मुख्य समाचार :-
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कला, साहित्य, विज्ञान और समाज सेवा के क्षेत्र से चार प्रमुख हस्तियों को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया।
- विदेश मंत्री डॉ. सुब्रहमण्यम जयशंकर ने सिंगापुर के विदेश मंत्री विवियन बालाकृष्णन के साथ द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की। कहा– सिंगापुर भारत की एक्ट ईस्ट नीति के केंद्र में है।
- फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन ने अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अमरीका से आठ खालिस्तानी आतंकवादियों को गिरफ्तार किया।
- भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला और एक्सिओम-4 मिशन के चालक दल के सदस्य कल धरती पर वापसी की यात्रा शुरू करेंगे।
- विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष सिंगल्स फाइनल में आज रात लंदन में शीर्ष वरीयता प्राप्त यानिक सिनर का सामना वर्तमान चैंपियन कार्लोस अल्काराज़ से होगा।
- लॉर्डस में, मेज़बान इंग्लैंड एंडरसन–तेंदुलकर ट्रॉफी में भारत के साथ तीसरे क्रिकेट टेस्ट मैच के चौथे दिन अपनी दूसरी पारी में आगे खेलेगा।
—–
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रख्यात वकील उज्ज्वल देवराव निकम, सामाजिक कार्यकर्ता सदानंदन मास्टर, पूर्व विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला और इतिहासकार तथा शिक्षाविद मीनाक्षी जैन को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि गृह मंत्रालय ने एक अधिसूचना में इसकी जानकारी दी है।
महाराष्ट्र के रहने वाले उज्जवल निकम मुंबई आतंकवादी हमले के मामले में सरकारी वकील रह चुके हैं। उन्होंने 1993 मुंबई बम धमाके प्रमोद महाजन हत्या और कई मामलों में भी अभियोजन पक्ष का नेतृत्व किया है। केरल के सदानंदन मास्टर का राज्य में शिक्षा जगत में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। कन्नूर जिले में उनके घर के पास एक हमले में राजनीतिक प्रतिद्वंदियों ने उनके दोनों पैर काट दिए थे। इस दर्दनाक घटना के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और शिक्षा और समाज सेवा में सक्रिय बने रहे। भारतीय विदेश सेवा के सेवानिवृत राजनयिक हर्षवर्धन श्रींगला 2023 में भारत की जी-20 अध्यक्षता के मुख्य समन्वयक के रूप में भूमिका निभाई थी। इससे पहले वह भारत की विदेश सचिव अमरीका और थाईलैंड में भारत के राजदूत और बांग्लादेश में उच्चायुक्त जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। डॉ. मिनाक्षी जैन दिल्ली विश्वविद्यालय के गार्गी कॉलेज में इतिहास की एसोसिएट प्रोफेसर और भारतीय इतिहास अनुसंधान परिषद की शाशि परिषद की सदस्य रह चुकी है। उनके शोध क्षेत्रों में मध्यकालीन और प्रारंभिक आधुनिक भारत में सांस्कृतिक और धार्मिक विकास शामिल हैं। संविधान के अनुच्छेद 80 के तहत राष्ट्रपति कला, साहित्य, विज्ञान, समाज सेवा और अन्य क्षेत्रों में विशेष योगदान के लिए 12 लोगों को राज्यसभा के लिए मनोनीत करती हैं। अनुपम मिश्र आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इन सभी को राज्यसभा सदस्य के रूप में मनोनीत होने पर बधाई दी है।
राज्यसभा में नामित किए जाने पर वरिष्ठ वकील उज्ज्वल निकम ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे गर्व का क्षण बताया है।
सामाजिक कार्यकर्ता सदानंदन मास्टर ने भी राज्यसभा में नामित किए जाने पर खुशी जताते हुए विकसित भारत विकसित केरल के लिए काम करने की प्रतिबद्धता जताई है।
—–
बिहार में मतदाता सूची के चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत बूथ स्तर के अधिकारी घर-घर जाकर सत्यापन कर रहे हैं। इस दौरान नेपाल, बांग्लादेश और म्यांमा के नागरिकों की बड़ी संख्या में पहचान की गई है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
