July 14, 2025 3:53 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार :

 

  • विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने बीजिंग में चीन के उपराष्ट्रपति के साथ वार्ता की, पारस्परिक रूप से लाभकारी परिणामों के लिए चीन के साथ संबंधों को सामान्य बनाए रखने का आह्वान।
  • एक्सिओम-4 मिशन पर गए ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला और तीन अन्य क्रू सदस्यों की वापसी आज शाम साढे चार बजे से शुरू होगी।
  • अमरीका, रूस के खिलाफ लड़ाई में यूक्रेन की मदद के लिए पैट्रियट वायु रक्षा हथियार भेजेगा।
  • मौसम विभाग ने आज राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की।
  • लॉर्ड्स में आज तीसरे क्रिकेट टेस्ट मैच के आखिरी दिन भारत को इंग्लैंड के खिलाफ जीत के लिए 135 रनों की जरूरत।

 

********

 

विदेश मंत्री डॉक्‍टर सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने जटिल अंतर्राष्‍ट्रीय स्थिति के बीच भारत तथा चीन के  विचारों और दृष्टिकोण के खुले आदान-प्रदान के महत्‍व पर बल दिया है। डॉक्‍टर जयशंकर ने आज पेईचिंग में चीन के उपराष्‍ट्रपति हान झेंग के साथ बैठक की। उन्‍होंने कहा कि दोनों देशों के बीच के संबंधों में लगातार सुधार होने से परस्‍पर लाभकारी परिणाम मिलेंगे। विदेश मंत्री ने कहा कि भारत तथा चीन के बीच के द्विपक्षीय संबंध पिछले वर्ष अक्‍टूबर में कज़ान में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और राष्‍ट्रपति षी चिनफिंग के बीच हुई बैठक के बाद लगातार सुधर रहे हैं। उन्‍होंने विश्‍वास व्‍यक्‍त किया कि इस यात्रा के दौरान उनकी चर्चा में वही सकारात्‍मकता बनी रहेगी।

 

डॉक्‍टर जयशंकर ने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा की बहाली की भी भारत में व्‍यापक सराहना हो रही है। उन्‍होंने कहा कि शंघाई सहयोग संगठन-एससीओ में चीन की सफल अध्‍यक्षता का भारत समर्थन करता है। इस बीच, डॉक्‍टर जयशंकर ने पेईचिंग में एस सी ओ के महासचिव नूरलान येरमेकबायेव के साथ मुलाकात की।

 

********

 

एक्सियोम-4 मिशन पर गए भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्‍टन शुभांशु शुक्‍ला और तीन अन्‍य की वापसी आज शुरू होगी। विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि वापसी यात्रा भारतीय समय के अनुसार आज शाम साढे चार बजे से होगी। उन्होंने कहा कि मिशन के सदस्‍य कल दोपहर बाद लगभग 3 बजे धरती पर पहुंच जाएंगे। एक रिपोर्ट-

 

शुभांशु शुक्‍ला और तीन अन्‍य अंतरिक्ष यात्रियों को वापस लौटने के बाद उन्‍हें फ्लाइट सर्जनों के निरीक्षण में सात दिन रखा जाएगा ताकि वे वापस धरती के गुरुत्‍वाकर्षण में समायोजित हो सकें। ग्रुप कैप्‍टन शुभांशु शुक्‍ला 14 दिन के मिशन पर अंतरराष्‍ट्रीय अंतरिक्ष केन्‍द्र में हैं। अंतरराष्‍ट्रीय अंतरिक्ष केन्‍द्र पहुंचने वाले वे पहले भारतीय और अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय हैं। इससे पहले विंग कमांडर राकेश शर्मा 1984 में अंतरिक्ष में गए थे। शुभांशु शुक्‍ला ने अंतरिक्ष केन्‍द्र में भारतीय वैज्ञानिकों द्वारा विकसित सात प्रयोग किए। अपने विदाई भाषण में शुभांशु शुक्‍ला ने अपनी अंतरिक्ष यात्रा को अविश्‍वसनीय बताया।

 

शुक्ला को लेकर एक्सिओम-4 मिशन 26 जून को आईएसएस के लिए रवाना हुआ था। समाचार कक्ष से मनोज।

 

