मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुजरात के तीन दिन के दौरे पर जामनगर पहुंचे। श्री मोदी आज श्री सोमनाथ ट्रस्ट की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
- दिल्ली में 15 साल पुराने वाहनों को 31 मार्च के बाद पेट्रोल पम्पों पर ईंधन नहीं दिया जाएगा।
- वस्तु एवं सेवा कर संग्रह फरवरी में पिछले वर्ष इसी महीने की तुलना में 9 दशमलव एक प्रतिशत से बढ़कर एक लाख 84 हजार करोड़ रुपये हुआ।
- देशभर में रमजान का पवित्र महीना आज से शुरू।
- दुबई में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट में आज भारत का मुकाबला न्यूजीलैण्ड से।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुजरात के तीन दिन के दौरे पर कल शाम जामनगर पहुंचे। वे अगले दो दिनों के दौरान कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। हमारी संवाददाता ने बताया है कि श्री मोदी आज श्री सोमनाथ ट्रस्ट की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
प्रधानमंत्री आज जामनगर में वनतारा पशु बचाव केंद्र का दौरा करेंगे। इसके बाद वे सोमनाथ मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे। सोमनाथ मंदिर से प्रधानमंत्री सासनगीर पहुंचेंगे और वहां सोमनाथ ट्रस्ट की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। कल सुबह प्रधानमंत्री गिर राष्ट्रीय उद्यान में सफारी की सवारी करेंगे और सासन गिर में राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड की 7वीं बैठक की अध्यक्षता करेंगे। यह बोर्ड वन्यजीवों और वनों के संरक्षण और विकास को बढ़ावा देने के लिए काम करता है और प्रधानमंत्री इसके अध्यक्ष हैं। अपर्णा खूंट आकाशवाणी समाचार अहमदाबाद।
*******
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ आज एक दिन की यात्रा पर केरल जाएंगे। इस दौरान वे तिरूवनंतपुरम में भारतीय विचारकेन्द्रम द्वारा आयोजित चौथे पी परमेश्वरन स्मारक व्याख्यान माला में व्याख्यान देंगे।
उपराष्ट्रपति आज तेलंगाना में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान-हैदराबाद के विद्यार्थियों और शिक्षकों से बातचीत करेंगे। संगारेड्डी के जिलाधिकारी वी. क्रांति ने आईआईटी-हैदराबाद के अधिकारियों, पुलिस और कर्मचारियों के साथ उपराष्ट्रपति की यात्रा के लिए व्यवस्था की समीक्षा की। इस बीच, राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा और शमशाबाद क्षेत्र पर ड्रोन, पैरा-ग्लाइडर और माइक्रो-लाइट विमान सहित हवाई वाहनों की उड़ान पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
*******
भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने पार्टी विधायकों से राजनीतिक पदों के प्रलोभन से ऊपर उठकर निर्वाचन क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देने और नागरिकों के साथ बेहतर संबंध बनाए रखने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि पद क्षणिक होते हैं और लोगों का विश्वास स्थायी होता है। श्री नड्डा कल कटरा में दो दिवसीय ‘विधायक प्रशिक्षण शिविर’ के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विधायकों को सार्वजनिक शिकायतों का प्रभावी ढंग से समाधान करने और समावेशी विकास सुनिश्चित करने के लिए अच्छे श्रोता बनने और नियमित रूप से अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति समुदायों से मुलाकात करने की आवश्यकता पर बल दिया।