डोर तो डोर वेरिफिकेशन में बीएलओ को पता चला है कि नेपाल, म्यांमार और बांग्लादेश के इन व्यक्तियों ने आधार, निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड और अन्य दस्तावेज हासिल कर लिए हैं। बिहार में सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों में एस आई आर अभियान चल रहा है। इसका उद्देश्य वैध दस्तावेज वाले केवल भारतीय नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना है। सूत्रों ने बताया कि 1 अगस्त से 30 अगस्त तक उचित जांच के बाद यदि यह सत्य पाया गया तो ऐसे बाहरी लोगों के नाम को इस वर्ष 30 सितंबर को प्रकाशित होने वाली मतदाता सूची से बाहर कर दिया जाएगा। धर्मेंद्र कुमार राय आकाशवाणी समाचार पटना।
अब तक अस्सी प्रतिशत से अधिक मतदाता अपने फार्म जमा करा चुके हैं। निर्वाचन आयोग ने कहा है कि मतदाताओं से फॉर्म भरवाने का काम 25 जुलाई की निर्धारित समय-सीमा से पहले ही पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
—–
सिंगापुर की यात्रा पर गए विदेश मंत्री डॉक्टर सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने आज सिंगापुर के विदेश मंत्री विवियन बालाकृष्णन से मुलाकात की। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री जयशंकर ने कहा कि सिंगापुर भारत की एक्ट ईस्ट नीति के केंद्र में है। श्री बालाकृष्णन ने कहा है कि जैसे-जैसे दुनिया बहुध्रुवीय होती जा रही है, उसमें भारत एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सिंगापुर की अपनी यात्रा के बाद, डॉ० जयशंकर शंघाई सहयोग संगठन के विदेश मंत्रियों की परिषद की बैठक में भाग लेने के लिए चीन के तियानजिन जाएंगे।
—–
अमरीका में फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन ने अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी नेटवर्क पर बडी कार्रवाई करते हुए आठ खालिस्तानी आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है। इनमें पंजाब का एक गैंगस्टर पवित्तर सिंह बटाला भी शामिल है। बटाला, प्रतिबंधित समूह बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़ी आतंकवादी गतिविधियों के लिए भारत में वांछित है। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण ने जून में जतिंदर जोती और बब्बर खालसा के नामित आतंकवादी लखबीर लांडा के साथ बटाला का नाम एक आरोप पत्र में दर्ज किया था।
—–
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने मैक्सिको और यूरोपीय संघ से होने वाले आयात पर 30 प्रतिशत शुल्क लगाने की घोषणा की है। यह दर पहली अगस्त से प्रभावी होगी। वहीं 27 सदस्य देशों वाले यूरोपीय संघ ने इस शुल्क की आलोचना की है। यूरोपीय संघ के अध्यक्ष ने कहा है कि इससे महंगाई बढ़ेगी और आर्थिक विकास बाधित होगा। उन्होंने यह भी कहा कि यूरोपीय संघ अपने हितों की रक्षा करेगा।
—–
ईरान के विदेश मंत्री सईद अब्बास अराग़ची ने कहा है कि उनका देश, परमाणु कार्यक्रम को लेकर बातचीत के लिए तैयार है और आगे भी रहेगा। कई देशों के राजदूतों और प्रतिनिधियों के साथ बैठक में कल उन्होंने यह आश्वासन मांगा कि बातचीत दोबारा शुरु होने पर अमरीका या उसके मित्र देश ईरान पर युद्ध नहीं थोपेंगे।
—–
उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग-उन ने यूक्रेन के साथ संघर्ष में रूस की कार्रवाई का बिना शर्त समर्थन किया है। उन्होंने कहा है कि रूस और उत्तर कोरिया सभी प्रमुख रणनीतिक मामलों पर समान विचार रखते हैं। श्री किम ने ये बात रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोफ के साथ उत्तर कोरिया में वॉनसन में हुई बैठक में कही। श्री लावरोफ उत्तर कोरिया की तीन दिन की यात्रा पर हैं।
