March 24, 2025 9:17 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज छत्तीसगढ़ और ओडिशा के दौरे पर रहेंगी। वे, छत्तीसगढ़ विधानसभा के रजत जयंती समारोह में भाग लेंगी।
  • सरकार ने सूक्ष्म, लघु और मध्‍यम उद्यमों के वर्गीकरण के लिए टर्नओवर और निवेश कसौटी में महत्‍वपूर्ण संशोधन अधिसूचित किए। पहली अप्रैल से होंगे लागू।
  • दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र आज से। दिल्‍ली परिवहन निगम के कामकाज पर सी.ए.जी. रिपोर्ट सदन में पेश की जाएगी।
  • कनाडा के नए प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने 28 अप्रैल को समय पूर्व चुनाव कराने को कहा।
    भारत ने इंग्लैंड में पुरुष और महिला कबड्डी विश्व कप-2025 का खिताब जीता।
  • पंजाब की जसप्रीत कौर ने नई दिल्ली में खेलो इंडिया पैरा गेम्स में पावरलिफ्टिंग में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया।

***

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज छत्तीसगढ़ और ओडिशा का दौरा करेंगी। वे रायपुर में छत्तीसगढ़ विधानसभा के रजत जयंती समारोह में भाग लेंगी। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से …
राष्ट्रपति भारतीय वायु सेना के विमान से आज सुबह करीब साढ़े दस बजे रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल पहुंचेंगी। इसके बाद वे राज्य विधानसभा परिसर पहुंचकर यहां पौधारोपण करेंगी। राष्ट्रपति विधानसभा में आयोजित रजत जयंती समारोह में शामिल होंगी और कार्यक्रम को संबोधित करेंगी। इस समारोह को राज्यपाल रमेन डेका, विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर रमन सिंह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर चरणदास महंत भी संबोधित करेंगे। समारोह के दौरान सदस्य संदर्भ शीर्षक वाली एक पुस्तक का भी विमोचन किया जाएगा। विकल्प शुक्ला, आकाशवाणी समाचार, रायपुर।
राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज ओडिशा के नयागढ़ जिले में श्री नीलमाधव मंदिर में दर्शन करेंगी। मंदिर दर्शन के बाद राष्‍ट्रपति कालियापल्‍ली में भारतीय विश्‍वबासु शबर समाज के स्‍थापना दिवस समारोह में मुख्‍य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। भुवनेश्‍वर में राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगी और कल सवेरे उनका दिल्‍ली वापस लौटने का कार्यक्रम है।

***

सरकार ने सूक्ष्म, लघु और मध्‍यम उद्यमों के वर्गीकरण के लिए टर्नओवर और निवेश कसौटी में महत्‍वपूर्ण संशोधन अधिसूचित किए हैं। ये संशोधन पहली अप्रैल से प्रभावी होंगे। एक रिपोर्ट …
अब ढाई करोड़ रूपए तक के निवेश वाले सूक्ष्‍म, लघु और मध्‍यम उद्यमों को सूक्ष्‍म उद्यम के रूप में वर्गीकृत किया जाएगा। पहले इनके लिये निवेश सीमा एक करोड़ रूपए थी। इसी प्रकार टर्नओवर सीमा भी पांच करोड़ रूपए से बढ़ाकर दस करोड़ रूपए कर दी गई है। 25 करोड़ रूपए तक के निवेश वाली इकाईयां लघु उद्यम वर्ग में रखी गई हैं। पहले इनके लिए निवेश सीमा दस करोड़ रूपए थी। इन उद्यमों के लिए टर्नओवर सीमा 50 करोड़ रूपए से दोगुनी कर एक सौ करोड़ रूपए की गयी है। एक सौ पच्‍चीस करोड़ रूपए तक के निवेश वाली सूक्ष्‍म, लघु और मध्‍यम इकाईयां अब मध्‍यम उद्यम मानी जाएंगी। पहले इनकी निवेश सीमा पचास करोड़ रूपए थी। मध्‍यम उद्यमों के लिए टर्नओवर सीमा दोगुनी कर पांच सौ करोड़ रूपए कर दी गई है। समाचार कक्ष से पूजा।

