मुख्य समाचार:-
- संसद का बजट सत्र राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण के साथ आज से शुरू होगा।
- केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा- भारत किफायती और सुरक्षित स्वदेशी एआई मॉडल शुरू करेगा।
- प्रयागराज महाकुंभ में हुई दुर्घटना की जांच के लिए उत्तर प्रदेश न्यायिक आयोग आज संगम घाट का दौरा करेगा।
- अमेरिकन एयरलाइन्स के विमान और सेना के एक हेलीकॉप्टर के हवा में टकराने से इनमें सवार सभी 67 लोगों की मौत।
- गजा में संघर्ष विराम समझौते के तहत इज़राइल ने 110 फ़िलिस्तीनी कैदियों को रिहा किया; वहीं हमास ने आठ और बंधकों को मुक्त किया।
- और, महिला अंडर-19 टी-ट्वेंटी क्रिकेट विश्व कप के सेमीफाइनल में आज भारत का मुकाबला कुआलालंपुर में इंग्लैंड से होगा।
**************
संसद का बजट सत्र आज से शुरू होगा। सबसे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी। राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन संसद के दोनों सदनों में आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेंगी। हमारे संवाददाता ने बताया है कि आर्थिक सर्वेक्षण की संसद में प्रस्तुति बजट सत्र के आधिकारिक शुरुआत का प्रतीक है।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण कल केंद्रीय बजट पेश करेंगी। लोकसभा और राज्यसभा में सोमवार को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा होगी। वित्त विधेयक 2025, वक्फ संशोधन विधेयक 2024, इमीग्रेशन एंड फॉरेनर्स बिल 2025, बैंकिंग कानून संशोधन विधेयक 2024 और रेलवे संशोधन विधेयक 2024 सहित 16 विधायकों को चर्चा और पारित करने के लिए सदन में लाया जाएगा। बजट सत्र का पहला भाग आज से 13 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा जबकि सत्र का दूसरा चरण 10 मार्च से 4 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। सुपर्णा सैकिया के साथ सकलेन अख्तर आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
**************
केन्द्र सरकार ने घोषणा की है कि भारत शीघ्र ही किफायती और स्वदेशी आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस-एआई मॉडल शुरू करेगा। नई दिल्ली में केन्द्रीय इलैक्ट्रॉनिक और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि विश्व में इस प्रकार के मॉडल के एक घंटे इस्तेमाल पर ढाई से तीन डॉलर का खर्च आता है, जबकि आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के भारतीय मॉडल के एक घंटे के उपयोग का खर्च 40 प्रतिशत सरकारी सब्सिडी के बाद 100 रुपये प्रति घंटे होगा। श्री वैष्णव ने कहा कि कृषि क्षेत्र और जलवायु परिवर्तन से संबंधित 18 नागरिक केंद्रित अनुप्रयोग इस एआई मॉडल का हिस्सा होंगे। श्री वैष्णव ने कहा कि यह सही समय पर उठाया जाने वाला एक कदम है जो आने वाले दिनों में देश को एआई समाधानों के अधिक विश्वसनीय बनाने में मदद करेगा। उन्होंने कहा कि देश का एआई मिशन भारतीय भाषाओं का उपयोग करके स्वदेशी एआई समाधान प्रस्तुत करेगा। श्री वैष्णव ने कहा कि वैज्ञानिक, शोधकर्ता और कोडर्स इससे जुडे कई मूलभूत मॉडल पर काम कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारतीय एआई मॉडल के 6 महीने के भीतर तैयार होने की उम्मीद है।
**************
दिल्ली विधानसभा के चुनाव के लिए प्रचार जोरों पर है। प्रमुख राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता रोड-शो और रैलियां कर रहे हैं। वरिष्ठ भाजपा नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली विधानसभा चुनाव अभियान के दौरान आज दोपहर द्वारका में एक रैली को संबोधित करेंगे। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में जनसभाएं करेंगे।
*************
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कल रोहिणी और वजीरपुर में जनसभाएं की। रोहिणी में एक जनसभा में श्री शाह ने वादा किया कि उनकी पार्टी सत्ता में आई तो महिलाओं को ढाई-ढाई हजार रूपये दिये जाएंगे। इस बीच, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने भी यमुना नदी में प्रदूषण सहित अन्य मुद्दों पर केजरीवाल की आलोचना की। आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी विधानसभा चुनावों में भाजपा के साथ मिलकर काम कर रही है।
**************
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अगले महीने की पांच तारीख को मतदान होगा। आकाशवाणी समाचार दिल्ली के 70 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों पर विशेष श्रृंखला प्रसारित कर रहा है। आज हम बात करेंगे पटपड़गंज निर्वाचन क्षेत्र की …
