मुख्य समाचार:
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए भारतीय सशस्त्र बलों की सराहना की। कहा- उनकी वीरता ने पाकिस्तान को घुटने टेकने पर मजबूर किया।
- प्रधानमंत्री मोदी ने राजस्थान के बीकानेर में लगभग 26 हजार करोड़ रुपये लागत की कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी और राष्ट्र को समर्पित की।
- विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने पुष्टि की भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम सीधी बातचीत से हुआ।
- बहुपक्षीय प्रतिनिधिमंडल ने तोक्यो में जापान के नीति विचारकों के साथ बातचीत की। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत को समर्थन देने की बात कही।
- मौसम विभाग ने अगले 2-3 दिनों में महाराष्ट्र, कोंकण, गोवा और गुजरात में मूसलाधार बारिश की संभावना व्यक्त की।
- और, बैडमिंटन में के. श्रीकांत मलेशिया मास्टर्स के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे।
—————————————-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज कहा कि भारत ने ऑपरेशन सिंदूर से आतंकवादियों के ठिकानों को नष्ट करके पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने सशस्त्र बलों को कार्रवाई करने की पूरी छूट दी थी, इससे तीनों सेनाओं को अपने लक्ष्यों को पूरा करने में मदद मिली और पाकिस्तान को घुटने टेकने पर मजबूर होना पड़ा।
22 अप्रैल को आतंकवादियों ने धर्म पूछकर हमारी बहनों की मांग का सिंदूर उजाड़ दिया था। हर देशवासी ने एकजुट होकर संकल्प लिया था कि आतंकवादियों को मिट्टी में मिला देंगे। तीनों सेनाओं ने मिलकर ऐसा चक्रव्यूह रचा कि पाकिस्तान को घुटना देखने के लिए मजबूर कर दिया।
प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि पाकिस्तान कभी भी भारत से प्रत्यक्ष युद्ध में नहीं जीत सकता, इसलिए वह आतंकवाद को बढ़ावा देकर छद्म युद्ध में शामिल है। श्री मोदी ने यह बात राजस्थान के बीकानेर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कही।
श्री मोदी ने कहा कि भारत ने साफ कर दिया है कि पाकिस्तान को हर आतंकी हमले की भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। पाकिस्तान को भारतीयों के खून से खेलने की भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। श्री मोदी ने कहा कि पाकिस्तान के साथ न तो व्यापार होगा और न ही बातचीत होगी और बातचीत सिर्फ पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर पर केंद्रित होगी।
पाकिस्तान के साथ न ट्रेड होगा न टॉक। अगर बात होगी, तो सिर्फ पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर की और अगर पाकिस्तान ने आतंकियों के सपोर्ट करना जारी रखा, तो उसको पाई-पाई के लिए मोहताज होना होगा और दुनिया की कोई ताकत हमें इस संकल्प से डिगा नहीं सकती है।
इससे पहले, बीकानेर के पलाना में सार्वजनिक समारोह के दौरान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया। इस अवसर पर, प्रधान मंत्री ने 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 86 जिलों में 103 पुनर्विकसित अमृत स्टेशनों का उद्घाटन किया। उन्होंने बीकानेर-मुंबई एक्सप्रेस रेलगाड़ी को भी झंडी दिखाई। पिछले 11 वर्षों में देश में मजबूत बुनियादी ढाँचा बनाने के लिए की गई पहलों पर प्रकाश डालते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा आधुनिक सड़क और रेल बुनियादी ढाँचा बनाने के लिए कई बड़ी पहल की गई हैं। उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे से व्यापार, पर्यटन और औद्योगिकीकरण को बढ़ावा मिलेगा तथा जीवन आसान होगा।
अभी देश में करीब 70 रूट पर वंदे भारत ट्रेन चल रही है। इसे दूरसुदूर के इलाकों में भी आधुनिक रेल पहुंची है। बीते 11 साल में सैकड़ो रोड ओवर ब्रिज और रोड अंडर ब्रिज का निर्माण किया गया है। 34 हजार किलोमीटर से ज्यादा के नए रेल ट्रैक बिछाए गए।
