March 28, 2025 9:16 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • गृहमंत्री अमित शाह ने कहा-राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने वालों को भारत में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
  • जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में तीन आतंकवादी ढेर।
  • इसरो ने अपने स्पैडेक्स मिशन के अंतर्गत रोलिंग प्रयोग सफलतापूर्वक पूरा किया।
  • सरकार ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2025 के लिए आवेदन आमंत्रित किए।
  • चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक फॉन्ट पहली अप्रैल से भारत की पांच दिवसीय यात्रा पर आएंगे।
  • भारतीय महिलाओं ने जार्डन के अम्मान में सीनियर एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में एक रजत और दो कांस्य पदक जीते।

*************

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने वालों को भारत में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। लोकसभा में कल आव्रजन और विदेशी विधेयक-2025 पर चर्चा का उत्तर देते हुए उन्होंने कहा कि भारत में अशांति फैलाने के लिए रोहिंग्या और बांग्लादेशियों के विरुद्ध कडी कार्रवाई की जाएगी। श्री शाह ने कहा कि देश में कोई भी अपनी मर्जी से नहीं रह सकता है।
राष्‍ट्रीय सुरक्षा या सार्वजनिक स्‍वास्‍थ्‍य के लिए खतरा पाया जाएगा उसको प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। ये देश धर्मशाला नहीं है, जो चाहे जिस उद्देश्‍य से चाहे यहां आकर रह जाएगा ऐसा नहीं होगा। देश के अंदर तो उसका स्‍वागत है मगर सुरक्षा के लिए खतरा है उसको रोकने का प्रावधान करने का हमारी संसद का अधिकार भी है।
गृह मंत्री ने कहा कि आव्रजन और विदेशी विधेयक में, देश में प्रवेश करने वाले प्रत्येक विदेशी पर नज़र रखने के लिए एक विस्तृत और संरचित प्रणाली स्थापित करने की व्यवस्था की गई है।
जो देश को विकसित करने के लिए आते हैं, व्‍यापार के लिए आते हैं, शिक्षा के लिए आते हैं, आर एन्‍ड डी के लिए आते हैं। उन सबका में स्‍वागत करता हूं और सुरक्षा को जो खतरे में डालेंगे उन पर हमारी कड़ी नजर भी होगी निगरानी भी तो दोनों दृष्टि से मान्‍यवर ये बिल एक प्रकार से हमारे सभी उद्देश्‍यों की परिपूर्ति करने वाला है।
इससे पहले चर्चा के शुरू में कांग्रेस के मनीष तिवारी ने विधेयक का विरोध करते हुए कहा कि यह संविधान के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि आव्रजन अधिकारियों को ऐसे अधिकार दिए गए हैं, जिससे लोगों को परेशान किया जा सकता है। श्री तिवारी ने विधेयक में सुरक्षा प्रावधान लाने की आवश्‍यकता पर बल दिया। उन्होंने विधेयक को और अधिक जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति के पास भेजने की मांग की।
बाद में लोकसभा ने विधेयक पारित कर दिया। विधेयक का उद्देश्य आव्रजन कानूनों का आधुनिकीकरण करना है। इसमें पासपोर्ट, यात्रा दस्तावेज, वीजा और पंजीकरण के संबंध में केंद्र सरकार को कुछ शक्तियां प्रदान करने का प्रावधान है।

*************

गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने घोषणा की है कि सरकार सहकारी टैक्‍सी सेवा शुरू करेगी। सहकारिता के माध्‍यम से संचालित यह सेवा उबर और ओला के मॉडल पर काम करेगी। लोकसभा में श्री शाह ने कहा कि यह कदम सहकार से समृद्धि के अनुरूप उठाया गया है।
साढे तीन साल में सहकारिता मंत्रालय ने दिन-रात एक करे हैं और कुछ ही महीनों में ओला उबर जैसी एक बहुत बड़ी कोपरेटिव सहकार टैक्‍सी आने वाली है जो टू व्‍हीलर की टैक्‍सी का रजिस्‍ट्रेशन करेगी जो रिक्‍शा का रजिस्‍ट्रेशन करेगी और फोर व्‍हीलर का भी करेगी और उसका मुनाफा ड्राइवर के पास जाएगा।

