मुख्य समाचार :
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में निर्वाचित सरकार का सबसे अधिक समय तक नेतृत्व करने वाले शासनाध्यक्ष बनकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।
- जी-7 देशों ने पश्चिम एशिया के देशों में असैन्य और बुनियादी ढांचे पर हमलों के लिए ईरान की निंदा की, होर्मुज जलडमरूमध्य सहित महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।
- रूस से कच्चा तेल और अमरीका से एलपीजी लेकर समुद्री जहाज कर्नाटक के मेंगलुरु पहुंचे।
- बिहार स्थापना दिवस पर आज राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने शुभकामनाएं दीं।
- स्क्वैश में, इंडियन ओपन के पुरूष सिंगल्स फाइनल में आज वीर चोत्राणी का मुकाबला अभय सिंह से होगा, महिला सिगंल्स में अनाहत सिंह का सामना मिस्र की हाना मोअताज से।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश में किसी निर्वाचित सरकार का सबसे अधिक समय तक नेतृत्व करने वाले शासनाध्यक्ष बन गए हैं। श्री मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के तौर पर संयुक्त रूप से 8 हजार 931 दिन का कार्यकाल पूरा कर लिया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि श्री मोदी के नाम कई अन्य रिकार्ड भी हैं।
श्री मोदी के नाम सबसे अधिक समय तक गुजरात के मुख्यमंत्री पद पर रहने और प्रधानमंत्री बनने से पहले सबसे अधिक समय तक मुख्यमंत्री होने का रिकार्ड शामिल है। श्री मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री हैं जिनका जन्म स्वतंत्रता के बाद हुआ है और जिन्होंने लगातार तीन बार लोकसभा चुनाव जीते हैं। वे 2001 में पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे और 13 वर्ष तक मुख्यमंत्री रहने के बाद 2014 में देश के 14वें प्रधानमंत्री बने। श्री मोदी लगातार तीन बार प्रधानमंत्री बनने वाले पहले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री भी हैं। यूट्यूब चैनल पर प्रधानमंत्री मोदी के तीन करोड़ से अधिक फॉलोअर्स हैं और वे सबसे अधिक फॉलोअर वाली राजनीतिक हस्तियों में शामिल हैं। इस वर्ष फरवरी में सोशल मीडिया साइट इंस्टाग्राम पर श्री मोदी के फॉलोअर्स की संख्या 10 करोड़ से अधिक हो गई है जो दुनिया के किसी भी सेवारत राजनेता से कहीं अधिक है। समाचार कक्ष से निखिल कुमार।
**********
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सेवा, कड़ी मेहनत और अटूट वचनबद्धता के कारण देश में सबसे लम्बी अवधि तक कार्य करने वाली सरकार के प्रमुख रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्री मोदी का यह पूरा कार्यकाल राष्ट्र प्रथम की भावना, कार्रवाई में सत्यनिष्ठा और प्रत्येक नागरिक के लिए अथक सेवा के प्रति गहरे समर्पण का प्रतीक है।
**********
सात विकसित देशों के समूह जी-7 ने पश्चिम एशिया के कई देशों में असैन्य और अन्य महत्वपूर्ण ठिकानों पर ईरान के हमलों की कड़ी निंदा की है। हमारी संवाददाता ने बताया है कि कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, ब्रिटेन और अमरीका के विदेश मंत्रियों और यूरोपीय संघ के प्रतिनिधि ने संयुक्त बयान में, हिंसाग्रस्त देशों के प्रति एकजुटता व्यक्त की।
जी-7 देशों ने चेतावनी दी है कि ईरान की कार्रवाई, निशाना बनाए गए देशों को खतरे में डाल रही हैं और क्षेत्रीय तथा वैश्विक सुरक्षा के लिए खतरा है। जी-7 ने ईरान से सैन्य कार्रवाई और मिसाइल कार्यक्रम रोकने की अपील की है। समूह ने महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं, विशेषकर रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के महत्व पर भी बल दिया। जी7 देशों के विदेश मंत्रियों ने कहा कि वे ऊर्जा की वैश्विक आपूर्ति में सहायता के लिए आवश्यक उपाय करने को तैयार हैं। समूह ने कहा कि ईरान को परमाणु हथियार विकसित करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। समाचार कक्ष से मैं सरफिरोजी।
