानों के लिए 63 हजार करोड़ के सौदे पर भारत-फ्रांस आज करेंगे हस्ताक्षर। भारत में राफेल जेट विमानों की कुल संख्या हो जाएगी बासठ।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में सैन्य तैयारियों से संबंधित मुद्दों पर प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान से विचार-विमर्श किया।
- जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आज विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र बुलाया।
- पूरे विश्व में भारतवंशियों ने पहलगाम आतंकवादी हमले के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, आज शाम राष्ट्रपति भवन में पद्म पुरस्कार प्रदान करेंगी।
- आईपीएल क्रिकेट में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से हराया।
*******