*************

संसद ने केंद्रीय बजट 2025-26 का अनुमोदन कर दिया है। राज्यसभा ने कल वित्त विधेयक-2025 और विनियोग विधेयक संख्‍या-तीन-2025, चर्चा के बाद लोकसभा को लौटा दिया। इसके साथ ही 2025-26 के लिए बजटीय प्रक्रिया पूरी हो गई है। लोकसभा ने इसे मंगलवार को मंजूरी दी थी। वित्त विधेयक का उद्देश्य वित्त वर्ष 2025-26 के लिए केंद्र सरकार के वित्तीय प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान करना है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा कि वित्त विधेयक 2025 का उद्देश्य कर निश्चितता लाना, व्यापार सुगमता बढाना और भारतीय करदाताओं का सम्मान करना है।

*************

जम्मू-कश्मीर में कल रात कठुआ जिले के सुफैन वन्य क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में तीन आतंकी मारे गए। घटना में सुरक्षा बल के तीन जवान भी बलिदान हो गए। साथ ही घटना में एक पुलिस उपाधीक्षक तथा एक पैरा कमांडो सहित चार अन्य सुरक्षाकर्मियों के घायल होने की भी खबर है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुफैन वन्य क्षेत्र में आतंकियों की मौजूदगी की खबर के बाद सुरक्षा बलों के तलाशी अभियान के दौरान मुठभेड़ कल सुबह शुरू हुई।

*************

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन- इसरो ने अपने अंतरिक्ष डॉकिंग प्रयोग-स्पैडेक्स मिशन के हिस्से के रूप में रोलिंग प्रयोग को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। संगठन के अध्यक्ष वी नारायणन ने कहा कि इसरो को विभिन्न परिस्थितियों में डॉकिंग की आवश्यकता होगी, जिनमें से कुछ को वर्तमान मिशन के हिस्से के रूप में आजमाया जाएगा। एक रिपोर्ट…
“रोलिंग” या “रोटेटिंग” प्रयोग में उपग्रहों में से किसी एक का चक्‍कर लगाना शामिल है, ताकि उपग्रह की चाल पर नियंत्रण किया जा सके। ये प्रयोग इसरो को ये समझने में मदद करेगा की डॉकिंग के लिए किसी वस्‍तु को विभिन्‍न अभिविन्‍यासों से वांछित स्‍थान पर लाने के लिए क्‍या करना पड़ता है। इससे इसरों को यह जानने में भी सहायता मिलेगी कि क्‍या डॉकिंग लंबवत रूप से की जा सकती है। चंद्रयान-4 जैसे भविष्य के मिशन के लिए महत्वपूर्ण यह प्रयोग मूल्यवान डेटा प्रदान करेगा और इसरो को कई सॉफ़्टवेयर और ग्राउंड स्टेशन नियंत्रण करने में सहायता करेगा। इससे पहले 13 मार्च को, इसरो ने स्पैडेक्स मिशन के हिस्से के रूप में दो उपग्रहों की अनडॉकिंग सफलतापूर्वक पूरी की थी। यह उपलब्धि भारत की अंतरिक्ष अन्वेषण यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित हुई। इसरो के अध्यक्ष ने कहा कि इसरो स्पैडेक्स के हिस्से के रूप में और अधिक डॉकिंग करेगा। समाचार कक्ष से मुकेश कुमार।

*************

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं।ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

*************

महिला और बाल विकास मंत्रालय ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदक पहली अप्रैल से राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। मंत्रालय के बयान के अनुसार भारत में रहने वाले ऐसे बालक जो स्वदेशी नागरिक हैं और 31 जुलाई 2025 तक 5 वर्ष से 18 वर्ष के बीच के आयु वर्ग में शामिल हैं, इन पुरस्कारों के लिए पात्र होंगे। मंत्रालय बहादुरी, खेल, सामाजिक सेवा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, पर्यावरण तथा कला और संस्कृति में उपलब्धियों के लिए असाधारण बालक-बालिकाओं को सम्मानित करने के लिए हर साल प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार का आयोजन करता है। ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई है।