********
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण के स्तर को नियंत्रित करने के लिए, दिल्ली सरकार ने फैसला किया है कि 31 मार्च के बाद पेट्रोल पंपों पर 15 साल से ज़्यादा पुराने वाहनों को ईंधन नहीं मिलेगा। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने प्रदूषण के मुद्दे पर अधिकारियों के साथ बैठक के बाद प्रदूषणरोधी कई उपायों की घोषणा की।
जितने 15 साल पुराने व्हीकल्स हैं उन व्हीकल्स को 31 मार्च के बाद तेल देना बंद कर दिया जाये। हम ऐसे गजट लगा रहे हैं पेट्रोल पंप के ऊपर जो लगभग 80 प्रतिशत पेट्रोल पंप पर लग चुके हैं और 31 मार्च तक 100 पर्सेन्ट पेट्रोल पंप पर लग जायेंगे। उसके बाद हम 15 साल व्हीकल्स को आईडेंटिफ़ाई करेंगे, एक टीम बना रहे हैं जो उनको आईडेंटिफ़ाई करेगी और उनको लाकर दिल्ली में न इण्टर कर सके और दिल्ली से बाहर निकाले जा सके। इसके लिए हमारी टीम अलग से काम करेगी।
*******
देश के सकल वस्तु एवं सेवा कर, जीएसटी, संग्रहण इस वर्ष फरवरी में पिछले साल के इसी महीने की तुलना में 9 दशमलव एक प्रतिशत बढ़कर एक लाख 84 हजार करोड़ रुपये हो गया। फरवरी लगातार 12वां महीना है जब एक लाख 70 हजार करोड़ रुपये से अधिक जीएसटी का संग्रहण हुआ है। एक रिपोर्ट…
आंकड़ों के अनुसार, केंद्रीय वस्तु और सेवा कर से 35 हजार 204 करोड़ रुपये, राज्य जीएसटी से 43 हजार 704 करोड़ रुपये, एकीकृत जीएसटी से 90 हजार 870 करोड़ रुपये और मुआवजा उपकर से 13 हजार 868 करोड़ रुपये प्राप्त हुये हैं। फरवरी के दौरान 20 हजार 889 करोड़ रुपये का रिफंड जारी किया गया। रिफंड में छूट के बाद फरवरी में शुद्ध जीएसटी संग्रह 8 दशमलव एक प्रतिशत बढ़कर लगभग एक लाख 63 हजार करोड़ रुपये हो गया। समाचार कक्ष से मुकेश कुमार।
*******
उत्तराखंड में, चमोली जिले के माणा गांव में हिमस्खलन प्रभावित सीमा सडक संगठन के शिविर से 51 श्रमिकों को बाहर निकाल लिया गया है। आकाशवाणी से बातचीत में उत्तराखंड के आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने कहा कि बर्फ में फंसे बाकी मजदूरों का पता लगाने के लिए युद्धस्तर पर तलाशी अभियान जारी है।
विभिन्न राहत एजेन्सियों जिसमें सेना, आईटीबीपी, पीआरओ, आपदा प्रबन्धन विभाग, जिला प्रशासन पुलिस, एनडीआरएफ एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग और कई एजेन्सियों के सहयोग से हम लोगों ने रेस्क्यू अभियान चलाया। कुल 55 लोग इसमें फंसे हुए थे जिसमें से अब तक हम लोग 51 को निकाल चुके हैं। जिसमें से चार की डेथ भी हुई है और चार लोग अभी भी खोज रहे हैं हम लोग। 6 से 7 फिट बर्फ वहां है, इसके बावजूद वहां लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाल की भारी बर्फबारी के मद्देनजर पर्यटकों से अगले तीन दिन तक औली और हर्षिल न जाने का आग्रह किया है।
*******
पूरे देश में रमज़ान का पवित्र महीना आज से शुरू हो गया है। लोग कल रात बडी संख्या में मस्जिदों में पहुंचे और विशेष नमाज तरावीह अदा करते हैं। रमज़ान इस्लामिक कैलेंडर का नौंवा महीना है और महीने के अंत में ईद-उल-फ़ितर मनायी जाती है। वहीं, खाड़ी देशों में आज पवित्र माह रमज़ान का दूसरा रोजा है।
*******
बांग्लादेश में, रमज़ान का महीना आज से शुरू हो गया। इस महीने में दुनिया भर के मुसलमान नमाज, रोजा, दान और भक्ति पर ध्यान केंद्रित करते हैं। सभी सरकारी, अर्ध-सरकारी और निजी कार्यालयों में इस दौरान नए कार्यालय समय लागू हो गए हैं।