लखनऊ में मीडिया से बातचीत में शुभांशु शुक्‍ला के पिता शम्‍भु दयाल शुक्ला ने कहा कि सुरक्षित वापसी के लिए वे लगातार ईश्‍वर से प्रार्थना कर रहे हैं।

 

जिसके लिए हम लोग इतने दिनों से इंतजार कर रहे थे। अब वह जो वापसी हो रही है हम लोगों को बहुत ही खुशी है और बहुत प्रसन्न है कि जल्दी से जल्दी वह वापस आ जाय। हम ईश्‍वर से प्रार्थना करते हैं कि वह जो सक्‍सेस जो है पृथ्वी पर आसानी से उनका वापस हो, यह हमारे लिए बड़ी खुशी का दिन है।

 

********

 

भारत के विज्ञान और दृढ़ संकल्प की ऐतिहासिक उपलब्धि, चंद्रयान-3 ने आज अपने प्रक्षेपण के दो वर्ष पूरे कर लिए। वर्ष 2023 में आज ही के दिन, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो द्वारा विकसित एलवीएम3 एम4 रॉकेट ने चंद्रयान-3 को सफलतापूर्वक कक्षा में प्रक्षेपित किया था। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से-

 

चंद्रयान-3 में एक स्वदेशी लैंडर मॉड्यूल, और एक रोवर शामिल था। जिसका उद्देश्य अंतरग्रहीय मिशन के लिए नई तकनीकों को विकसित करना था। 23 अगस्त 2023 को, चंद्रयान-3 ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंडिंग की थी। इस लैंडिंग के साथ ही, भारत चंद्रमा पर सफलतापूर्वक लैंडिंग करने वाला चौथा देश बना और चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के निकट लैंडिंग करने वाला पहला देश बना। इस मिशन के दौरान कई प्रयोग किए गए, जिसमें चन्‍द्रमा की सतह के वायुमंडल का अध्‍ययन, खनिज तत्वों की उपस्थिति और चंद्रमा की ऊपरी मिट्टी के तापमान का अध्‍ययन शामिल था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उस स्थान का नाम शिव शक्ति रखा जहाँ विक्रम लैंडर और प्रज्ञान रोवर ने चंद्र सतह पर लैंडिंग की थी। दीपेन्‍द्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

********

 

अमरीका, युद्धग्रस्त यूक्रेन की मदद के लिए पैट्रियट वायु रक्षा हथियार भेजेगा। अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने संवाददाताओं को बताया कि यूक्रेन को दी जाने वाली पैट्रियट मिसाइलों की संख्या पर अभी सहमति नहीं बनी है, लेकिन सुरक्षा के लिए युक्रेन को कुछ मिसाइलें दी जाएंगी। हालांकि, उन्होंने कहा कि इसका खर्च यूरोपीय संघ उठा रहा है।

 

अमरीका का यह कदम युक्रेन को कुछ हथियारों की आपूर्ति रोकने के निर्णय के दो सप्ताह बाद आया है।     

 

********

 

जर्मनी, यूक्रेन के अनुरोध के बावजूद उसे टॉरस मिसाइलें नहीं भेजेगा। जर्मनी के रक्षा मंत्री बोरिस पिस्टोरियस ने ब्रिटेन के एक दैनिक को दिए साक्षात्कार में यह बात कही। उन्होंने कहा कि उनके पास केवल छह पैट्रियट प्रणालियाँ बची हैं। उन्‍होंने कहा कि यूक्रेन को पहले ही ऐसी तीन प्रणालियां दी जा चुकी हैं।

 

********

 

केंद्रीय पत्‍तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने आज विशाखापत्‍तनम में दो दिवसीय बिम्‍सटेक पोर्ट्स कॉन्‍क्लेव का शुभारंभ किया। बंगाल की खाड़ी बहु-क्षेत्रीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग पहल-बिम्‍सटेक पोर्ट्स कॉन्‍क्लेव में क्षेत्रीय समुद्री सम्‍पर्क और बंगाल की खाड़ी से लगे राष्‍ट्रों में सहयोग को बढ़ाने की वचनबद्धता पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इस अवसर पर श्री सोनोवाल ने कहा कि बंदरगाहों के जरिए होने वाली कार्गो सेवाएं पिछले दशक में 70 प्रतिशत बढ़ी हैं।    