**********
उधर, ईरान ने कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य केवल ईरान के शत्रुओं के लिए बंद है। लंदन में अंतर्राष्ट्रीय समुद्री संगठन में ईरान के प्रतिनिधि अली मूसावी ने कहा कि खाड़ी और होर्मुज जलडमरूमध्य की वर्तमान स्थिति का मूल कारण क्षेत्रीय संघर्ष है। उन्होंने कहा कि ईरान समुद्री सुरक्षा प्रोटोकॉल को मजबूत करने और क्षेत्र के नाविकों की सुरक्षा के लिए अंतर्राष्ट्रीय समुद्री संगठन सहित विभिन्न देशों के साथ सहयोग को तैयार है।
**********
इस बीच, ईरान ने इस्राएल के दिमोना और अराद शहर को निशाना बनाकर बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं। इस्राएल का नेगेव परमाणु अनुसंधान केंद्र दिमोना में ही स्थित है। अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी का कहना है कि इस केंद्र को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। ईरान का कहना है कि उसने ये हमले नतान्ज़ परमाणु संवर्धन संयंत्र पर हुए हमले के जवाब में किया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस्राएल ने जवाबी कार्रवाई में तेहरान के मालेक अशतर विश्वविद्यालय स्थित अनुसंधान और विकास केंद्र को निशाना बनाया है।
यह संकट का दायरा इस्राएल-ईरान के संघर्ष तक सीमित नहीं रहा है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने 48 घंटे का अल्टीमेटम जारी करते हुए चेतावनी दी है कि यदि होर्मुज जलडमरूमध्य पूरी तरह से नहीं खोला गया, तो वे ईरान के बिजली संयंत्रों पर हमला करके उन्हें नष्ट कर देंगे, जबकि ईरान का कहना है कि अगर उसके ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर किसी भी तरह का हमला किया गया, तो क्षेत्र में अमरीका से जुड़े ऊर्जा, सूचना प्रौद्योगिकी बुनियादी ढांचों को निशाना बनाया जाएगा। उधर, सऊदी अरब में, रियाद पर तीन बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं। इसके बाद सऊदी अरब ने ईरान के सैन्य अटैची को अवांछित व्यक्ति घोषित कर उन्हें 24 घंटे के भीतर देश छोड़ने का आदेश दिया है। उधर, लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार वर्तमान संघर्ष में मरने वालों की संख्या एक हजार से अधिक हो गई है। दुबई से विनोद की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से अंजुम आलम।
**********
रूस से कच्चा तेल लेकर एक और समुद्री जहाज एक्वा टाइटन कर्नाटक के मेंगलुरु पहुंच गया है। अमरीका ने वैश्विक ईंधन कीमतों को स्थिर करने के लिए, समुद्र में फंसे रूसी कच्चे तेल की बिक्री की अनुमति दी थी। अमरीका से एलपीजी को लेकर एक और जहाज पाइक्सिस पायनियर मेंगलुरु बंदरगाह पर पहुंच गया है। इस सप्ताह, होर्मुज जलडमरूमध्य से भारतीय ध्वज वाला एलपीजी टैंकर ‘नंदा देवी’ गुजरात के वडीनार बंदरगाह पर और ‘शिवालिक’ टैंकर मुंद्रा बंदरगाह पहुंचा था।
**********
भारतीय उद्योग परिसंघ ने कहा है कि भारत, पश्चिम एशिया संघर्ष के आर्थिक प्रभाव को सीमित करने के लिए ज़रूरी कदम उठा रहा है। परिसंघ के अनुसार, सरकार और उद्योग जगत मिलकर आपूर्ति श्रृंखलाओं, ऊर्जा सुरक्षा और समग्र आर्थिक स्थिरता की रक्षा के लिए काम कर रहे हैं। महानिदेशक चंद्रजीत बनर्जी ने कहा कि भारत इस चुनौतीपूर्ण दौर में भी मजबूत स्थिति में है। श्री बनर्जी ने कहा कि सरकार के उपायों में, कच्चे तेल के स्रोतों में विविधता लाना, एलपीजी उत्पादन को अधिकतम करना, निर्यात को सहायता प्रदान करना और मुद्रा स्थिरता सुनिश्चित करना शामिल हैं।
**********
पाकिस्तान में कल आतंकवादी समूह लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर बिलाल आरिफ सराफी की उसके परिवार वालों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा के मुख्यालय के नजदीक हुई। हत्या का स्पष्ट कारण अभी तक पता नहीं चल सका है। बिलाल लश्कर-ए-तैयबा के मुरीदके केंद्र में भर्ती का काम करता था।