***

दिल्‍ली विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू हो रहा है। पांच दिन का यह सत्र इस महीने की 28 तारीख तक चलेगा और इस दौरान कुल चार बैठकें होंगी। आवश्‍यकता पड़ने पर सत्र की अवधि बढ़ाई जा सकती है। सदन की कार्यवाही दिन के 11 बजे से शुरू होगी। ब्‍योरा हमारे संवाददाता से-
बजट सत्र के पहले दिन, सदन में दिल्‍ली परिवहन निगम-डीटीसी के कामकाज पर सीएजी रिपोर्ट प्रस्‍तुत की जाएगी। वहीं, मंगलवार को वित्‍त वर्ष 2025-26 का बजट प्रस्‍तुत किया जाएगा। सदन में बजट पर चर्चा बुधवार को होगी और चर्चा पूरी होने के बाद अगले दिन विधानसभा में बजट को पारित किया जाएगा। बजट सत्र के अंतिम दिन निजी विधेयकों और संकल्‍पों पर चर्चा होगी। वहीं, प्रतिदिन सदन में प्रश्‍नकाल भी होगा, जिसमें संबंधित मंत्री सदस्‍यों द्वारा पूछे गए विभिन्‍न मंत्रालयों और विभागों से जुड़े प्रश्‍नों का उत्‍तर देंगे। विधानसभा अध्‍यक्ष ने सभी सदस्‍यों से सत्र के दौरान सदन की गरिमा बनाए रखने और नियमों का पालन करने का भी अनुरोध किया है। आकाशवाणी समाचार के लिए, आनंद कुमार की रिपोर्ट के साथ, आदर्श, दिल्‍ली

***

विधानसभा अध्‍यक्ष विजेंद्र गुप्‍ता ने कहा कि वित्तीय नीतियों के निर्धारण और वर्ष 2025-26 के लिए राष्‍ट्रीय राजधानी की विकास कार्य योजना तय करने के लिए यह सत्र अत्‍यंत महत्‍वपूर्ण है।

***

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं।ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

***

कनाडा के नए प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने अचानक देश में 28 अप्रैल को चुनाव कराने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि लिबरल पार्टी की वर्तमान सरकार से अधिक मजबूत जनादेश वाली सरकार सुनिश्चित करने के लिए समय पूर्व चुनाव की घोषणा की गयी है। पड़ोसी देश अमरीका से व्‍यापार युद्ध और राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप के कनाडा को अमरीका में 51वें राज्‍य के रूप में मिलाने के खतरे को देखते हुए यह महत्‍वपूर्ण फैसला किया गया है। कनाडा ने अमरीका का 51वां राज्‍य बनने से स्‍पष्‍ट तौर पर इनकार कर दिया है।

***

यूक्रेन के रक्षा मंत्री रूस्‍तम उमेरोव ने कहा है कि अमरीकी और यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडलों के बीच बातचीत सऊदी अरब की राजधानी रियाद में सम्‍पन्‍न हो गई है। उन्‍होंने बताया कि बातचीत रचनात्‍मक रही और प्रमुख मुद्दों पर विशेष रूप से चर्चा हुई।
यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्‍व कर रहे श्री उमेरोव ने कहा कि राष्‍ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्‍की यू‍क्रेन और यूरोप के लिए न्‍यायसंगत और स्‍थायी शांति बहाल करने को प्रतिबद्ध हैं।
इस बीच अमरीकी और रूसी शिष्‍टमंडलों के बीच आज होने वाली बातचीत राजनयिक प्रयासों में अगली महत्‍वपूर्ण कड़ी होगी।

***

नेपाल की राजधानी काठमांडू में भारतीय दूतावास में 23वां स्वर्ण जयंती छात्रवृत्ति दिवस मनाया गया। इसमें नेपाल के लगभग 200 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसकी शुरूआत वर्ष 2002 में भारत-नेपाल आर्थिक सहयोग के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में की गई थी। समारोह में नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने नेपाल में भारत की सहयोगी पहलों का भी उल्लेख किया।

