मुख्य समाचार:
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल चार राज्यों के दौरे पर 70 हजार करोड़ से अधिक लागत की कई परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे।
- विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकियों में सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए अमरीका के अवर सचिव जेफरी केसलर से मुलाकात की।
- महाराष्ट्र में जारी वर्षा से कई क्षेत्र प्रभावित, मौसम विभाग ने चार जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया।
- प्रधानमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
- और, भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने चार देशों के टूर्नामेंट में मेजबान अर्जेंटीना को शूटआउट में दो-शून्य से हराया।
—————————————–
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल सिक्किम, पश्चिम बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। दो दिवसीय दौरे के दौरान वे अनेक विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। जिनकी कुल लागत 70,000 करोड़ रुपये से अधिक है।
सिक्किम यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री “सिक्किम की स्थापना के 50 वर्ष जहां प्रगति उद्देश्य से मिलती है और प्रकृति विकास को पोषित करती है” कार्यक्रम में भाग लेंगे। वह राज्य में कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगे। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे। इन परियोजनाओं में नामची जिले में 750 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से एक नया 500-बिस्तरों वाला जिला अस्पताल, ग्याल्शिंग जिले के सांगाचोलींग, पेले में एक यात्री रोपवे, और रंगटॉन्ग जिले के सांगखोला में अटल अमृत उद्यान में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा शामिल है।
प्रधानमंत्री राज्य में कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे और इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे। श्री मोदी पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे, जहां वह अलीपुरद्वार और कूचबिहार जिलों में सिटी गैस वितरण परियोजना की आधारशिला रखेंगे। अपने बिहार दौरे में प्रधानमंत्री पटना हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। अगले दिन श्री मोदी बिहार के काराकाट में 48 हजार 520 करोड़ रुपये से अधिक की लागत की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और आधारशिला रखेंगे। प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश के कानपुर में लगभग बीस हजार नो सौ करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उद्घाटन करेंगे। आदर्श की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से सरफिरोजी।
—————————————–
विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने आज अमरीका के अवर सचिव जेफ्री केसलर से मुलाकात की। इसका उदेश्य महत्वपूर्ण और उभरती हुई प्रौद्योगिकियों में सहयोग को आगे बढ़ाना है। दोनों ने भारत-अमरीका रणीनीतिक व्यापार वार्ता के शीघ्र आयोजन पर भी चर्चा की, ताकि तकनीक और व्यापार के क्षेत्र में सहयोग को सुदृढ किया जा सके।
—————————————–
जनता दल युनाइटेड के सांसद संजय झा की अगवाई में संसदीय प्रतिनिधिमंडल आज इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता पहुंच गया है। यह भारत के ऑपरेशन सिंदूर पर किए गए कूटनीतिक प्रयास का हिस्सा है। अभी तक यह प्रतिनिधिमंडल जापान, दक्षिण कोरिया और सिंगापुर गया है। जो भारत द्वारा पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक अभियान का हिस्सा है। इस दौरान श्री झा ने कहा है कि भारत की आतंकवाद को कतई बर्दाश्त न करने की नीति है।
सारी पार्टी एक साथ खड़ी हैं इस लड़ाई में। देश ने भी लोग मान लिया है इनफ–इज–इनफ हो गया। अब अगर इस तरह का घटना होगा तो हम केवल नोट एक्सचेंज नहीं करेंगे। इंफोरमेशन शेयर नहीं करेंगे। अग्रेंजी …… यह एक रिजोल्व लेकर के गए हैं। दुनिया में भी हम लोग जाकर ये बता रहे हैं।
इस प्रतिनिधिमंडल ने अंतर संसदीय सहयोग समिति के उपाध्यक्ष मुहम्मद हुसैन फदलुल्लाह और इंडोनेशिया-भारत संसदीय मित्रता समूह के अध्यक्ष मुहम्मद रॉफीक से मुलाकात की।
शिवसेना के सांसद श्रीकांत शिंदे के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कांगो की यात्रा समाप्त कर सिएरा लियोन के लिए प्रस्थान किया है। इससे पहले श्री शिंदे ने कहा कि दुनियाभर ने पहलगाम आतंकी हमले के खिलाफ भारत के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।
पहलगाम हमला जब हुआ इसमें 27 लोगों की जान गई। ये जब हमने उनको बताया तो उन्होंने अपनी संवेदना प्रकट की और ताकत के साथ हम भारत के साथ खड़े हैं। ऐसा निश्चिय ले के किया। उन्होंने यह भी कहा कि ये हरकत पाकिस्तान ने की है वो अलग–अलग फोरम पर जा कर पूरी दुनिया को बताने का काम भी वो करेंगे।