 

********

 

युवा कार्य मंत्रालय इस महीने की 18 से 20 तारीख तक वाराणसी में तीन दिवसीय युवा आध्यात्मिक शिखर सम्मेलन, विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा का आयोजन करेगा। शिखर सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्‍य युवाओं के नेतृत्व में नशा मुक्ति पहल के लिए व्यापक राष्ट्रीय रणनीति बनाना है। आज नई दिल्ली में केंद्रीय युवा कार्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने बताया कि यह सम्मेलन युवाओं के नेतृत्व में नशा मुक्ति आंदोलन का मार्ग प्रशस्त करेगा।

 

********

 

दिल्‍ली की राउज एवेन्‍यू अदालत ने नेशनल हेराल्‍ड धनशोधन मामले में कांग्रेस की वरिष्‍ठ नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी तथा अन्‍य के विरूद्ध प्रवर्तन निदेशालय की अभियोजन शिकायत पर संज्ञान लेने के संबंध में आज अपना आदेश सुरक्षित रख लिया। अदालत ने 29 जुलाई को सुनवाई के लिए मामले को सूचीबद्ध किया है। इस मामले में कांग्रेस के नेताओं के विरूद्ध धनशोधन के आरोप लगाए गए हैं।

 

********

 

कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का छठा जत्था नाथूला, होते हुए आज शाम सिक्किम पहुँचेगा। इस जत्थे में 52 लोग शामिल हैं।

 

********

 

आज श्रावण महीने का पहला सोमवार है। सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है और “बोल बम” के जयकारों से माहौल भक्तिमय है। हमारी देहरादून संवाददाता के अनुसार उत्‍तराखंड के सभी प्रमुख शिव मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें देखी जा रही है। एक रिपोर्ट

हरिद्वार, ऋषिकेश, काशीपुर, देहरादून और अन्य क्षेत्रों के प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। इधर, हरिद्वार में कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्तों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। उत्तरकाशी के काशी विश्वनाथ मंदिर, रुद्रप्रयाग के तुंगनाथ मंदिर, अल्मोड़ा के जागेश्वर धाम, पौड़ी के दूधातोली शिव मंदिर, नीलकंठ महादेव सहित अन्य प्रमुख शिवधामों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी है। मंदिरों में विशेष पूजन-अर्चना आयोजन भी किया गया है। सावन के पहले सोमवार के इस पावन दिन पर पूरा उत्तराखंड शिव भक्ति में लीन नजर आ रहा है। साक्षी सिंह, आकाशवाणी समाचार, देहरादून।

 

********

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने नाइजीरिया के पूर्व राष्ट्रपति मुहम्मदु बुहारी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। श्री मोदी ने कहा कि भारत-नाइजीरिया मैत्री के लिए उनकी अटूट प्रतिबद्धता अद्वितीय थी। प्रधानमंत्री ने विभिन्न अवसरों पर हुई उनकी मुलाकातों और बातचीत को याद किया।

 

********

 

अभिनय सरस्वती के नाम से मशहूर दिग्गज अभिनेत्री बी. सरोजा देवी का आज 87 वर्ष की आयु में बेंगलुरु में निधन हो गया। सात जनवरी, 1938 को जन्मी सरोजा देवी ने 1955 में महाकवि कालिदास फिल्‍म से अभिनय की शुरुआत की। सात दशकों से अधिक के फिल्मी करियर में उन्होंने कन्नड़, तमिल, तेलुगु और हिंदी में दो सौ से अधिक फिल्मों में काम किया। भारतीय सिनेमा में बहुमूल्य योगदान के लिए सरोजा देवी को पद्मश्री और पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था।

 

********

 

मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है। आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार ने कहा कि उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उसके आसपास के क्षेत्रों में और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तथा आसपास के तटीय क्षेत्रों में कम दबाव बनने की संभावना है।

 

