मुख्य समाचार:
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देहरादून में उत्तराखंड के स्थापना दिवस पर रजत जयंती समारोह में भाग लिया; आठ हज़ार करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया।
- बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए प्रचार आज शाम समाप्त होगा।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज लुआंदा में अंगोला के राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी।
- राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने कहा – संगठन समाज में विभाजन समाप्त करने के लिए आउटरीच कार्यक्रम शुरू करके सामाजिक सद्भाव के लिए काम करेगा।
- गुजरात में आतंक रोधी दस्ते ने आईएसआईएस से जुड़े तीन संदिग्ध आतंकवादियों को गांधीनगर से गिरफ्तार किया।
- भारतीय वायु सेना ने अपनी 93वीं वर्षगांठ के अवसर पर आज गुवाहाटी में ब्रह्मपुत्र नदी के ऊपर भव्य हवाई प्रदर्शन किया।
——
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज उत्तराखंड में आठ हजार करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। यह परियोजनाएं पेयजल, सिंचाई, ऊर्जा, शहरी विकास और तकनीकी शिक्षा से जुड़ी हैं। वे आज उत्तराखंड स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर वन अनुसंधान संस्थान में आयोजित समारोह में शामिल हुए।
——
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत श्री मोदी ने 28 हजार से अधिक किसानों के बैंक खातों में 62 करोड से अधिक रूपये की वित्तीय सहायता राशि भी अंतरित की। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने एक स्मारक डाक टिकट भी जारी किया। समारोह को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने राज्य की अप्रयुक्त क्षमताओं का विस्तार करने पर ध्यान केन्द्रित करने की आवश्यकता का उल्लेख किया।
——
प्रधानमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार उत्तराखंड के विकास के लिए लगातार प्रयासरत है।
उत्तराखंड की देव तुल्य जनता ने वर्षों तक जो सपना देखा था वो अटल जी की सरकार में 25 साल पहले पूरा हुआ था। मुझे इस बात की भी खुशी है की डबल इंजन की भाजपा सरकार उत्तराखंड के सामर्थ्य को नई ऊंचाई देने में जुटी है।
श्री मोदी ने कहा कि उत्तराखंड में बेहतर सड़क संपर्क सुविधा उपलब्ध कराने के लिए तेजी से कार्य किए जा रहे हैं।
बेहतर कनेक्टिविटी का उत्तराखंड के विकास से गहरा नाता है, इसलिए आज राज्य में 2 लाख करोड रुपए से अधिक की परियोजनाओं पर काम चल रहा है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना प्रगति पर है दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे अब लगभग तैयार है। गौरीकुंड केदारनाथ और गोविंदा-हेमकुंड साहब रोपवे का शिलान्यास हो चुका है। यह परियोजनाएं उत्तराखंड में विकास को नई गति दे रही हैं।
——
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने उत्तराखंड स्थापना की रजत जयंती पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
——
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का प्रचार आज शाम 6 बजे समाप्त हो जाएगा। सभी दलों के स्टार प्रचारकों और वरिष्ठ नेताओं ने मतदाताओं को लुभाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन और महागठबंधन के नेता विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में रैलियां और रोड शो कर रहे हैं।
जनता दल यूनाइटेड के अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तैमूर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में बिजली की बदहाल स्थिति में सुधार किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एनडीए की फिर से सरकार बनती है तो विकास कार्यों को और तेज किया जाएगा। भाजपा के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अररिया के सिगड़ीह में एक जनसभा में कहा कि बिहार में विकास की सारी सुविधाएं हैं यह एनडीए के विकास कार्यों के कारण ही संभव हो सका है। इधर, महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने तैमूर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने 17 महीने में अपने छोटे से कार्यकाल के दौरान 5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी। वहीं, जनसुरज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने पूर्वी चंपारण जिले के कल्याणपुर में एक रोड शो किया। धर्मेंद्र कुमार राय, आकाशवाणी समाचार, पटना।
भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचारकों में केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता अमित शाह, राजनाथ सिंह, शिवराज सिंह चौहान तथा अन्य नेता चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे।
——