भारतीय जनता पार्टी के सांसद रविशंकर प्रसाद की अगुवाई में सभी दलों का संसदीय शिष्टमंडल रोम पहुंच गया है। यह शिष्टमंडल ऑपरेशन सिंदूर के संदर्भ में सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ भारत का मजबूत और एकजुट संदेश पहुंचाएगा।
कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नेतृत्व में पनामा पहुंचे भारतीय शिष्टमंडल ने वहां की संसद की अध्यक्ष डाना कास्टानेडा के साथ बैठक की। इस दौरान श्री थरूर ने कहा कि भारत को युद्ध छेडने में कोई दिलचस्पी नहीं थी लेकिन ऐसा महसूस किया गया कि आतंकवाद से जुडी हरकतों का उचित दंड अवश्य दिया जाना चाहिए।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शरद चन्द्र पवार गुट की नेता सुप्रिया सुले के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल दक्षिण अफ्रीका पहुंचा। श्रीमती सुले ने आतंकवाद को बर्दाश्त न करने की भारत की नीति की हिमायत की।
—————————————–
जम्मू-कश्मीर में, उत्तर रेलवे के जम्मू डिवीजन के परिचालन और वाणिज्यिक विभाग के दो सौ से अधिक कर्मचारियों को ऑपरेशन सिंदूर के दौरान उनकी असाधारण सेवा के लिए सम्मानित किया गया।
—————————————–
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का उत्सव मनाते हुए, राष्ट्र भारतीय सैनिकों की वीरता को नमन करता है। सशस्त्र बलों को श्रद्धांजलि स्वरूप आकाशवाणी समाचार प्रभाग विशेष श्रृंखला प्रस्तुत कर रहा है। आज हम सूबेदार जोगिंदर सिंह को स्मरण कर रहे हैं। उन्हें 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने पर परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया था।
1962 के भारत चीन युद्ध के दौरान सूबेदार जोगिंदर सिंह ने नेफा के तवांग सेक्टर में एक पलटन का नेतृत्व किया। यह पलटन बगला अक्क्ष पर पंपिंग लाख क्षेत्र में एक रिज पर रणनीतिक स्थिति में था। 20 अक्टूबर को सूबेदार सिंह की पलटन ने मैकमोहन रेखा के पार एक चीनी सैन्य निर्माण देखा जो आने वाले दिनों में होने वाली किसी हमले का संकेत था। 23 अक्टूबर की सुबह चीनियों की तीन टुकड़ियां जिसमें हर टुकड़ी में 200 सैनिक शामिल थे उन्होंने तोप और मोर्टार से एक बड़ा हमला किया। संख्या में कम होने के बावजूद भी सूबेदार सिंह की पलटन ने जबरदस्त जवाब देते हुए दुश्मन को भारी नुकसान पहुंचाकर उसे पीछे धकेल दिया। हमले में सूबेदार जोगिंदर सिंह की जांघ घायल होने के बावजूद वह अपनी पलटन के साथ डटकर खड़े रहे और अपने सैनिकों को प्रेरित करना जारी रखा। जब दुश्मन की ओर से अंतिम और सबसे शक्तिशाली हमला हुआ। तब सूबेदार सिंह के पास गोला बारूद समाप्त हो गया था और कुछ ही लोग बचे थे तब उन्होंने एक मशीन गन से दुश्मन पर वार कर उसे काफी नुकसान पहुंचाया। जब स्थिति और बिगड़ गई तो उन्होंने और उनके शीर्ष सैनिकों ने बेनट से दुश्मन पर हमला किया जिसमें दुश्मन के कई सैनिक मारे गए। उनके असाधारण साहस, नेतृत्व और कर्तव्य के प्रति समर्पण के लिए सूबेदार जोगिंदर सिंह को मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया। सकेलन अख्तर, आकाशवाणी, समाचार दिल्ली।
—————————————–
सर्वोच्च न्यायालय के कॉलेजियम ने राजस्थान, त्रिपुरा, झारखंड और मद्रास उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीशों के तबादले की सिफारिश की है। भारत के मुख्य न्यायाधीश बी आर गवई इस कॉलेजियम के अध्यक्ष हैं।
—————————————–
एलन मस्क के स्पेसएक्स का आज सुबह मेगा रॉकेट स्टारशिप का तीसरा परीक्षण भी पहले के दो परीक्षणों की तरह असफल हो गया। उडान भरने के कुछ मिनट बाद रॉकेट ने क्रिटिकल फेलियर का सामना किया और उड़ान के दौरान ही नष्ट हो गया। कंपनी के संस्थापक, एलन मस्क ने इसे ईंधन रिसाव का कारण बताया है।
—————————————–
महाराष्ट्र में लगातार दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के बाद मुंबई और इसके आस-पास के इलाकों में आज सुबह से मौसम साफ है हालांकि कई हिस्सों में बारिश जारी है। ब्योरा हमारी संवाददाता से-
मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के चार जिलों, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, कोल्हापूर और सांगली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि राज्य के आठ अन्य जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। सिंधुदुर्ग जिले में आज सुबह से तेज बारिश जारी है। धुले जिले में आज सुबह भारी बारिश हुई। अकोला जिले में घरों, फलों के बागों और फसलों को भारी नुकसान हुआ है। रायगढ़ जिले के महाड में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए NDRF की एक टीम पहुंच गई है। आईएमडी ने अगले कुछ घंटों में जलगांव, धुले और सिंधुदुर्ग में गरज के साथ तेज बारिश की संभावना जताई है, जबकि नंदुरबार, नाशिक, छत्रपती संभाजीनगर और कोल्हापूर में इस अवधि के दौरान गरज के साथ मध्यम बारिश की संभावना है। अंकिता आपटे, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