अब भी आज की डेट में जो मॉनसून का डिटेल्‍स है, काफी एक्टिफेज़ में है। उसका कारण ये है कि दो लो प्रेशर एरिया, इंडियन रीजन कॉनफ्लैक्‍स कर रहे हैं। पहला वाला जो है वो राजस्‍थान के ऊपर है, दूसरे वाला वेस्‍ट बंगाल के ऊपर है। जिसके प्रभाव से हम ये  एक्‍सपेक्‍ट कर रहे है कि आज वेस्‍ट बंगाल में स्‍ट्रीमली हेवी रेन फॉल बीस सेंटीमीटर से ज्‍यादा रेन फॉल होगी। ऐसे दिल्‍ली की बात करें तो हम एक्‍सपेक्‍ट कर रहे हैं कि आज लाइट टू मॉड्रेट रेन होगा। उसके बाद थोड़ा कमी आएगी।  

 

********

 

हिमाचल प्रदेश में आज मौसम खराब बना हुआ है और राज्य के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। एक रिपोर्ट –

 

सिरमौर ज़िले में गिरी जटोंन डैम का जलस्तर बढ़ने से मैदानी इलाकों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। यहाँ गिरि और यमुना नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है। मंडी जिला में चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग चार मील के पास भारी भूस्खलन के चलते यातायात के लिए बंद है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक प्रदेश में एक राष्ट्रीय उच्च मार्ग और दो सौ आठ सड़कें भूस्खलन की वजह से अवरुद्ध है। इसके अतिरिक्त एक सौ 39 बिजली ट्रांसफार्मर और सात सौ 45 पेयजल योजनाएं भी राज्यभर में ठप है। इस बीच, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने अगले कुछ घंटों में प्रदेश के पांच जिलों ऊना, हमीरपुर, मंडी, बिलासपुर और सोलन में गरज के साथ तेज़ बौछारें और बिजली गिरने की संभावना के मद्देनज़र ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। रितेश कपूर आकाशवाणी समाचार शिमला।

 

********

 

नीति आयोग ने वित्त वर्ष 2025 की तीसरी तिमाही के लिए ट्रेड वॉच क्वार्टरली का तीसरा संस्करण जारी किया। आयोग के सदस्य डॉ. अरविंद विरमानी ने आज नई दिल्ली में आयोग की यह त्रैमासिक रिपोर्ट जारी की। इस रिपोर्ट में वैश्विक मांग – आपूर्ति के दृष्टिकोण, क्षेत्रीय प्रदर्शन और उभरते व्यापार अवसरों के साथ देश की व्यापार स्थिति की समग्र स्थिति की जानकारी दी गई है।

 

********

 

घरेलू शेयर बाजार सूचकांक-सेंसेक्स और निफ्टी, आज दोपहर बाद मामूली गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। अंतिम समाचार मिलने तक बम्‍बई शेयर बाजार का सेंसेक्‍स 365 अंक गिरकर 82 हजार 135 पर और और नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज का निफ्टी 103 अंक घटकर 25 हजार 47 पर कारोबार कर रहा था।

 

********

 

भारत को एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी का तीसरा टेस्ट मैच जीतने के लिए अब 135 रन की आवश्‍यकता है। लंदन के ऐतिहासिक लार्डस मैदान में चौथे दिन भारत ने 4 विकेट पर 58 रन बना लिए थे। आज पांचवे दिन का खेल भारतीय समयानुसार दोपहर साढे तीन बजे शुरू होगा।

 

********

 

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में आज रात साढे नौ बजे वर्षा जल संचयन और जल संरक्षण में इसकी भूमिकाविषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के पूर्व महानिदेशक जी. अशोक कुमार और पर्यावरणविद् डॉ. अरविंद कुमार परिचर्चा में भाग लेंगे।

 

********

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-  

 

  • विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने पेईचिंग में चीन के उपराष्ट्रपति के साथ वार्ता की, पारस्परिक रूप से लाभकारी परिणामों के लिए चीन के साथ संबंधों को सामान्य बनाए रखने का आह्वान। 
  • एक्सिओम-4 मिशन पर गए ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला और तीन अन्य क्रू सदस्यों की वापसी आज शाम साढे चार बजे से शुरू होगी।
  • अमरीका, रूस के खिलाफ लड़ाई में यूक्रेन की मदद के लिए पैट्रियट वायु रक्षा हथियार भेजेगा।
  • मौसम विभाग ने आज राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की।
  • लॉर्ड्स में आज तीसरे क्रिकेट टेस्ट मैच के आखिरी दिन भारत को इंग्लैंड के खिलाफ जीत के लिए 135 रनों की जरूरत है।

 

********