भारतीय जनता पार्टी ने सभी प्रमुख नगरीय और पंचायत निकायों में भारी बहुमत हासिल करते हुए केंद्रशासित प्रदेश दमन, दीव और दादरा तथा नगर हवेली में स्थानीय निकाय चुनावों में भारी जीत हासिल की है। यह जीत भाजपा के लिए इस क्षेत्र में लगभग पूर्ण वर्चस्व को स्थापित करती है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रकाश पासवान ने कहा कि यह परिणाम पार्टी के शासन मॉडल में जनता के बढते विश्वास का परिचायक है।
——
पुद्दुचेरी में सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के बूथ स्तरीय प्रतिनिधियों के साथ कल एक बैठक आयोजित की गई। इनको मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
——
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पहली दिसंबर से 19 दिसम्बर तक संसद का शीतकालीन सत्र बुलाने के सरकार के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा कि सरकार एक रचनात्मक और सार्थक सत्र के लिए आशान्वित है, जिससे लोकतंत्र का सशक्तिकरण और देशवासियों की आकांक्षाएं पूरी हों।
——
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अफ्रीका के दो देशों की राजकीय यात्रा के पहले चरण में अंगोला पहुंच गई हैं। राष्ट्रपति मुर्मु आज राष्ट्रपति जोआओ मैनुअल गोंजाल्विस लौरेंसो के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इसके बाद दोनों देश आपसी हितों के मुद्दों से जुडे समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर कर सकते हैं।
साल की शुरुआत में जब अंगोला के राष्ट्रपति की मुलाकात प्रधानमंत्री मोदी से हुई, तब भारत ने अंगोला की रक्षा आधुनिकीकरण के लिए 200 मिलियन डॉलर की लाइन ऑफ क्रेडिट यानी ऋण सहायता को मंजूरी दी थी। दोनों देश अभी इस समझौते को अंतिम रूप देने पर चर्चा कर रहे हैं। इसके तहत अंगोला भारत से कुछ रक्षा उपकरण भी खरीद सकता है। अंगोला पहले से ही अफ्रीका से भारत को ऊर्जा देने वाला दूसरा सबसे बड़ा देश है। वहां, नए तेल क्षेत्र की खोज से भारत को रिफाइनरी और तेल की खोज में अंगोला की मदद करने के अवसर मिल सकते हैं। भारत, अंगोला को कृषि तकनीक और उपकरणों के जरिए खाद्य सुरक्षा हासिल करने में भी मदद कर सकता है। इस दौरान दोनों देशों के बीच जिन अन्य क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा हो सकती है, उनमें स्वास्थ्य सेवा, अंतरिक्ष, तकनीक, डिजिटल, पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे विषय शामिल है। मनीष शिवा, आकाशवाणी समाचार, अंगोला।
राष्ट्रपति 11 से 13 नवंबर तक यात्रा के दूसरे चरण में, बोत्सवाना जाएंगी।
——
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सर संघचालक मोहन भागवत ने कहा है कि वे समाज में विभाजन को समाप्त करने के लिए संवाद की पहल करेंगे। वे कल बेंगलुरु में संघ की 100 वर्ष की यात्रा–नए क्षितिज विषय पर व्याख्यान श्रृंखला के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वे समाज में विभाजन को पाटकर सामाजिक समरसता के लिए काम करेंगे।
श्री भागवत ने कहा कि संगठन सद्भावना कार्य के तहत ब्लॉक स्तर पर जातिगत नेताओं और धार्मिक संप्रदायों के प्रमुखों से संपर्क करेगा।
हमें इन सभी मतभेदों को मिटाना होगा और हमारी परंपरा है कि हम विविधताओं को छेड़े बिना एकता का निर्माण करते हैं। इसके अलावा हम विविधताओं को एकता का श्रृंगार मानते हैं क्योंकि वे एकता की अभिव्यक्ति हैं। एकता, अलग-अलग कालखंडों और परिस्थितियों में अनेक व्यक्तियों के माध्यम से अभिव्यक्त होती है। इसी प्रकार हमें अपने समाज को संगठित करना होगा।
——
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा लिखा एक लेख साझा किया है। जिसमें पूर्वोत्तर भारत को अष्टलक्ष्मी बताया गया है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि यह लेख बताता है कि कैसे पूर्वोत्तर क्षेत्र दक्षिण-पूर्व एशिया के लिए भारत का स्वाभाविक प्रवेश द्वार बन रहा है।
——
केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान कल ओडिशा के दौरे पर रहेंगे। वे राज्य में किसानों की आय बढ़ाने, पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करने और प्राकृतिक कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने से संबंधित कार्यक्रमों में भाग लेंगे। कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय ने एक बयान में यह जानकारी दी।
——
इस वर्ष 22 सितंबर को जीएसटी बचत उत्सव की शुरुआत हुई है। इसी कड़ी में आज हम बताएंगे कि कैसे अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधार सिक्किम की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा दे रहे हैं।
