मुख्य समाचार:-
- पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़े कदम उठाए, सिंधु जल समझौता रोका, अटारी एकीकृत सीमा चौकी तत्काल प्रभाव से बंद की और राजनयिक संबंध सीमित किए।
- पाकिस्तानी नागरिकों को सार्क वीजा छूट योजना के अंतर्गत भारत आने की अनुमति नहीं।
- सरकार ने पहलगाम आतंकी हमले को देखते हुए आज शाम नई दिल्ली में सर्वदलीय बैठक बुलाई।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार के मधुबनी में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। वे, तेरहा हजार चार सौ अस्सी करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
- कोच्चि में राष्ट्रीय महासंघ सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में महिलाओं की चार सौ मीटर बाधा दौड़ में विद्या रामराज ने मीट रिकॉर्ड तोड़ते हुए स्वर्ण पदक जीता।
- आईपीएल टी-ट्वेंटी क्रिकेट में मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को 7 विकेट से हराया।
****
भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के खिलाफ कड़े कदम उठाये हैं। कल शाम प्रधानमंत्री आवास पर हुई मंत्रिमंडल की सुरक्षा कार्य समिति की बैठक में समग्र सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की गयी और सभी सुरक्षा बलों को कडी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गये। पाकिस्तान के साथ 1960 का सिंधु जल समझौता रोक दिया गया है और तत्काल प्रभाव से अटारी एकीकृत सीमा चौकी बंद कर दी गयी है। बैठक के बाद विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने संवाददाताओं को इसकी जानकारी दी।
विदेश सचिव ने बताया कि सार्क वीजा छूट योजना के तहत पाकिस्तानी नागरिकों को भारत आने की अनुमति नहीं मिलेगी। उन्हें पहले से जारी वीजा़ रद्द माने जाएंगे। इस वीजा़ के तहत भारत में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को 48 घंटे के अंदर भारत छोड़ना होगा।
विदेश सचिव ने बताया कि नई दिल्ली में पाकिस्तानी उच्चायोग में रक्षा सलाहकारों को एक सप्ताह के अंदर भारत छोड़ना होगा। भारत भी अपने रक्षा सलाहकारों को इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग से वापस बुला लेगा। श्री मिसरी ने कहा कि दोनों देशों के उच्चायोगों में यह पद रद्द माने जाएंगे। उच्चायोगों से सलाहकारों के पांच सहयोगी कर्मचारियों को भी हटाया जाएगा।
विदेश सचिव ने कहा कि पहली मई तक उच्चायोगों में कर्मचारियों की संख्या पचपन से कम करके तीस की जाएगी।
श्री मिसरी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की सुरक्षा कार्य समिति को मंगलवार को पहलगाम में हुए आतंकी हमले का ब्यौरा दिया गया। इस हमले के सीमा पार से संपर्क के बारे भी बताया गया।
****
सरकार ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद आज नई दिल्ली में सर्वदलीय बैठक बुलाई है। सूत्रों ने बताया कि बैठक शाम 6 बजे संसद भवन परिसर में होगी।
****
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में प्रत्येक भारतीय अपने प्रियजनों को खोने का दर्द महसूस करता है। उन्होंने सभी परिवारों को आश्वासन दिया कि निर्दोष लोगों की हत्या करने वाले आतंकवादियों को कतई बख्शा नहीं जाएगा।
जम्मू-कश्मीर सरकार ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को दस-दस लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों के लिए दो-दो लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों को एक-एक लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
****
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि पहलगाम हमले के दोषियों को शीघ्र ही कड़ा और स्पष्ट जवाब दिया जाएगा। नई दिल्ली में एक कार्यक्रम में उन्होंने भारत की आतंकवाद को कतई बर्दाश्त न करने की नीति दोहराई।
मैं देशवासियों को आश्वस्त करता हूं, घटना के मद्देनजर भारत सरकार वो हर कदम उठाएगी जो जरूरी और उपयुक्त होगा और हम सिर्फ उन लोगों तक नहीं पहुंचेंगे, जिन्होंने इस घटना को अंजाम दिया है, हम उन तक भी पहुंचेंगे जिन्होंने पर्दे के पीछे बैठकर हिंदुस्तान की सरजमीं पर ऐसी नापाक हरकतों की साजिशें रची है। भारत एक इतनी पुरानी सभ्यता और इतना बड़ा देश है जिसको ऐसे किसी भी आतंकी गतिविधियों से किसी भी सूरत में डराया नहीं जा सकता।
****
विश्व के विभिन्न देशों की सरकारों ने भारत के साथ एकजुटता व्यक्त की है और एक स्वर से इस आतंकी हमले की निंदा की है।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव अंतोनियो गुतेरश ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आंतकी हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने आम नागरिकों के खिलाफ हमले को हर हाल में अस्वीकार्य बताया। मंगलवार को पहलगाम में पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्करे-तइयबा के एक गुट के हमले में 26 लोग मारे गए थे।
