मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकसित भारत के निर्माण की दिशा में पहला कदम गांवों के विकास को समर्पित किया।
- भाजपा ने अपने लोकसभा सदस्यों को व्हिप जारी कर उन्हें आज निचले सदन में उपस्थित रहने को कहा।
- पेंशन निधि विनियामक और विकास प्राधिकरण ने एकीकृत पेंशन योजना के क्रियान्वयन के लिए नियम जारी किये।
- असम सरकार ने गुवाहाटी, डिब्रूगढ़ और सिलचर में सभी दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को 24 घंटे खुले रहने की अनुमति देने का फैसला किया।
- क्रिस्टी कोवेंट्री अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति की पहली महिला अध्यक्ष चुनी गईं।
- स्क्वैश में, भारत की आकांक्षा सालुंखे का आज दोपहर चेन्नई में एसआरएफआई इंडियन टूर 2025 में ऑल इंडियन महिला फाइनल में अनाहत सिंह से मुकाबला।
****************
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत के निर्माण की दिशा में पहले कदम के रूप में गांवों के विकास की आवश्यकता पर जोर दिया है। गुजरात के भारवाड़ समाज से संबंधित बावलियाली धाम में एक कार्यक्रम के दौरान वीडियो संदेश में श्री मोदी ने सामूहिक प्रयास के महत्व का उल्लेख किया और लाल किले से दिया अपना वक्तव्य दोहराते हुए कहा कि सबका प्रयास ही देश का सबसे बड़ा सामर्थ्य है।
फणनवीस ने कहा कि संबंधित विभागों को विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए उचित कार्रवाई करनी चाहिए और तीर्थ विकास योजना में इसे प्रस्तुत करते समय प्रशासन को भविष्य की जरूरतों और क्षेत्र की आवश्यकताओं के साथ न्यूनतम लागत पर गुणवत्तापूर्ण कार्य पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि विशेष रूप से ग्रामीण विकास पर्यटन विभाग और इस विषय से संबंधित अन्य विभागों को तीर्थ विकास योजना तैयार करते समय नए दिशा-निर्देश जारी करने चाहिए। भावना, आकाशवाणी समाचार, मुम्बई।
श्री मोदी ने बालकों और विशेष ऱूप से बालिकाओं के उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने और सुदृढ़ समाज के लिए योगदान देने का आह्वान किया। श्री मोदी ने पशुओं में खुरपका और मुंहपका रोग से निपटने के लिए सरकार के पशुधन निशुल्क टीकाकरण कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए समुदाय से अपने मवेशियों का नियमित टीकाकरण सुनिश्चित करने की भी बात कही। उन्होंने पशुपालकों के लिए किसान क्रेडिट कार्ड शुरू किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे व्यवसाय बढ़ाने के लिए कम ब्याज दर पर ऋण प्राप्त करने में सहायता मिल रही है।
ऐतिहासिक महाकुंभ के आयोजन पर अपार प्रसन्नता और गौरव प्रदर्शित करते हुए श्री मोदी ने महंत श्री राम बापू जी को इस पावन अवसर पर महामंडलेश्वर की उपाधि से विभूषित किए जाने का स्मरण किया और इसे एक बड़ी उपलब्धि और सभी के लिए प्रसन्नता का विषय बताया।
****************
भारतीय जनता पार्टी ने अपने लोकसभा सदस्यों को व्हिप जारी कर उन्हें आज निचले सदन में उपस्थित रहने का निर्देश दिया है। सूत्रों ने बताया कि व्हिप इसलिए जारी किया गया है क्योंकि सदन में केंद्रीय बजट के संबंध में विभिन्न मंत्रालयों की अनुदान मांगों पर गिलोटिन लागू करने की योजना है। विधायी भाषा में गिलोटिन का मतलब कुछ मंत्रालयों/विभागों की अनुदान मांगों को बिना चर्चा के सामूहिक रूप से पारित करना होता है।
****************
पेंशन निधि विनियामक और विकास प्राधिकरण-पीएफआरडीए ने एकीकृत पेंशन योजना-यूपीएस के क्रियान्वयन के लिए नियम जारी कर दिए हैं। इससे पहले केंद्र सरकार के राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली-एनपीएस के तहत आने वाले कर्मचारियों के लिए इस वर्ष जनवरी में अधिसूचना जारी की गई थी। पीएफआरडीए ने कहा है कि एकीकृत पेंशन योजना से संबधित नियम अगले महीने की पहली तारीख से लागू होंगे। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