इस अवसर पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे में परिवर्तनकारी सुधार हो रहे हैं।
—————————————-
उत्तर प्रदेश में अमृत भारत योजना के तहत 19 स्टेशनों का उन्नयन किया गया है।
—————————————
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने आज कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई का स्थगन सीधे भारत और पाकिस्तान के बीच बातचीत के माध्यम से तय किया गया था। नीदरलैंड आधारित ब्रॉडकास्टर के साथ एक साक्षात्कार में, डॉ. जयशंकर ने कहा कि अमरीकी विदेश मंत्री मार्को रबियो ने उनसे बात की थी। वहीं अमरीकी उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की थी। दोनों देशों के बीच संघर्ष के दौरान यह स्वाभाविक सी बात है।
—————————————-
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने आज टोक्यो, में जापान के उप विदेश मंत्री तेकिहिरो फुनाकोशी से मुलाकात की। विदेश सचिव-उप विदेश मंत्री संवाद के दौरान, श्री मिस्री ने भारत का संदेश दिया कि आतंकवाद को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
—————————————-
जनता दल युनाइटेड के सांसद संजय कुमार झा के नेतृत्व में आज तोक्यो में जापान के नीति विचारकों के साथ बातचीत करके उन्हें आतंकवाद को कतई बर्दाश्त न करने के भारत की नीति के बारे में बताया। पांच देशों की यात्रा के पहले चरण में तोक्यो पहुंचने पर इस शिष्टमंडल ने पाकिस्तान के सरकार समर्थित आतंकवाद और क्षेत्रीय सुरक्षा चुनौतियों पर चर्चा की। शिष्टमंडल ने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री और जापान भारत संघ के अध्यक्ष योशिहिदे सुगा से भी मुलाकात की। श्री सुगा ने आतंकवाद के खिलाफ लडाई में भारत को पूरा समर्थन देने का संकल्प व्यक्त किया। विचार विमर्श के दौरान भारत को जोरदार समर्थन मिला।
इस बीच, शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे के नेतृत्व वाला शिष्टमंडल चार देशों की यात्रा के पहले चरण में आज संयुक्त अरब अमीरात पहुंचा। एक रिपोर्ट
सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल आज सुबह संयुक्त अरब अमीरात पहुंचा। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में वैश्विक साझेदारों को शामिल करने और क्षेत्रीय सुरक्षा चुनौतियों पर अपना नजरिया साझा करने के भारत के प्रयासों में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। संयुक्त अरब अमीरात पहला देश है जिसने ऑपरेशन सिंदूर के अंतर्गत प्रतिनिधिमंडल की मेजबानी की है। यात्रा की शुरुआत अबू धाबी में सहिष्णुता और सह-अस्तित्व मंत्री शेख नाहयान बिन मुबारक अल नाहयान के साथ उच्च स्तरीय बैठक से हुई। इस दौरान दोनों देशों ने आतंकवाद के सभी रूपों से निपटने पर प्रतिबद्धता की पुष्टि की। बैठक के दौरान, प्रतिनिधिमंडल ने सद्भाव और सहिष्णुता के सामान्य लोकाचार को भी रेखांकित किया जो दोनों देशों के समाजों की विशेषता है। दुबई से विनोद की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से सरफिरोज़ी।
इस बीच, डी.एम.के. सांसद कनिमोई करुणानिधि के नेतृत्व वाला प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान-समर्थित आतंकवाद को बेनकाब करने और ऑपरेशन सिंदूर पर विश्व समुदाय को विश्वास में लेने के उद्देश्य से पांच देशों की यात्रा के लिए रवाना हो गया है। प्रतिनिधिमंडल स्पेन, ग्रीस, स्लोवेनिया, लातविया और रूस जाएगा।
—————————————-