****
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं।ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज राष्ट्रीय पंचायतीराज दिवस पर बिहार के मधुबनी में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस अवसर पर वे मधुबनी से देश की सभी ग्राम सभाओं को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री तेरहा हजार चार सौ अस्सी करोड रूपये लागत की अनेक विकास परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास भी करेंगे। श्री मोदी मधुबनी के झंझारपुर में बिदेश्वर स्थान में आयोजित जनसभा में इन परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। वे जनसभा को संबोधित भी करेंगे। इस वर्ष राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस सरकार की पूरी भागीदारी के साथ प्रमुख राष्ट्रीय कार्यक्रम के रूप में मनाया जा रहा है।
परियोजनाओं में एलपीजी बॉटलिंग संयंत्र, विद्युतीकरण, आवासन और सड़क विकास की परियोजनाएं शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और शहरी तथा दीनदयाल अंत्योदय योजना- राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत वित्तीय सहायता राशि भी वितरित की जाएगी। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मधुबनी से बिहार और देश के लोगों को कई सौगात देंगे। पंचायती राज दिवस के अवसर पर वे जहां पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए कई पहल का लोकार्पण करेंगे। वहीं पंचायत क्षेत्रों में नवाचार के लिए मुखिया, सरपंच को पुरस्कार प्रदान करेंगे। मिथिला क्षेत्र की महत्ता के मद्देनजर इन पुरस्कारों पर मधुबनी पेंटिंग की छाप भी देखने को मिलेगी। पहलगाम आतंकवादी हमले में जान गंवाने वाले पर्यटकों के शोक में पूरा कार्यक्रम सादगी पूर्वक संपन्न होगा। धर्मेंद्र कुमार राय, आकाशवाणी समाचार, झंझारपुर, मधुबनी।
हमारे संवाददाता ने बताया कि प्रधानमंत्री मधुबनी से वीडियो कॉफ्रेंस के माध्यम से चार रेलगाडियों को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे तथा तीन रेल लाइनों और दो रेल पुलों का उद्घाटन करेगे।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री जयनगर से पटना के बीच नमो भारत रैपिड ट्रेन तथा सहरसा से मुंबई के लिए अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी ठंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह देश में दूसरी नमो भारत होगी। जबकि अमृत भारत की यह तीसरी सेवा होगी। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में रेल मंत्रालय में कार्यकारी निदेशक दिलीप कुमार ने बताया कि –
ये जो नमो भारत रैपिड ट्रेन है वो पूरी तरह से एसी सेवा है और सारे डिब्बे जो हैं वो अन्य रिजर्व क्लास के हैं। नमो भारत रैपिड रेल के बीच कई नए ट्रेन सैट तैयार हो रहे हैं और जैसे-जैसे ये ट्रेन सैट तैयार होते जायेंगे। वैसे-वैसे देश की आम जनता की सेवा में इन्ट्रोड्यूज किये जायेंगे।
वहीं कार्यक्रम के दौरान दो पैसेंजर ट्रेन का भी संचालन किया जाएगा। साथ ही सुपोल से पिपरा, हसनपुर -बिठान और खगड़िया से अलौली रेल लाइन का भी उद्घाटन किया जाएगा। इन परियोजनाओं के शुरू होने से संपर्क में सुधार होगा और क्षेत्र के समग्र आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। आनंद कुमार आकाशवाणी समाचार जयनगर।
****
प्रधानमंत्री आज मुंबई के बॉम्बे प्रदर्शनी केंद्र में सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय इस्पात कार्यक्रम ‘इंडिया स्टील-2025’ का भी उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। तीन दिन की अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी और सम्मेलन में वैश्विक इस्पात मूल्य श्रृंखला के प्रमुख हितधारक, इस्पात क्षेत्र के भविष्य के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करेंगे।
****
नॉर्वे के प्रधानमंत्री यू अनॉस गार स्ट्रअ गहर स्टोर और वित्त मंत्री येन्स स्टोल्टेनबर्ग आज व्हाइट हाउस में अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे। नॉर्वे सरकार ने एक बयान में कहा कि बैठक के दौरान सुरक्षा नीति, नैटो, यूक्रेन में युद्ध, साथ ही व्यापार और व्यवसाय पर चर्चा होगी।
****
विश्व स्वास्थ्य संगठन का विश्व टीकाकरण सप्ताह 2025 आज से शुरू होगा। एक रिपोर्ट …
सभी देशों में यह अभियान इस महीने की 30 तारीख तक चलेगा। विश्व टीकाकरण सप्ताह प्रत्येक वर्ष अप्रैल के अंतिम सप्ताह में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य टीकाकरण की जीवन रक्षक क्षमता को बढ़ावा देना है। इस वर्ष की थीम है “सभी के लिए टीकाकरण मानवीय रूप से संभव हो”। यह थीम बल देती है कि सभी उम्र और स्थान के लोगों की जीवन रक्षक टीकों तक पहुंच सुनिश्चित करनी चाहिए। विश्व स्वास्थ्य संगठन का दावा है कि पिछले 50 वर्षों में, आवश्यक टीकों ने कम से कम 15 करोड़ 40 लाख लोगों की जान बचाई है। समाचार कक्ष से अलका सिंह।
****
खेल समाचारों के साथ हैं वीरेन्द्र कौशिक…