ये नियम तीन श्रेणियों के केन्द्र सरकार कर्मचारियों के नामांकन में प्रभावी होंगे। इसमें एक अप्रैल 2025 तक सेवारत्त केन्द्र सरकार के एनपीएस कर्मचारी, केन्द्र सरकार की सेवा में पहली अप्रैल 2025 या उसके बाद भर्ती होने वाले कर्मचारी और एनपीएस के अंतर्गत वे कर्मचारी, जो 31 मार्च 2025 को या उससे पहले सेवानिवृत्त हो चुके हैं या स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले चुके हैं या नियम 56जे के तहत जिन्हे सेवा मुक्त किया गया है, इस योजना के पात्र हैं। इसके अलावा ऐसे कर्मचारी, जिनके कानूनी रूप से विवाहित जीवन साथी सेवानिवृत्त हो चुके हैं या एकीकृत पेंशन योजना के विकल्प चयन से पहले ही, जिनकी मृत्यु हो गई है, वो भी इस योजना के पात्र हैं। केन्द्र सरकार के इन सभी श्रेणियों के कर्मचारियों के लिए नामांकन और दावा फॉर्म एक अप्रैल से प्रोटीन सीआरए की वेबसाइट एनपीएससीआरए डॉट एनएसडीएल डॉट को डॉट इन पर ऑनलाइन उपलब्ध होंगे। कर्मचारी फॉर्म को भौतिक रूप से भी जमा कर सकते हैं। अनुपम मिश्र के साथ भानू प्रताप सिंह, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
****************
असम सरकार ने निर्णय लिया है कि गुवाहाटी, डिब्रूगढ और सिलचर में सभी दुकानें और व्यापारिक संस्थान 24 घंटे खुले रहेंगे। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य मंत्रिमंडल ने गुवाहाटी और राज्य के अन्य दो महत्वपूर्ण शहरों में शराब की दुकानों को छोडकर अन्य सभी दुकानों और व्यापारिक संस्थानों को दिन-रात खुले रखने की नीति को अनुमति दे दी है।
श्री सरमा ने कहा कि इस तरह अगर कोई संस्थान 24 घंटे कार्य करता है तो वहां तीन शिफ्टों में काम होगा। उन्होंने कहा कि 24 घंटे दुकानें खुली रखने के निर्णय से लघु उद्योगों को सहायता मिलेगी और शिफ्टों की संख्या बढने से अधिक रोजगार भी सृजित होंगे।
****************
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं।ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
****************
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने चार सौ 50 अरब डॉलर के सेवा निर्यात लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सरकार और सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र से सामूहिक प्रतिबद्धता का आह्वान किया है। उन्होंने नई दिल्ली में नैसकॉम वैश्विक सम्मेलन- 2025 के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि 2025-26 में भारत का सेवा निर्यात व्यापारिक निर्यात को पार कर सकता है, जिसमें सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र सबसे आगे होगा।
श्री गोयल ने सूचना प्रौद्योगिकी, पर्यटन, व्यवसाय लेखांकन और वित्तीय सेवाओं में एमएसएमई की तीव्र वृद्धि का उल्लेख करते हुए इस क्षेत्र में उच्च रोजगार सृजित करते हुए जोर दिया। श्री गोयल ने देश के विशाल प्रतिभा पूल का लाभ उठाते हुए भारत में वैश्विक क्षमता केंद्रों को आकर्षित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
****************
महाराष्ट्र सरकार ने वाशिम जिले के करंजा शहर में गुरु मंदिर तीर्थयात्रा स्थल के विकास के लिए प्रस्तावित एक सौ 70 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री देवेंन्द्र फडणवीस की अध्यक्षता में एक समिति ने श्री संत सेवालाल महाराज पोहरादेवी तीर्थयात्रा विकास योजना के लिए भी सात सौ 23 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। ब्यौरा हमारी संवाददाता से-
फणनवीस ने कहा कि संबंधित विभागों को विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए उचित कार्रवाई करनी चाहिए और तीर्थ विकास योजना में इसे प्रस्तुत करते समय प्रशासन को भविष्य की जरूरतों और क्षेत्र की आवश्यकताओं के साथ न्यूनतम लागत पर गुणवत्तापूर्ण कार्य पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि विशेष रूप से ग्रामीण विकास पर्यटन विभाग और इस विषय से संबंधित अन्य विभागों को तीर्थ विकास योजना तैयार करते समय नए दिशा-निर्देश जारी करने चाहिए। भावना, आकाशवाणी समाचार, मुम्बई।