दिल्ली के प्रसिद्ध दर्शनीय स्थल अक्षरधाम मंदिर के पास मौजूद इस सीट पर मुकाबला काफी दिलचस्प होने वाला है। आम आदमी पार्टी ने विद्यार्थियों के बीच लोकप्रिय शिक्षक अवध ओझा को यहां से चुनाव का टिकट देने का फैसला किया है। आप का गढ़ माने जानी वाली इस सीट पर दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने पिछली तीन विधानसभा चुनावों में जीत हासिल किया था। परंतु कथित आबकारी घोटाले में जेल जा चुके श्री सिसोदिया इस बार जंगपुरा सीट से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। दूसरी ओर भाजपा ने एक बार फिर रविंद्र सिंह नेगी पर भरोसा जताया है। जिन्होंने पिछली बार पूर्व उप मुख्यमंत्री सिसोदिया को कड़ी टक्कर दी थी। वहीं, कांग्रेस ने पार्टी के पूर्व अध्यक्ष अनिल चौधरी पार दाव लगाया है। जो 2013 से पहले यहां से चार बार जीत चुके हैं। आकाशवाणी समाचार के लिए दिल्ली से आदर्श।
**************
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात में तीन नए आपराधिक कानूनों को लागू करने को लेकर कल नई दिल्ली में समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी मौजूद थे। गृहमंत्री ने कहा कि नए कानूनों में प्राथमिकी दर्ज करने के तीन साल के भीतर न्याय दिलाने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि गुजरात सरकार को इस वर्ष 30 अप्रैल तक सभी आयुक्त कार्यालयों और अन्य विभागों में नए आपराधिक कानून लागू करना सुनिश्चित करना चाहिए।
**************
अब खबरे महाकुंभ से –
महाकुंभ दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित न्यायिक आयोग आज संगम घाट प्रयागराज का दौरा करेगा। आयोग दुर्घटना के कारण और परिस्थितियों की जांच करेगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सिफारिशों के साथ एक महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट देगा। तीन सदस्यीय आयोग का नेतृत्व इलाहाबाद उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश हर्ष कुमार कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह और पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार ने कल महाकुंभ में संगम घाट का दौरा किया और उस क्षेत्र का निरीक्षण किया जहां 30 लोगों की जान चली गई थी।
**************
इस बीच, प्रयागराज महाकुंभ में महिला श्रद्धालु भारी संख्या में पहुंच रही हैं। उत्तर प्रदेश सरकार ने संगम घाटों पर महिलाओं के लिए विशेष व्यवस्था की है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि महिला श्रद्धालुओं को सुरक्षित और आरामदायक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए कई सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।
महाकुंभ में महिलाओं के लिए किए गए सुरक्षा के इंतजाम और घाटों पर किए गए विशेष व्यवस्था के कारण बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु महाकुंभ में आस्था के डुबकी लगा रही हैं। महिला पुलिसकर्मी मेले में आए बुजुर्ग महिला श्रद्धालुओं को त्रिवेणी संगम में स्नान करने में सहायता प्रदान कर रही है। मेला परिसर में 150000 से अधिक शौचालय बनाए गए हैं। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए कई महिला श्रद्धालुओं ने घाट पर किए गए प्रबंधओं जैसे चेंजिंग रूम और विशेष रूप से महिलाओं के लिए बनाए गए अलग शौचालयों के लिए सरकार की सराहना की।
मेरा नाम रिंकू कर्मकार है मैं वेस्ट बंगाल की हल्दिया से आ रही हूं, यहां का व्यवस्था मुझको बहुत अच्छा लगा है। स्नान करने का तो बहुत बढ़िया व्यवस्था यहं पर किया है और लेडीज की कपडे बदल की अच्छे से इंतेजाम कर दिया है सरकार ने।
मेरा नाम करक गोनानी है और मैं नागपुर से आई हूं यहां पर बहुत अच्छा लग रहा है सब कुछ सुविधा यहां पर और कुंभ में एक बार जरूर आना चाहिए और यहां पर अभी आप आईये। पुरुषों के साथ-साथ महिला पुजारी भी संगम घाट पर गंगा आरती करती हुए नजर आ रही हैं। इसके अलावा महिलाएं शिविर के प्रबंधन सामुदायिक रसोई के आयोजन और तीर्थ यात्रियों की सेवाओं को सुगम बनाने में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।
**************
प्रयागराज के जिला मजिस्ट्रेट रवींद्र कुमार मंदार ने उन मीडिया रिपोर्टों का खंडन किया है जिनमें कहा गया था कि मार्ग परिवर्तन के कारण वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
