मुख्य समाचार:-
• सरकार ने विश्व दृश्य-श्रव्य और मनोरंजन शिखर सम्मेलन-वेव्स 2025 से पहले क्रिएटर्स इकोनॉमी के लिए एक अरब डॉलर के कोष की घोषणा की।
• उत्तर प्रदेश सरकार सभी नगर निगमों को सौर शहरों में बदलेगी।
• देशभर में आज रंगों का त्यौहार होली धूम-धाम से मनाया जा रहा है
• छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में 17 नक्सलियों ने समर्पण किया।
• प्रर्वतन निदेशालय ने कन्नड़ अभिनेत्री रान्या राव से संबंधित सोना तस्करी मामले की जांच शुरू की।
• क्रिकेट में मुंबई इंडियंस ने महिला प्रीमियर लीग के एलिमिनेटर में गुजरात जायंट्स को 47 रन से हराया; कल फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स से होगा मुकाबला।
****
सरकार ने विश्व दृश्य-श्रव्य और मनोरंजन शिखर सम्मेलन-वेव्स 2025 के अंतर्गत क्रिएटर अर्थव्यवस्था के लिए एक अरब डॉलर के कोष की घोषणा की है। कल नई दिल्ली में वेव्स-2025 पर एक उच्चस्तरीय सत्र को संबोधित करते हुए सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि पहली मई से 4 मई तक मुंबई में होने वाला यह कार्यक्रम क्रिएटर समुदाय को एक मंच प्रदान करेगा।
क्रिएटर इकोनॉमी के लिए वन बिलियन डॉलर का फंड क्रिएट किया जाएगा, जो कि इस पूरे वेव्स समिट का एक बहुत बड़ा इस प्रोग्राम को आगे ले जाने के लिए होगा, दैट इज़ फर्स्ट। सेकंड, कुछ ही समय पहले कैबिनेट ने अप्रूव किया था, इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ क्रिएटिव टेक्नोलॉजीस-आईआईसीटी। पहला आईआईसीटी बनेगा मुम्बई में। कैबिनेट में अप्रूवल के बाद में अब पहले आईआईसीटी को स्टैब्लिश करने के लिए 391 करोड़ रुपये सेंक्शन हो गए हैं। वो सब चीजें आने वाले दिनों में की जाएंगी।
सूचना और प्रसारण मंत्रालय के इस सत्र का उद्देश्य वेव्स 2025 से पहले अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को शामिल करना था। इस अवसर पर विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा कि वेव्स मीडिया और मनोरंजन उद्योग के लिए चर्चा, सहयोग और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में काम करेगा।
****
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की है कि स्वच्छ ऊर्जा और सतत शहरी विकास के लिए राज्य की प्रतिबद्धता के अंतर्गत राज्य के सभी नगर निगमों को सौर शहरों में परिवर्तित किया जाएगा। मु्ख्यमंत्री ने यह घोषणा कल गोरखपुर में आयोजित राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम-एनसीएपी पर तीन दिवसीय कार्यशाला और राष्ट्रीय सम्मेलन के समापन सत्र के दौरान की। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश, 22 हजार मेगावाट स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन का लक्ष्य लेकर चल रहा है।
22 हजार मेगावाट की रीन्यूवल एनर्जी के लिए, जिसमें से अब-तक हम लोग लगभग छह हजार रीन्यूवल एनर्जी बना चुके हैं, सोलर पैनल के माध्यम से। अयोध्या आज देश की पहली सोलर सिटी है, जहां पर जितनी भी रीन्यूवल एनर्जी हमारी बन रही है, उसी से वहां की स्ट्रीट लाइट जलती है। स्ट्रीट लाइट के लिए हम हाइड्रो या थर्मल पॉवर का उपयोग नहीं करते हैं। वहां पर हम लोग सोलर पैनल हम लोगों ने लगाए हैं, उसी से स्ट्रीट लाइट अयोध्या की जलती है। ऐसे ही 17 के 17 म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन को हम लोगों ने इसके साथ जोड़ने का कार्य किया है और छह हजार मेगावाट तक हम बना चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2070 तक भारत के शून्य कार्बन उत्सर्जन लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए राष्ट्रीय से लेकर स्थानीय सभी स्तरों पर सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है।
****
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में 17 नक्सलियों ने समर्पण कर दिया है। बीजापुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि कल बीजापुर में वरिष्ठ पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के अधिकारियों के सामने एक दंपत्ति सहित नक्सलियों ने समर्पण किया। श्री यादव ने कहा कि समर्पण करने वाले नक्सलियों ने खोखली और अमानवीय माओवादी विचारधारा, वरिष्ठ काडरों के निर्दोष आदिवासियों के शोषण और सुरक्षा बलों के बढ़ते प्रभाव से निराशा व्यक्त की। ये नक्सली ‘निया नेल्लनार’ यानि आपका अच्छा गांव योजना से भी प्रभावित थे। इसके अंतर्गत सुरक्षा बल और प्रशासन बुनियादी सुविधाएं प्रदान करने तथा आंतरिक क्षेत्रों में विकास कार्य करने का प्रयास कर रहे हैं। ये सभी नक्सली प्रतिबंधित माओवादी संगठन की गंगालूर क्षेत्र में सक्रिय थे। समर्पण करने वाले छह काडरों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम था। इन नक्सलियों के समर्पण में जिला रिजर्व गार्ड, बस्तर फाइटर्स, विशेष कार्यबल, सीआरपीएफ और इसकी विशिष्ट इकाई कोबरा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