*********
सूडान में शुक्रवार को अल-दाईन टीचिंग अस्पताल पर हुए हमले में 13 बच्चों समेत 64 से अधिक लोगों की मौत हो गई। विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक ने बताया कि मृतकों में कई मरीज, दो नर्सें और एक डॉक्टर भी शामिल हैं। सूडान में अप्रैल 2023 में सेना और प्रतिद्वंद्वी रैपिड सपोर्ट फोर्सेज के बीच शुरू हुआ सत्ता-संघर्ष पूरे देश में फैल गया है। आरएसएफ ने हमले के लिए सेना को जिम्मेदार ठहराया है। सेना ने इस आरोप से इनकार किया है।
**********
बिहार आज 114वां स्थापना दिवस मना रहा है। इस अवसर पर पटना के गांधी मैदान में तीन दिन का राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जा रहा है। ब्योरा हमारी संवाददाता से –
वर्ष 1912 में आज ही के दिन बंगाल से अलग होकर बिहार को राज्य का दर्जा मिला था। इस वर्ष बिहार उन्नत बिहार उज्ज्वल बिहार की थीम पर अपना स्थापना दिवस मना रहा है। इस अवसर पर पटना के गांधी मैदान में तीन दिवसीय मुख्य समारोह का आयोजन किया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज शाम समारोह का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सेवानिवृत सैयद अता हसनैन चौबीस मार्च को समापन समारोह को संबोधित करेंगे। बिहार दिवस समारोह को लेकर गांधी मैदान में कई भव्य पैवेलियन बनाये गये हैं, जहां बिहार की सभ्यता-संस्कृति, परंपरा, कला, परिधान, खान-पान और विकास की गाथा को दर्शाया गया है। समारोह में देश के कई जाने-माने कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। आकाशवाणी समाचार के लिए पटना से सविता पारीक।
**********
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उप-राष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्थापना दिवस के अवसर पर देश-विदेश में रह रहे बिहारवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि बिहार, विश्व का प्रथम गणतंत्र, गौरवशाली साम्राज्यों की स्थली तथा समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं की जन्मभूमि रहा है। उप-राष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने कहा कि बिहार, ज्ञान और संस्कृति की गौरवशाली धरोहर है और इसने देश की विरासत और प्रगति में बहुमूल्य योगदान दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत की विरासत में भव्यता और दिव्यता का समावेश करने वाला बिहार निरंतर प्रगति के नए अध्याय लिख रहा है।
**********
केरलम में, सभी 140 विधानसभा निर्वाचन-क्षेत्रों के चुनाव के लिए पर्चे दाखिल करने की कल अंतिम तिथि है। नामांकन-पत्रों की जांच 24 मार्च को होगी। मतदान 9 अप्रैल को होगा और मतगणना 4 मई को होगी। इस बीच, राज्य में चुनाव प्रचार तेज हो गया है। लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट की ओर से मुख्यमंत्री पिनारई विजयन कल से राज्यव्यापी दौरे पर निकलेंगे। सी.पी.आई.एम. नेता एम.ए. बेबी, एम.वी. गोविंदन, ए. विजयराघवन, प्रकाश करात और वृंदा करात की भी जनसभाएं होंगी। यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट की ओर से कांग्रेस नेता राहुल गांधी 25 मार्च को कोझिकोड में रैली करेंगे। एनडीए की ओर से केंद्रीय मंत्री और अन्य वरिष्ठ नेता चुनाव प्रचार में उतरेंगे।
**********
इससे पहले, भारतीय जनता पार्टी ने असम, केरलम् और पुद्दुचेरी विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूचियां जारी की हैं। पार्टी ने केरलम के लिए 11 उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी की है। पुद्दुचेरी में भाजपा ने आवंटित 10 सीटों में से 9 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं। पुद्दुचेरी चुनाव के लिए अब तक कुल 135 नामांकन दाखिल किए गए हैं।
**********
निर्वाचन आयोग ने मतदान वाले राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतदान-केंद्रों पर न्यूनतम आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इनमें सहायता बूथ, पीने का पानी, छायादार प्रतीक्षा क्षेत्र, शौचालय, दिव्यांगों के लिए सुविधाएं, मानक मतदान-कक्ष शामिल हैं। आयोग ने जागरूकता बढ़ाने के लिए मतदान-केंद्रों पर पोस्टर लगाने का निर्देश भी दिया है।