नई जीएसटी सुधार सिक्किम के विकास और महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए आशा की किरण साबित हुए हैं। पर्यटन उद्योग इस राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए आवश्यक है और लगभग 7 लाख 80 हजार नौकरियां इस पर निर्भर है। 7 हजार 500 रूपए प्रति रात्रि तक के होटल आवास पर अब केवल 5 प्रतिशत जीएसटी लगता है जिससे ज्यादा से ज्यादा लोगों के रहने और लंबे समय तक ठहरने को बढ़ावा मिल रहा है। सौंदर्य और स्वास्थ्य सेवाओं पर अब केवल 5 प्रतिशत कर लग रहा है जो पहले 18 प्रतिशत होता था इससे स्वास्थ्य पर्यटन और हर्बल थेरेपी उद्योग को बढ़ावा मिल रहा है। इसी तरह सिक्किम की टेमी चाय पर अब केवल 5 प्रतिशत कर लग रहा है जिससे छोटे चाय उत्पादकों को मदद मिल रही है और उपभोक्ताओं के लिए प्रीमियम चाय अधिक किफायती हो गई है। स्थानीय स्तर पर संस्कृत खाद्य पदार्थ जैसे फल, सब्जियां, जूस, अचार अब केवल 5 प्रतिशत जीएसटी स्लैब के अंतर्गत आते हैं जिससे इनकी कीमत पर 6 से 13% तक की कमी आई है। दवाओं पर कर कटौती से राज्य के ऊपर से दवा उद्योग को भी मजबूती मिली है। सिक्किम के प्रमुख आर्थिक क्षेत्र पर टैक्स का दबाव कम करके नई जीएसटी सुधार राज्य की अर्थव्यवस्था के समग्र विकास के लिए कार्य कर रहे हैं और अधिक किफायती उत्पाद मजबूत निर्यात तथा बेहतर रोजगार के अवसर प्रदान कर रहे हैं। दिल्ली से आकाशवाणी समाचार के लिए आदर्श।
——
गुजरात आंतकरोधी दस्ते ने गांधीनगर के अडालज से तीन संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि ये तीनों आतंकवादी आई.एस.आई.एस. से जुड़े थे। इन आतंकियों के पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं और ये आतंकी देश के अलग-अलग इलाकों में हमले की साजिश रच रहे थे।
——
स्वापक नियंत्रण ब्यूरो-एनसीबी ने इस वर्ष अब तक 219 मादक पदार्थ तस्करों को सजा दिलाई है। ब्यूरो मादक पदार्थ के खतरों से समाज की रक्षा करने के लिए देश में मादक पदार्थ तस्करों की सजा सुनिश्चित करने के लिए निरन्तर प्रयासरत है।
——
भारतीय वायुसेना की 93वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आज पूर्वी वायु कमान ने गुवाहाटी में पहली पूर्ण-स्तरीय हवाई प्रदर्शनी का आयोजन किया। हमारे संवाददाता ने बताया है कि वायुसेना ने ब्रह्मपुत्र नदी के ऊपर लासित घाट पर 25 से ज्यादा संरचनाओं में 75 से अधिक विमानों और हेलीकॉप्टरों से प्रदर्शन किया।
भारतीय वायु सेना ने पूर्वोत्तर क्षेत्रों में पहली बार गुवाहाटी में ब्रह्मपुत्र नदी के तट पर आयोजित हुए एयर शो ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। राफेल, सुखोई, अपाचे, मिग, आईएल-78 रिफ्यूलर, मिराज, जगुआर, सी-17 ग्लोबमास्टर, एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर-एमके1, सी-130 हरक्यूलिस, एंटोनोव 32 और सूर्य किरण सहित उड़ान मशीनों ने क्षेत्रों के सात हवाई अड्डों – गुवाहाटी, तेजपुर, जोरहाट, चबुआ, हासीमारा, बागडोगरा और पानागढ़ – से उड़ान भरी। एयरशो में असम के लोकप्रिय गायक जुबिन गर्ग को श्रद्धांजलि भी दी गई। अमीनुल हक जवाद्दर, आकाशवाणी समाचार, गुवाहाटी।
——
बलूच राष्ट्रीय आंदोलन -बीएनएम ने बलूच शहीद दिवस के उपलक्ष्य में बर्लिन में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया। जिसमें राजनीतिक नेताओं, कार्यकर्ताओं और प्रवासी प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस अवसर पर बलूचिस्तान में पाकिस्तान के दशकों पुराने दमन की निंदा की गई और एक स्वतंत्र बलूचिस्तान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
बीएनएम के अध्यक्ष डॉ. नसीम बलूच ने पाकिस्तान के 1948 के कब्जे और वर्तमान सैन्य नियंत्रण की कड़ी निंदा करते हुए इस संघर्ष को आस्था की लड़ाई बताया।
कार्यक्रम का समापन करते हुए, सफिया बलूच ने शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका बलिदान आने वाली पीढियों को प्रेरित करता रहेगा।
——
विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने आज कंबोडिया के 72वें स्वाधीनता दिवस के अवसर पर वहां की सरकार और लोगों को बधाई दी है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारत कंबोडिया के साथ साझा सभ्यतागत संपर्कों पर आधारित व्यापक सहयोग को महत्व देता है।
——
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार से भूटान की दो दिन की यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान, वे भारत और भूटान द्वारा संयुक्त रूप से विकसित जलविद्युत परियोजना का लोकार्पण करेंगे।
——
मुख्य समाचार एक बार फिर:
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देहरादून में उत्तराखंड के स्थापना दिवस पर रजत जयंती समारोह में भाग लिया; आठ हज़ार करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया।
- बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए प्रचार आज शाम समाप्त होगा।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज लुआंदा में अंगोला के राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी।
- राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने कहा – संगठन समाज में विभाजन समाप्त करने के लिए आउटरीच कार्यक्रम शुरू करके सामाजिक सद्भाव के लिए कार्य करेगा।
- गुजरात में आतंक रोधी दस्ते ने आईएसआईएस से जुड़े तीन संदिग्ध आतंकवादियों को गांधीनगर से गिरफ्तार किया।
- भारतीय वायु सेना ने अपनी 93वीं वर्षगांठ के अवसर पर आज गुवाहाटी में ब्रह्मपुत्र नदी के ऊपर भव्य हवाई प्रदर्शन किया।
*****