****
गुजरात में होली-धुलेटी का त्यौहार धूमधाम से मनाया जा रहा है।
हमारी संवाददाता ने बताया है कि सबसे प्रतिष्ठित डाकोर मंदिर में लोग भगवान के साथ होली मनाने के लिए पैदल चलकर पहुंच रहे हैं।
जय द्वारकाधीश, जय रणछोड़ और जय श्रीकृष्ण की गूंज के साथ द्वारका और डाकोर नगरी में होली का जश्न है। होली के इस अवसर पर आयोजित फुल डोल उत्सव और फागनी पुनम उत्सव में भाग लेने के लिए द्वारका, डाकोर, शामलाजी और राज्य के सभी प्रमुख इस्कॉन और हरे कृष्ण मंदिरों में बड़ी संख्या में भक्त उमड़ पड़े हैं। डाकोर के प्रसिद्ध राजा रणछोड़राय मंदिर में, दिन की शुरुआत ही मंगला आरती से हुई है और रंगोत्सव का प्रारम्भ हुआ है। द्वारका में, द्वारकाधीश मंदिर में पुजारी चांदी की पिचकारियों में केसुडा के जल और अबीर गुलाल भरकर भगवान के साथ होली मनाते हैं। दोपहर में भक्त भी अबीर गुलाल उड़ाते हुए रंगों के इस त्योहार में हर्षोल्लास के साथ शामिल होंगे। द्वारका से करण जोशी के साथ अपर्णा खूंट, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।
****
रंगों का त्यौहार होली आज पूरे देश में पारंपरिक उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। यह त्यौहार वसंत ऋतु के आगमन और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। यह एकता और सद्भावना को बढ़ावा देता है। कल होलिका दहन के साथ इस त्यौहार की शुरूआत हुई। आज धुलेंडी है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने होली पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति ने संदेश में कहा कि यह त्यौहार खुशियां और उत्साह लेकर आता है। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भी देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि होली बुराई पर अच्छाई की जीत और वसंत ऋतु के आगमन का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संदेश में कहा है कि हर्षोल्लास और आनन्द से भरा यह त्यौहार सभी के जीवन में नए उत्साह और ऊर्जा का संचार करता हैं।
****
आकाशवाणी से विशेष बातचीत में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के चर्म रोग विभाग के चिकित्सक कौशल वर्मा ने लोगों को होली पर कृत्रिम रंगों से बचने की सलाह दी है।
होली के समय गीले रंगों का इस्तेमाल न करें। सूखे रंगों का या गुलाल का इस्तेमाल करें। कभी-कभी होली के टाइम लोग जो हैं ये पेंट वार्निश, कीचड़ जैसी चीजों का इस्तेमाल करते हैं होली के खेलने के लिए, इसको बिल्कुल ही न करें, इससे त्वचा को नुकसान पहुंचता है।
****
होली पर आज दिल्ली मेट्रो की एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन सहित सभी सेवाएं दोपहर बाद ढाई बजे तक उपलब्ध नहीं होंगी। दिल्ली मेट्रो ने बताया कि मेट्रो सेवाएं आज दोपहर ढाई बजे से सभी लाइन पर सामान्य रूप से चलेंगी।
****
प्रवर्तन निदेशालय ने कर्नाटक के पुलिस महानिदेशक के. रामचंद्र राव की बेटी और कन्नड़ अभिनेत्री रान्या राव से संबंधित सोना तस्करी मामले की जांच शुरू कर दी है। निदेशालय ने बेंगलुरु सहित आठ ठिकानों पर तलाशी और छापेमारी की। रान्या राव के करीबी दोस्त और होटल मालिक के पोते तरुण राजू के बेंगलुरू आवास पर भी छापेमारी की गई। तरुण को गिरफ्तार कर राजस्व खुफिया निदेशालय पूछताछ कर रहा है।
****
गृह मंत्री अमित शाह तीन दिन के दौरे पर आज शाम असम पहुंचेंगे। इस दौरान श्री शाह, विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। कल सुबह, गृह मंत्री, पुलिस अकादमी का उद्घाटन करेंगे। वे असम राइफल्स प्रतिष्ठानों को ज़ोखावसांग में स्थानांतरित करने के लिए आइजोल में एक समारोह में भी भाग लेंगे।
रविवार को, गृह मंत्री, कोकराझार जिले के डोटमा में ऑल बोडो स्टूडेंट्स यूनियन के 57वें वार्षिक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके बाद श्री शाह, क्षेत्र के मुख्यमंत्रियों के साथ गुवाहाटी में पूर्वोत्तर राज्यों के लिए नए आपराधिक कानूनों के कार्यान्वयन की समीक्षा करेंगे।