*************

मध्य प्रदेश सरकार राज्य की प्राकृतिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों से जोड़ने की पहल पर काम कर रही है। मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड गंगा-नर्मदा पर्यटन गलियारे के विकास पर विशेष ध्यान दे रहा है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इसका उद्देश्य मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के बीच पर्यटन सहयोग बढ़ाना है।
मध्य प्रदेश में पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक न्यास के प्रमुख सचिव, शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि गंगा-नर्मदा पर्यटन गलियारा प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या, कानपुर और आगरा को मध्य प्रदेश के मैहर, भेड़ाघाट, ओंकारेश्वर और महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग से जोड़ेगा। इसके अलावा, चित्रकूट को अयोध्या से जोड़ने के लिए पहले ही राम पथ गमन गलियारे का विकास किया जा रहा है। वर्तमान में, मध्य प्रदेश के सकल घरेलू उत्पाद में पर्यटन क्षेत्र का योगदान लगभग तीन से साढ़े तीन फीसदी है। राज्य सरकार का लक्ष्य इसे 2028 तक चार से पांच प्रतिशत और 2047 तक आठ से दस फीसदी तक बढ़ाना है। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल

*************

तेलंगाना विधानसभा ने कल देर रात विनियोग विधेयक 2025 ध्‍वनि मत से पारित कर दिया। मुख्य विपक्षी दल भारत राष्ट्र समिति ने कृषि क्षेत्र के लिए आवंटन को लेकर चिंता व्‍यक्‍त की थी। इसके साथ ही 11 दिनों से चल रही सदन की कार्यवाही अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई।

*************

उत्तर प्रदेश में आगामी ईद-उल-फितर त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए राज्य के पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार ने व्यापक सुरक्षा दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इनमें जोन और सेक्टर योजना के तहत पुलिस व्यवस्था, सुरक्षा तैनाती के लिए संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान, नई परंपरा आरंभ करने से रोकने और निवारक उपाय के अंतर्गत असामाजिक तत्वों की सूची को अद्यतन करने के निर्देश दिए गए हैं। इस बीच ईद से पहले आज अदा की जाने वाली अलविदा नमाज के लिए मस्जिदों में तैयारियां चल रही हैं।

*************

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प व्हाइट हाउस में इफ़्तार में शामिल हुए। श्री ट्रम्प ने राष्ट्रपति चुनावों में उनकी पार्टी को समर्थन देने के लिए अमरीका के मुस्लिम समुदाय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनका प्रशासन मुस्लिम समुदाय से किए गए वादों को पूरा करने के साथ-साथ मध्य पूर्व में शांति के प्रयास कर रहा है।

*************

चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक फॉन्ट भारत की पांच दिन की यात्रा पर पहली अप्रैल को नई दिल्ली पहुंचेंगे। राष्ट्रपति के रूप में उनकी ये पहली भारत यात्रा है। उनके साथ एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आएगा।
राष्ट्रपति बोरिक पहली अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बातचीत करेंगे। इसमें भारत-चिली संबंधों के सभी पहलुओं पर चर्चा होगी।

*************

खेल जगत की हलचल के साथ हैं – मुकेश कुमार बल –

भारत ने जॉर्डन के अम्मान में सीनियर एशियाई कुश्‍ती चैम्पियनशिप में एक रजत और दो कांस्य पदक जीते हैं। प्रतियोगिता के तीसरे दिन कल रीतिका ने रजत पदक और मुस्कान तथा मानसी लाठेर ने कांस्य पदक जीता।

मुस्‍कान ने 59 किलोग्राम वर्ग के कांस्य पदक के मुकाबले में मंगोलिया की अल्टजिन तोगटोख को 4-0 से हराया। 68 किलोग्राम वर्ग के मुकाबले में मानसी लाठेर ने कजाकिस्तान की इरिना काज़्युलिना को 12-2 से पराजित किया।

भारत ने प्रतियोगिता में अब तक एक रजत और चार कांस्य सहित कुल पांच पदक जीते हैं।

इधर इंडियन प्रीमियर लीग क्रिकेट में कल रात हैदराबाद में लखनऊ सुपर जायंट्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को पांच विकेट से हरा दिया। प्रतियोगिता में आज चेन्‍नई में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलूरू का सामना चेन्‍नई सुपर किंग्‍स से होगा। मैच शाम साढे सात बजे से खेला जाएगा। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया में एएफसी महिला एशियाई कप फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 के क्वालीफायर के लिए कल मलेशिया के कुआलालंपुर में ड्रॉ निकाले गए। भारतीय महिला टीम को थाईलैंड, मंगोलिया, तिमोर लेस्ते और इराक के साथ ग्रुप बी में रखा गया है। यह क्‍वालीफायर थाईलैंड में 23 जून से 5 जुलाई तक खेले जाएंगे। विजेता को अगले वर्ष पहली से 26 मार्च तक ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टूर्नामेंट में प्रवेश दिया जाएगा। एएफसी महिला एशियाई कप की शीर्ष छह टीम 2027 में ब्राजील में होने वाले फीफा महिला विश्व कप के लिए क्‍वालीफाई करेंगी।