****************
सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में समूचे पूर्वोत्तर में व्यापक बदलाव आया है। इस क्षेत्र का देश के बाकी हिस्सों से अब बेहतर सड़क, रेल और हवाई संपर्क स्थापित हो गया है। मुख्यमंत्री ने गंगटोक के पालजोर स्टेडियम में आयोजित आठवें पूर्वोत्तर युवा महोत्सव में भाग लिया। श्री तमांग ने पूर्वोत्तर को अष्टलक्ष्मी के रूप में मान्यता देने और उन्नति 2024, स्टार्टअप इंडिया और स्टैंडअप इंडिया जैसी पहलों के माध्यम से प्रधानमंत्री के निरंतर सहयोग के लिए उनका आभार किया। युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना स्वयंसेवकों, नेहरू युवा केंद्र संगठन के सदस्यों और अधिकारियों सहित समूचे पूर्वोत्तर से 552 प्रतिभागी शामिल हुए।
****************
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने रूस यूक्रेन विवाद पर युद्ध विराम के लिए आशावादी दृष्टिकोण पेश किया। कल व्हाइट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि युद्ध ग्रस्त देशों के साथ उनकी वार्ता के बाद शांति स्थापित करने के प्रयास अच्छे चल रहे हैं।
****************
अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शिक्षा विभाग को बंद करने की प्रक्रिया शुरू करने के कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। इस आदेश का उद्देश्य स्कूल नीति नियंत्रण को पूरी तरह से राज्यों और स्थानीय बोर्डों के हाथों में सौंपना है। यह एक ऐसा कदम है जिसने उदार शिक्षा समर्थकों में चिंता पैदा कर दी है।
****************
अमरीकी राष्ट्रपति ने कहा है कि उन्हें उम्मीद है कि भारत शुल्क में कटौती करेगा। श्री ट्रम्प ने एक समाचार चैनल को दिए साक्षात्कार में कहा कि भारत के साथ अमरीका के मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। उन्होंने कहा कि वे 2 अप्रैल से पारस्परिक शुल्क दर लागू करने की अपनी योजना पर आगे बढ़ेंगे। भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे-आईएमईसी के बारे में अमरीकी राष्ट्रपति ने कहा कि इसे उन देशों का मुकाबला करने के लिए एकजुट होने वाले देशों के सहयोग के रूप में रेखांकित किया गया है जो अनुचित व्यापार तरीकों के माध्यम से अमरीका को नुकसान पहुँचाना चाहते हैं।
****************
जिम्बाब्वे की क्रिस्टी कोवेंट्री को अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति- आईओसी का अध्यक्ष चुना गया है। आईओसी के इतिहास में 41 वर्षीय क्रिस्टी पहली महिला अध्यक्ष हैं। क्रिस्टी कोवेंट्री नौवें आईओसी अध्यक्ष थॉमस बाक का स्थान लेंगी, जिनका 12 साल का कार्यकाल आधिकारिक तौर पर 23 जून के बाद समाप्त होगा। इसमें उपस्थित अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष जय शाह ने उन्हें आईओसी की अध्यक्ष बनने पर बधाई दी।
****************
मौसम विभाग ने आज पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्रों, झारखंड, ओडिशा, विदर्भ, असम, मेघालय, तेलंगाना और बिहार में तेज़ हवाएं चलने और गरज तथा ओलावृष्टि के साथ बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया है।
****************
इस्राइल में, कैबिनेट ने देश की आंतरिक सुरक्षा सेवा-शिन बेट के प्रमुख रोनेन बार को सर्वसम्मति से बर्खास्त करने के लिए मतदान किया है। इस्राइल के इतिहास में ऐसा पहली बार है जब किसी सरकार ने घरेलू सुरक्षा एजेंसी के प्रमुख को बर्खास्त किया है।
****************
खेल जगत की हलचल के साथ हैं, मुकेश कुमार बल…