****
द्रविड़ मुनेत्र कड़गम डीएमके प्रतिनिधिमंडल ने दक्षिण भारत में लोकसभा क्षेत्रों के परिसीमन के बारे में 22 मार्च को चेन्नई में प्रस्तावित बैठक में तेलंगाना से कांग्रेस और भारत राष्ट्र समिति को आमंत्रित किया है। तमिलनाडु के नगर प्रशासन मंत्री के.एन. नेहरू और राज्यसभा सदस्य एन.आर. एलंगो के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से मुलाकात की। श्री रेड्डी ने कहा कि प्रस्तावित परिसीमन नीति दक्षिणी राज्यों के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि यह दक्षिणी राज्यों को सीमित करने और महत्व कम करने का एक प्रयास है।
****
दिल्ली में विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रॉ-प्री 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत ने 45 स्वर्ण, 40 रजत और 49 कांस्य सहित कुल 134 पदकों के साथ पदक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। भारतीय एथलीट्स ने ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में असाधारण प्रदर्शन किया। पुरुष शॉटपुट में भारत ने सभी पदक जीते। उधर, भारत की त्रिषा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला डबल्स क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। क्वार्टर फाइनल में आज त्रिषा और गायत्री का सामना चीन की टैन निंग और लियू शेंगशू की जोड़ी से होगा। इससे पहले लक्ष्य सेन ने भी पुरुष सिगल्स के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। लक्ष्य ने प्री-क्वार्टर फाइनल में इंडोनेशिया के जोनाथन क्रिस्टी को हराया। क्वार्टर फाइनल में आज लक्ष्य का सामना चीन के ली शिफेंग से होगा। इधर, मुम्बई में कल रात महिला प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट के एलिमिनेटर मैच में मुम्बई इंडियंस ने गुजरात जायंट्स को 47 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। मुम्बई में कल फाइनल में मुम्बई इंडियंस का सामना डेल्ही कैपिटल्स से होगा। मैच शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा।
****
मौसम विभाग ने आज जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और अरुणाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर तेज बारिश का अनुमान लगाया है। पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में दिन भर तेज हवाओं और गरज के साथ बारिश हो सकती है।
****
धन्यवाद प्रियंका, अंतरिक्ष में उपग्रहों को अलग करने में भारत को मिली कामयाबी को हिंदुस्तान सहित अधिकांश अखबारों ने प्रमुखता दी है। दैनिक भास्कर के शब्द हैं इसरो का फिर कमाल, पहली ही कोशिश में स्पेडेक्स मिशन के तहत दो उपग्रहों को सफलतापूर्वक अनडॉक यानी अलग कर दिया। जनसत्ता ने लिखा हैं- अब अपना अंतरिक्ष स्टेशन बनाने समेत कई अभियानों का रास्ता साफ। राष्ट्रीय सहारा की सुर्खी है- क्रेडिट रेटिंग एजेंसी मॉर्गन स्टेन्ली ने भारत के विकास को लेकर की भविष्यवाणी। कहा- भारत 2028 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होगा। नवभारत टाइम्स ने लिखा है- तमिलनाडु सरकार ने रूपये का चिन्ह बदला, बजट दस्तावेज में तमिल भाषा में लिखा प्रतीक चिन्ह इस्तेमाल किया। भाजपा ने किया विरोध। हरिभूमी का कहना है- तमिलनाडु के ही व्यक्ति ने दिया वर्तमान रूपये का चिन्ह। दैनिक भास्कर ने सीबीएसई के हवाले से लिखा है- होली के कारण 15 मार्च को 12वीं की हिंदी की परीक्षा न दे पाने वाले विद्यार्थियों को एक और मौका मिलेगा। आज सभी अखबार होली के रंगों और खबरों से सराबोर हैं- दैनिक जागरण ने बताया है- होली की, वैश्विक पहचान होगी, दीपावली के बाद अब होली को भी यूनेस्को की सूची में जोडने का प्रस्ताव भेजेगा संस्कृति मंत्रालय।
****
मुख्य समाचार:-
• सरकार ने विश्व दृश्य-श्रव्य और मनोरंजन शिखर सम्मेलन-वेव्स 2025 से पहले क्रिएटर्स इकोनॉमी के लिए एक अरब डॉलर के कोष की घोषणा की।
• उत्तर प्रदेश सरकार सभी नगर निगमों को सौर शहरों में बदलेगी।
• देशभर में आज रंगों का त्यौहार होली धूम-धाम से मनाया जा रहा है
• छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में 17 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया।
• प्रर्वतन निदेशालय ने कन्नड़ अभिनेत्री रान्या राव से संबंधित सोना तस्करी मामले की जांच शुरू की।
• क्रिकेट में मुंबई इंडियंस ने महिला प्रीमियर लीग के एलिमिनेटर में गुजरात जायंट्स को 47 रनों से हराया; कल फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स से होगा मुकाबला।