इस बीच, महाराष्ट्र में लगातार वर्षा से आठ लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने मृतकों के परिवारों को तत्काल अनुग्रह राशि देने के निर्देश दिये हैं। इस बीच, राज्य में मॉनसून की स्थिति अब भी गंभीर है।
—————————————–
मौसम विभाग ने कहा है कि इस वर्ष मानसून सीजन में देशभर में सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है। विभाग के महानिदेशक, मृत्युंजय महापात्रा ने कहा कि जून से सितंबर के बीच होने वाली वर्षा औसत से अधिक रहने की संभावना है।
देश के लिए खुश खबरी है, वर्षा सामान्य से ज्यादा होने का संभावना है और क्वानटेटिवली 106 प्रतिशत वर्षा होने का संभावना है। 5 जून से 30 सितम्बर का क्यूमेलेटिव का रेनफॉल तो दिखे सिमिलर जून महीने की बात करें तो एबव नॉर्मल रेनफॉल होने का संभावना है और हीट वेव कंडीशन्स भी ब्लो नॉर्मल होने का संभावना है।
—————————————–
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा लिखा गया एक लेख साझा किया। इस लेख में बताया गया है कि किस तरह पूर्वोत्तर, दक्षिण पूर्व एशिया के लिए भारत के प्रवेश द्वार के रूप में बदल रहा है और व्यापार, संपर्क तथा 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के महत्वाकांक्षी लक्ष्य वाले विकसित भारत की दिशा में बढ़ रहा है। श्री मोदी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा, पूर्वोत्तर भारत अब एक सीमा क्षेत्र नहीं है, बल्कि यह अग्रणी है।
—————————————–
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज वीर सावरकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। श्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट पर वीडियो साझा करते हुए कहा कि आजादी के आंदोलन में वीर सावरकर के अदम्य साहस और संघर्ष की गाथा को कृतज्ञ राष्ट्र कभी भुला नहीं सकता।
सावरकर जी का व्यक्तित्व विशेषताओं से भरा था। शस्त्र और शास्त्र दोनों उपासक थे। संवेदनशील कवि होने के साथ–साथ वे साहसिक क्रांतिकारी भी थे। कविता और क्रांति दोनों को साथ लेकर चलते थे। ये वीर सावरकर ही थे, जिन्होंने निर्भीक होकर लिखा कि 1857 में जो कुछ भी हुआ, वह विद्रोह नहीं था, बल्कि आजादी की पहली ल़ड़ाई थी।
—————————————–
प्रधानमंत्री ने आज एन.टी. रामाराव की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने लिखा कि वे समाज की सेवा और गरीब व वंचित वर्गों को सशक्त बनाने के प्रयासों के लिए व्यापक रूप से प्रशंसा के पात्र हैं।
—————————————–
भारतीय रेलवे 28 जून से शुरू होने वाले रोमांचक ‘भारत–भूटान मिस्टिक माउंटेन टूर’ के लिए भारत गौरव डीलक्स वातानुकूलित पर्यटक रेलगाड़ी चलाएगा। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक, सूचना और प्रचार, दिलीप कुमार ने इस बारे में जानकारी दी।
जब यह यात्रा सफदरजंग से चालू होगी तो सबसे पहले इसको पूर्वोत्तर भारत के गुवाहाटी शहर में ले जाया जाएगा और वहां से हम लोग शिलांग और चेरापूंजी जायेंगे। जिसके बाद फिर इस ट्रेन को हम लोग ले जायेंगे हासीमारा रेलवे स्टेशन पर जिसे की भूटान का प्रवेश द्वार भी कहा जाता है और वहां से बाय रोड थिम्पू, पुनाखा और पारो जैसे दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा और कुल मिला कर इस ट्रिप पर 150 यात्रियों को एक साथ ले जाया जाएगा।
—————————————–
हॉकी में, अर्जेंटिना के रोसारियों में चार देशों के टूर्नामेंट के तीसरे मैच में भारतीय जूनियर महिला टीम ने निर्धारित समय में एक-एक से ड्रॉ के बाद शूटआउट में मेजबान अर्जेंटीना को दो-शून्य से हरा दिया। अर्जेंटीना ने पहले क्वार्टर में मिलग्रोस डेल वैले के गोल से मजबूत शुरुआत की और घरेलू टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। कनिका ने 44वें मिनट में बराबरी का गोल किया। शुक्रवार को अगले मैच में भारत का मुकाबला चिली से होगा।
—————————
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल चार राज्यों के दौरे पर 70 हजार करोड़ से अधिक लागत की कई परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे।
- विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकियों में सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए अमरीका के अवर सचिव जेफरी केसलर से मुलाकात की।
- महाराष्ट्र में जारी वर्षा से कई क्षेत्र प्रभावित, मौसम विभाग ने चार जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया।
- प्रधानमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
- और, भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने चार देशों के टूर्नामेंट में मेजबान अर्जेंटीना को शूटआउट में दो-शून्य से हराया।
—————————————–