*******
इज़राइल रमजान के दौरान गजा में अस्थाई संषर्घ विराम के प्रस्ताव पर सहमत हो गया है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने आज सुबह एक बयान में कहा है कि वह अमरीकी दूत स्टीव विटकॉफ के युद्ध विराम विस्तार प्रस्ताव को लागू करने पर सहमत हो गया है। यह फैसला ऐसे समय में लिया गया जब पहले चरण के युद्ध विराम की सीमा समाप्त होने के करीब है। नेतन्याहू के कार्यालय ने कहा है कि अगर हमास सहमत हुआ तो इस्राइल विटकॉफ की योजना पर तुरंत बातचीत करेगा। बयान में यह भी कहा गया है कि गजा़ में आधे से अधिक बंधकों को अस्थाई संघर्ष विराम के पहले दिन रिहा किया जाएगा। बाकी बंधकों की रिहाई स्थाई युद्ध विराम पर सहमति बनने के बाद होगी।
*******
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने कल लंदन में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर से भेंट की। बैठक में ब्रिटेन ने यूक्रेन को दो अरब अस्सी करोड डॉलर का ऋण देने पर सहमति व्यक्त की। राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने कहा कि यह ऋण यूक्रेन की रक्षा क्षमताओं में वृद्धि करेगा।
यह बैठक अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के साथ टकराव के एक दिन बाद हुई है। चर्चा में प्रधानमंत्री स्टारमर ने यूक्रेन के लिए ब्रिटेन के अटूट समर्थन का वादा किया। उन्होंने यूक्रेन में स्थायी शांति प्राप्त करने की दिशा में काम करने के ब्रिटेन का संकल्प व्यक्त किया। राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने समर्थन के लिए ब्रिटेन का आभार व्यक्त किया।
राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की आज किंग चार्ल्स तृतीय और यूरोपीय सहयोगियों के समूह से मुलाकात करेंगे। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी और अन्य नेता भी यूक्रेन के राष्ट्रपति से बातचीत करेंगे।
*******
संयुक्त अरब अमीरात-यूएई के समाचार पत्रों ने प्रयागराज में संपन्न हुये महाकुंभ मेला की सराहना की है। गल्फ न्यूज, खलीज टाइम्स, गल्फ टुडे और द नेशनल जैसे समाचार पत्रों ने इस आयोजन की सांस्कृतिक समृद्धि, आध्यात्मिक महत्व और तकनीकी प्रगति पर विशेष ध्यान दिया और कहा कि इसी वजह यह सुचारू संपन्न हो पाया ।
*******
आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट में आज दुबई में भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा। मैच भारतीय समय के अनुसार दोपहर बाद ढाई बजे शुरू होगा। दोनों टीमें पहले ही सेमीफाइनल में जगह पक्की कर चुकी हैं। इस मैच की विजेता मंगलवार को सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया से खेलेगी। हारने वाली टीम का बुधवार को दक्षिण अफ्रीका से मुकाबला होगा।
इस बीच, कल रात कराची में दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड को सात विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इस जीत से दक्षिण अफ्रीका ग्रुप बी में शीर्ष पर पहुंच गया।
*******
वहीं, महिला प्रीमियर लीग टी-20 क्रिकेट में कल रात बेंगलुरु में डेल्ही कैपिटल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को नौ विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही डेल्ही ने प्लेऑफ में जगह पक्की कर ली है।