राष्ट्रीय महिला हॉकी लीग के फाइनल में आज हरियाणा का सामना ओडिशा से होगा। रांची में यह मैच शाम 6 बजे से खेला जाएगा। तीसरे स्थान के लिए शाम 4 बजे झारखंड और मिजोरम आमने सामने होंगे।

*************

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल नई दिल्ली में जापान के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल से भेंट की। प्रतिनिधिमंडल से भारत और जापान के बीच आर्थिक सहयोग और मजबूत करने के बारे में विचार और सुझाव लिए गए। चर्चा में द्विपक्षीय व्यापार संबंध मजबूत करने, निवेश के अवसरों को बढ़ाने और कृषि, समुद्री उत्पाद, नागरिक उड्डयन, स्वच्छ और परमाणु ऊर्जा जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई।

*************

मौसम विभाग ने आज ओडिशा के अंदरूनी इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर लू चलने का अनुमान व्यक्त किया है। तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में पूरे दिन गर्म और उमस भरी स्थिति बने रहने के आसार हैं। कल तक अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश या बर्फबारी हो सकती है। उधर केरल, माहे, दक्षिण अंदरूनी कर्नाटक, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल में हिमालय के निचले क्षेत्रों तथा सिक्किम के कुछ हिस्सों में आज गरज के साथ बारिश, तेज़ हवाएँ और बिजली गिरने का अनुमान है।

*************

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

*************

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- मनोज।
जम्‍मू-कश्‍मीर के कठुआ जिले में मुठभेड में तीन आतंकियों के मारे जाने की खबर सभी समाचार पत्रों के पहले पन्‍नें पर है। हिन्‍दुस्‍तान लिखता है- कठुआ मुठभेड में तीन आतंकी ढेर, तीन सुरक्षा कर्मी शहीद। जस्टिस वर्मा को इलाहाबाद हाई कोर्ट भेजने के फैसले पर पुनर्विचार कर सकती है कॉलेजियम। छह बार एसोसिएशन के अध्‍यक्षो की मांग पर सीजेआई ने दिया सकारात्‍मक संकेत। दैनिक जागरण की सुर्खी है। इस वित्त वर्ष में सेंसेक्‍स चार प्रतिशत चढा, अगले एक साल में दस प्रतिशत उछाल की उम्‍मीद दैनिक भास्‍कर की खबर है। नियमित कक्षाओं में ना जाने वालों को बोर्ड की परीक्षा की अनुमति नहीं केंद्रीय माध्‍यमिक शिक्षा बोर्ड की सख्‍ती। जनसत्ता की सुर्खी है। भारत ने शिशु मृत्‍यु दर 70 फीसदी घटाई। आयुष्‍मान योजना ने भारत में तेजी से बदले हालात। हिन्‍दुस्‍तान ने आकडों सहित यह खबर प्रकाशित की है। राष्‍ट्रीय सहारा ने संयुक्‍त राष्‍ट्र की रिपोर्ट दी है। पत्र लिखता है- शिशु मृत्‍यु दर में कमी लाने में भारत के प्रयास अनुकरणीय। कटरा से कश्‍मीर तक 19 अप्रैल को दौडेगी वंदे भारत ट्रेन। कश्‍मीर को रेल से जोडने के दशकों पुराने प्रयासों को लगे पंख देशबन्‍धु की खबर है।

*************

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः-

  • गृहमंत्री अमित शाह ने कहा-राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने वालों को भारत में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
  • जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में तीन आतंकवादी ढेर।
  • इसरो ने अपने स्पैडेक्स मिशन के अंतर्गत रोलिंग प्रयोग सफलतापूर्वक पूरा किया।
  • सरकार ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2025 के लिए आवेदन आमंत्रित किए।
  • चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक फॉन्ट पहली अप्रैल से भारत की पांच दिन की यात्रा पर आएंगे।
  • भारतीय महिलाओं ने जार्डन के अम्मान में सीनियर एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में एक रजत और दो कांस्य पदक जीते।

*************