***

आज विश्‍व तपेदिक दिवस है। टीबी के हानिकर स्‍वास्‍थ्‍य, सामाजिक और आर्थिक परिणामों के बारे में जागरूकता लाने और वैश्विक स्‍तर पर इसके उन्‍मूलन के प्रयास तेज करने के लिए प्रत्‍येक वर्ष 24 मार्च को यह दिवस मनाया जाता है।
इस वर्ष का विषय है- ”हां, हम क्षय रोग का खात्‍मा कर सकते हैं: प्रतिबद्धता, निवेश और परिणामी प्रयास”। ब्‍योरा हमारे संवाददाता से –
देश को टी.बी. मुक्‍त बनाने की दिशा में केन्‍द्र सरकार द्वारा कई कदम उठाए गए हैं। इनमें जोखिम आबादी वाले क्षेत्र में टी.बी. की पहचान, टी.बी. रोगियों को मुफ्त दवा और निदान प्रदान करना और निक्षय पोषण योजना के तहत रोगी को प्रति माह एक हजार रुपये की राशि प्रदान करना शामिल है। इसके अलावा, सरकार द्वारा चिन्हित प्राथमि‍कता वाले जिलों में सौ दिन का टी.बी. उन्‍मूलन अभियान भी शूरू किया गया, ताकि टी.बी. के छूटे हुए मामलों का प‍ता लगाया जा सके, मृत्‍यु दर में कमी लाई जा सके और नए मामलों को रोका जा सके। विश्‍व स्‍वास्‍थ्‍य संगठन के 2024 की वैश्विक टी.बी. रिपोर्ट के अनुसार भारत में टी.बी. के मामलों की संख्‍या में 17 दशमलव सात प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। यह संख्‍या वर्ष 2015 के प्रति लाख जनसंख्‍या पर 237 थी, जो घटकर 2023 में 195 पहुंच गई। आनंद कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्‍ली।

***

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, साप्‍ताहिक फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में, आज रात साढे नौ बजे “क्षय रोग से बचाव और उपचार” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। केन्‍द्रीय स्‍वास्‍थ्‍य और परिवार कल्‍याण मंत्रालय में उप-महानिदेशक डॉ उर्वशी बी सिंह तथा नई दिल्‍ली के सफदरजंग अस्‍पताल में श्‍वसन चिकित्‍सा विभाग के अध्यक्ष डॉ. रोहित कुमार परिचर्चा में भाग लेंगे।
कार्यक्रम के दौरान श्रोता विशेषज्ञों से तपेदिक की पहचान, समय पर निदान और उपचार के बारे में सवाल पूछ सकते हैं।
टेलीफोन नंबर 0 1 1 – 2 3 4 2 1 0 5 0 और 0 1 1 – 2 3 3 1 4 4 4 4 पर प्रश्‍न पूछे जा सकते हैं।

***

खेल समाचारों के साथ हैं मुकेश कुमार बल

भारत ने इग्‍लैंड में पुरूष और महिला कबड्डी विश्‍वकप खिताब जीत लिए हैं। पुरूष टीम ने फाइनल में इग्‍लैंड को 44-41 से हराया।

इससे पहले, भारतीय महिला टीम ने भी फाइनल में 34 के मुकाबले 57 अंक से इंग्‍लैंड को मात दी। पहली बार एशिया से बाहर इंग्लैंड के वेस्ट मि़डलैंड्स में आयोजित, इस टूर्नामेंट में शीर्ष कबड्डी टीमों ने भाग लिया। वर्ष 2019 में मलेशिया की मेजबानी में आयोजित आरंभिक प्रतियोगिता में भारत ने पुरूष और महिला कबड्डी विश्वकप का खिताब जीता था। इधर, खेलो इंडिया पैरा-गेम्स में कल पंजाब की जसप्रीत कौर ने पावरलिफ्टिंग में नया राष्ट्रीय रिकार्ड बनाया। उन्होंने अपना ही 45 किलोग्राम श्रेणी का रिकार्ड तोड़ते हुए स्वर्ण पदक जीता। मनीष ने भी 54 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। जम्मू कश्मीर की तीरंदाज शीतल देवी ने स्वर्ण पदक जीता। राकेश कुमार और ज्योति बालियान ने भी अपने-अपने मुकाबलों में स्वर्ण पदक जीते। इसके अलावा, आईपीएल टी-ट्वेन्टी क्रिकेट में, आज डेल्ही कैपिटल्स का सामना लखनऊ सुपरजायंट्स से होगा। विशाखापत्तनम में यह मैच शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा।

***

मौसम विभाग ने आज आंध्रप्रदेश के तटवर्ती क्षेत्रों, यमन, तेलंगाना और दक्षिणी कर्नाटक के भीतरी भागों में हल्की वर्षा और तेज़ हवाए चलने का अनुमान व्यक्त किया है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में भी अगले तीन से चार दिन तक ऐसी स्थिति बने रहने का अनुमान है। गुजरात के तटीय इलाकों में कल गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, देश के उत्तर पश्चिमी भागों में अगले तीन से चार दिन के दौरान अधिकतम तापमान तीन से पांच डिग्री सेल्सियस बढ़ने का अनुमान है।