—–
भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला और एक्सिओम-4 मिशन के तीन अन्य यात्रियों की वापसी यात्रा कल शुरू होगी। विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि सभी अंतरिक्ष यात्री मंगलवार को दोपहर लगभग तीन बजे धरती पर वापस आ जाएंगे। शुभांशु शुक्ला अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के 14 दिन के मिशन पर हैं। वे इस स्टेशन पर पहुंचने वाले पहले भारतीय और 1984 में अंतरिक्ष में गये विंग कमांडर राकेश शर्मा के बाद दूसरे भारतीय हैं। इस यात्रा के दौरान शुभांशु ने सात प्रयोग किए हैं। शुभांशु के पिता शम्भू शुक्ला ने अपनी प्रसन्नता करते हुए कहा कि वे बेहद उत्साहित हैं।
जिसके लिए हम लोग इतने दिनों से इंतजार कर रहे थे। अब वह जो वापसी हो रही है हम लोगों को बहुत ही खुशी है और बहुत प्रसन्न है कि जल्दी से जल्दी वह वापस आ जाय। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि वह जो सक्सल जो है पृथ्वी पर आसानी से उनका वापस हो, यह हमारे लिए बड़ी खुशी का दिन है।
—–
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भारत में पारंपरिक चिकित्सा और विशेषकर आयुष पद्धति के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को जोड़े जाने को एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। संगठन ने अपनी तकनीकी रिपोर्ट में कहा है कि आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, सिद्ध, सोवा रिग्पा और होम्योपैथी के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है।
—–
केंद्र सरकार ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को नकली और घटिया उर्वरकों की आपूर्ति पर तत्काल कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों को इस बारे में एक पत्र लिखा है। कृषि मंत्री ने कहा कि उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करना राज्यों का दायित्व है। श्री चौहान ने राज्यों से दोषियों का लाइसेंस रद्द कर प्राथमिकी दर्ज करने को भी कहा है।
—–
कोलकाता पुलिस ने भारतीय प्रबंधन संस्थान, जोका में कथित दुष्कर्म मामले की जांच के लिए नौ सदस्यीय विशेष जांच दल का गठन किया है। पीड़िता की मेडिकल जांच हो गई है। न्यायालय ने कल आरोपी छात्र को 19 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।
—–
विंबलडन टेनिस के पुरुष सिंगल्स फाइनल में आज इटली के यानिक सिनर का मुकाबला स्पेन के कार्लोस अल्काराज़ से होगा। मैच रात साढ़े आठ बजे खेला जाएगा। अल्काराज़ ने सेमीफाइनल में अमरीका के टेलर फ्रिट्ज़ को और सिनर ने सर्बिया के नोवाक जोकोविच को हराया था। इस बीच, पोलैंड की इगा स्वितेक ने महिला सिंगल्स का खिताब जीत लिया है।स्वितेक का यह पहले विंबलडन किताब है। ब्रिटेन के जूलियन कैश और लॉयड ग्लासपूल ने पुरुष डबल्स का खिताब जीत लिया है। लंदन के लॉर्ड्स में भारत के साथ एंडरसन–तेंदुलकर क्रिकेट ट्रॉफी के तीसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन आज मेज़बान इंग्लैंड दूसरी पारी में बिना किसी नुकसान के 2 रन से आगे खेलेगा। इंग्लैंड के पहली पारी के 387 रन के जवाब में, भारतीय टीम भी 387 रन पर ऑल आउट हो गई। पांच टेस्ट मैच की श्रृखंला में दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर हैं। मुकेश कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
—–
तेनज़िंग नॉर्गे राष्ट्रीय एडवेंचर पुरस्कार के लिए नामांकन शुरु हो गए हैं। यह पुरस्कार जल, थल और नभ में चुनौतीपूर्ण माहौल में साहसिक कार्य, जोखिम लेने की क्षमता, टीम भावना से कार्य करने की प्रवृत्ति और त्वरित निर्णय लेने में असाधारण प्रदर्शन के लिए दिया जाता है। इसे अर्जुन पुरस्कार के साथ-साथ प्रदान किया जाता है और विजेताओं को 15 लाख रूपए दिए जाते हैं। पुरस्कार के लिए नामांकन निर्धारित वेबसाइट अवार्ड्स डॉट जीओवी डॉट इन पर 15 जुलाई तक किए जा सकते हैं।