सोशल मीडिया पर एक न्यूज तेजी से वायरल हो रही है, चार तारीख तक के लिए प्रयागराज में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंध हो जायेगा। यह खबर पूरी तरह निराधार है, प्रयागराज कमिश्नरेट क्षेत्र में वाहनों का जो प्रवेश है वो डायवर्जन की स्कीम्स मात्र पीक डे मौनी अमावस्या को देखते हुए लगाई गई थी। 31 तारीख को एक तारीक को और चार तारीख को किसी प्रकार का वाहनों में कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा। मात्र दो और तीन तारीख को जो कि बसंत पंचमी का स्नान होगा तो डायवर्जन की स्कीम लागू होंगी।
**************
अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने पुष्टि की है कि वाशिंगटन डीसी में अमेरिकन एयरलाइंस के जेट विमान और हेलीकॉप्टर दुर्घटना में कोई भी जीवित नहीं बचा है। विमान में 64 यात्री और आर्मी ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर में तीन सैनिक सवार थे। कल रात विमानन आपदा पर एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए श्री ट्रम्प ने कहा कि प्रशासन दुर्घटना के कारणों का पता लगाएगा और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि ऐसी दुर्घटनाएं दोबारा ना हों।
**************
इज़राइल और हमास के बीच संघर्ष विराम समझौते के अगले चरण के तहत इज़राइल ने 110 फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा किया है। अचानक भीड़ बढ़ने के कारण बंधकों को रिहा करने की प्रक्रिया में देरी हुई। गज़ा और वेस्ट बैंक में बड़े पैमाने पर रिहाई का जश्न मनाया गया। इससे पहले, गज़ा ने 15 महीने से बंधक रहे 3 इज़राइली और 5 थाई नागरिकों को रिहा किया।
**************
आईसीसी अंडर-19 महिला टी20 क्रिेकेट विश्व कप के सेमीफाइनल मैच में आज भारत का सामना इंग्लैंड से होगा। कुआलालंपुर के बायुएमास ओवल मैदान में यह मैच भारतीय समय के अनुसार दोपहर 12 बजे शुरू होगा। निकी प्रसाद के नेतृत्व वाली भारतीय टीम शानदार प्रदर्शन कर रही है। दूसरी ओर, इंग्लैंड ने सुपर सिक्स चरण में अभी तक दो मैच जीते हैं और दो में उसे निराशा हाथ लगी है। इससे पहले आज दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच इसी स्थान पर एक और सेमीफाइनल खेला जा रहा है। यह मैच भारतीय समय के अनुसार सुबह 8 बजे से शुरू हो चुका है।
**************
धन्यवाद फरहत, आज अर्थव्यवस्था का हाल बताएगा आर्थिक सर्वेक्षण…कल आम बजट- अमर उजाला की सुर्खी है। दैनिक जागरण लिखता है – आज राष्ट्रपति के अभिभाषण से शुरू होगा बजट-सत्र, सरकार पेश करेगी आर्थिक सर्वेक्षण। अमरीका में सैन्य हेलिकॉप्टर से टकराया विमान, 67 की मौत – दैनिक जागरण सहित सभी अखबारों की सुर्खी है। नवभारत टाइम्स लिखता है- व्हाइट हाउस से तीन मील दूर प्लेन चॉपर क्रैस, 25 साल में सबसे बडा हादसा। महाकुंभ में भगदड के बाद, कायदे-कानून हुए सख्त, विशिष्ट लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध जनसत्ता की सुर्खी है। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री द्वारा महात्मा गांधी को श्रद्धांजली देने की खबर सभी समाचार पत्रों ने सचित्र प्रकाशित की है। दैनिक जागरण ने प्रधानमंत्री मोदी के शब्दों को प्रकाशित किया है- बापू के आदर्श विकसित भारत के निर्माण में प्रेरणादायक। हरिभूमि की सुर्खी है- अमरीका, रूस से लडाकू विमानों का आमना-सामना, अमरीका से आएंगे एफ-16, एफ-35 विमान। हरिभूमि की सुर्खी है – पत्र लिखता है- जल्द बैंग्लुरू में होगी जंगी विमानों की लैंडिंग। हिन्दुस्तान का शीर्षक है-जाबांजों ने उपग्रहों का कब्रिस्तान किया पार, प्वाइंट निमो के पास पहुंची लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना के और लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए पत्र लिखता है- भारतीय नौसेना नोकायन पोत तारणी पर सवार महिला कमांडरों ने जल क्षेत्र पाइंट निमो को पार करके नया मील का पत्थर स्थापित किया।
**************
मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- संसद का बजट सत्र राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण के साथ आज से शुरू होगा।
- केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा- भारत किफायती और सुरक्षित स्वदेशी एआई मॉडल शुरू करेगा।
- प्रयागराज महाकुंभ में हुई दुर्घटना की जांच के लिए उत्तर प्रदेश न्यायिक आयोग आज संगम घाट का दौरा करेगा।
- अमेरिकन एयरलाइन्स के विमान और सेना के एक हेलीकॉप्टर के हवा में टकराने से इनमें सवार सभी 67 लोगों की मौत।
- गजा में संघर्ष विराम समझौते के तहत इज़राइल ने 110 फ़िलिस्तीनी कैदियों को रिहा किया; वहीं हमास ने आठ और बंधकों को मुक्त किया।
- और, महिला अंडर-19 टी-ट्वेंटी क्रिकेट विश्व कप के सेमीफाइनल में आज भारत का मुकाबला कुआलालंपुर में इंग्लैंड से होगा।
**************