एस आर एफ आई इंडियन टूर-2025 स्क्वैश के फाइनल में, आज भारत की आकांक्षा सालुंखे का सामना, भारत की ही अनाहत सिंह से होगा। ये मैच दोपहर ढाई बजे से शुरू होगा। आकांक्षा ने, जोशना चिनप्पा को हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। जबकि, 17 वर्षीय अनाहत ने सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका की हेले वार्ड को हराया। पुरुष वर्ग के फाइनल में आज भारत के वीर चोटरानी का सामना फ्रांस के मेलविल साइनीमैनिको से होगा। उधर, बैडमिंटन में, स्विट्जरलैंड के बासेल में भारत के शंकर सुब्रमण्यन स्विस ओपन चैंपियनशिप के पुरुष सिंगल्स क्वार्टर फाइन में पहुंच गए हैं। आज क्वार्टर फाइनल में उनका मुकाबला फ्रांस के क्रिस्टो पोपोव से होगा। वहीं, महिला डबल्स में त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की शीर्ष भारतीय जोड़ी भी जर्मनी की एमिली लेहमैन औ सेलिन हब्स की जोड़ी को हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई। आज सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करने के लिए भारतीय जोड़ी का सामना हॉन्ग-कॉन्ग चीन की येउंग नगा टिंग और येउंग पुई लैम की जोड़ी से होगा। इधर, भारतीय ओपन थ्रो प्रतियोगिता में सीमा ने कल नवी मुम्बई में महिलाओं की डिस्कस थ्रो स्पर्धा में 56 दशमलव 39 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता। राष्ट्रीय खेलों की चैंपियन नीतिका वर्मा ने रजत पदक और प्रिया ने कांस्य पदक जीता। इसके अलावा, भारत, अहमदाबाद के नारनपुरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 11वीं एशियाई तैराकी चैंपियनशिप की मेज़बानी करेगा। एक से 15 अक्टूबर तक आयोजित प्रतियोगिता में तैराकी, गोताखोरी और वाटर पोलो जैसे खेल शामिल होंगे।
****************
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in औरहमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
****************
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- निखिल कुमार।
- छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलो के साथ मुठभेड़ में नक्सलियों के मारे जाने की खबर आज सभी समाचार पत्रों के पहले पन्ने पर है। जनसत्ता लिखता हैं – बीजापुर और कांकेर में मुठभेड, तीस नक्सली ढेर, एक जवान शहीद। नवभारत टाइम्स की सुर्खी है – नक्सलियों पर साल का दूसरा बड़ा ऐक्शन, सात घंटे चला ऑपरेशन, एक जवान शहीद।
- पहली अप्रैल से एकीकृत पेंशन योजना प्रभावी, अब मूल वेतन 50 फीसदी मिलेगी पेंशन अमर उजाला की सूर्खी हैं।
- पत्र लिखता है 23 लाख कर्मचारियों को यूपीएस और एनपीएस के बीच चयन का मिलेगा विकल्प।
सेना के लिए 7 हज़ार करोड़ के आर्टिलेरी गन सिस्टम को मंजूरी, भारतीय सेना की अभियानगत क्षमताओं में वृद्धि होगी राष्ट्रीय सहारा की सुर्खी हैं। - कोवेंट्री ओलंपिक संघ के इतिहास में पहली महिला प्रमुख, 130 साल में पहली अफ्रीकी अध्य़क्ष बनने का गौरव, तैराकी में जीत चुकी है दो गोल्ड राजस्थान पत्रिका की सुर्खी है।
वहीं, खेलो इंडिया पैरा खेल का आगाज, 1300 से अधिक एथलीट लेंगें भाग, जनसत्ता में है।
****************
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकसित भारत के निर्माण की दिशा में पहला कदम गांवों के विकास को समर्पित किया।
- भाजपा ने अपने लोकसभा सदस्यों को व्हिप जारी कर उन्हें आज निचले सदन में उपस्थित रहने को कहा।
- पेंशन निधि विनियामक और विकास प्राधिकरण ने एकीकृत पेंशन योजना के क्रियान्वयन के लिए नियम जारी किये।
- असम सरकार ने गुवाहाटी, डिब्रूगढ़ और सिलचर में सभी दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को 24 घंटे खुले रहने की अनुमति देने का फैसला किया।
- क्रिस्टी कोवेंट्री अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति की पहली महिला अध्यक्ष चुनी गईं।
स्क्वैश में, भारत की आकांक्षा सालुंखे का आज दोपहर चेन्नई में एसआरएफआई इंडियन टूर 2025 में ऑल इंडियन महिला फाइनल में अनाहत सिंह से मुकाबला।
****************