***

तेलंगाना में बेमौसम की बारिश ने फसल को नुकसान पहुंचाया है। कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने और गरज के साथ वर्षा होने से किसानों को काफी नुकसान झेलना पड़ा है।

***

उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर राज्‍य में कानून और व्यवस्था को लेकर बैठक की।
मुख्‍यमंत्री ने कहा कि अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने कहा कि त्योहारों का यह समय कानून-व्यवस्था की दृष्टि से संवेदनशील समय है। इसलिए प्रशासन को लगातार सतर्क रहना है।
मुख्‍यमंत्री ने अधिकारियों से सोशल मीडिया पर नजर रखने, शांति समितियों की बैठकें करने और सौहार्द बनाए रखने के लिए मीडिया की मदद लेने को भी कहा।

***

इस्राइल की सेना ने कल दक्षिणी गाजा पट्टी के खान युनूस में नासर मेडिकल कॉम्पलेक्स पर हवाई हमला किया और हमास के पोलित ब्यूरो सदस्य इस्माइल बरहूम और चार अन्य फिलीस्तीनियों को मार गिराया।
स्थानीय सूत्रों ने बताया कि इस्राइली ड्रोन ने परिसर की आपातकालीन इमारत की दूसरी मंजिल को निशाना बनाया।

***

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in औरहमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

***

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं – फरहत नाज।

  • बंगलुरू में राष्‍ट्रीय स्‍वयंसेवक संघ की बैठक आज के सभी अखबारों के मुख पृष्‍ठ पर है। अमर उजाला ने संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले के बयान को दिया है- धर्म आधारित आरक्षण असंवैधानिक, आक्रांता जैसी मानसिकता वाले देश के लिए खतरा। वहीं दैनिक ट्रिब्‍यून लिखता है- आरएसएस ने लिया संगठित हिन्‍दू समाज के निर्माण का संकल्‍प।
  • दिल्‍ली उच्‍च न्‍यायालय के न्‍यायधीश के आवास पर आग में जले नोटों के बंडल मिलने की घटना की जांच के लिए समिति का गठन राष्‍ट्रीय सहारा सहित कई अखबारों में है। भारत के प्रधान न्‍यायाधीश ने बनाई आंतरिक जांच समिति।
  • संभल की शाही जामा मस्जिद प्रबंध समिति के अध्‍यक्ष की गिरफ्तारी भी अखबरों की सुर्खी है। वहीं देशबन्‍धु ने वक्‍फ संशोधन विधेयक के खिलाफ ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के देश व्‍यापी आन्‍दोलन की घोषणा को पहले पन्‍ने पर जगह दी है।
  • सरहद की निगरानी करेंगे एआई क्षमता से लैस रोबोट। दैनिक जागरण के अनुसार देश की सुरक्षा में रोबोट तैनात करने की तैयारी, सेना कर रही फील्‍ड परीक्षण।
  • निवेशकों ने अधिक ब्‍याज वाली एफडी की ओर किया रूख, हिन्‍दुस्‍तान के बिजनेस पन्‍ने पर है। शेयर बाजार में भारी उतार-चढाव के बीच सावधी जमा में निवेश 23 गुना बढा।

***

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः-

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज छत्तीसगढ़ और ओडिशा के दौरे पर रहेंगी। वे, छत्तीसगढ़ विधानसभा के रजत जयंती समारोह में भाग लेंगी।
  • सरकार ने सूक्ष्म, लघु और मध्‍यम उद्यमों के वर्गीकरण के लिए टर्नओवर और निवेश कसौटी में महत्‍वपूर्ण संशोधन अधिसूचित किए। पहली अप्रैल से होंगे लागू।
  • दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र आज से। दिल्‍ली परिवहन निगम के कामकाज पर सी.ए.जी. रिपोर्ट सदन में पेश की जाएगी।
  • कनाडा के नए प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने 28 अप्रैल को समय पूर्व चुनाव कराने को कहा।
  • भारत ने इंग्लैंड में पुरुष और महिला कबड्डी विश्व कप-2025 का खिताब जीता।
  • पंजाब की जसप्रीत कौर ने नई दिल्ली में खेलो इंडिया पैरा गेम्स में पावरलिफ्टिंग में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया।

***