**********
केरल विधानसभा चुनाव के सिलसिले में, डीडी न्यूज़ और दूरदर्शन का एकदिवसीय साझा सम्मेलन इस समय तिरुवनंतपुरम में चल रहा है। कार्यक्रम में, प्रमुख नेता और सार्वजनिक हस्तियां शामिल हैं। प्रारंभिक सत्रों में सांसद शशि थरूर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर और पूर्व केंद्रीय मंत्री वी. मुरलीधरन शामिल हुए। दोपहर के सत्रों में सांसद ए. ए. रहीम और कांग्रेस नेता के. मुरलीधरन शामिल हैं।
**********
कोयला और खान मंत्री जी. किशन रेड्डी कल 7वें चरण की खनिज ब्लॉक नीलामी की शुरुआत करेंगे। इनमें कई राज्यों के 19 ब्लॉक शामिल हैं। इन ब्लॉक में स्वच्छ ऊर्जा, उन्नत प्रौद्योगिकी, उर्वरक और रणनीतिक उद्योगों जैसे क्षेत्रों के लिए आवश्यक खनिजों के भंडार हैं। खान मंत्रालय ने बताया कि यह नीलामी ऑनलाइन होगी।
**********
आंध्रप्रदेश सरकार ने शहरी स्थानीय निकायों में पांच कंप्रेस्ड बायोगैस संयंत्र स्थापित करने के लिए लगभग साठ करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इनका उद्देश्य कचरा प्रबंधन में सुधार करना और स्वच्छ ऊर्जा उत्पन्न करना है। ये संयंत्र राजा महेंद्रवरम, नेल्लूर, गुंटूर और ओंगोल में स्थापित किए जाएंगे, जबकि विजयवाड़ा में मौजूदा संयंत्र का जीर्णोद्धार किया जाएगा। प्रत्येक संयंत्र की प्रसंस्करण क्षमता 25 टन प्रतिदिन टीपीडी होगी।
**********
भारतीय नौसेना का जहाज त्रिकंद इस महीने की 20 तारीख को अफ्रीकी देश सेशेल्स के बंदरगाह विक्टोरिया से रवाना हो गया है। यह जहाज लामितिये अभ्यास में भाग लेने के बाद स्वदेश लौट रहा है। इस अभ्यास में भारत की ओर से थलसेना और वायुसेना ने तथा सेशेल्स के रक्षा बलों ने भागीदारी की। इससे भारत और सेशेल्स के बीच समुद्री सहयोग को मजबूती मिलेगी। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यह अभ्यास हिंद महासागर क्षेत्र में त्वरित कार्रवाई की भारतीय नौसेना की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
********
इंडियन ओपन स्क्वैश के फाइनल में, आज मुंबई में अभय सिंह का मुकाबला भारत के ही वीर चोत्राणी से होगा। वीर चोत्राणी ने मलेशिया के संजय जीवा को हराकर फाइनल में प्रवेश किया है। अभय सिंह ने मलेशिया के अमिशेनराज चंद्रन को हराकर ख़िताबी मुकाबले में जगह बनाई है। महिला सिंगल्स फाइनल में, आज शीर्ष वरीयता प्राप्त और मौजूदा चैंपियन अनाहत सिंह का मुकाबला दूसरी वरीयता प्राप्त मिस्र की हाना मोअताज़ से होगा।
*********
49वीं योनेक्स सनराइज अंडर-19 जूनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप सिक्किम में आयोजित होगी। यह चैम्पियनशिप इस वर्ष 14 से 21 नवंबर तक होगी। इसमें व्यक्तिगत और टीम स्तरीय स्पर्धाएं होंगी। सिक्किम बैडमिंटन एसोसिएशन ने राज्य को पहली बार इस प्रतिष्ठित आयोजन की मेजबानी दिए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की है।
***********
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में निर्वाचित सरकार का सबसे अधिक समय तक नेतृत्व करने वाले शासनाध्यक्ष बनकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।
- जी-7 देशों ने पश्चिम एशिया के देशों में असैन्य और बुनियादी ढांचे पर हमलों के लिए ईरान की निंदा की; होर्मुज जलडमरूमध्य सहित महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।
- रूस से कच्चा तेल और अमरीका से एलपीजी लेकर समुद्री जहाज कर्नाटक के मेंगलुरु पहुंचे।
- बिहार स्थापना दिवस पर आज राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने शुभकामनाएं दीं।
- स्क्वैश में, इंडियन ओपन के पुरूष सिंगल्स फाइनल में आज वीर चोत्राणी का मुकाबला अभय सिंह से होगा, महिला सिगंल्स में अनाहत सिंह का सामना मिस्र की हाना मोअताज से।
*****