कोच्चि में राष्ट्रीय महासंघ सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में विद्या रामराज ने कल महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। विद्या ने 56 दशमलव शून्य-चार सेकंड का समय लेकर नया रिकॉर्ड बनाते हुए एशियाई चैंपियनशिप 2025 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। महिलाओं की ट्रिपल जंप में निहारिका वशिष्ठ ने 13 दशमलव चार नौ मीटर की छलांग के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया। पुरुषों की 400 मीटर बाधा दौड़ में यशस पलाक्ष ने 49 दशमलव तीन दो सेकंड के अपने सर्वश्रेष्ठ समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। हैमर थ्रो में दमनीत सिंह ने 68 दशमलव तीन शून्य मीटर के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। आईपीएल क्रिकेट में मुंबई इंडियंस ने कल रात हैदराबाद में मेजबान सनराइजर्स हैदराबाद को सात विकेट से हरा दिया। मुंबई इंडियंस ने 15 ओवर चार गेंद में तीन विकेट पर 146 रन बनाकर लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया। आज बेंगलुरु में शाम साढ़े सात बजे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना राजस्थान रॉयल्स से होगा और शतरंज में भारतीय ग्रैंडमास्टर कोनेरू हम्पी ने कल पुणे फिडे महिला ग्रां. प्री. प्रतियोगिता का खिताब जी लिया। हम्पी ने बुल्गारिया की अंतर्राष्ट्रीय मास्टर नर्ग्युल सलीमोवा के साथ सफेद मोहरों से खेलते हुए अंतिम दौर में नौ में से सात अंकों के साथ जीत हासिल की है। इस जीत के साथ, हम्पी की अगले महिला कैंडिडेट्स शतरंज टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करने की संभावना बढ़ गई है। इसके अलावा, भारत की अंतर्राष्ट्रीय मास्टर दिव्या देशमुख ने पोलैंड के एलिना काशलिंस्काया के साथ ड्रॉ खेला और नौ में से 5 दशमलव पांच अंक के साथ रैंकिंग में तीसरे स्थान पर रहीं।
****
मौसम विभाग ने देश के उत्तर पश्चिम क्षेत्र में अगले पांच दिन तक तेज़ गर्म हवाएं जारी रहने का अनुमान व्यक्त किया है। पश्चिमी मध्य प्रदेश, पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में इस महीने की 29 तारीख तक तेज गर्मी रहेगी। उत्तर प्रदेश, विदर्भ, बिहार, ओडि़सा, झारखंड, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्रों में भी इस महीने की 26 तारीख तक ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी।
मौसम विभाग ने आज अरुणाचल प्रदेश में अत्यधिक तेज वर्षा तथा पूर्वोत्तर राज्यों में अगले तीन-चार दिन तक तेज बारिश होने की संभावना व्यक्त की है।
****
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in औरहमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
****
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- सिद्वार्थ ।
पहलगाम आंतकवादी हमले के बाद भारत द्वारा पाकिस्तान पर कूटनीतिक सर्जिकल स्ट्राइक किये जाने को राजस्थान पत्रिका सहित सभी अखबारों ने प्रमुखता से दिया है। अमर उजाला ने लिखा है- पहलगाम के बाद फूटा भारत का गु्स्सा, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में मंत्रिमंडल की सुरक्षा कार्य समिति में बनी जवाबी कार्रवाई की रणनीति। नवभारत टाइम्स का कहना है- पांच फैसलों से भारत तोड़ेगा पाकिस्तान की कमर। सिंधु जल समझौता रोका, आवाजाही पर भी नकेल। अखबारों ने हमले में मारे गए भारतीय नौसेना के अधिकारी लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की अश्रुपर्ण विदाई को भी सचित्र दिया है। जनसत्ता के शब्द है- तिरंगे में लिपटे पति के ताबुत को गले लगाया- कहा हमें उन पर गर्व रहेगा। दैनिक भास्कर ने बहादुर कश्मीरी शीर्षक से लिखा है- पर्यटकों की खातिर आंतकवादियों से अकेले भिड गए आदिल हुसैन, पर नहीं बच पाए। पर्यटकों को खच्चर पर बैसरन घाटी ले जाया करते थे। नवभारत टाइम्स की सुर्खी है- सी.जी.एच.एस की पुरानी वेबसाइट 28 अप्रैल से बंद, नया पोर्टल होगा शुरू, सेवाओं को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए जानकारी www.cghs.mohfw.gov. पर मिलेगी।
****
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः-
- पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़े कदम उठाए, सिंधु जल समझौता रोका, अटारी एकीकृत सीमा चौकी तत्काल प्रभाव से बंद की और राजनयिक संबंध सीमित किए।
- पाकिस्तानी नागरिकों को सार्क वीजा छूट योजना के अंतर्गत भारत आने की अनुमति नहीं।
- सरकार ने पहलगाम आतंकी हमले को देखते हुए आज शाम नई दिल्ली में सर्वदलीय बैठक बुलाई।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार के मधुबनी में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। वे, तेरहा हजार चार सौ अस्सी करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
- आई.पी.एल टी-ट्वेंटी क्रिकेट में मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को 7 विकेट से हराया।
****