डेल्ही कैपिटल्स ने 148 रन का लक्ष्य केवल पंद्रह ओवर और तीन गेंद में हासिल कर लिया। शैफाली वर्मा ने 80 और जोनासेन ने 61 रन बनाए। शैफाली को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
*******
दुबई ओपन टेनिस चैंपियनशिप में भारत के युकी भांबरी और ऑस्ट्रेलिया के एलेक्सी पोपिरिन की जोडी ने पुरुष डबल्स खिताब जीत लिया है। इस जोडी ने कल रात फाइनल में फिनलैंड के हैरी हेलियोवारा और ब्रिटेन के हेनरी पैटन की जोड़ी को 3-6, 7-6, 10-8 से हराया।
वहीं, युकी के करियर का यह चौथा एटीपी डबल्स खिताब है। इससे पहले, युकी और एलेक्सी ने सेमीफाइनल में ब्रिटेन के जेमी मरे और ऑस्ट्रेलिया के जॉन पीयर्स की जोड़ी को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
*******
इंडियन सुपर लीग फुटबॉल में कल कोच्चि के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में जमशेदपुर एफसी और केरल ब्लास्टर्स एफसी के बीच मुकाबला 1-1 गोल की बराबरी पर समाप्त हुआ। ईस्ट बंगाल आज कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में बेंगलुरु एफसी के साथ खेलेगी। मैच शाम साढे सात बजे शुरू होगा।
*******
मौसम विभाग ने आज लक्षद्वीप में अलग-अलग स्थानों पर तेज बारिश की संभावना व्यक्त की है। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, अरूणाचल प्रदेश, केरल और माहे में कई स्थानों पर गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग के अनुसार कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों में पूरे दिन गर्म हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने कहा है कि कोंकण और गोवा में कल तक गर्म और आर्द्र स्थिति बनी रहेगी।
*******
यूक्रेन और अमरीका के राष्ट्रपति के बीच तीखी तकरार की खबर आज सभी अखबारों की सुर्खी बनी है। राजस्थान पत्रिका लिखता है- ट्रंप के साथ तीखी तकरार के बाद जेंलेस्की खनिज समझौते को तैयार, व्हाइट हाउस में फजीहत के बाद नरम पडे यूक्रेन के राष्ट्रपति।
वहीं अमर उजाला ने उत्तराखंड में ग्लेशियर टुटने से बर्फ में दबे श्रमिकों को सुरक्षित निकालने की खबर सचित्र प्रकाशित की है। दैनिक जागरण ने पहाडी इलाकों में मौसम खराब होने की खबर को सुर्खी बनाया है- अब सुरक्षित स्थानों पर भेजे जाएंगे सैलानी। चमौली, उत्तर काशी और टिहरी जिलों में तीन मार्च तक हिमस्खलन की संभावना।
प्रदूषण पर काबू पाने के लिए दिल्ली सरकार ने कई बडे फैसले लिए, 10 साल पुराने डीजल और 15 साल पुराने पैट्रोल वाहनों को 31 मार्च के बाद ईंधन मिलना बंद दैनिक भास्कर सहित कई अखबारों की सुर्खी है।
जनसत्ता ने खरीदारी शीर्षक से रमजान का महीना शुरू होने की खबर सचित्र प्रकाशित की है।
महिला सम्मान योजना की शुरूआत इसी माह संभव, महिला दिवस पर होगा ऐलान, हर माह ढाई हजार रुपये मिलेंगे। हिन्दुस्तान की खबर है।
*******
मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुजरात के तीन दिन के दौरे पर जामनगर पहुंचे। श्री मोदी आज श्री सोमनाथ ट्रस्ट की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
- दिल्ली में 15 साल पुराने वाहनों को 31 मार्च के बाद पेट्रोल पम्पों पर ईंधन नहीं दिया जाएगा।
- वस्तु एवं सेवा कर संग्रह फरवरी में पिछले वर्ष इसी महीने की तुलना में 9 दशमलव एक प्रतिशत से बढ़कर एक लाख 84 हजार करोड़ रुपये हुआ।
- देशभर में रमजान का पवित्र महीना आज से शुरू।
- दुबई में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट में आज भारत का मुकाबला न्यूजीलैण्ड से।
*******