आतंकवाद के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर की सफलता से उत्साहित समग्र राष्ट्र भारतीय जवानों के शौर्य और साहस को नमन कर रहा है। सशस्त्र बलों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता के रूप में आकाशवाणी समाचार विशेष श्रृंखला प्रसारित कर रहा है। इस कड़ी में आज हम परमवीर चक्र से अलंकृत सेकेंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल का स्मरण कर रहे हैं, जिन्होंने 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में सर्वोच्च बलिदान दिया था।
1950 में पुणे, महाराष्ट्र में जन्मे सेकेण्ड लेफ्टिनेंट अरूण खेत्रपाल को जून 1971 में पूना होर्स रेजीमेंट में नियुक्त किया गया। मात्र 21 वर्ष की आयु में उन्होंने 1971 के भारत–पाक युद्ध के दौरान बेमिसाल साहस का परिचय दिया। 16 दिसंबर 1971 को दुश्मन ने धूएं के परदे की आड में सकरगट सेक्टर में खेत्रपाल को निशाना बनाकर जवाबी हमला किया। सेकेण्ड लेफ्टिनेंट अरूण खेत्रपाल अपने सैनिकों के साथ स्क्वाड्रनके करीब दो टैंकों में तैनात थे। उन्होंने आह्वान का जवाब दिया और दुश्मन के हमले का सामना करने के लिए आगे बढे। सैनिकों पर दुश्मन ने भारी गोलीबारी की। सेकेण्ड लेफ्टिनेंट अरूण खेत्रपाल ने दुश्मन के उन ठिकानों पर जमकर हमला किया । रक्षा चुनौती को पार किया और कई दुश्मन सैनिकों को पकड लिया। हमले के दौरान उनके दूसरे टैंक के कमांडर की मौत हो गई और वे अकेले रह गए। लेकिन उन्होंने दुश्मनों पर तक तब तक अकेले ही हमला जारी रखा था जब तक कि सभी दुश्मन के सभी ठिकानों पर कब्जा नहीं हो गया। फिर भी स्क्वाड्रन की ओर दौड़ते हुए उन्होंने एक दुश्मन टैंक को नष्ट कर दिया। दुश्मन के दूसरे हमले के दौरान इसके बाद भी भीषण टैंक युद्ध हुआ। दस दुश्मन टैंक नष्ट हो गए और उनमें से चार को सेकेंड लेफ्टिनेंट अरूण खेत्रपाल ने अकेले ही नष्ट कर दिया। उनके टैंक पर दुश्मन ने भारी गोलीबारी की और उसमें आग लग गई, लेकिन उन्होंने दुश्मन के टैंकों को नष्ट करना जारी रखा। उनके टैंक पर फिर से हमला हुआ और उन्होंने दुश्मन के उस इच्छित सफलता को वंचित करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। दुश्मन के सामने सबसे विशिष्ट वीरता के लिए सेकेण्ड लेफ्टिनेंट अरूण खेत्रपाल को 1972 में मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया। राष्ट्र उन्हें नमन करता है। अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
—————————————-
बैडमिंटन में भारत के किदाम्बी श्रीकांत और ध्रुव कपिला और तनीषा क्रैस्टो की जोड़ी कुआलालंपुर में मलेशिया मास्टर्स के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है।
—————————————-
मौसम विभाग ने दक्षिण कोंकण, गोवा, महाराष्ट्र और तटीय कर्नाटक के कुछ हिस्सों में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में वैज्ञानिक डॉक्टर आर.के. जेनामणि ने कहा कि अगले दो से तीन दिन में केरल में मॉनसून के आने की उम्मीद है।
—————————————-
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए भारतीय सशस्त्र बलों की सराहना की। कहा- उनकी वीरता ने पाकिस्तान को घुटने टेकने पर मजबूर किया।
- प्रधानमंत्री मोदी ने राजस्थान के बीकानेर में लगभग 26 हजार करोड़ रुपये लागत की कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी और राष्ट्र को समर्पित की।
- विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने पुष्टि की भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम सीधी बातचीत से हुआ।
- बहुपक्षीय प्रतिनिधिमंडल ने तोक्यो में जापान के नीति विचारकों के साथ बातचीत की। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत को समर्थन देने की बात कही।
- मौसम विभाग ने अगले 2-3 दिनों में महाराष्ट्र, कोंकण, गोवा और गुजरात में मूसलाधार बारिश की संभावना व्यक्त की।
- और, बैडमिंटन में किदाम्बी श्रीकांत मलेशिया मास्टर्स के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे।
—————————————-