—–
मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, गोआ, केरल, तटीय कर्नाटक, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में अगले तीन से चार दिनों के दौरान तेज वर्षा की आशंका व्यक्त की है। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश में भी पाँच दिनों के दौरान तेज वर्षा होने की संभावना है। विभाग ने मछुआरों को अगले तीन दिनों के दौरान केरल और कर्नाटक के तटों, लक्षद्वीप और बंगाल की खाड़ी में ना जाने की सलाह दी है।
—–
उत्तराखंड में हमारी संवाददाता ने बताया कि वर्षा के कारण प्रशासन को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।
उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तडके हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। फिलहाल, राज्य के कुछ हिस्सों में बादल छाए हुए हैं, जबकि कुछ जगहों पर मौसम साफ बना हुआ है। आज देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार, अगले 5 दिनों तक राज्य में यही स्थिति बनी रहेगी। राज्य आपातकालीन केंद्र के अनुसार, प्रदेश में बारिश और भूस्खलन के कारण 80 से ज़्यादा सड़कें अवरुद्ध हैं, जिन्हें खोलने के प्रयास जारी हैं। साक्षी सिंह, आकाशवाणी समाचार देहरादून।
उधर, हिमाचल प्रदेश में 18 जुलाई तक मौसम खराब रहने का अनुमान है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में आज तेज वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
हिमाचल प्रदेश में मानसून की लगातार वर्षा के बीच बीते 24 घंटों में मंडी जिले के मुरारी देवी क्षेत्र में सर्वाधिक 130 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। प्रदेश में 2 राष्ट्रीय उच्च मार्ग और 250 अन्य संपर्क सड़कों पर यातायात अभी भी अवरुद्ध है। प्रशासन द्वारा इनकी बहाली के प्रयास लगातार जारी हैं। रितेश कपूर आकाशवाणी समाचार शिमला।
—–
मध्य प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश जारी है। रीवा, सतना, मैहर और छतरपुर जिलों के कई गांवों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया गया है। छतरपुर जिले में कल सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई।
अगले दो दिन तक पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड और ओडिशा सहित देश के पूर्वी हिस्सों में भी ऐसी ही स्थिति रहेगी। केरल और तटीय कर्नाटक में आज तेज बारिश की संभावना है।
—–
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कला, साहित्य, विज्ञान और समाज सेवा के क्षेत्र से चार प्रमुख हस्तियों को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया।
- विदेश मंत्री डॉ. सुब्रहमण्यम जयशंकर ने सिंगापुर के विदेश मंत्री विवियन बालाकृष्णन के साथ द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की। कहा– सिंगापुर भारत की एक्ट ईस्ट नीति के केंद्र में है।
- फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन ने अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अमरीका से आठ खालिस्तानी आतंकवादियों को गिरफ्तार किया।
- भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला और एक्सिओम-4 मिशन के चालक दल के सदस्य कल धरती पर वापसी की यात्रा शुरू करेंगे।
- विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष सिंगल्स फाइनल में आज रात लंदन में शीर्ष वरीयता प्राप्त यानिक सिनर का सामना वर्तमान चैंपियन कार्लोस अल्काराज़ से होगा।
- लॉर्डस में, मेज़बान इंग्लैंड एंडरसन–तेंदुलकर ट्रॉफी में भारत के साथ तीसरे क्रिकेट टेस्ट मैच के चौथे दिन अपनी दूसरी पारी में आगे खेलेगा।
*****